बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • रामलला दर्शन के लिए अयोध्या रवाना हुए मनेन्द्रगढ़ के 52 श्रद्धालु

    30-Jul-2025
    एमसीबी । रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से चयनित 57 श्रद्धालुओं में से 52 श्रद्धालुओं का दल बुधवार प्रातः कलेक्टर कार्यालय परिसर मनेन्द्रगढ़ से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। यह दल अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन द्वारा श्रीरामलला के दर्शन के लिए पावन अयोध्या भूमि की यात्रा करेगा। राज्य शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का उद्देश्य प्रदेश के श्रद्धालुओं को नि:शुल्क अयोध्या यात्रा का सौभाग्य प्रदान करना है। योजना के तहत श्रद्धालुओं को श्री राम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन के साथ ही आवास, भोजन, सुरक्षा और चिकित्सकीय सुविधा सहित पूर्ण यात्रा पैकेज उपलब्ध कराया जा रहा है।
     
    इस अवसर पर कलेक्टर डी. राहुल वेंकट एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम शर्मा ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें भक्ति भाव से यात्रा करने करने लिए आग्रह किया। अधिकारियों ने यात्रा की समस्त तैयारियों की स्वयं निगरानी करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की सबसे बड़ी आध्यात्मिक उपलब्धि है। आर्थिक कारणों से अयोध्या जाना संभव नहीं था, लेकिन शासन की इस योजना से उनका रामलला दर्शन का सपना साकार हो गया। श्री रामलला दर्शन योजना न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के प्रति लोगों की आस्था को सुदृढ़ करती है, बल्कि सामाजिक समरसता और हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी पुनर्स्थापित करती है। इस यात्रा में टूर गाइड, सुरक्षा बल और चिकित्सा दल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को हर स्तर पर सहायता मिल सके।
     
    इस अवसर पर कलेक्टर कार्यालय परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था। सभी श्रद्धालु जय श्रीराम के नारों के साथ भाव-विभोर होकर अयोध्या धाम की ओर प्रस्थान कर गए।

     

  • बस्तर जिला को स्वर्ण और तोकापाल ब्लॉक को मिला कांस्य पदक

    30-Jul-2025
    आकांक्षी जिला और ब्लॉक का संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह टाउन हॉल में आयोजित
    जगदलपुर। आकांक्षी जिला और ब्लॉक का संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन शहर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार (टाउन हॉल) में बुधवार को किया गया। कार्यक्रम में महापौर संजय पाण्डेय ने आकांक्षी जिला और आकांक्षी ब्लॉक संपूर्णता अभियान के लिए काम करने वाले सभी अधिकारियों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने स्वच्छता अभियान में सभी को सहयोग करने की अपील की। 
    कार्यक्रम में संपूर्णता अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विभाग स्वास्थ्य, शिक्षा, समग्र शिक्षा, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास और पंचायत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। आकांक्षी ब्लॉक तोकापाल विकासखंड को कांस्य पदक दिया गया जिसे सीईओ जनपद पंचायत के नेतृत्व में विकासखंड के अन्य अधिकारियों ने सामूहिक रूप से ग्रहण किया। बस्तर जिले को आगामी 2 अगस्त को रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में आकांक्षी जिला का राज्य स्तरीय गोल्ड पदक प्रदान किया जाएगा।
    कार्यक्रम में कलेक्टर हरिस एस ने बताया कि नीति आयोग के द्वारा आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखण्ड के अंतर्गत सम्पूर्णता अभियान 4 जुलाई से 30 सितम्बर 2024 संचालित किया गया था। जिसका मुख्य उददेश्य 6 सूचकांकों में सम्पूर्णता प्राप्त करना था। स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत 6 इंडिकेटर में शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करना था। इस  सम्पूर्णता अभियान के सफल संचालन के लिए सकारात्मक परिणाम के साथ हमने बस्तर जिले में महत्वपूर्ण चरण को पूरा किया है। इस अवधि मंे सभी 6 इंडिकेटर पर कार्य करते हुए ग्रामीण एवं अंदरूनी क्षेत्र मे लाभार्थियों को सेवा प्रदान किया गया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमलों ने गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, शिशु टीकाकरण, पोषण योजना से जोड़ने का काम किए। कृषि विभाग द्वारा स्वाईल हेल्थ कार्ड का समय पर जांच कर किसानों को जानकारी दी गई। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में पाठ्य पुस्तकों का वितरण, बच्चों का नियमित स्कूलों में उपस्थिति सुनिश्चित किया गया। पंचायत विभाग ने कार्यो के क्रियान्वयन करवाने प्रमुख भूमिका निभाई। सभी विभागों के प्रयास से और जनभागीदारी से लक्ष्य को प्राप्त किया गया है और यह निरंतर जारी रहेगा। बस्तर जिला को आकांक्षी जिला के तहत् राज्य  में  गोल्ड तथा आकांक्षी ब्लाॅक के तहत तोकापाल को कांस्य पदक मिला है। कार्यक्रम में सभापति खेमसिंह देवांगन, जन प्रतिनिधि वेद प्रकाश पांडेय ने भी संबोधित किया। इसके अलावा एमआईसी के सदस्य, अन्य पार्षदगण, पंचायत पदाधिकारियों सहित उप संचालक पंचायत बीरेंद्र बहादुर, जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल सहित अन्य अधिकारी और सम्मान प्राप्त कर रहे कर्मचारी उपस्थित थे।
  • देश को धर्मांतरण का अड्डा बनाना चाहती है कांग्रेस और विपक्ष : बृजमोहन

