बड़ी खबर

Korba

  • कोयला कारोबारी की मौत, हादसे में मां ने भी तोड़ा दम

    27-Sep-2025

    कोरबा। गेवरा–दीपका क्षेत्र के प्रमुख कोल ट्रांसपोर्टर और व्यवसायी अमन बाजवा उर्फ तलविंदर सिंह (34) की सड़क हादसे में मौत हो गई. इस दर्दनाक दुर्घटना में उनकी मां की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके मौसा गंभीर रूप से घायल हैं. अमन बाजवा अपने पत्नी और बच्चों से मिलने पंजाब जा रहे थे, इसी दौरान मध्य प्रदेश के चित्रकूट के पास बुंदेलखंड नेशनल हाईवे पर वे हादसे का शिकार हो गए. जानकारी के अनुसार, अमन बाजवा अपनी मां और मौसा के साथ स्कॉर्पियो कार से पंजाब जा रहे थे. परिवार से मिलने की खुशी में वे सफर पर निकले थे, लेकिन रास्ते में हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली. बताया गया कि उनकी पत्नी और बच्चे फिलहाल पंजाब में रह रहे हैं, जहां से उन्हें लाने के लिए वे रवाना हुए थे. चित्रकूट के समीप नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि अमन और उनकी मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. उनके मौसा को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

  • रिसदी तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत, पुलिस विभाग में शोक की लहर

    05-Sep-2025

    कोरबा। जिले में रविवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे पुलिस विभाग और स्थानीय समुदाय को गहरे शोक में डूबा दिया। रिसदी तालाब में घूमने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि परिवारजन और आसपास मौजूद लोग संभल भी नहीं पाए। मृत बच्चों की पहचान युवराज सिंह ठाकुर (9), आकाश लकड़ा (13) और प्रिंस जगत (12) के रूप में हुई है। तीनों बच्चे पुलिसकर्मियों के बेटे थे और आपस में घनिष्ठ मित्र थे।  
    ऐसे हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चे शुक्रवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित रिसदी तालाब में घूमने गए थे। इस दौरान खेल-खेल में वे तालाब के गहरे हिस्से में चले गए। पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण तीनों बच्चे डूबने लगे और देखते ही देखते उनकी जान चली गई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मृत बच्चों का पारिवारिक संबंध युवराज सिंह ठाकुर (9 वर्ष): इनके पिता राजेश्वर ठाकुर सिविल लाइन थाने में पदस्थ हैं।  
    आकाश लकड़ा (13 वर्ष): इनके पिता जोलसा लकड़ा भी पुलिस विभाग में सेवारत हैं। प्रिंस जगत (12 वर्ष): इनके पिता दिवंगत अयोध्या जगत पुलिस लाइन से जुड़े रहे थे। तीनों परिवार पुलिस लाइन परिसर में ही रहते हैं। एक ही परिसर में रहने और बचपन से दोस्ती होने के कारण बच्चों के बीच गहरा लगाव था। इसी वजह से वे अक्सर साथ में खेलते और घूमने जाते थे। पुलिस विभाग में शोक की लहर जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, कोरबा के एसपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पूरे पुलिस विभाग में इस हादसे को लेकर शोक की लहर फैल गई है। सहकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने भी घटना को बेहद हृदयविदारक बताया।  
    स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया स्थानीय निवासियों ने बताया कि रिसदी तालाब में सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण इस तरह की घटनाएं पहले भी घट चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तालाब के किनारों पर बैरिकेडिंग की जाए और सुरक्षा संकेतक लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल तीनों मासूमों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस लाइन परिसर का माहौल बेहद गमगीन हो गया है। हर कोई इस बात से आहत है कि एक ही दिन में तीन परिवारों की खुशियां उजड़ गईं।

  • 13 किलो 200 ग्राम गांजा और स्कॉर्पियो वाहन के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार

    10-Aug-2025

    कोरबा। आगामी रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और गणेश चतुर्थी जैसे बड़े त्योहारों को ध्यान में रखते हुए कोरबा पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण और नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं।

    पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने हाल ही में आयोजित क्राइम मीटिंग में सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया था कि नशीले पदार्थों, गांजा, नशीली टैबलेट और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी लगाम लगाई जाए।
     
    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के इन निर्देशों के पालन में, अतिरिक्त
    पुलिस अधीक्षक कोरबा नीतिश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
     
    इसी अभियान के तहत साइबर सेल कोरबा और सिविल लाइन रामपुर पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति वाहन में अवैध गांजा लेकर तस्करी करने जा रहे हैं।
     
    योजनाबद्ध घेराबंदी में मिली सफलता
    सूचना की पुष्टि होते ही दोनों इकाइयों की संयुक्त टीम ने तत्काल रणनीति बनाई और संभावित मार्ग पर सघन निगरानी शुरू की। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक CG 12 BP 1653) को रोकने में सफलता हासिल की।
     
    वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अलग-अलग पैकेटों में रखा अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वज़न 13 किलो 200 ग्राम पाया गया।
    गिरफ्तार आरोपी और उनका परिचय
    पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान इस प्रकार है—
    किरण महंत पिता पंचम दास, उम्र 35 वर्ष, निवासी रजगामार, अमोघनगर, थाना बालको नगर, जिला कोरबा।
    प्रकाश कुमार महंत पिता रुद्रनारायण, उम्र 32 वर्ष, निवासी पंप हाउस, नेहरू नगर, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा।
    दिनेश कुमार यादव पिता स्व. श्याम लाल यादव, उम्र 40 वर्ष, निवासी रिस्ती चौक, कोटवार मोहल्ला, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा।
    कृष्ण कुमार प्रजापति पिता नेतराम प्रजापति, उम्र 42 वर्ष, निवासी रामपुर बस्ती, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा।
     
    पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 472/2025, धारा 20(बी) NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया और उन्हें न्यायालय में पेश किया। बरामद गांजे को सीलबंद कर वैधानिक कार्यवाही पूरी की गई।
  • जेल तोड़कर फरार चार में से तीन आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, चौथे की तलाश जारी

    09-Aug-2025

    कोरबा। जिले में 02 अगस्त 2025 को घटित एक सनसनीखेज घटना ने पुलिस और प्रशासन दोनों को चुनौतीपूर्ण स्थिति में डाल दिया था। जिला जेल कोरबा से पॉक्सो एक्ट के तहत विचाराधीन चार आरोपी फरार हो गए थे। इनमें दशरथ सिदार (थाना सिविल लाइन), राजा कंवर (चौकी राजगामार), सारण सिक्कू (थाना बालको) और चंद्रशेखर राठिया (थाना श्याम) शामिल थे। ये चारों आरोपी अलग-अलग मामलों में विभिन्न तिथियों पर जेल दाखिल किए गए थे। सभी पर पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के आरोप थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) ने तुरंत कड़ी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।  
    फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई स्पेशल टीम पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम में अनुभवी पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और साइबर सेल के सदस्य शामिल किए गए। आठ निरीक्षक और 50 आरक्षकों की दो टीमें बनाई गईं, जिन्हें आरोपियों की तलाश में कोरबा और आसपास के जिलों में भेजा गया। सूचना देने वालों के लिए 10,000 रुपये का इनाम  फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोरबा पुलिस ने चौतरफा दबिश दी। साथ ही, पुलिस अधीक्षक ने घोषणा की कि आरोपियों का पता बताने वाले को ₹10,000 का इनाम दिया जाएगा और उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। इस पहल से जनता में भी जागरूकता बढ़ी और कई स्तरों पर सूचनाएं मिलने लगीं। तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार तकनीकी विश्लेषण, गुप्त सूचना और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को बड़ी सफलता मिली। फरार चार में से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया
    सरणा सिंकु (पिता शंकर सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी लालघाट, मुंडा मोहल्ला, थाना बालको, जिला कोरबा) राजा कंवर (पिता टीकाराम कंवर, उम्र 22 वर्ष, निवासी भुलसीडीह, चौकी राजगामार, जिला कोरबा) — दोनों को रायगढ़ जिले में विशेष टीम ने सुनियोजित घेराबंदी कर पकड़ा। दशरथ सिदार (पिता प्रताप सिंह सिदार, उम्र 19 वर्ष, निवासी पूरी बाहर, नीचे मोहल्ला, रामपुर, थाना सिविल लाइन, कोरबा) — इसे कोरबा शहर में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
    तीनों को पुलिस हिरासत में लेकर वैधानिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया जा रहा है। चौथे आरोपी की तलाश तेज फरार आरोपी चंद्रशेखर राठिया (थाना श्याम) की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि एक आरोपी की प्रेमिका फरारी में सक्रिय भूमिका निभा रही थी। वह बार-बार पुलिस को गुमराह कर रही थी और झूठी जानकारी दे रही थी, जिससे आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे सहअभियुक्त बनाया गया है। पुलिस की अपील और चेतावनी कोरबा पुलिस ने इस सफलता को संयुक्त प्रयास और सतर्कता का परिणाम बताया। साथ ही, आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। इससे न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी, बल्कि गंभीर अपराधों की रोकथाम भी हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि जेल से फरार होना न केवल कानून के लिए चुनौती है, बल्कि यह समाज की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और जनता की भागीदारी से ही त्वरित कार्रवाई संभव होती है। प्रशासन और जनता के बीच समन्वय की मिसाल इस मामले में पुलिस की तत्परता, विभिन्न जिलों में दबिश और जनता की सूचना ने साबित कर दिया कि आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सामूहिक प्रयास ही सबसे प्रभावी हथियार है। अब पुलिस की निगाह चौथे आरोपी पर है और उम्मीद है कि वह जल्द ही गिरफ्त में होगा।
     

