रायपुर। पूर्व सीएम भूपेश बघेल को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। कोर्ट ने उनकी प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग ऐक्ट (पीएमएलए) की धारा 44 के तहत जांच करने के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारों को चुनौती देने वाली याचिका पर विचार करने से सोमवार को इनकार कर दिया। कोर्ट ने उन्हें हाई कोर्ट जाने की नसीहत दी। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने बघेल की याचिका पर सुनवाई से इनकार करते हुए कहा कि इस प्रावधान में कुछ भी गलत नहीं है। पीठ ने साथ ही कहा कि अगर इसका (धारा 44) दुरुपयोग हो रहा है तो पीड़ित पक्ष हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं। पीठ की ओर से न्यायमूर्ति बागची ने कहा, 'दुर्भावना कानून में नहीं, बल्कि उसे दुरुपयोग में है।' पूर्व सीएम ने पीएमएलए की धारा 44 के तहत ईडी को मूल शिकायत के बाद दर्ज की गई अन्य शिकायतों के आधार पर धन शोधन से संबंधित मामले में आगे की जांच के अधिकार को चुनौती दी थी। गौरतलब है कि ईडी छत्तीसगढ़ में बघेल के मुख्यमंत्री कार्यकाल में 34 सौ करोड़ रुपए की शराब बिक्री से संबंधित धन शोधन के आरोपों की जाच कर रही है। केंद्रीय जांच एजेंसी का दावा है कि संबंधित मामले में अवैध रूप से कमीशन की वसूली की गई, जिससे सरकारी खजाने को काफी नुकसान हुआ।
रायगढ़। जिले में एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया है। प्रसव के बाद मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना महिला थाना को दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी परिजनों को होने के बाद उसे 31 जुलाई को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल की ओर से मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पीड़िता का बयान दर्ज किया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि पीड़िता कबाड़ बीनने का काम करती है और उसका पड़ोस में रहने वाले एक लड़के से अफेयर था। बताया गया कि अक्टूबर 2024 में दोनों घर से भागकर ओडिशा के झारसुगुड़ा चले गए थे। वहां कुछ समय तक दोनों साथ रहे। इसी दौरान कबाड़ चोरी के एक मामले में लड़के को ओडिशा पुलिस ने गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया।
रायपुर। मुख्यमंत्री साय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन रायपुर की नवाचारी पहल “प्रोजेक्ट धड़कन” के अंतर्गत आज शासकीय आडवाणी आर्लिकन स्कूल एवं गवर्मेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल, बीरगांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों के जन्मजात हृदय रोग की प्रारंभिक पहचान हेतु स्क्रीनिंग की गई। आडवाणी आर्लिकन स्कूल में 73 बच्चों (15 छात्र एवं 58 छात्राएं) की जांच की गई, जिसमें कोई भी बच्चा संदिग्ध नहीं पाया गया। वहीं, गवर्मेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल, बीरगांव में 127 बच्चों (44 छात्र एवं 83 छात्राएं) की स्क्रीनिंग की गई और सभी बच्चे स्वस्थ पाए गए। प्रोजेक्ट धड़कन का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों एवं शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों में जन्मजात हृदय रोग के लक्षणों की प्रारंभिक पहचान, जांच एवं निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करना है। तेज धड़कन, वजन न बढ़ना, शरीर में नीलापन, बार-बार सर्दी-खांसी, सांस लेने में तकलीफ तथा स्तनपान के समय पसीना आना जैसे लक्षणों के आधार पर बच्चों की जांच की जाती है। इस अवसर पर आडवाणी आर्लिकन स्कूल के प्राचार्य मुकेश सिरमौर एवं शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल, बीरगांव की प्राचार्या सुनीता साहू उपस्थित रहे।
कांकेर। हिन्दू देवी-देवताओ का अपमान करने वाले 5 लड़के गिरफ्तार किए गए है, अखिलेश मिश्रा पिता दिनेश प्रसाद मिश्रा उम्र 34 वर्ष मरकाटोला फतेचंद जिला कांकेर ने थाना आकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 10.08.25 को सोशल मिडिया में कुछ असामजिक तत्वों के द्वारा श्री राम वनगमन पथ राम वाटिका नाथियानवागांव कांकेर में हिन्दु देवी देवताओ के मूर्तियो के साथ घोर आप्पति जनक कृत्य करते हुये विडियो बनाकर सोशल मिडिया में वायरल किया गया था जिससे हिन्दू देवी देवताओ का अपमान हुआ है और हिन्दू धर्म मानने वालो की भावनाओ को ठेस पहुंचा है कि प्रार्थी के लिखित शिकायत पर से थाना कंाकेर में अपराध क्रमांक धारा 196,298,299,302,3 (5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना कार्यवाही के दौरान उ.म.नि./वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई.के.एलिसेला (भा.पु.से.) उ.ब.कंाकेर के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश सिन्हा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर श्री मोहसीन खान के मार्गदर्शन में कांकेर पुलिस से विशेष टीम गठित कर आरोपियों के पता तलाश हेतु रवाना किया गया जिला कोण्डागांव पुलिस की सहायता से आरोपी 1.