    30-Jul-2025
    रायपुर। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आदिवासी समाज को लक्ष्य बनाकर किए जा रहे सुनियोजित धर्मांतरण पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए, पिछले दिनों गिरफ्तार ननों के मामले में कांग्रेस और विपक्षी दलों पर देश की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) को बिगाड़ने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष देश को धर्मांतरण का अड्डा बना देना चाहता है। विशेष रूप से आदिवासी समाज को लालच, प्रलोभन और दवाब के माध्यम से उनके पारंपरिक विश्वास से दूर किया जा रहा है। यह केवल धार्मिक आस्था का मामला नहीं, बल्कि देश की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों पर सीधा हमला है।
    सांसद बृजमोहन ने केरल की दो ननों की गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए कहा कि, “इन दोनों ननों को आदिवासी क्षेत्र में प्रार्थना सभा की आड़ में मासूम आदिवासियों को धर्मांतरण के लिए प्रेरित करने के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना धर्मांतरण के पीछे चल रहे नेटवर्क की एक कड़ी भर है।”
    उन्होंने कहा कि चिंता की बात यह है कि विपक्ष के कई सांसद और नेता इन आरोपियों के समर्थन में खड़े हो गए हैं। इससे स्पष्ट होता है कि विपक्ष धर्मांतरण का समर्थन करता है और इसी एजेंडे को छुपाकर चल रहा है।
     
    बृजमोहन अग्रवाल ने विपक्ष से दो टूक पूछा कि, “कांग्रेस और विपक्षी दल साफ-साफ देश को बताएं कि वे धर्मांतरण के खिलाफ हैं या समर्थन में? अगर वे इसके विरोध में हैं तो फिर वे ऐसे मामलों में दोषियों के साथ खड़े क्यों होते हैं?
    उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, पहचान और परंपरा को बचाने के लिए हर स्तर पर कठोर कदम उठाए जाने चाहिए। जो लोग भोले-भाले आदिवासियों को बहका कर उनका धर्म परिवर्तन करवा रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
    सांसद ने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा और केंद्र सरकार आदिवासियों की सांस्कृतिक विरासत की रक्षक है, और हम किसी भी कीमत पर उनके धर्मांतरण के षड्यंत्र को सफल नहीं होने देंगे।
  • सरकार के हर विभाग में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी हावी : बैज

    30-Jul-2025
    रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि क्रेडा में काम करने वाले ठेकेदारों और वेंडरों ने भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को उजागर किया है। क्रेडा के ठेकेदारों ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय  गृहमंत्री, मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी द्वारा हर काम में 3 प्रतिशत कमीशन उगाही का आरोप लगाया है तथा कमीशन नहीं देने पर ठेकेदारों को परेशान किया जा रहा है। क्रेडा के ठेकेदारों का यह आरोप छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के सुशासन की असली तस्वीर है। प्रदेश के हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। बिना मोटे कमीशन के राज्य में कोई कार्य नहीं होता है। डेढ़ साल में भी सरकार और मंत्रियों का भ्रष्टाचार खुलकर सामने आने लगा है। मंत्री केवल कमीशन का हिसाब रखने में ही रूचि रखते है।
     