  • टीचर बहू के साथ मारपीट, ससुराल वाले गिरफ्तार

    24-Jul-2025
    कोरबा। जिले से एक शिक्षिका के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद के चलते पति ने पत्नी और बेटी के साथ मारपीट की है। घटना 20 जुलाई की है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह मामला बालको थाना क्षेत्र के शांति नगर का है। मिली जानकारी के मुताबिक, 37 वर्षीय पीड़िता वर्ग 3 शिक्षाकर्मी हैं। वह गायत्री मंदिर रोड पर अपने दो बेटी और एक बेटे के साथ अलग रहती हैं। पीड़िता का पति से 2021 में पारिवारिक विवाद हुआ था। तब से वह अलग रह रही हैं। वह कभी-कभी बच्चों को पिता से मिलाने या घरेलू काम से पति के घर जाती थीं।  पीड़िता का आरोप है कि पति शांति कुमार कश्यप (39) उन्हें साथ रखने को तैयार नहीं है। घर जाने पर अक्सर बेवजह विवाद और लड़ाई-झगड़ा करता है। घटना वाले दिन भी सुबह 11:30 बजे पीड़िता अपने बच्चों के साथ पति के घर गई थी। शांति कुमार कश्यप उस समय बालको प्लांट में ड्यूटी पर था। यह भी आरोप है कि घर पहुंचने पर सास मालती कश्यप और ससुर रघुनाथ कश्यप ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पति घर पहुंचा था, तो उसने पत्नी साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान बच्चे 'मम्मी को मत मारो' चिल्लाते रहे। लेकिन पिता का दिल नहीं पसीजा। इतनी ही नहीं उसने अपनी बड़ी बेटी के साथ भी मारपीट की। मारपीट में पीड़िता और उसकी बेटी को शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। 20 जुलाई को ही पीड़िता थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जिस पर ने पति, सास-ससुर के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में सीएसपी भूषण एक्का ने कहा कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है। प्रतिबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। 
  • कोरबा में 30 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण

    20-Jul-2025

    कोरबा। नगर पालिका निगम कोरबा क्षेत्र में आज लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर टीपी नगर में भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान नगरवासियों को विकास कार्यों की सौगात देते हुए उन्हें शुभकामनाएं व बधाइयां दी गईं। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं निर्मित आवासों की चाबियाँ सौंपी गईं।  इस विशेष अवसर पर राज्य मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन राजपूत, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, तथा अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जनता को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि यह कार्य कोरबा की समग्र विकास यात्रा में एक अहम पड़ाव है, जो शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूती प्रदान करेगा।
     

  • सड़क दुर्घटना में 2 लोगो की मौत

    20-Jul-2025


    कोरबा।  दो अलग-अलग सड़क हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई। पहली घटना कोरबा-चांपा मार्ग की है। ग्राम उरगा से 200 मीटर आगे अधिवक्ता नरेंद्र जायसवाल की मौत हो गई। वे बाइक से जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दूसरी घटना बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में हुई। यहां दो नंबर दफाई राखड़ डेम के पास एक राखड़ वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि व्यक्ति का सिर धड़ से अलग हो गया। पहले मामले में 57 वर्षीय नरेंद्र जायसवाल अंजोरीपाली भैसमा के रहने वाले थे। वे रोज की तरह 19 जुलाई को भी जिला न्यायालय कोरबा से रात 10 बजे घर लौट रहे थे। तभी यह हादसा हुआ। राहगीरों ने 112 और उरगा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेजा। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है। दूसरी घटना में बाइक नंबर उॠ 12 इअ 6979 सुधीर कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

  • दूषित पानी की सप्लाई, नगर पालिका इलाके में कई बच्चे-बुजुर्ग पड़े बीमार

    13-Jul-2025

    कोरबा। कटघोरा नगर पालिका परिषद क्षेत्र में लगभग हजारों लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। नगर पालिका जो पानी की आपूर्ति कर रहा है वह पानी बारिश के कारण प्रदूषित हो गया है। इससे क्षेत्र के निवासी, विशेषकर छोटे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। वार्ड नंबर 6 के निवासी गजेंद्र ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से गंदा पानी आ रहा है। वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण लोग पानी को उबालकर पी रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने इस समस्या को लेकर नगर पालिका अधिकारियों, सीएमओ और अध्यक्ष को अवगत कराया है।  अधिकारियों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण जल आपूर्ति स्रोत में बारिश का पानी मिल रहा है। इससे पानी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। उन्होंने समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यह स्थिति नगर पालिका की लापरवाही का परिणाम है। कोरबा जिले के कई अन्य गांवों में भी दूषित पानी की आपूर्ति से लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। जनप्रतिनिधियों को भी इस समस्या की जानकारी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। 

  • नशे की हालत में चलती मालगाड़ी के सामने कूदा, मौके पर ही मौत

    08-Jul-2025

    कोरबा। शराब के नशे में एक व्यक्ति ने मालगाड़ी के सामने कूद कर अपनी जान दे दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस एवं आरपीएफ ने वैधानिक कार्रवाई की। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के दुरपा रोड की है। पुलिस ने बताया कि दुरपा निवासी महादेवा दास 52 वर्ष जीटीपी कंपनी में कार्यरत था। पिछले कुछ दिनों से अधिक शराब का सेवन कर रहा था।

    सोमवार को घटना के समय भी नशे की हालत में था। मालगाड़ी चालक ने उसे ट्रैक पर देख हार्न भी बजाया, पर महादेवा ने अचानक मालगाड़ी के सामने छलांग लगा दी। गंभीर रूप से चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
     
