बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • नक्सलवाद के खात्मे के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग जरूरी – विजय शर्मा

    10-Aug-2025

    सुकमा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस अहम समीक्षा बैठक में व्यापारी संगठन, सड़क और खदान निर्माण से जुड़े संघटन, सर्व आदिवासी समाज, जनजाति सुरक्षा मंच, अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र के मोबाइल और मेडिकल दुकान संचालक, वनवासी कल्याण समिति तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में जिले के विकास, सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल उन्मूलन के लिए उठाए जा रहे कदमों की विस्तार से समीक्षा की गई।

    बैठक को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सुकमा की जनता अब विकास की राह पर आगे बढ़ रही है और गुमराह करने वाले तत्वों का प्रभाव खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से अंदरूनी इलाकों में विकास कार्यों में जनसहभागिता बढ़ रही है, वह इस बात का संकेत है कि जल्द ही शांति, सुरक्षा और विश्वास के साथ विकास की गति और तेज होगी तथा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा।
     
    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण कार्यों को अधिक संसाधनों के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और गुणवत्ता पर कोई समझौता न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन क्षेत्रों में कार्य करने वालों को सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार और पुलिस विभाग निभाएंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय युवाओं को इन निर्माण कार्यों में प्राथमिकता दी जाए, जिससे उन्हें रोजगार के अवसर मिलें और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत हो। उन्होंने अवैध धर्मांतरण पर रोक लगाने, रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की घुसपैठ पर सख्ती से नियंत्रण करने के भी निर्देश दिए।
  • रक्षाबंधन पर जशपुर एक्सप्रेस का शुभारंभ: बिहान की 12 दीदियों को ई-रिक्शा का उपहार

    09-Aug-2025

    रायपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के गृहग्राम बगिया से जशपुर एक्सप्रेस का शुभारंभ किया और बिहान योजना से जुड़ी 12 दीदियों को राखी के उपहार स्वरूप ई-रिक्शा प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वयं स्व-सहायता समूह की महिला गिलसोनिका पाण्डे के ई-रिक्शा में बैठकर बगिया निवास परिसर की यात्रा की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह ई-रिक्शा न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि इसकी परिचालन लागत भी कम है। इससे महिलाएं स्थानीय  परिवहन सेवाओं में अपनी भागीदारी निभाते हुए आत्मनिर्भर बनेंगी और अपने परिवार की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा कर सकेंगी। उन्होंने रक्षाबंधन की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी सरकार छत्तीसगढ़ की सभी बहनों की सुरक्षा और सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्व-सहायता समूह की बहनों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए ही यह ई-रिक्शा वितरण किया गया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उनकी सरकार मोदी की गारंटी को तेजी से लागू कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 18 लाख आवास का कार्य तीव्र गति से पूरा किया जा रहा है। इसके साथ ही आवास प्लस प्लस योजना के अंतर्गत 5 एकड़ असिंचित भूमि, 2.50 एकड़ सिंचित भूमि, टू-व्हीलर और 15 हजार रुपये मासिक आमदनी वाले पात्र परिवारों को भी लाभ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से 70 लाख बहनों को प्रति माह 1000 रुपये दिए जा रहे हैं। तेंदूपत्ता संग्राहकों की आय बढ़ाने के लिए तेंदूपत्ता का समर्थन मूल्य 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। गांवों में बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने हेतु अटल डिजिटल सुविधा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिन्हें आगामी पंचायत दिवस पर सभी ग्राम पंचायतों में शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए रजिस्ट्री में 10 नई क्रांतियों के तहत पंजीयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल, डिजिटल और नागरिक-केंद्रित बनाया गया है। दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत बस सेवाएं प्रारंभ की गई हैं। उन्होंने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए मेडिकल कॉलेज, प्राकृतिक चिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी केंद्र, शासकीय नर्सिंग कॉलेज और शासकीय फिजियोथेरेपी कॉलेज खोले जाएंगे।  
    कार्यक्रम में बताया गया कि ई-रिक्शा का संचालन जिले के विभिन्न रूट्स पर महिला संचालकों द्वारा किया जाएगा। फरसाबहार में प्रतिमा भगत फरसाबहार- कन्दईबहार- अमडीहा- तपकरा मार्ग पर, मदनावती लवाकेरा- अमडीहा- पुराईनबंध- समडमा- तपकरा मार्ग पर, राजकुमारी पैंकरा तपकरा- कन्दईबहार- तुबा- फरसाबहार मार्ग पर और उर्मिला भगत खुटगांव- सिंगीबहार- साजबहार- तपकरा मार्ग पर परिचालन करेंगी। इसी तरह, दुलदुला में बिंदेश्वरी देवी कोसा- दुलदुला- विपतपुर- छेरडांड मार्ग पर, पार्वती साय कोसा- दुलदुला- पतराटोली- लोरो- बम्हनी मार्ग पर, संगीता देवी छेरडांड- लोरो- बम्हनी- कस्तुरा मार्ग पर और बिमला देवी छेरडांड- दुलदुला- लोरो- पतराटोली मार्ग पर परिचालन करेंगी। कांसाबेल में गिलसोनिका पाण्डे टांगरगांव- हथगड़ा- कांसाबेल मार्ग पर, तियासो पैंकरा बांसबहार- दोकड़ा- पुसरा- खुंटीटोली- कांसाबेल मार्ग पर, नीता रवानी कटंगखार- दोकड़ा- बन्दरचुंआ- कांसाबेल मार्ग पर और अंगावती बाई देवरी- दोकड़ा- छाताबर- कांसाबेल मार्ग पर ई-रिक्शा का परिचालन करेंगी। इस अवसर पर कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा, उपेन्द्र यादव, गणेश जैन एवं रवि यादव उपस्थित थे।