    तहसीलदार प्रमोशन के लिये चंदा इकट्ठा कर रहे
    दीपक बैज ने कहा कि भाजपा राज में भ्रष्टाचार इतना ज्यादा हावी हो चुका है कि अब अधिकारी कर्मचारी अपने प्रमोशन के लिये सामूहिक रूप से चंदा इकट्ठा कर रहे है। खबर आई है कि तहसीलदार संघ के लोग कोड वर्ड में नारियल इकट्ठा करने की बात कर रहे। बताते है कि 1 लाख रू. एक अधिकारी से लिया जा रहा ताकि सामूहिक रूप से सभी का प्रमोशन हो, यह भी बताया जा रहा कि मंत्रिमंडल के बैठक के पहले राशि ऊपर तक पहुंचाया जाना है। यह खबर बताती है कि पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है।
     
    प्रदेश में भर्ती घोटाला जोरों पर
    बैज ने कहा कि यूपीएससी की तर्ज पर भर्ती परीक्षायें आयोजित करने का वादा करने वाली भाजपा के राज में एक भी परीक्षा निष्पक्ष और मानदंडों को पूरा करके नहीं ली जा रही। हाल ही में समग्र शिक्षा विभाग में ठेका कंपनी के माध्यम से भर्ती निकाली गयी। ठेका कंपनी ने तीन दिन में ही पूरी प्रक्रिया पूरी करके 40000 आवेदनों की स्क्रूटनी करके 1300 की भर्ती कर लिया यह कैसे संभव है, साफ है कि इस पूरे मामले में लेनदेन हुआ है। यह नहीं भ्रष्टाचार करने वालों ने बचाव का रास्ता भी पहले से तैयार कर लिया। सभी अभ्यर्थियों से 10 रू. के स्टाम्प पेपर में किसी भी प्रकार के लेनदेन नहीं होने का शपथ पत्र लिया गया था।
     
    केरल भाजपाध्यक्ष के बयान से साफ ननों की गिरफ्तारी गलत
    केरल भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष के बयान तथा केरल भाजपा की प्रतिक्रिया से यह स्पष्ट हो गया कि दुर्ग में ननों की गिरफ्तारी गलत थी। भाजपा सरकार ने आरएसएस और बजरंग दल के एजेंडे पर प्रदेश में धर्मातरण का झूठा हव्वा खड़ा करने तथा बहुसंख्यको के ध्रुवीकरण करने के उद्देश्य में यह कार्यवाही किया। ननो पर मानव तस्करी का आरोप लगाया गया है जबकि जो तीन महिलायें उनके साथ जा रही थी वे सभी बालिग है तथा अपनी सहमति से नौकरी के लिये जा रही थी, इस कार्यवाही से यह भी साफ हो रहा कि प्रदेश में संविधान का राज समाप्त हो गया है। सरकार अपने राजनैतिक एजेंडे के लिये किसी को भी परेशान कर सकती है।  
  • दाढ़ी गांव को सीएम साय ने दी विकास कार्यों की सौगात