    पहले भी कर चुका था आत्महत्या की कोशिश
     
    मृतक के बेटे सागर दास ने पुलिस को बताया कि उनके पिता की तबीयत खराब चल रही थी। इस कारण काम से छुट्टी ली थी। घर पर रहने के दौरान भी वह शराब पी रहा था। परिवार के लोग उन्हें समझाते थे, लेकिन वे नहीं माने। 
  • युवक की पत्नी को करता था परेशान, जमकर हुई पिटाई

    05-Jul-2025

    कोरबा। जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अटल आवास में अपराधिक घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासी दहशत में हैं। ताजा मामला पत्नी से छेड़छाड़ के आरोप से जुड़ा है, जिसमें एक युवक की सरेआम पिटाई कर दी गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति, दूसरे युवक की बेरहमी से पिटाई कर रहा है और उसकी जेब से कुछ सामान भी निकाल रहा है।  बताया जा रहा है कि, यह मारपीट करीब 1 घंटे तक सड़क पर भरी बारिश के बीच चलती रही। मार खाने वाला युवक लगातार पिटता रहा, और मारपीट करने वाला उसे बार-बार थप्पड़ और लात-घूंसे मारता रहा। इस दौरान मौके पर कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश करते भी नजर आए, लेकिन किसी ने ठोस हस्तक्षेप नहीं किया। स्थानीय निवासियों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। साथ ही यह भी लिखा कि अटल आवास, खरमोर इंडस्ट्रियल एरिया में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा है और आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।  जानकारी के मुताबिक, पिटाई करने वाले युवक ने आरोप लगाया है कि मार खाने वाला युवक उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ करता है। दोनों ही युवक इंडस्ट्रियल एरिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब अटल आवास में इस तरह की घटना हुई हो। इससे पहले भी यहां कई बार मारपीट, चोरी और हत्या जैसी घटनाएं सामने आ चुकी है। पुलिस ने अटल आवास में रहने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान और दस्तावेज जांच के लिए अभियान शुरू किया है। रहवासियों से आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की जा रही है। 

  • घरेलू विवाद बना हाई-वोल्टेज ड्रामा, युवक ने पेट्रोल फैलाकर दी आत्मदाह की धमकी

    23-Jun-2025

    कोरबा। छत्तीसगढ़ की उर्जाधानी कोरबा में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मानिकपुर चौकी अंतर्गत मुड़ापार हेलीपैड के समीप स्थित एक मकान में घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और गैस व पेट्रोल फैलाकर आत्मदाह की कोशिश करने लगा। घटना स्थल पर भारी पुलिस बल और दमकल की टीम को तैनात किया गया। करीब दो घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।  
    झगड़े की वजह बनी शराब प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक की पहचान ऋषिकेश सिदार के रूप में हुई है, जिसका अपनी पत्नी से शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर ऋषिकेश ने आवेश में आकर घर में तोड़फोड़ की और फिर खुद को कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद उसने रसोई गैस का रेगुलेटर खोल दिया और अपनी बाइक की पेट्रोल टंकी से पेट्रोल फैलाना शुरू कर दिया। इस घटना के दौरान घर और मोहल्ले में गैस व पेट्रोल की तीव्र गंध फैल गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।  
    दो घंटे तक चला सस्पेंस, फिर पुलिस ने तोड़ा दरवाजा घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस के साथ-साथ दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। सबसे पहले पुलिस ने युवक को शांत करने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना तो पुलिस और दमकल कर्मियों ने मिलकर बलपूर्वक दरवाजा तोड़ दिया और युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। अस्पताल में भर्ती, मानसिक जांच जारी कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते हुई।
    युवक ने आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन समय रहते पुलिस ने उसे बचा लिया। फिलहाल ऋषिकेश सिदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मनोचिकित्सक से उसका परीक्षण कराया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गहराते संकट को उजागर किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि परिवारों में संवादहीनता और तनाव का स्तर बढ़ता जा रहा है, जिसके चलते ऐसे आत्मघाती कदम देखने को मिल रहे हैं। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्यवाही की जा रही है।

  • एक ही मकान में मिले 2 सबसे खतरनाक सांप, मचा हड़कंप

    23-Jun-2025

    कोरबा। कोरबा जिले में रविवार की रात एक ही घर में दो अलग-अलग स्थानों पर सांप मिलने से हड़कंप मच गया। मानिकपुर क्षेत्र के एक घर के बेडरूम में 9 फीट लंबा अजगर मिला। यह इंडियन रॉक पायथन प्रजाति का था। यह सांप जहरीला नहीं होता, लेकिन शिकार को लपेटकर दम घोंट देता है। इसी घर के किचन में एक कोबरा भी मिला। घर वालों ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद बर्तन साफ करते समय बर्तनों के बीच फन फैलाए हुए कोबरा को देखा। वह तुरंत वहां से भाग गई। स्नेक कैचर्स को सूचना दी। स्नेक कैचर्स उमेश यादव और अतुल सोनी ने दोनों सांपों का सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया। कोबरा की लंबाई करीब 7 फीट थी। मकान मालिक ने बताया कि उनका घर जंगल के पास होने के कारण अक्सर सांप निकलने की घटनाएं होती रहती हैं। स्नेक कैचर उमेश यादव के अनुसार, मौसम बदलने के कारण सांप निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं। इस दौरान करैत और नाग जैसे जहरीले सांप अधिक संख्या में मिल रहे हैं। दोनों सांपों को बाद में जंगल में छोड़ दिया गया।