संजू मरकाम पिता हिरामन मरकाम उम्र 21 वर्ष, 2. शिललाल कोर्राम पिता साधूराम कोर्राम उम्र 26 वर्ष, 3.लोचन कुमार चक्रधारी पिता सरवन सिंह चक्रधारी उम्र 25 वर्ष, 4.महेश कोर्राम पिता गैदी कोर्राम उम्र 26 वर्ष 05.विधि से संघर्षरत बालक सभी निवासी निवासी मांझापारा आलोर थाना फरसगांव जिला कोण्डागांव को गिरफ्तार कर न्यायालय कांकेर में न्यायिक अभिरक्षा हेतु पेश कर किया गया। सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कांकेर निरीक्षक मनीष नागर, थाना प्रभारी अजाक निरीक्षक रामकुमार साव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी, उपनिरीक्षक मनोरथ जोशी प्रआर.ओमप्रकाश कृषान, आर.शाक्ति सिंह एवं थाना कांकेर पेट्रोलिंग पार्टी का अहम भूमिका रहा है।
रायपुर। एक तरफ छत्तीसगढ़ सरकार कहती हैं सुशासन हैं, लेकिन यहाँ सुशासन नहीं कुशासन हैं। इतना आवेदन देते हैं कोई काम नहीं होता। जोन क्रमांक 05 के अंतर्गत वामनराव लाखे वार्ड क्र. 66 के कुशालपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना में बहुत गड़बड़ी हुई हैं। रुचि शर्मा W/O सुमीत शर्मा जो कि एक शासकीय कर्मचारी है और इन्हे आवास योजना का लाभ दिया गया है और रुचि शर्मा ने अपने मकान के ऊपर मोबाइल टावर भी लगा रखा है जो कि नियम विरुद्ध है। मेरे घर के सामने वाला मकान मेरे घर से छोटा है, लेकिन उसका मकान पास हो गया है, और मेरा मकान में क्षेत्रफल में कम लिखा हुआ हैं कहकर आर्किटेक्ट और व निगम के अधिकारी ने मुझे आवास योजना से वंचित कर दिया। मेहतरु लाल कन्नौजे, पूरन लाल साहू और खोरबाहरा राम यादव के 4-4 पुत्रो को इस योजना का लाभ दिया जा सकता है तो मुझे PMAY का लाभ क्यों नहीं मिल सकता। जब सरकारी कर्मचारी रुचि शर्मा W/O सुमीत शर्मा का PMAY के तहत् मकान निर्माण हो सकता हैं, और उनके घर में मोबाइल टावर भी लग चुका हैं, तो मेरा मकान क्यों नहीं बन सकता। तालाब , डबरी के किनारे मकान नहीं बन सकता तो फिर कैसे छुईय्या तालाब और डबरीपारा में मकान बन गया हैं। जब तालाब, डबरी में मकान बन सकता हैं तो मेरा मकान क्यों नहीं बन सकता। किसी ट्रस्ट की जमीन में नही बन सकता तो फिर कैसे जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट की जमीन में प्रधानमंत्री आवास योजना का मकान बन गया?इससे पूर्व निगम आयुक्त, जिला कलेक्टर, सांसद, विभागीय सचिव, विभागीय मंत्री राज्य शासन के सुशासन शिविर में भी आवेदन दिया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब 1 वार्ड में इतना भ्रष्टाचार हुआ है तो फिर 70 वार्ड में कितना भ्रष्टाचार हुआ होगा इसका अंदाजा आप लगा सकते है। कुल मिलाकर आर्किटेक्ट, इंजीनियर , पटवारी व निगम के अधिकारियो के द्वारा भारी लेन-देन करके नियम विरुद्ध कार्य किया गया हैं। ऐसे गड़बड़ी करने वाले दोषी अधिकारियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होना चाहिए।
रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल द्वारा जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों पर पैनी निगाह रखते हुए किसी भी तरह के झगड़ा, मारपीट व वाद-विवाद की स्थिति में तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत 10 अगस्त को नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन पर जूटमिल पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी को पेट्रोलिंग दौरान सूचना मिली कि पुराना बस स्टैण्ड मटन मार्केट क्षेत्र में कुछ युवक आपस में झगड़ा कर रहे हैं। तत्काल टीआई जूटमिल अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर युवकों को समझाइश दी, लेकिन वे नहीं माने, जिसके बाद झगड़ा मारपीट कर रहे रितेन उर्फ खदरू सारथी, सोनु चौहान और अशोक चौहान को थाने लाया गया। इसी बीच राजीवगांधीनगर में मार्कण्डेय यादव और कांशीराम चौक में कवि खटर्जी द्वारा मोहल्लेवासियों से विवाद की शिकायत पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां अनावेदकों ने पुलिस दल के प्रति आक्रोश दिखाया जिसके चलते उसे भी गिरफ्तार किया गया। सभी अनावेदकों के कृत्यों को गंभीरता से लेते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु जूटमिल पुलिस ने सभी पांच अनावेदकों के विरूद्ध धारा 170/126, 135(3) BNSS के तहत इस्तगासा तैयार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने का आदेश मिला।
जेल भेजे गए आरोपियों में रितेन उर्फ खदरू सारथी (23) निवासी सांगीतराई डीपापारा, सोनु चौहान (19) निवासी कयाघाट, अशोक चौहान (28) निवासी बजरंगपारा निगम कॉलोनी, मार्कण्डेय यादव (21) निवासी राजीवगांधीनगर और कवि खटर्जी (21) निवासी गांधीनगर कांशीराम चौक शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी और कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, प्रधान आरक्षक मो. दिलदार कुरैशी, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, आरक्षक सुरेन्द्र बंशी, आरक्षक लखेश्वर पुरसेठ, आरक्षक जितेश्वर चौहान और आरक्षक शशिभूषण साहू की अहम भूमिका रही।