  • शिवनाथ नदी में डूबे युवक का शव SDRF ने बाहर निकाला

    09-Aug-2025

    दुर्ग। जिले के ग्राम सिरसा थाना क्षेत्र पुलगांव चौकी जेवरा सिरसा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। शिवनाथ नदी में नहाने उतरे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ (SDRF) दुर्ग की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जानकारी के अनुसार, मृतक युवक का नाम साहिल देशमुख (पिता सतीश देशमुख, उम्र 22 वर्ष) है, जो ग्राम समोदा थाना पुलगांव, चौकी जेवरा  सिरसा, जिला दुर्ग का निवासी था। बताया जाता है कि साहिल अपने दोस्तों के साथ शिवनाथ नदी के किनारे पहुंचा था और नहाने के लिए नदी में उतरा। इसी दौरान वह तेज धारा में बहकर गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल कंट्रोल रूम दुर्ग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह ने रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा। SDRF दुर्ग की टीम के जवान इंद्रपाल यादव ने डीप डाइविंग तकनीक का उपयोग करते हुए नदी में गहराई तक जाकर युवक की खोजबीन शुरू की।  

    करीब एक घंटे के अथक प्रयास के बाद साहिल का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने SDRF टीम से शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक तैरना नहीं जानता था और नदी का पानी इस समय अधिक गहरा व तेज बहाव वाला है, जिससे हादसा हुआ। SDRF दुर्ग की तत्परता एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से मृतक का शव समय रहते बरामद हो गया, जिससे परिजनों को कम से कम अपने बेटे का अंतिम संस्कार करने का अवसर मिल सका। जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों में नहाने से बचना चाहिए, क्योंकि पानी का बहाव और गहराई अनुमान से कहीं अधिक हो सकती है।  
    गांव में शोक का माहौल साहिल देशमुख की असमय मौत से पूरे ग्राम समोदा और जेवरा सिरसा इलाके में शोक की लहर है। परिवारजन का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग इस घटना को बेहद दर्दनाक बताते हुए युवाओं से सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, SDRF और पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि वे मानसून के दौरान नदी-तालाब के किनारे जाने से बचें और अपनी जान को खतरे में न डालें।

  • जेल तोड़कर फरार चार में से तीन आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, चौथे की तलाश जारी

    09-Aug-2025

    कोरबा। जिले में 02 अगस्त 2025 को घटित एक सनसनीखेज घटना ने पुलिस और प्रशासन दोनों को चुनौतीपूर्ण स्थिति में डाल दिया था। जिला जेल कोरबा से पॉक्सो एक्ट के तहत विचाराधीन चार आरोपी फरार हो गए थे। इनमें दशरथ सिदार (थाना सिविल लाइन), राजा कंवर (चौकी राजगामार), सारण सिक्कू (थाना बालको) और चंद्रशेखर राठिया (थाना श्याम) शामिल थे। ये चारों आरोपी अलग-अलग मामलों में विभिन्न तिथियों पर जेल दाखिल किए गए थे। सभी पर पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के आरोप थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) ने तुरंत कड़ी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।  
    फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई स्पेशल टीम पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम में अनुभवी पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और साइबर सेल के सदस्य शामिल किए गए। आठ निरीक्षक और 50 आरक्षकों की दो टीमें बनाई गईं, जिन्हें आरोपियों की तलाश में कोरबा और आसपास के जिलों में भेजा गया। सूचना देने वालों के लिए 10,000 रुपये का इनाम  फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोरबा पुलिस ने चौतरफा दबिश दी। साथ ही, पुलिस अधीक्षक ने घोषणा की कि आरोपियों का पता बताने वाले को ₹10,000 का इनाम दिया जाएगा और उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। इस पहल से जनता में भी जागरूकता बढ़ी और कई स्तरों पर सूचनाएं मिलने लगीं। तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार तकनीकी विश्लेषण, गुप्त सूचना और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को बड़ी सफलता मिली। फरार चार में से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया
    सरणा सिंकु (पिता शंकर सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी लालघाट, मुंडा मोहल्ला, थाना बालको, जिला कोरबा) राजा कंवर (पिता टीकाराम कंवर, उम्र 22 वर्ष, निवासी भुलसीडीह, चौकी राजगामार, जिला कोरबा) — दोनों को रायगढ़ जिले में विशेष टीम ने सुनियोजित घेराबंदी कर पकड़ा। दशरथ सिदार (पिता प्रताप सिंह सिदार, उम्र 19 वर्ष, निवासी पूरी बाहर, नीचे मोहल्ला, रामपुर, थाना सिविल लाइन, कोरबा) — इसे कोरबा शहर में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
    तीनों को पुलिस हिरासत में लेकर वैधानिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया जा रहा है। चौथे आरोपी की तलाश तेज फरार आरोपी चंद्रशेखर राठिया (थाना श्याम) की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि एक आरोपी की प्रेमिका फरारी में सक्रिय भूमिका निभा रही थी। वह बार-बार पुलिस को गुमराह कर रही थी और झूठी जानकारी दे रही थी, जिससे आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे सहअभियुक्त बनाया गया है। पुलिस की अपील और चेतावनी कोरबा पुलिस ने इस सफलता को संयुक्त प्रयास और सतर्कता का परिणाम बताया। साथ ही, आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। इससे न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी, बल्कि गंभीर अपराधों की रोकथाम भी हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि जेल से फरार होना न केवल कानून के लिए चुनौती है, बल्कि यह समाज की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और जनता की भागीदारी से ही त्वरित कार्रवाई संभव होती है। प्रशासन और जनता के बीच समन्वय की मिसाल इस मामले में पुलिस की तत्परता, विभिन्न जिलों में दबिश और जनता की सूचना ने साबित कर दिया कि आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सामूहिक प्रयास ही सबसे प्रभावी हथियार है। अब पुलिस की निगाह चौथे आरोपी पर है और उम्मीद है कि वह जल्द ही गिरफ्त में होगा।
     

  • तेज रफ्तार ट्रेलर युवक को कुचला, पत्नी-बेटा घायल, उग्र विरोध के बाद दो घंटे चक्काजाम