  • ट्रक ने 3 युवकों को कुचला, एक की मौत, 2 घायल

    30-May-2025

    कोरबा। शराब के नशे में धुत एक तेज़ रफ्तार ट्रक चालक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना पाली थाना क्षेत्र के धौराभांठा मोड़ के पास हुई। जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय अक्षय कश्यप कसडीहा का रहने वाला था।
    वह अपने दो दोस्तों के साथ पाली में काम करने आया था। शुक्रवार दोपहर काम खत्म करने के बाद तीनों अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अक्षय का शरीर दो हिस्सों में बंट गया और ट्रक के पहिए में फंस गया। दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, ट्रक चालक शराब के नशे में था और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।  
    इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। मृतक अक्षय अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। युवक के रिश्तेदार उत्तम पटेल ने बताया कि उन्हें हादसे की सूचना फोन पर मिली, जिसके बाद वे मृतक के पिता के साथ मौके पर पहुंचे। पाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक मालिक की ओर से मृतक के परिवार को 1 लाख रुपए और प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपए का मुआवजा दिया गया। मुआवजा मिलने के बाद सड़क जाम समाप्त हुआ।

  • बकरियों पर गिरी आकाशीय बिजली, 15 की मौत

    27-May-2025

    कोरबा। जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 15 बकरियों की मौत हो गई। छुईडोडा सोल्वा में मंगलवार दोपहर मौसम खराब होने के दौरान यह घटना हुई। इससे 3 किसानों को नुकसान पहुंचा है।प्रभावित किसानों ने बताया कि पिछले दो दिनों से जिले में मौसम बदला हुआ है। सुबह से काली घटा, धूप, छांव और कभी हल्की तो कभी तेज बारिश हो रही है। मंगलवार सुबह से हल्की बारिश हो रही थी। किसान रोज की तरह बकरियों को गांव से लगे मैदान में चराने ले गए थे।
    बकरियां करीब एक घंटे तक मैदान में चर रही थीं। इस दौरान हल्की बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने लगी। सभी बकरियां एक पेड़ के नीचे एकत्रित हो गईं। अचानक आकाशीय बिजली गिरने से सभी बकरियों की मौत हो गई। किसान उस समय पास के एक दूसरे पेड़ के नीचे थे। इससे किसान रामलाल, दुलार और अमर सिंह को आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है। राजस्व परिपत्र के तहत प्रभावित लोगों को मुआवजा देने की कार्रवाई शुरू की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी दी है।

  • शौचालय वाहन में आगजनी, मोहल्ले वालों ने बताया साजिश

    24-May-2025

    कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा गांव में एक शौचालय वाहन में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि वाहन धू-धू कर जल उठा। दमकल टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग को काबू में कर लिया। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह शौचालय वाहन लंबे समय से वहां खड़ा था। इसका उपयोग आम दिनों में और विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान किया जाता था। घटना के समय धीरे-धीरे धुआं निकलना शुरू हुआ और फिर आग की लपटें तेज हो गईं। आग लगने के कारणों की जांच चल रही है। ग्रामीणों का मानना है कि यह आग जानबूझकर लगाई गई हो सकती है। घटनास्थल पर कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं था, जिससे शॉर्ट सर्किट की संभावना नकारी जा सकती है।

  • अच्छे नंबर नहीं आने से दुखी 9वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, पिता ने बांटी थी मिठाई

    22-Apr-2025

    कोरबा।  कोरबा जिले के बालको नगर क्षेत्र में एक 14 वर्षीय छात्रा जाह्नवी राजपूत ने परीक्षा में कम अंक आने के कारण आत्महत्या कर ली। वह नवमी कक्षा में पढ़ती थी और स्काउट गाइड से भी जुड़ी हुई थी। जाह्नवी के पिता शिव राजपूत भारत एल्युमिनियम कंपनी की एक कॉन्ट्रैक्ट एजेंसी में कार्यरत हैं। जाह्नवी के पिता शिव राजपूत ने बताया कि उसकी बेटी कक्षा नवमी में पढ़ रही थी। वह काफी होनहार थी और स्काउट गाइड में प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। वह हर कार्यक्रम में भाग लेती थी। सोमवार को उसका रिजल्ट आया। जहां उसने 78 प्रतिशत अंक लाई थी। रिजल्ट आने के बाद घर पहुंची और खुश तो थी लेकिन मन से नहीं थी। उसने बताया कि उसने बहुत मेहनत की थी और उसे और भी अंक आने थे। कम अंक आने पर वह थोड़ी निराश है। पिता ने बताया कि उसका हौसला बढ़ाने के लिए हमने उसके लिए नए कपड़े लिए और मिठाई भी बांटी। उन्होंने बताया कि सोमवार रात खाना खाकर अपने-अपने कमरे में चले गए जहां वह भी अपने कमरे में सोने चले गई मंगलवार सुबह जब उठे तो काफी समय बीत जाने के बाद भी उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तब अनहोनी की आशंका हुई और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
    जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दाऊद कुजुर ने बताया कि परिजनों का बयान दर्ज किया गया है, जहां जांच के लिए आगे संबंधित थाना बालको को भेजा जाएगा।