राजनांदगांव- कॉन्फ्लुएस कॉलेज में राखी निर्माण कार्यशाला का आयोजन महाविद्यालय की एन.एस.एस., प्रैक्टिस सेल, आई.क्यू.ए.सी. एवं ईको क्लब के संयुक्त तत्वाधान में बी.एड के छात्रध्यापकों द्वारा आयोजित किया गया l प्रभारी प्रीति इंदौरकर एवं दिव्या श्रीवास्तव ने सभी छात्रध्यापकों को राखी निर्माण की नवीनतम तकनीक से अवगत कराया l प्रो विजय मानिकपुरी कार्यक्रम अधिकारी एन.एस.एस ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक है l यहां पर वह कई पौराणिक कथाओं से भी जुड़ा हुआ है । इस कार्यशाला में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सुंदर से सुंदरतम राखियों का निर्माण किया है। छात्रों ने राखी निर्माण करके अपने अटूट श्रद्धा और विश्वास एवं भाई-बहन के प्रेम के प्रति कौशल भी विकसित किया और स्वदेशी राखी का निर्माण किया l प्राचार्य डॉक्टर रचना पांडे ने कहा कि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर कॉलेज में उत्साह व रचनात्मक माहौल के बीच छात्र राखी बना रहे हैं और उत्साह पूर्वक भाग लेकर अपनी कला का अद्भुत प्रदर्शन कर रहे हैं यह त्यौहार हमें भाई-बहन के रिश्तों के महत्व और पारिवारिक मूल्यों की याद दिलाता है। महाविद्यालय में आयोजित कार्यशाला में लगभग 70 विद्यार्थियों ने सहभागिता प्रादान किया। मुख्य आकर्षण का केंद्र यह है कि रक्षाबंधन के इस पावन पर्व पर कार्यशाला में वेस्ट से बेस्ट राखी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
बलरामपुर। जिले से एक मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है, जहां सनवाल थाना क्षेत्र के तालकेश्वरपुर में उत्तर प्रदेश के दबंगों ने छत्तीसगढ़ के किसानों पर हमला कर उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाई। जमीन कब्जाने की नीयत से हुए इस हिंसक संघर्ष में कई लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हमले से इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, लगभग 20 से 25 लोग लाठी, डंडा और कुल्हाड़ी से लैस होकर किसानों पर अचानक हमला कर दिया। यह हमला जमीन कब्जाने की नीयत से किया गया था। इस हमले में 4 से 5 किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल किसानों को प्राथमिक उपचार के बाद रामानुजगंज और वाड्रफनगर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में कुछ घायलों को वाड्रफनगर से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
रायपुर। CM विष्णु देव साय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा बिलासपुर जिले में 12 अगस्त 2025 को आयोजित होने वाले ‘स्वच्छता संगम-2025’ में, छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाली स्वच्छता दीदियों का पद-प्रक्षालन कर उन्हें सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर वे स्वच्छ सर्वेक्षण-2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों को भी सम्मान प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय 12 अगस्त को बिलासपुर के बहतराई स्थित इंडोर स्टेडियम में 260 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने बताया कि ‘स्वच्छता संगम’ में शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों का पद-प्रक्षालन कर सम्मानित किया जाएगा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सात नगरीय निकायों को नई दिल्ली में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के करकमलों से पुरस्कृत होने का गौरव प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम में इन नगरीय निकायों के साथ ही संभाग स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 30 से अधिक नगरीय निकायों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में तीन नगर निगम—बिरगांव, भिलाई-चरोदा और धमतरी—तथा 43 नगर पालिकाओं में ऑनलाइन संपत्ति कर जमा करने की सुविधा हेतु जीआईएस आधारित प्रॉपर्टी टैक्स लाइव पोर्टल का लोकार्पण किया जाएगा। इस प्रकार एक साथ 46 शहरों में ऑनलाइन संपत्ति कर जमा करने की सुविधा प्रारंभ होना, स्थानीय स्वशासन को आधुनिक बनाने और नागरिकों को घर बैठे सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे कर संग्रहण की गति में भी वृद्धि होगी।