    09-Aug-2025

    सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के दतिमा गांव में शनिवार को हुए सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। विश्रामपुर थाना क्षेत्र के करंजी चौकी अंतर्गत दतिमा-बिश्रामपुर मार्ग पर, एचपी पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 25 वर्षीय अनिरुथ देवांगन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज अस्पताल में जारी है। रक्षाबंधन पर ससुराल जा रहा था परिवार जानकारी के अनुसार, सूरजपुर थाना क्षेत्र के सपकरा निवासी अनिरुथ देवांगन शनिवार को अपनी पत्नी और बेटे के साथ रक्षाबंधन मनाने के लिए करसु-कसकेला स्थित ससुराल जा रहा था। जैसे ही वह दतिमा-बिश्रामपुर मार्ग पर एचपी पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, भटगांव से कोयला खाली कर बिश्रामपुर कोल माइंस लौट रहे ट्रेलर (क्रमांक सीजी 29 ए 4020) के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े। अनिरुथ सड़क पर गिरते ही ट्रेलर के पिछले पहिये के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।  चालक हादसे के बाद फरार हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक मौके से गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। करंजी चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए करंजी अस्पताल भेजा। घायल महिला और बच्चे को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम दुर्घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर एकत्र हो गए और आक्रोश में आकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक जाम की वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। गर्म माहौल को शांत करने के लिए मौके पर एसडीएम शिवानी जायसवाल, पुलिस टीम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर समझाइश दी, जिसके बाद जाम हटाया गया और आवागमन सामान्य हुआ।  
    हादसों का हॉटस्पॉट बना करंजी-विश्रामपुर मार्ग स्थानीय निवासियों का कहना है कि करंजी-विश्रामपुर मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रेलरों और कोयला ढोने वाले भारी वाहनों की वजह से पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। लोग लगातार डर के साए में सफर करते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से कोयला परिवहन पर सख्त नियंत्रण की मांग की है। ग्रामीणों ने विशेष रूप से मांग की है कि स्कूलों के आने-जाने के समय और बाजार के दिनों में भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोकी जाए, ताकि बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। प्रशासन ने दिया आश्वासन आंदोलन के दौरान प्रशासन की ओर से एसडीएम शिवानी जायसवाल ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

  • बिना हेलमेट के अब मदिरा नहीं मिलेगा

    09-Aug-2025

     बालोद।बालोद जिले में बिना हेलमेट पहने पेट्रोल पंपों में पेट्रोल और अन्य ईंधन खरीदी के लिए जाने वाले दोपहिया वाहन चालकों को अब पेट्रोल और शराब नहीं मिलेगा। बालोद जिला एवं पुलिस प्रशासन ने सड़क दुर्घटना की रोकथाम करने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के पेट्रोल पंप संचालकों एवं दोपहिया वाहन विक्रेताओं की बैठक लेकर दिशानिर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक नागरिकों की जीवन की सुरक्षा करना हम सभी की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। चलाकर समुचित प्रचार प्रसार भी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पेट्रोल पंपों में बैनर पोस्टर आदि के माध्यम से इसकी जानकारी देने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर आम नागरिकोें को जानकारी प्रदान कराने के निर्देश दिए। सभी पेट्रोल पंपो में सीसीटीवी कैमरा लगाने कहा। जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी नियमित रूप से सभी पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करेंगे। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी।

    दुकान प्रारंभ करने के भी दिए निर्देश
    शासकीय शराब दुकानों में दोपहिया वाहन से बिना हेलमेट पहने शराब खरीदने आने वालों को भी शराब बिक्री नहीं करने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर जिला आबकारी अधिकारी को आदेश जारी कर इसका पालन कराने के निर्देश दिए हैं। जिला आबकारी अधिकारी को परिवहन विभाग से समन्वय स्थापित कर शराब दुकानों के समीप आईएसआई मार्क वाले हेलमेट दुकान प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने कहा कि सड़क दुर्घटना आम नागरिकों के जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ही दुर्घटना रोकी जा सकती है।
     
    सिर में चोट लगने से होती हैं मौतें
     कलेक्टर ने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की उपयोगिता एवं महत्व के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में मृत्यु ज्यादातर सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती है। मुख्य कारण दोपहिया वाहन चालकों का हेलमेट नहीं लगाना है। हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने प्रेरित किया जाए।
  • नई शिक्षा नीति सिलेबस अभी तक स्कूलों में नहीं पहुंचा, शिक्षक क्या पढ़ाएंगे

    09-Aug-2025

    नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद भी सरकारी स्कूलों में सिलेबस नहीं पहुंचने पर सवाल उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि नई शिक्षा नीति तो लागू कर दी गई है।

    एनसीईआरटी के सिलेबस को सरकारी स्कूल में पढ़ाना है, लेकिन शिक्षा विभाग ने एनसीईआरटी के सिलेबस को सरकारी स्कूल तक पहुंचाया ही नहीं है। शिक्षक और 11वीं और 12वीं के छात्र नये सिलेबस का इंतजार कर रहे हैं, नया सिलेबस नहीं मिलने के कारण शिक्षक अंदाजन निजी प्रकाशको के पुस्तक से बच्चों को पढ़ा रहे हैं, निजी प्रकाशको के पुस्तक नई सिलेबस नीति के तहत ही है, इसकी प्रामाणिकता नहीं है। ऐसे में सरकार का शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने प्रयास करने का दावा सिर्फ हवा हवाई है।
     
    प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि जब नई शिक्षा नीति लागू की गई है और एनसीईआरटी के सिलेबस को ही पढ़ना है, तो ऐसे में एससीईआरटी के सिलेबस के अनुसार 11वीं एवं 12वीं की पुस्तकों की छपाई करवाना था। सरकारी स्कूल में पुस्तकों का वितरण करना था, जो अब तक नही हुआ है।
     
     
    शिक्षा विभाग शिक्षकों के ऊपर नई शिक्षा नीति के तहत मासिक परीक्षा लेने का दबाव बना रही है। जबकि नई शिक्षा की पॉलिसी अब तक उन तक पहुंची नहीं है। बच्चे उसे दिशा में पढ़ाई नहीं किए हैं, फिर मासिक परीक्षा कैसे होगा। इससे पढ़ाई की गुणवत्ता कैसे सुधरेगा बिना सिलेबस के शिक्षक छात्रों को कैसे पढ़ाएंगे।
     