  • कोरबा में पेस्ट फिल तकनीक से कोयला खनन: एसईसीएल-टीएमसी के बीच 7040 करोड़ का एमओयू

    20-Apr-2025

    कोरबा जिले में स्थित सिंघाली कोल माइंस में शुरू होगा प्रोजेक्ट
    कोरबा। कोरबा में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने कोयला खनन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए टीएमसी मिनरल्स रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ 7040 करोड़ रुपए की पेस्ट फिल तकनीक परियोजना पर हस्ताक्षर किए हैं। यह परियोजना कोरबा क्षेत्र के सिंघाली भूमिगत कोयला खदान में लागू होगी। परियोजना से अगले 25 सालों में 84.5 लाख टन कोयले का उत्पादन किया जाएगा। एसईसीएल का यह कदम हरित खनन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण है। यह न केवल उत्पादन बढ़ाएगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान करेगी।

    इस परियोजना की खास बातें :
    - इस तकनीक में खदान से कोयला निकालने के बाद खाली स्थान को विशेष पेस्ट से भरा जाएगा। यह पेस्ट फ्लाई ऐश, क्रश्ड ओवरबर्डन, सीमेंट, पानी और विशेष रसायनों से तैयार किया जाता है।
    -इस तकनीक से खनन के बाद भूमि धंसने का खतरा नहीं रहता।
    - इसमें सतह की भूमि का अधिग्रहण करने की जरूरत भी नहीं रहती।
    - यह परियोजना पर्यावरण के अनुकूल है क्योंकि इसमें औद्योगिक अपशिष्टों का पुनर्उपयोग किया जाता है।

  • सुकन्या समृद्धि योजना: 250 रुपए से बैंक या डाकघर में कर सकते हैं शुरूआत

    15-Apr-2025

    सारंगढ़-बिलाईगढ़। वर्ष 2015 से सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बालिकाओं के उज्जवल भविष्य को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार द्वारा बैंक या डाकघर में 10 वर्ष की आयु तक की बालिकाओं के खाते खोले जाने की योजना प्रारंभ है। योजना की प्रमुख विशेषताएँ सुकन्या समृद्धि योजना में एक बालिका के नाम पर केवल एक तथा एक पालक द्वारा अधिकतम दो कन्याओं के नाम पर खाते खोले जा सकते हैं।खाता बालिका के जन्म से 10 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक ही खोला जा सकता है।  सुकन्या समृद्धि योजना बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य के उद्देश्य को प्राप्त करने का अभिन्न अंग है, जिसमें डाक विभाग बालिका अधिकारिता योजना का ध्वजवाहक है। खाता खोलने के लिए बालिका का जन्म प्रमाण पत्र आवश्यक है किंतु उचित जन्म प्रमाण पत्र न होने की स्थिति में स्कूल के हेड मास्टर, गांव के मुखिया, अस्पताल जहां बच्ची का जन्म हुआ हो, के द्वारा जारी किया गया प्रमाण पत्र भी स्वीकार किया जाता है। यह खाता कम से कम 250 रु. की प्रारंभिक राशि से खोला जाता है तथा एक वित्तीय वर्ष में अधिकतम 150000 रु. तक की राशि जमा किया जा सकता है। चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 में 8.2प्रतिशत ब्याज देय है। खाता खोलने की तारीख से 21 वर्ष पूर्ण होने पर ही खाता परिपक्व होगा। बालिका के 18 वर्ष की आयु के होने पर जमा राशि से आनुपातिक राशि का आहरण किया जा सकता है एवं विवाह तय होने पर 21 वर्ष की परिपक्वता के पूर्व भी खाता बंद कराया जा सकता है। डाक विभाग में ही इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक खाता खुलवा कर सुकन्या खाते से लिंक कर नेट बैंकिंग एवं राशि जमा किये जाने की सुविधा भी उपलब्ध है। यह खाता खोलने की सुविधा दुरस्त गाँव में संचालित शाखा डाकघरों में भी उपलब्ध है। पालकों को प्रेरित करने आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं और सहायिकाओं को निर्देश जिले की बालिकाओं के भविष्य को उज्जवल बनाने एवं उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के मद्देनजर कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के महिला एवं बाल विकास विभाग के सभी आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं और सहायिकाओं को आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालयों में सुकन्या समृद्धि योजना का प्रचार- प्रसार कर पालकों को अपने बालिकाओं के लिए सुकन्या समृद्धि योजना का खाता खोलने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिले की बालिकाओं के कल्याण के लिए सुकन्या समृद्धि योजना से अधिक से अधिक बालिकाएं इस योजना का लाभ उठा सकें। उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में रायगढ़ डाक संभाग में अब तक 5500 से अधिक सुकन्या खाता खोला गया है जिसमे आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं और सहायिकाओं का सहयोग अभूतपूर्व रहा है।