स्वच्छता संगम में नगरीय निकायों में स्वच्छता और शहरी सौंदर्यीकरण के मानकों को बढ़ाने हेतु राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से शहरी स्वच्छता को सुदृढ़ करने के साथ ही सुशासन द्वारा प्रशासनिक कौशल में सुधार तथा नगरीय सौंदर्यीकरण को प्रोत्साहन मिलेगा। यह पहल न केवल शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहायक होगी, बल्कि नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता को भी संवर्धित करेगी। यह हर नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता और शहरी सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री साय 63.57 करोड़ रुपये के 24 कार्यों का करेंगे लोकार्पण, 197 करोड़ रुपये के 25 कार्यों का करेंगे भूमिपूजन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ‘स्वच्छता संगम’ के अवसर पर 260 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इसके अंतर्गत वे बिलासपुर जिले में विभिन्न विभागों के 63 करोड़ 57 लाख रुपये से अधिक की लागत के 24 निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 197 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 25 कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम में वे विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री एवं चेक का वितरण भी करेंगे। मुख्यमंत्री साय बिलासपुर के नूतन चौक में तीन करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से निर्मित व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, कोनी में नौ करोड़ पांच लाख रुपये की लागत के एस.टी.पी., चार करोड़ 82 लाख रुपये की लागत के शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के कन्या छात्रावास, छह करोड़ 29 लाख रुपये से निर्मित 3.6 किमी लंबाई के नगोई बस्ती से मोढ़े नाका मार्ग, 12 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत के सात किमी लंबाई के उसलापुर-दैजा मार्ग के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण एवं डामरीकरण कार्य तथा पांच करोड़ 45 लाख रुपये की लागत के साढ़े तीन किमी लंबाई के मंगला भैंसाझार से दीनदयाल कॉलोनी लोखंडी रेलवे फाटक तक टू-लेन सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वे बिलासपुर जिले के 11 गांवों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल-जल योजना का भी शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय दयालबंद में 26 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से एजुकेशन हब के अंतर्गत नालंदा परिसर एवं एकेडमिक ब्लॉक निर्माण कार्य, तथा मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत अशोक नगर चौक से बिरकोरा मोड़ तक 17 करोड़ रुपये की लागत के गौरव पथ का भूमिपूजन करेंगे। इसके अतिरिक्त वे मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत अरपा इंद्रासेतु से राम सेतु तक नौ करोड़ 74 लाख रुपये की लागत के अटल पथ निर्माण, और पांच करोड़ नौ लाख रुपये की लागत के मंगला चौक से आजाद चौक सड़क निर्माण का भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय 11 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से शनिचरी-चांटीडीह मार्ग में अरपा नदी पर उच्च स्तरीय पुल, तीन करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से तखतपुर-बरेला के मध्य मनियारी नदी पर पुल, नौ करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से बहतराई, राजकिशोर नगर, लिंगियाडीह, देवरीखुर्द एवं सिरगिट्टी में संचालित जल आपूर्ति प्रणाली के उन्नयन कार्य, 34 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से 12.6 किमी लंबाई के बुटेना-धौंराभाटा मार्ग के मजबूतीकरण कार्य, दस करोड़ रुपये की लागत से अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय भवन तथा बिलासपुर में 22 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ऑडिटोरियम का भूमिपूजन करेंगे। इसके अलावा वे विजयपुर में छह करोड़ 81 लाख रुपये की लागत के एनीकट और बिलासपुर जिले के सोन से सोनसरी सबरिडेरा के बीच सात करोड़ 96 लाख रुपये की लागत के सरार नाला पर पुलिया सहित ढाई किमी लंबाई के सड़क निर्माण, साथ ही नगर निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।
रायपुर। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस और विपक्षी दलों द्वारा संसद की कार्यवाही में लगातार व्यवधान डालने को जनता के साथ धोखा करार दिया है। अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले 50 वर्षों में वोट चोरी, फर्जी वोट और बोगस मतदान के माध्यम से सरकारें बनाई हैं। अब जब जनता ने उन्हें नकार दिया है, तो वे अपनी हार से घबराए हुए हैं। कर्नाटक में स्वयं राहुल गांधी ने वोट चोरी की बात स्वीकार की है, जो उनके राजनीतिक चरित्र का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल सदन की कार्यवाही नहीं चलने दे रहे, जिससे जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और सरकारी बिलों पर चर्चा बाधित हो रही है। यह उनकी नाकामी है, जिसे छुपाने के लिए वे सड़कों पर मार्च निकाल रहे हैं। अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि जनता सब जानती है, उसने तीसरी बार नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाया है और 19 राज्यों में भाजपा की सरकार बनाकर विपक्ष को करारा जवाब दिया है। अब विपक्ष के इन मार्चों से जनता पर कोई असर नहीं पड़ने वाला, बल्कि आने वाले चुनाव में वह इन्हें फिर से सबक सिखाएगी।