    प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि युक्ति उपकरण के चलते वैसे भी विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी स्कूलों में है, उसे पर नई शिक्षा नीति को लागू करने का दबाव और शिक्षा नीति सरकारी स्कूल में नहीं पहुंचाना तो बच्चे पढ़ेंगे क्या? सरकार सिर्फ हवा हवाई बात कर रही है और शिक्षा व्यवस्था को जर्जर करके बच्चों के भविष्य को अंधकार में धकेल रहिए।
  • मोहम्मद ताजुल अहमद की तरफ से रक्षाबंधन की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं

    09-Aug-2025

    हर साल सावन मास की पूर्णिमा पर रक्षाबंधन का पावन त्योहार मनाया जाता है। इस साल 9 अगस्त को रक्षाबंधन है। रक्षाबंधन का त्योहार प्रत्येक भाई-बहन के जीवन में खुशियों लेकर आता है। रक्षाबंधन के पावन दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं और उनके खुशहाल जीवन की कामना करती हैं। वहीं, भाई बहनों को उपहार देते हैं।

  • मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से की बात : दोनों नेताओं ने भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी और प्रगाढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई

    09-Aug-2025

    दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रूसी संघ के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ टेलीफोन पर परस्‍पर बातचीत की। राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन से संबंधित नवीनतम घटनाक्रमों से प्रधानमंत्री को अवगत कराया। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति पुतिन को उनके विस्तृत आकलन के लिए धन्यवाद देते हुए, संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत के दृढ़ रुख को दोहराया। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की भी समीक्षा की और भारत-रूस के बीच विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति श्री पुतिन को इस वर्ष के अंत में होने वाले 23वें भारत-रूस वार्षिक शीर्ष सम्‍मेलन के लिए आमंत्रित किया।

  • कुलगाम मुठभेड़ में दो जवान बलिदान, एक आतंकी ढेर

    09-Aug-2025

    जम्मू-कश्मीर के कुलगाम के अखल इलाके में आतंकियों और जवानों के बीच नौवें दिन मुठभेड़ चल रही है। मुठभेड़ में दो जवान बलिदान हो गए। जबकि दो अन्य जवान घायल हैं। घायलों को 92 बेस अस्पताल ले जाया गया है। चिनार कोर ने इसकी पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, अखल में रात भर धमाके और गोलीबारी होती रही। इस दौरान सेना के दो जवान बलिदान हो गए, जबकि गोलीबारी में दो अन्य जवान घायल भी हुए हैं। लेफ्टिनेंट कर्नल प्रीतपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह बलिदान हुए हैं। एक आतंकवादी के भी मारे जाने की खबर है। 

  • रक्षाबंधन पर यात्रियों के लिए आज और कल स्पेशल मेमू ट्रेन की सुविधा

    09-Aug-2025

    रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल में रक्षाबंधन के अवसर पर यात्रियों की सुविधा के लिए दिनांक 09 एवं 10 अगस्त 2025 को गाड़ी संख्या 08834/08833 दुर्ग - रायगढ़ - दुर्ग के मध्य दो फेरे के लिए रक्षाबंधन स्पेशल मेमू ट्रेन की सुविधा दी जा रही हैं ।

    गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग रायगढ़ मेमू पैसेंजर गाड़ी दुर्ग से 10:30 बजे रवाना होकर 10:36 बजे भिलाई नगर 10.43 बजे भिलाई पावर हाउस 10:50 बजे भिलाई 10.56 बजे देवबलोदा चरोदा, 11:09बजे कुम्हारी, 11:17 बजे सरोना 11.24 बजे सरस्वती नगर, 11.35 बजे रायपुर 11:45 बजे डब्ल्यूआरएस, 11:52 बजे उरकुरा, 12:00 मांडर,12:11 बजे सिलियारी, 12.21 बजे बैकुंठ 12:28 बजे तिल्दा नेवरा, 12.39 बजे हथबंद, 12:52 बजे भाटापारा, 13.05 बजे निपानिया, 13.15 बजे दागोरी, 13.23 बजे बिल्हा, 14.31 बजे चक्करभाटा 14.37 बजे दाधापारा,15.10 बजे बिलासपुर, 15.28 बजे गतौरा, 15:40 बजे जयरामनगर, 15.53 बजे अकलतरा, 16:10 बजे जांजगीर नैला, 16:30 बजे चांपा, 16:50 सारागांव देवरी, 17:03 बजे बुढार, 17.18 बजे सक्ती, 17:30 जारडीह, 17.40 बजे खरसिया, 17.58 बजे रॉबर्टसन, 18: 13 बजे भूपदेवपुर, 18.23 बजे किरोड़ीमल नगर, 18:50 बजे रायगढ़।
     
    दिनांक 09 एवं 10 अगस्त 2025 को वापसी में गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़ दुर्ग मेमू पैसेंजर रायगढ़ से 19:00 रवाना होकर उपरोक्त सभी स्टेशनों पर रुकते हुए बिलासपुर 20.55 बजे एवं रायपुर 23:30 बजे और दुर्ग अगले दिन 01.15 बजे पहुंचेगी।
  • अवैध प्लाटिंग करने पर अवैध प्लाटिंग कर्ताओं पर कानूनी शिकंजा, नामजद एफआईआर

    09-Aug-2025

    रायपुर। आज नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर नगर निगम जोन 7 जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के मार्गनिर्देशन में जोन 7 नगर निवेश विभाग की ओर से रामनगर क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के दो भिन्न प्रकरणों में अवैध प्लाटिंगकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार प्रक्रिया के अंतर्गत कानूनी कार्यवाही किये जाने सम्बंधित गुढ़ियारी पुलिस थाना में नामजद एफआईआर दर्ज करवाई है.