  • कोरबा पुलिस ने ट्रक ड्राइवर की हत्या का किया खुलासा

    14-Apr-2025

    कोरबा। ट्रक ड्राइवर के बरमपुर नहर में शव मिलने के मामले को कोरबा पुलिस ने सुलझाया। यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। मृतक के दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में मामूली विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने शराब के नशे में ट्रक ड्राइवर की हत्या की थी। मामला सर्वमंगला चौकी क्षेत्र की है। किशन दुबे ने 15 मार्च 2025 को थाना में सूचना दी कि शराब भट्टी बरमपुर के पास नहर में एक अज्ञात शव पेड़ में फंसा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।  जांच में मृतक की पहचान सुरेन्द्र राय (35) के रूप में हुई है, जो बिहार के भागलपुर जिले का रहने वाला था। वो पेशे से ट्रक चालक था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने विशेष टीम का गठन किया। जांच में पुलिस ने दो संदिग्धों उत्तर प्रदेश के जिला सोनभद्र निवासी जोगेन्द्र सिंह (24) और बिहार के जिला मुजफ्फरपुर निवासी देवेन्द्र महतो (48) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया।

  • मंदिर जाते समय बाइक में लगी आग, काबू

    07-Apr-2025

    कोरबा। कोरबा में मां सर्वमंगला मंदिर जा रहे एक युवक की बाइक में अचानक आग लग गई। युवक ने तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई। घटना मंदिर से कुछ दूर मुख्य मार्ग पर हुई। बाइक में आग लगते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। मौके पर मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए रेत-मिट्टी और पानी डालकर आग पर काबू पाया। सर्वमंगला मंदिर के बाहर नारियल बेचने वाले एक दुकानदार ने बताया कि युवक कोरबा की तरफ से आ रहा था।  बाइक से धुआं निकलता देख वह तुरंत कूद गया। स्थानीय लोगों ने वाहन को मेन स्टैंड पर खड़ा किया। इसी दौरान अचानक वाहन में आग लग गई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। अगर ऐसा नहीं होता तो बाइक का पेट्रोल टैंक फट सकता था और आसपास खड़े लोग भी हादसे का शिकार हो सकते थे। सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और यातायात को तुरंत बहाल करवाया।

  • ACB की बड़ी कार्रवाई, कोरबा में रिश्वतखोर ASI गिरफ्तार

    05-Apr-2025

    कोरबा। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. ACB ने सहायक उपनिरीक्षक (ASI) मनोज मिश्रा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. यह मामला हरदीबाजार थाना क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, एसीबी से रिश्वतखोरी की यह लिखित शिकायत कोरबा जिले के केसला निवासी पंचराम चौहान ने की थी. शिकायतकर्ता के मुताबिक, कुछ दिन पहले हरदीबाजार थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) मनोज मिश्रा उसके केसला गांव स्थित घर पर आया था और बोला कि तुम्हारी बोलेरो गाड़ी से डीजल चोरी का कार्य होता है। गाड़ी को थाने ले चलो जिस पर वह गाड़ी को लेकर थाने के लिए निकला था. तभी रास्ते में ASI ने वाहन को कार्रवाई से बचाने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की. शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आज 10 हजार रुपये की पहली किस्त लेते ही एएसआई मनोज मिश्रा को रंगे हाथों पकड़ लिया. ASI के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई है. बता दें कि प्रदेश में पिछले 7 महीनों में पुलिसकर्मियों के खिलाफ यह छठी ट्रैप कार्रवाई है. कोरबा में हुई यह कार्रवाई दिनभर चर्चा का विषय बनी रही।

  • वीडियो कॉल में बात करने के बाद फंदे पर लटकी युवती, परिजन सदमें में

    02-Apr-2025

    कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक युवती ने लड़के से VIDEO कॉल पर बात करने के बाद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि युवती को एक युवक घर के पास बाइक से छोड़कर गया था, तभी से युवती डिप्रेशन में थी। मामला CSEB चौकी के 15 ब्लॉक क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक मरने वाली युवती का नाम राधिका साहू (19) है, जो कोरबा के सीएसईबी चौकी क्षेत्र के 15 ब्लॉक क्षेत्र की रहने वाली थी। राधिका पढ़ाई छोड़ चुकी थी। बिलासपुर में किराए के मकान में रहकर ब्यूटी पार्लर में काम करती थी।   दरअसल, राधिका साहू मंगलवार को बिलासपुर से कोरबा अपने घर आई थी। इस दौरान मां घर में थी। मां को लगा कि बेटी थकी हुई है और कमरे में आराम कर रही है, लेकिन जब काफी देर तक कमरे से बाहर निकली तो मां उसे कमरे में देखने गई। इस दौरान जब मां ने आवाज लगाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इस पर कमरे को खोलने की कोशिश, लेकिन कमरा अंदर से बंद था। मां ने खिड़की से झांक कर देखा तो राधिका की लाश फंदे पर झूल रही थी। बेटी को फंदे पर देखकर मां चीखने लगी। आवाज सुनकर दूसरी बेटी मौके पर पहुंची।   दोनों ने पड़ोसियों की इसकी जानकारी दी। लोगों ने पुलिस को फांसी लगाने की जानकारी दी। सीएसईबी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने कमरे से मोबाइल बरामद किया है। युवती के पिता कमलेश साहू ने बताया कि वह पेशे से ड्राइवर हैं। उनकी तीन बेटियां हैं। राधिका उनकी सबसे छोटी बेटी थी। बेटी बहुत परेशान दिख रही थी। घर पर किसी से ज्यादा बात नहीं कर रही थी। बेटी ने किस कारण से खुदकुशी की है, वह उनको जानकारी नहीं है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर ने बताया कि वीडियो कॉल के बाद आत्महत्या की बात सामने आ रही है। उसने किससे और क्या बात की। उसी आधार पर आगे की जांच की जाएगी। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मोबाइल और अन्य सामान जब्त कर लिया गया है।