रायपुर। राजधानी रायपुर के आमापारा इलाके में पारिवारिक विवाद ने गंभीर और हिंसक रूप ले लिया है। दो दिनों में दो अलग-अलग घटनाओं में आपसी कहासुनी और दुकान के बंटवारे को लेकर हुई झड़प में परिजनों के बीच मारपीट हुई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घटनाएं विशाल मेघा मार्ट के पास हुईं और दोनों मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना – चिकन दुकान के बंटवारे पर विवाद पहली घटना 8 अगस्त 2025 की शाम करीब 7 बजे की है। शिकायतकर्ता, जो शीतला मंदिर आमापारा रायपुर का निवासी है और चौथी कक्षा तक पढ़ा है, ने बताया कि उसका स्वयं का चिकन दुकान है। दुकान के बंटवारे को लेकर उसका छोटे भाई संजु कंडरा और चाचा का बेटा भोलु कंडरा से विवाद हो गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उस दिन वह विशाल मेघा मार्ट के सामने स्टैंड के पास मौजूद था, तभी संजु कंडरा और भोलु कंडरा वहां पहुंचे। दोनों ने मिलकर उसे गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। संजु कंडरा ने पास में रखी ईंट उठाकर उसके सिर पर वार किया, जबकि भोलु कंडरा ने हाथ-मुक्कों से हमला कर चोट पहुंचाई। सिर पर लगी चोट से वह घायल हो गया। घटना को मौके पर मौजूद लोगों ने देखा और बीच-बचाव किया। शिकायतकर्ता ने कहा कि मां-बहन की गंदी गालियां सुनकर उसे मानसिक आघात भी पहुंचा है। उसने 9 अगस्त को थाना पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने उसकी रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरी घटना – अगले दिन फिर हुआ हमला पहली घटना के अगले ही दिन, 9 अगस्त 2025 को सुबह करीब 8:30 बजे फिर से विवाद भड़क उठा। इस बार शिकायतकर्ता का बड़ा भाई चतुर कंडरा आरोपित है। दूसरी रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता विशाल मेघा मार्ट के पास खड़ा था, तभी चतुर कंडरा वहां पहुंचा और पिछली रात की घटना का हवाला देते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। चतुर कंडरा ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे किसी धारदार व नुकीले वस्तु से शिकायतकर्ता पर हमला कर दिया। इस हमले में शिकायतकर्ता के दाहिने भौं के पास और सिर में चोट आई। उस समय वह अकेला था और घटना के तुरंत बाद उसने अपनी बड़ी मम्मी त्रिवेणी कंडरा को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद वह अपनी बड़ी मम्मी के साथ थाना पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने भी शिकायत में कहा कि मां-बहन की गंदी गालियां सुनकर उसे बहुत बुरा लगा है और वह आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहता है। पुलिस ने दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए धारदार हथियार से हमले और गाली-गलौज व धमकी देने के आरोप में अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। पुलिस जांच और कानूनी कार्रवाई पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं और इनके पीछे पुराना पारिवारिक विवाद, विशेषकर दुकान के बंटवारे का मुद्दा है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों की पहचान स्पष्ट है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पहली घटना में ईंट से वार करने और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने का मामला है, जबकि दूसरी घटना में धारदार नुकीले हथियार का इस्तेमाल किया गया है। ऐसे में दोनों मामलों में अलग-अलग गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और उनसे पूछताछ की प्रक्रिया जारी है।
स्थानीय प्रतिक्रिया और माहौल आमापारा क्षेत्र के स्थानीय लोगों का कहना है कि पारिवारिक विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना चिंताजनक है। कई लोगों ने बताया कि पहले भी इन परिजनों के बीच दुकान और संपत्ति को लेकर विवाद की बातें सुनी जाती रही हैं, लेकिन यह पहली बार है जब मामला खुलेआम मारपीट और खून-खराबे तक पहुंच गया है। स्थानीय व्यापारी संगठनों ने भी पुलिस से मांग की है कि ऐसे विवादों में समय रहते मध्यस्थता और समझाइश की जाए, ताकि हिंसक घटनाओं को टाला जा सके। साथ ही, क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाने की अपील भी की गई है।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में 11 अगस्त को एक अहम अवसर आने वाला है, जब न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल नए न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10:30 बजे उच्च न्यायालय परिसर स्थित मुख्य न्यायाधीश के न्यायालय कक्ष में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में न्यायपालिका, बार एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति रहने की संभावना है। अतिरिक्त रजिस्ट्रार (न्यायिक) सुमित कपूर ने बताया कि इस अवसर पर बार काउंसिल, अधिवक्ता संघ और न्यायिक अधिकारियों सहित तमाम सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अवसर न केवल न्यायपालिका के लिए बल्कि विधि जगत से जुड़े सभी लोगों के लिए एक विशेष क्षण होगा, क्योंकि नए न्यायाधीश के जुड़ने से न्यायालय की कार्यक्षमता और भी मजबूत होगी।