    नगर निगम जोन 7 नगर निवेश विभाग द्वारा नगर निगम रायपुर से बिना कॉलोनी विकास अनुज्ञा और बिना कॉलोनी विकास अनुमति लिए अवैध प्लाटिंग कर प्लाट विक्रय किये जाने पर अतिरिक्त तहसीलदार और पटवारी के प्रतिवेदन पर सम्बंधित भूमि स्वामी प्लाटिंगकर्ता संतोषी बाई, शिव कुमार, महेन्द्र साहू, शिव बाई, भावा बाई पर और रामनगर में एक अन्य प्रकरण में भूमिस्वामी, प्लाटिंगकर्ता नरेन्द्र, जयप्रकाश, अजय, रमा, ललिता, अनिता, सविता, महेश कुमार, रविप्रकाश, भीमा, रामदुलारे, ईश्वर कुमार द्वारा भुखण्ड को छोटे - छोटे टुकड़ों में विभाजित कर प्लाट विक्रय किये जाने नगर निगम रायपुर से बिना कॉलोनी विकास अनुमति लिए अवैध प्लाटिंग करने और दोनों प्रकरणों में छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 के अंतर्गत 292 (ग ) के प्रावधान अनुसार अवैधानिक कृत्य और दण्डनीय अपराध करने पर नियमानुसार प्रक्रिया के अंतर्गत कानूनी कार्यवाही करने थाना गुढ़ियारी ग्राम चिरहुलडीह क्षेत्र रामनगर के प्रकरण में नामजद एफआईआर दर्ज करवाई है.
  • रक्षाबंधन: भाई-बहनों का झलकता स्नेह और संस्कृति का प्रतीक पर्व - शिव वर्मा

    08-Aug-2025

    राजनांदगांव। सनातन संस्कृति में रक्षाबंधन का पर्व न केवल एक धार्मिक उत्सव है, बल्कि यह भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का एक गहरा भावनात्मक प्रतीक भी है। यह पर्व भारतीय सामाजिक ताने-बाने में विश्वास, स्नेह, और उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करता है। नगर निगम के वरिष्ठ भाजपा पार्षद शिव वर्मा ने रक्षाबंधन के अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि यह त्यौहार न केवल पारिवारिक रिश्तों को प्रगाढ़ करता है, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय स्तर पर भी एकजुटता और सुरक्षा का संदेश देता है।

    श्री वर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल सगे-सहोदर भाई-बहनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन सभी लोगों के लिए एक भावनात्मक बंधन बन जाता है जो सच्चे दिल से इस रिश्ते को स्वीकारते हैं। चाहे वह चचेरे, ममेरे, मौसेरे भाई-बहन हों या फिर मुंहबोले, यह पर्व समान रूप से अपनापन और प्रेम का प्रतीक बनकर सामने आता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत जैसे विविधता भरे देश में रक्षाबंधन का पर्व मजहब से ऊपर उठकर मनाया जाता है। कई उदाहरण सामने आते हैं जहाँ विभिन्न धर्मों के लोग इस पर्व को समान श्रद्धा से मनाते हैं। यह दर्शाता है कि रक्षाबंधन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों और सामाजिक सौहार्द्र का प्रतीक है।

    सामाजिक और राष्ट्रीय सुरक्षा का संदेश
    शिव वर्मा ने रक्षाबंधन के व्यापक प्रभाव की चर्चा करते हुए कहा कि यह पर्व न केवल पारिवारिक संबंधों की मजबूती का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को भी सशक्त बनाता है। रक्षाबंधन में बहन द्वारा भाई की कलाई पर राखी बांधना, भाई द्वारा उसकी रक्षा का वचन देना, यह मात्र एक रस्म नहीं बल्कि एक गहरी सांस्कृतिक भावना है जो हर नागरिक को अपने दायित्वों का स्मरण कराती है। उन्होंने कहा कि रक्षा का यह व्रत सिर्फ बहनों के लिए नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की रक्षा के संकल्प के रूप में भी लिया जाना चाहिए। जब हर नागरिक अपने समाज और राष्ट्र की रक्षा का संकल्प ले, तभी एक समृद्ध और सुरक्षित भारत का निर्माण संभव है।

    भविष्य की पीढ़ियों को सीख देने वाला पर्व
    वरिष्ठ पार्षद वर्मा ने यह भी उल्लेख किया कि रक्षाबंधन नई पीढ़ियों को पारिवारिक मूल्यों, परंपराओं और सामाजिक जिम्मेदारियों की सीख देता है। यह त्योहार उन रिश्तों को संजोने की प्रेरणा देता है, जो आज की भागदौड़ भरी दुनिया में कहीं न कहीं धुंधले होते जा रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस पर्व को केवल एक रस्म के रूप में नहीं, बल्कि एक संस्कार और सामाजिक दायित्व के रूप में मनाएं, ताकि भाई-बहन का यह पवित्र रिश्ता समाज में प्रेम, शांति और समर्पण का संदेश देता रहे।