  • आबकारी विभाग की टीम पर में जानलेवा हमला

    27-Mar-2025

    कोरबा। कोरबा के बुधवारी बाजार में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम की गांजा तस्कर के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। गांजा तस्कर ने टीम से विवाद के बाद हाथापाई और मारपीट के बाद फरार हो गया। इस घटना में आबकारी विभाग के चालक घायल हो गया। टीम ने सीएसईबी चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। दरअसल, बिलासपुर से आई संभागीय स्तरीय आबकारी विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि कोरबा के बुधवारी बाजार के एक मकान और ठेले से गांजा बेचा जा रहा है। मौके पर पहुंची टीम ने छापेमारी के दौरान एक युवक को बाजार में फेरी लगाकर गांजा बेचते हुए पकड़ा है। पूछताछ में उसने अपना नाम मोनू चौहान (20 वर्ष) बताया। उसने बताया कि वो 500 रुपए की रोजी पर छोटका रेड्डी के कहने पर गांजे की पुड़िया बेचता था। उसने बताया कि प्रत्येक पुड़िया 100 रुपए में बेची जाती थी और सप्लायर विजय सारथी के कहने पर यह काम करता था। मोनू ने आगे बताया कि गांजा ओडिशा से लाया जाता है, लेकिन इसकी लाने ले जाने की जानकारी उसे नहीं थी। टीम ने मोनू को पकड़कर विजय सारथी को फोन कर बुलाया। मौके पर पहुंचते ही विजय ने टीम से विवाद किया। इसके बाद हाथापाई और मारपीट के बाद फरार हो गया।   हमले के बाद आबकारी टीम ने सीएसईबी चौकी पुलिस में लिखित शिकायत दी। घटना में टीम के चालक बिलासपुर के चिंगराज पारा नारायण श्रीवास (40) को चोटें आईं, जिनका पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया। इधर, आबकारी विभाग की टीम गांजा सप्लायर विजय सारथी के घर में दाखिल नहीं हो सकी। घटना के बाद इलाके में भीड़ जुट गई। संभागीय स्तरीय टीम मुकेश पांडे के नेतृत्व में पांच सदस्यों के साथ कार्रवाई कर रही थी, जिसमें एक महिला हेड कांस्टेबल भी शामिल थीं।

  • नग्न हालत में हथियार लेकर महिला के घर में घुसा युवक, गिरफ्तार

    25-Mar-2025

    कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक युवक नग्न हालत में हथियार लेकर महिला के घर में घुस गया. जहां आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की. मामले में आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है. घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंचाई कॉलोनी की है. जानकारी के अनुसार, शहर के सिंचाई कॉलोनी में महिला को घर में अकेला पाकर युवक घर में जबरन घुस गया. इस दौरान आरोपी नग्न हालत में था. हथियार से हमले और जबरदस्ती करने की कोशिश की. महिला ने जोर-जोर से चीखने लगी। जिसे सुनकर घर पर मौजूद अन्य लोग मौके पर पहुंचे. घटना में युवक खुद के हथियार से घायल हो गया. घटना की जानकारी पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंची. सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना ने बताया कि आरोपी राकेश सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी के खिलाफ BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. अभी घायल होने के कारण उसे जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां आगे की कार्रवाई करते हुए न्यायिक डिमांड पर भेजा जाएगा।

  • डेढ़ लाख का जुर्माना, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की खैर नहीं

    11-Mar-2025

    कोरबा। जिले में होली त्योहार को देखते हुए नशा करके गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस सख्त है। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने के 17 मामलों में कुल 1.70 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने लोगों से सुरक्षित होली मनाने की अपील की है। सर्वमंगला, सीएसईबी, मानिकपुर और सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। निहारिका घंटाघर पर देर रात शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा कुसमुंडा, बालको, दीपका और कटघोरा थाना क्षेत्र में भी जांच की गई। पुलिस ने होली के मद्देनजर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर की कई थाना चौकियों में सघन जांच की जा रही है। कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में मुख्य चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। शराबी वाहन चालकों, तीन सवारी वाहनों और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ 40 लोगों पर कार्रवाई की गई। नो एंट्री जोन में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर भी चालान किया गया।

+ Load More
Top