सूत्रों के अनुसार, न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल का विधिक अनुभव और उनकी ईमानदार छवि न्यायपालिका में नए दृष्टिकोण और कार्यशैली को लेकर आएगी। वे अब तक कई महत्वपूर्ण मामलों में अपने सटीक निर्णयों और गहन कानूनी समझ के लिए जाने जाते हैं। उनका न्यायिक करियर विभिन्न अदालतों में सेवा देते हुए उत्कृष्ट उपलब्धियों से भरा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और अन्य न्यायाधीशगण भी मौजूद रहेंगे। समारोह के दौरान विधि पेशे से जुड़े वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ताओं को न्यायमूर्ति अग्रवाल से औपचारिक मुलाकात का अवसर मिलेगा। न्यायमूर्ति के रूप में उनकी नियुक्ति को लेकर विधि जगत में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
बिलासपुर स्थित उच्च न्यायालय में फिलहाल लंबित मामलों की संख्या अधिक है, और ऐसे में नए न्यायाधीश के शामिल होने से न केवल मामलों की सुनवाई में तेजी आएगी बल्कि न्याय वितरण की प्रक्रिया भी और सुचारु होगी। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि न्यायमूर्ति अग्रवाल की नियुक्ति न्यायपालिका की मजबूती और पारदर्शिता को और बढ़ावा देगी। शपथ ग्रहण से पहले न्यायालय प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था और औपचारिकताओं को लेकर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि कार्यक्रम गरिमामय तरीके से संपन्न हो सके। इस अवसर पर विधि समुदाय के साथ-साथ आम नागरिकों में भी उत्सुकता है, क्योंकि न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की नियुक्ति को न्यायिक सुधारों की दिशा में एक और कदम माना जा रहा है। उनकी कार्यशैली और दृष्टिकोण से उम्मीद है कि न्यायालय में पारदर्शी और त्वरित न्याय की परंपरा और सशक्त होगी। कुल मिलाकर, 11 अगस्त का दिन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण होगा, जब न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल अपने पद की शपथ लेकर न्यायिक यात्रा का नया अध्याय शुरू करेंगे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज एक दुखद अवसर पर लोकसभा सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं नगर निगम रायपुर के पूर्व सभापति प्रफुल्ल विश्वकर्मा के निवास पर पहुंचकर उनकी धर्मपत्नी मंजू विश्वकर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मंजू विश्वकर्मा के आकस्मिक स्वर्गवास की सूचना के बाद शहर के राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। वे अपने सहज, सौम्य और सेवा भाव से समाज में सम्मानित स्थान रखती थीं। उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि पूरे समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। बृजमोहन अग्रवाल ने दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मंजू विश्वकर्मा का जाना, एक ऐसे परिवार के लिए गहरी क्षति है जिसने हमेशा समाज के लिए योगदान दिया है। उनके सेवा भाव और सादगी को हमेशा याद रखा जाएगा। सांसद अग्रवाल ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिवारजनों को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस दौरान उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे और पूरा भाजपा परिवार, प्रफुल्ल विश्वकर्मा और उनके परिजनों के साथ खड़ा है। श्रद्धांजलि देने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के सदस्य और मोहल्लेवासी भी बड़ी संख्या में पहुंचे।
सभी ने मंजू विश्वकर्मा के व्यक्तित्व और उनके समाजसेवी योगदान को याद करते हुए कहा कि वे हमेशा दूसरों की मदद के लिए तत्पर रहती थीं और उनके मधुर व्यवहार ने उन्हें सबका प्रिय बना दिया था। गौरतलब है कि प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने नगर निगम रायपुर के सभापति रहते हुए शहर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाई और वर्तमान में लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों के जरिए समाज को सशक्त करने का कार्य कर रहे हैं। उनकी धर्मपत्नी मंजू विश्वकर्मा हमेशा उनके साथ कदम से कदम मिलाकर सामाजिक कार्यों में सहयोग करती थीं। मृत्यु की इस खबर से रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है। कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने अपनी श्रद्धांजलि संदेश जारी कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। अंत में, बृजमोहन अग्रवाल ने भावुक होकर कहा - "यह केवल एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि पूरे समाज की क्षति है। हम सभी को उनके आदर्शों और सेवा भाव से प्रेरणा लेनी चाहिए।"