  • शिवसेना का गौ रक्षा हेतु महा हस्ताक्षर अभियान

    08-Aug-2025

    प्रदेश भर में 10 लाख हस्ताक्षर का लक्ष्य

    1 माह से शिव सैनिक डोर टू डोर चला रहे महा हस्ताक्षर अभियान
    रायपुर_ शिवसेना प्रदेश महासचिव रेशम जांगड़े ने बताया कि गौ माता की हत्या बंद करने, गौ तस्कर गाड़ी को राजसात करने, गौ हत्या करते पाएं जाने पर हत्या का मामला दर्ज करने, गांव गांव स्थित गौठानो को गौशाला का नाम देकर घुमंतू पशुओ को सुरक्षित रखने एवं कलेक्टर दर पर दो गौ सेवक रखने, गौमाता को राज्य माता घोषित करने को लेकर 3 जुलाई को शिवसेना प्रदेश प्रमुख मान धनंजय सिंह परिहार जी ने महा हस्ताक्षर सभी संभागों में करने की शुरूवात की है। जो कि पहले चरण में दुर्ग संभाग में शिवसेना पार्टी के सभी प्रदेश पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओ ने मिलकर घर घर जाकर एवं शहरों के प्रमुख चौराहों में स्टॉल लगाकर आम जनता को गौ रक्षा हेतु चलाये जा रहे महा हस्ताक्षर अभियान से जोड़ने का प्रयास किया। महा हस्ताक्षर अभियान की शुरूवात के 20 दिनों में ही 23 जुलाई को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री जी ने उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर बैठक में गौ सुरक्षा हेतु विशेष चर्चा की गई। प्रदेश भर के जिलों में प्रशासन द्वारा गौ रक्षा हेतु बैठकों का दौर भी जारी है। शिवसेना पार्टी द्वारा गौ रक्षा हेतु चलाये जा रहे महा हस्ताक्षर अभियान के दूसरे चरण में बिलासपुर संभाग में  सभी पदाधिकारियों ने महा हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है और तीसरे चरण में रायपुर संभाग में 5 अगस्त को शहर के हृदय स्थल जय स्तम्भ में स्टॉल लगाकर महा हस्ताक्षर अभियान से आम जनता को जोड़ने का कार्य शिवसेना के पदाधिकारीयों एवं कार्यकर्ता कर रहे है।
     आम जनता सहित संगठनों का मिल रहा समर्थन
    शिवसेना द्वारा महा हस्ताक्षर अभियान हेतु दुर्ग संभाग में विभिन्न जगहों पर स्टॉल लगाया जहाँ राकेश श्रीवास्तव जी के नेतृत्व में और ताम्रकार जी त्रिपाठी के सहयोग से यह महत्वपूर्ण कार्य प्रारंभ किया , आम जन मानस के साथ व्यापारी संगठनों ने भी समर्थन शिवसेना के इस महा हस्ताक्षर अभियान में भरपूर सहयोग किया , 5 अगस्त को  रायपुर शहर के रवि भवन व्यापारी संगठन ने भी शिवसेना के इस महा हस्ताक्षर अभियान को समर्थन हेतु पत्र दिया। इसी तरह छत्तीसगढ़ राज्य के सभी संभागों में महा हस्ताक्षर अभियान को चलाया जा रहा है एव राज्य भर में महा हस्ताक्षर अभियान से 10 लाख हस्ताक्षर करवाने का लक्ष्य  रखा गया है जो बहुत जल्द पूरा कर शासन को सौंप कर गौ माता की रक्षा हेतु  गौ माता को राज्य माता का दर्जा दिलाने की मांग की जाएगी। रायपुर में महा हस्ताक्षर अभियान मे उपस्थित रहे प्रदेश पदाधिकारी प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष माधुकर् पाण्डेय , संतोष शुक्ला, राधा रमन पाण्डेय, एच एन सिंह, संजय नाग, सन्नी देशमुख, हिमांशु शर्मा , कृष्णा यादव,बल्लू जांगड़े,संतोष माकंर्डेय, सूरज साहू,शंकर चेनानी, कमलाकर यादव, आनंद तिवारी, विजय नाग,अजय शुक्ला,सूरज गुप्ता, साई प्रजापति, नरेन्द्र प्रजपति, दुर्गेश शर्मा,संजू साहू, अमर नायक, खिलावन साहू, प्रमोद साहू, हरीश यादव, ओम जंघेल, संजय हालदार,  विक्की निर्मलकर, आकिब खान, राहुल राजपूत, महावीर यादव, वृद्धि साहू, अजय शुक्ला, हर्ष गडेवाल, हेमंत चक्रधारी, हर्ष शर्मा, संतन रात्रें एंव कार्यकर्ता जूट हुए है। छत्तीसगढ़ सरकार हमारी यह मांग जरूर पूरा करेंगे हमें विश्वाश है

  • घरेलू विवाद में चाकू से वारकर देवर ने की भाभी की हत्या

    08-Aug-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद में एक युवक ने अपनी भाभी की बीच सड़क पर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा इलाका दहशत में आ गया। मृतका की पहचान संगीता बंजारे (35) के रूप में हुई है, जो रिंग रोड-3 स्थित एसबीआई बैंक के पास अपने परिवार के साथ रहती थी। पत्नी से विवाद के बाद भड़का देवर, भाभी पर उतारा गुस्सा  पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब सात बजे आरोपी कामेश्वर बंजारे का घर में अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। उस समय संगीता घर की सीढ़ियों पर बैठी हुई थी। जब उसने बीच-बचाव करते हुए देवर को समझाने की कोशिश की और पत्नी का पक्ष लिया, तो कामेश्वर आपा खो बैठा। पहले उसने भाभी से गाली-गलौज की और फिर किचन से चाकू निकाल लाया। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता, उसने संगीता पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।  

    जान बचाने के लिए भागी संगीता, देवर ने पीछा कर सड़क पर मारी चाकू पहला वार लगते ही संगीता जान बचाने के लिए घर से बाहर भागी। लेकिन क्रोध में अंधे कामेश्वर बंजारे ने करीब 200 मीटर तक उसका पीछा किया। महिला जैसे ही सड्डू स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क पर गिरी, आरोपी ने मौके पर ही उसके गले में चाकू से वार कर दिया। यह पूरी घटना कुछ ही मिनटों में घट गई, जिससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल संगीता के बेटे को सूचना दी। उसने अपने पिता देवेंद्र दास बंजारे को फोन किया, जो एक ऑटो चालक है। मौके पर पहुंचे पति ने खून से लथपथ पत्नी को ऑटो में बैठाकर मोवा के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।   आरोपी फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश घटना के बाद से आरोपी कामेश्वर बंजारे फरार है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पारिवारिक तनाव बना हत्या की वजह प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कामेश्वर बंजारे और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई बार परिवार में बात-बात पर झगड़े होते थे। गुरुवार को भी मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत हत्या तक पहुंच गई।  मोहल्ले में मातम, स्थानीय लोग स्तब्ध इस बर्बर हत्या के बाद से इलाके में मातम पसरा है। संगीता बंजारे की निर्मम हत्या से मोहल्ले के लोग स्तब्ध हैं। पड़ोसियों के अनुसार, संगीता काफी मिलनसार और शांत स्वभाव की महिला थीं। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर का आंतरिक कलह इतना भयावह रूप ले लेगा। पुलिस की अपील: घरेलू विवाद में हिंसा से बचें इस दर्दनाक घटना के बाद रायपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू विवादों को बातचीत और समझाइश से हल करें। हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि यह कई जिंदगियों को तबाह कर देती है। साथ ही, पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि यदि उनके आस-पास इस तरह के तनावपूर्ण पारिवारिक हालात दिखें तो समय रहते इसकी सूचना दें।

  • स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की समीक्षा बैठक

    08-Aug-2025

    गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कलेक्टर कार्यालय स्थित अरपा सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान मंत्री ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति, योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति, और आमजन तक सुविधाएं समयबद्ध, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण रूप से पहुंचाने को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विशेष रूप से मंत्री जायसवाल ने जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जरूरत पर बल दिया और कहा कि "सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संपन्न करना होगा।"   

    बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चल रही योजनाओं, आयुष्मान भारत योजना, टीकाकरण अभियान, तथा स्वास्थ्य संस्थानों में मानव संसाधन और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने कहा कि सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, तथा आपातकालीन सेवाओं की तत्परता सुनिश्चित की जाए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति  इस समीक्षा बैठक में क्षेत्रीय विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों को साझा किया। जिला अस्पताल का किया जाएगा उन्नयन मंत्री ने कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला अस्पताल को और बेहतर सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे लोगों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें। उन्होंने निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करने और समयसीमा में पूरा करने के भी निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री का दो टूक निर्देश- लापरवाही बर्दाश्त नहीं मंत्री जायसवाल ने अधिकारियों से कहा कि "स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हर अधिकारी और कर्मचारी की जवाबदेही तय होनी चाहिए। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारना है।"

  • एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत ग्राम पंचायत कुकरा और रीवा में वृहद वृक्षारोपण

    08-Aug-2025

    रायपुर। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जिले के ग्राम पंचायतों में एक नई जागरूकता की लहर दौड़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जनपद पंचायत आरंग के अंतर्गत ग्राम पंचायत रीवा और ग्राम पंचायत कुकरा में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रमों ने न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया है, बल्कि स्थानीय महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी नई राह दिखाई है। ग्राम पंचायत रीवा में जागृति स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने ग्राम कुकरा आरंग क्षेत्र में 500 पौधे रोपे। इन पौधों में नींबू, सीताफल, आवंला, अमरूद, कटहल, बादाम जैसे फलदार वृक्षों के साथ नीम जैसे वानिकी पौधे भी शामिल हैं। इस प्रयास से आने वाले तीन वर्षों तक महिलाओं को महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत रोजगार मिलेगा, साथ ही भविष्य में इन फलों की बिक्री से आय में भी वृद्धि होगी। वहीं ग्राम पंचायत कुकरा में जय अम्बे स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा डेढ़ एकड़ भूमि में 900 पौधे लगाए गए। जिनमें 450 फलदार और 450 वानिकी पौधे शामिल हैं।  

    फलदार पौधों में अमरूद, जामुन, आम, कटहल, शहतूत, सीताफल आदि प्रमुख हैं, जबकि वानिकी पौधों में कचनार, नीम, दसमत, करंज और बहेरा के पौधे शामिल हैं। इस वृक्षारोपण अभियान की सबसे विशेष बात यह है कि इसे CLF के माध्यम से क्रियान्वित किया गया है, जिससे स्थानीय स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार मिलेगा। साथ ही, इन पौधों से भविष्य में प्राप्त होने वाले फलों के विक्रय से उनकी आमदनी भी बढ़ेगी, जिससे ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से और भी सशक्त बनेंगी। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान ने ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को भी सशक्त रूप से आगे बढ़ाया है।

  • मामूली विवाद ने ली जान, मारपीट से मजदूर की मौत, चार गिरफ्तार

    08-Aug-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में एक मजदूर की मारपीट के बाद मौत हो गई। घटना नवदुर्गा इस्पात कंपनी के बाहर हुई, जहां मामूली कहासुनी के बाद चार लोगों ने मिलकर मजदूर धीरज साहू पर लोहे के पाइप और मुक्कों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल धीरज की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से चारों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 109, 103(1), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।  

     मामूली बात पर बिगड़ा मामला, जानलेवा हमला थाना उरला में प्रार्थी राहुल विश्वकर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह और मृतक धीरज साहू दोनों नवदुर्गा इस्पात कंपनी, सरोरा में मजदूरी करते थे। 5 अगस्त 2025 की रात करीब 10.15 बजे दोनों कंपनी से बाहर निकले। उसी समय धीरज साहू ने देखा कि उसकी स्कूटी पर एक अज्ञात युवक बैठा हुआ है। जब उसने युवक को उतरने को कहा, तो आरोपी ने अश्लील गालियां दीं। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने अपने अन्य 2-3 साथियों को बुला लिया और सबने मिलकर धीरज पर लात-घूंसों और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। इस हमले में धीरज को गंभीर चोटें आईं—उसके दोनों हाथ, पैर और अन्य अंगों पर गहरी चोटें थीं। घायलावस्था में उसे एनकेडी अस्पताल बीरगांव में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 215/25 दर्ज कर जांच शुरू की।
     इलाज के दौरान तोड़ा दम, हत्या की धारा जोड़ी गई प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपीगण के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया था। लेकिन 8 अगस्त 2025 को धीरज साहू की उपचार के दौरान मौत हो जाने के बाद मामले में धारा 103(1) (हत्या से संबंधित) जोड़ी गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और जांच तेज कर दी। सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, आरोपियों ने कबूला जुर्म पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें चार संदिग्धों की पहचान हुई। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संजय महतो, संतोष महतो, राजीव कुमार और पप्पू कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में चारों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद कर लिया है। आरोपियों को आज दिनांक 8 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है।
    आरोपी मजदूर, सभी बिहार निवासी चारों आरोपी भी नवदुर्गा इस्पात कंपनी या आसपास मजदूरी करते थे और मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। वर्तमान में सभी उरला के बेन्द्री रोड स्थित बिजली ऑफिस के पीछे किराए के मकानों में रहते थे। गिरफ्तार आरोपियों के नाम व विवरण इस प्रकार हैं: संजय महतो, पिता रामकिशोर महतो, उम्र 22 वर्ष, निवासी थुमहा थाना रूनीसेतपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार) संतोष महतो, पिता हुलास महतो, उम्र 42 वर्ष, निवासी बैलगढ़ थाना रूनीसेतपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार)  राजीव कुमार, पिता अजय राम उर्फ विजय, उम्र 42 वर्ष, निवासी कपेन, थाना हथौड़ी, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) पप्पू कुमार, पिता अशेषर यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी भरवारा, थाना कमतौल, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों में संतोष पुलिस की त्वरित और सटीक जांच के चलते घटना के सभी आरोपी महज तीन दिन में गिरफ्तार कर लिए गए। इससे आम जनता में पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति भरोसा भी बढ़ा है। आगे की कार्रवाई जारी थाना उरला पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ सभी आवश्यक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस अन्य गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर चार्जशीट तैयार कर रही है। यह मामला एक बार फिर दर्शाता है कि कैसे मामूली विवाद भी घातक रूप ले सकते हैं। पुलिस ने अपील की है कि लोग कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय किसी भी विवाद की स्थिति में शांति और संयम बनाए रखें।