भिलाई। इस्पात नगरी भिलाई ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। भिलाई की प्रतिभाशाली छात्रा इशिका सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए बीटा गामा सिग्मा की सदस्यता प्राप्त की है। यह सम्मान सिडनी विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान उन्हें उनके असाधारण शैक्षणिक प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों के आधार पर प्रदान किया गया है। बीटा गामा सिग्मा – वैश्विक मान्यता का प्रतीक बीटा गामा सिग्मा एक अंतरराष्ट्रीय मानद व्यवसाय सम्मान संस्था है, जिसकी सदस्यता केवल उन्हीं छात्रों को दी जाती है जो अपने बैच के टॉप 10% में स्थान रखते हैं। यह संस्था व्यवसायिक शिक्षा में उत्कृष्टता के सर्वोच्च मानकों को मान्यता देती है और इसके सदस्य दुनिया भर के प्रतिष्ठित कंपनियों, संगठनों और विश्वविद्यालयों में नेतृत्व पदों पर कार्यरत हैं। वर्तमान में भारत में बीटा गामा सिग्मा के लगभग 8,000 सदस्य हैं, जबकि वैश्विक स्तर पर इसकी सदस्य संख्या 9 लाख से अधिक है। यह संगठन उन छात्रों और बिजनेस स्कूलों को पहचान देता है जो न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता बल्कि नेतृत्व व नैतिक मूल्यों में भी उत्कृष्टता प्रदर्शित करते हैं। सिडनी विश्वविद्यालय में इशिका का चयन इशिका सिंह सिडनी विश्वविद्यालय के बिजनेस प्रोग्राम में पढ़ाई कर रही हैं और उन्होंने अपने बैच के सर्वश्रेष्ठ छात्रों में जगह बनाई है। उनकी लगातार मेहनत, गहरी विषय समझ, रिसर्च के प्रति समर्पण और नेतृत्व कौशल ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए योग्य बनाया। संस्थान की ओर से जारी बयान के अनुसार, इशिका का चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह भारतीय विद्यार्थियों की वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा का भी प्रमाण है।
समारोह में होगा सम्मान इशिका सिंह को यह सम्मान 29 अक्टूबर 2025 को सिडनी विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद और अंतरराष्ट्रीय अतिथि मौजूद रहेंगे। समारोह में बीटा गामा सिग्मा की सदस्यता प्रमाणपत्र और बैज प्रदान किया जाएगा, जो आज के समय में वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जाता है। परिवार और शिक्षकों को गर्व इशिका की इस उपलब्धि पर परिवार, मित्रों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। उनके पिता और भिलाई ट्रक टेलर्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के महासचिव मलकित सिंह लल्लू, एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, परिजनों और शिक्षकों ने इसे भिलाई और छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण बताया। इशिका ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, पारिवारिक सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा, "यह उपलब्धि मेरे परिवार और उन सभी का सम्मान है जिन्होंने मेरी शिक्षा यात्रा में मेरा साथ दिया।" बीटा गामा सिग्मा सदस्यता का महत्व बीटा गामा सिग्मा की सदस्यता प्राप्त करना किसी भी छात्र के करियर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। यह न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है, बल्कि यह एक वैश्विक नेटवर्क का हिस्सा बनने का अवसर भी प्रदान करता है। इस सदस्यता से छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंटर्नशिप, नौकरी के अवसर और शोध सहयोग में प्राथमिकता मिलती है। दुनिया भर में इसके सदस्य व्यापार, वित्त, प्रबंधन, उद्यमिता और शिक्षण जैसे क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। कई सदस्य बाद में CEO, CFO, विश्वविद्यालय डीन, और नीति निर्माता के पदों पर पहुंचे हैं। भविष्य की योजनाएं इशिका सिंह ने आगे बताया कि वे अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद अंतरराष्ट्रीय व्यापार और प्रबंधन के क्षेत्र में योगदान देना चाहती हैं। उनका लक्ष्य है कि भारत के युवा भी वैश्विक स्तर पर व्यवसाय और नेतृत्व में नई पहचान बनाएं। भिलाई की बेटियों की नई पहचान भिलाई, जो इस्पात नगरी के नाम से प्रसिद्ध है, शिक्षा और खेल दोनों में उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए जाना जाता है। इशिका की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि इस शहर की बेटियां भी वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं।