  • चंद्रशेखर नगर में महिला से जबरन बलात्कार, पड़ोसी हमाल पर आरोप, आरोपी फरार

    08-Aug-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर के चंद्रशेखर नगर इलाके में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया गया। आरोपी महिला का पड़ोसी हमाल बताया जा रहा है, जो घटना को अंजाम देने के बाद से फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने घर के पास रहने वाले हमाल के घर किसी आवश्यक काम से गई थी। तभी आरोपी ने मौका पाकर महिला को जबरन घर के अंदर खींच लिया और उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता ने किसी तरह खुद को बचाया और बाहर निकल कर शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था।  
    घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटना के बाद से चंद्रशेखर नगर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय रहवासियों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लग सके।
    पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और पीड़िता का बयान दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी जल्द गिरफ्तारी की संभावना है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी के भागने की दिशा और रास्ते का पता चल सके। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया जाएगा। इधर, इस घटना को लेकर महिला संगठनों ने भी नाराजगी जाहिर की है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है। स्थानीय पार्षद और सामाजिक संगठनों ने भी पीड़िता को न्याय दिलाने और आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की बात कही है। यह घटना एक बार फिर राजधानी में महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना होगा कि पुलिस कितनी जल्दी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाती है।

  • गांजा बेचने की फिराक में था आनंद पटेल, 2 किलो 950 ग्राम मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार

    08-Aug-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थ के कारोबार पर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में खमतराई थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डेरापारा इलाके से आनंद पटेल नामक एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से लगभग 2 किलो 950 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। जब्त किए गए गांजा की बाजार में कीमत लगभग 29 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के   खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आनंद पटेल पहले भी गांजा और आबकारी से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है। अभियान के तहत लगातार कार्रवाई रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अमरेश मिश्रा एवं रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर राजधानी में नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत समस्त थाना प्रभारियों, पुलिस राजपत्रित अधिकारियों और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम को लगातार सघन निगरानी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में खमतराई थाना पुलिस को 8 अगस्त 2025 को एक मुखबिर से सूचना मिली कि आरटीओ कार्यालय के पीछे डेरापारा क्षेत्र में रहने वाला आनंद पटेल नामक व्यक्ति अपने झोपड़ी में गांजा छिपाकर बिक्री करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी।  

    आरोपी के घर से गांजा जब्त दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपी आनंद पटेल, पिता कोमल पटेल, उम्र 38 वर्ष, निवासी डेरापारा, थाना खमतराई को हिरासत में लिया। उसकी झोपड़ी की तलाशी लेने पर पुलिस को एक सफेद प्लास्टिक के थैले में दो पैकेट गांजा मिला, जो खाकी रंग की झिल्ली में लिपटा हुआ था। तौल कराने पर गांजा की कुल मात्रा 2 किलो 950 ग्राम पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 29,000 रुपये है। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और थाने लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। आरोपी के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 893/25 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया।  
    पुराना अपराधी है आरोपी जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि आनंद पटेल कोई नया आरोपी नहीं है, बल्कि पूर्व में भी वह मादक पदार्थों की तस्करी और आबकारी अधिनियम के मामलों में संलिप्त रहा है। इससे यह संकेत मिलता है कि आरोपी आदतन अपराधी है और नशे के काले कारोबार से उसका पुराना नाता रहा है। पुलिस अब उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की पूरी जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।  
    पुलिस की सतर्कता से रोकी गई बड़ी खेप हालांकि जब्त किए गए गांजा की मात्रा छोटी प्रतीत होती है, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि रायपुर पुलिस नशे के खिलाफ सतर्क और सजग है। यदि यह खेप बाजार में पहुंचती, तो इसके दुष्परिणाम समाज पर गंभीर हो सकते थे। खासकर युवा वर्ग को निशाना बनाकर इस तरह के नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिसे रोकना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार की गई। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट के प्रभारी अधिकारियों ने खमतराई थाना प्रभारी के साथ समन्वय बनाकर पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग हैं, तथा वह किससे गांजा खरीदता था और किन-किन को बेचता था। गिरफ्तार आरोपी का विवरण: नाम: आनंद पटेल पिता का नाम: कोमल पटेल उम्र: 38 वर्ष निवास: आरटीओ कार्यालय के पीछे, डेरापारा, थाना खमतराई, जिला रायपुर जब्त संपत्ति: गांजा: 2 किलो 950 ग्राम अनुमानित मूल्य: ₹29,000 पैकिंग: खाकी झिल्ली में लिपटे दो पैकेट, सफेद प्लास्टिक के थैले में रखे खमतराई पुलिस आरोपी आनंद पटेल से पूछताछ कर रही है और उसके सहयोगियों या नेटवर्क की तलाश में जुट गई है। साथ ही आरोपी के पुराने मामलों की भी पुनः समीक्षा की जा रही है, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति का विस्तृत मूल्यांकन हो सके।
     

Top