बलरामपुर। रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर जहां घर-घर में भाई-बहन के रिश्ते का जश्न मनाया जा रहा था, वहीं बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिरनीपारा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। मामा के घर राखी मनाने पहुंचे 7 वर्षीय मासूम को तेज रफ्तार महतारी एक्सप्रेस (CG07CP 0541) ने रौंद दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, लडूवा खुट्टीपारा निवासी सोनिया एक्का अपने बेटे को लेकर रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मामा के घर बिरनीपारा आई थीं। दिनभर घर में हंसी-खुशी का माहौल रहा, बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और रिश्तों का यह त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। लेकिन शाम होते-होते यह खुशी मातम में बदल गई। शाम को परिवार अपने घर लौटने की तैयारी में था। इसी दौरान सभी सदस्य गांव के मुख्य मार्ग पर यात्री वाहन का इंतजार कर रहे थे। बच्चा भी अपने परिवार के साथ सड़क किनारे खड़ा था।
तेज रफ्तार ने ली मासूम की जान गवाहों के अनुसार, चटकपुर की ओर से आ रही महतारी एक्सप्रेस ने अत्यधिक रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्चे को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे के सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी दौड़ पड़े। घायल मासूम को स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत राजपुर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार के बीच मातम छा गया और रक्षाबंधन का त्योहार इस परिवार के लिए एक दर्दनाक स्मृति बनकर रह गया।
पुलिस कार्रवाई और आरोपी की तलाश घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। परिजनों की शिकायत पर महतारी एक्सप्रेस के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत होता है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गांव में शोक का माहौल गांव के लोग इस घटना से बेहद आक्रोशित और दुखी हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। कई ग्रामीणों ने कहा कि त्योहार के दिन इस तरह की घटना न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए दर्दनाक है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों पर नियंत्रण के लिए पुलिस को कड़े कदम उठाने चाहिए। इसके साथ ही सड़क किनारे खड़े यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी उपाय जरूरी हैं। रक्षाबंधन, जो भाई-बहन के अटूट बंधन का प्रतीक है, इस परिवार के लिए काला दिन बन गया। जिस बच्चे ने सुबह अपनी बहन की राखी पर मुस्कुराते हुए मिठाई खाई थी, वही शाम होते-होते सफेद कपड़े में लिपटा हुआ था। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
रायपुर। बस्तर संभाग में नेक्स्ट जेन ई-हॉस्पिटल, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन तथा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का प्रभावी क्रियान्वयन क्षेत्र के लिए एक बड़ा परिवर्तन साबित हो रहा है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा बस्तर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं के सशक्त विस्तार की दिशा में लगातार सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के सतत मार्गदर्शन में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं आज तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं।
कोरबा। आगामी रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और गणेश चतुर्थी जैसे बड़े त्योहारों को ध्यान में रखते हुए कोरबा पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण और नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं।
भोपाल। भारत निर्वाचन आयोग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए देशभर के 334 राजनीतिक दलों का पंजीकरण रद्द कर दिया है, जिनमें मध्यप्रदेश के 15 और छत्तीसगढ़ के 9 दल शामिल हैं। जनप्रतिनिधि अधिनियम 1951 के तहत पंजीकृत दल यदि लगातार 6 साल तक कोई चुनाव नहीं लड़ते, तो उनका पंजीकरण रद्द कर दिया जाता है। इस कार्रवाई के बाद देश में अब केवल 6 राष्ट्रीय और 67 क्षेत्रीय दल शेष रह गए हैं।
छत्तीसगढ़ में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग समेत कई सरकारी विभागों में सरकारी खरीदी में बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। जैम (GEM) पोर्टल के माध्यम से खरीदारी होने के बावजूद 100 में से 71 ट्राइसिकल बालाजी ट्रेडर्स नामक फर्म से खरीदे गए, जिसका पता महासमुंद के छोटे से गांव तेंदूकोना का है। टेंडर प्रक्रिया में भी कई चौंकाने वाली गड़बड़ियां सामने आई हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की योजना तैयार कर ली है। रविवार, 10 अगस्त को प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह की अध्यक्षता में पार्टी मुख्यालय में पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें तय किया गया कि सांसद, विधायक, पूर्व सांसद-विधायक और मंडल पदाधिकारी अपने-अपने शक्ति केंद्रों में 50 तिरंगे उपलब्ध कराएंगे।