    28-Jul-2025
    बेमेतरा। दाढ़ी गांव को सीएम साय ने विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर हजारों कांवड़ियों का किया भव्य स्वागत सावन मास के तीसरे सोमवार को छत्तीसगढ़ के प्राचीन, धार्मिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के तीर्थ स्थल बाबा भोरमदेव मंदिर में भक्ति और श्रद्धा की गूंज उस समय चरम पर पहुँच गई जब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने हजारों कांवड़ियों और शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब मुख्यमंत्री स्वयं श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पुष्पवर्षा कर रहे हैं। पुष्पवर्षा के पश्चात् मुख्यमंत्री साय ने बाबा भोरमदेव मंदिर पहुंचकर मंत्रोच्चारण, विशेष पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक किया तथा प्रदेश की समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
    छत्तीसगढ़ पर्यटन  ने मंदिर परिसर में उपस्थित कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से भेंट कर उनका हालचाल जाना और पूरे आत्मीय भाव से अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सावन मास के तीसरे सोमवार को बाबा भोरमदेव की पावन धरती पर शिवभक्तों के साथ जुड़ना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है। हजारों श्रद्धालु सैकड़ों किलोमीटर की पदयात्रा कर भगवान भोलेनाथ के दर्शन हेतु यहां पहुंचे हैं—
    यह हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत मिसाल है।  इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अमरकंटक से 151 किलोमीटर पदयात्रा कर भोरमदेव मंदिर में जलाभिषेक करने वाली पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा को भगवा वस्त्र और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत भोरमदेव कॉरिडोर विकास के लिए 146 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दी गई है। यह परियोजना न केवल मंदिर परिसर का कायाकल्प करेगी, बल्कि मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुवा से लेकर सरोदा जलाशय तक एक समग्र धार्मिक-पर्यटन कॉरिडोर के रूप में विकसित की जाएगी।  उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ से अमरकंटक जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मध्यप्रदेश के अनूपपुर में 5 एकड़ भूमि आबंटन की प्रक्रिया जारी है,
    जहाँ एक भव्य श्रद्धालु भवन का निर्माण प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं को सावन मास की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हेलीकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा इस पुण्य अवसर की महत्ता को और भी अभूतपूर्व बना गई है।छत्तीसगढ़ पर्यटन पौराणिक परंपरा का गौरव: भक्ति से सराबोर हुआ बाबा भोरमदेव परिसर  थी सावन मास में भगवान शिव—देवों के देव—के जलाभिषेक की परंपरा सदियों से चली आ रही है। कवर्धा से 18 किलोमीटर दूर ग्राम चौरा में स्थित 11वीं शताब्दी का यह भोरमदेव मंदिर ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है।
    श्रावण मास में छत्तीसगढ़ के कबीरधाम, मुंगेली, बेमेतरा, खैरागढ़, राजनांदगांव सहित मध्यप्रदेश के अमरकंटक से हजारों श्रद्धालु पदयात्रा कर बाबा भोरमदेव, बूढ़ा महादेव और डोंगरिया के प्राचीन जलेश्वर शिवलिंग में जलाभिषेक करने आते हैं। श्रद्धालु माँ नर्मदा से जल भरकर नंगे पाँव और भगवा वस्त्रों में 150 किलोमीटर से अधिक की दुर्गम यात्रा कर “बोल बम” के जयघोष और भजनों के साथ भोरमदेव, जलेश्वर महादेव और पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर पहुँचते हैं।छत्तीसगढ़ पर्यटन
     

     

  • सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन से गांजा जब्त, दो युवक अरेस्ट

    28-Jul-2025
    बिलासपुर। बिलासपुर में रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन नंबर 15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस में अवैध गांजा तस्करी करते दो युवकों को गिरफ्तार किया. पकड़े गए आरोपियों के पास से 1 लाख 60 हजार का गांजा बरामद किया गया है. पुलिस अधीक्षक रेल रायपुर श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और उप पुलिस अधीक्षक रेल बिलासपुर तोबियस खाखा के निर्देशन में ट्रेनों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई. 25 जुलाई 2025 को जीआरपी बिलासपुर और आरपीएफ उसलापुर की संयुक्त टीम ने ट्रेन में चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा. पकड़े गए युवकों की पहचान विकास मिश्रा (28 वर्ष, निवासी झालवा, पीपलगांव, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश) और सौरभ सेन (23 वर्ष, निवासी सनौली, बैंसकाटी, कौसांबी, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई. विकास मिश्रा के कब्जे से 4 पैकेट में 4 किलोग्राम गांजा और सौरभ सेन के पास से भी 4 पैकेट में 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. कुल 8 किलोग्राम गांजे के साथ दोनों को हिरासत में लिया गया. 
  • Green Steel & Mining Summit-2025 में शामिल हुए CM विष्णुदेव साय

    28-Jul-2025
    रायपुर। CM विष्णुदेव साय 4th Edition Green Steel & Mining Summit-2025 में शामिल हुए। गौसेवा के साथ घर-घर किचन गार्डन निर्माण पर भी दिया जा रहा है विशेष जोर विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य गौ संरक्षण एवं संवर्धन समिति द्वारा आयोजित ‘गौ विज्ञान परीक्षा अभियान 2025’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अभियान के पोस्टर का अनावरण किया और समिति के सदस्यों को इस पुण्य कार्य के लिए शुभकामनाएँ एवं बधाई दी।  मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति की आत्मा है, जो न केवल आध्यात्मिक लाभ प्रदान करती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष समिति द्वारा चलाए जा रहे अभियान में गौसेवा के साथ-साथ घर-घर किचन गार्डन निर्माण पर विशेष बल दिया जा रहा है, जो जनस्वास्थ्य सुधार और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सराहनीय पहल है। इस अवसर पर समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुबोध राठी ने मुख्यमंत्री को अभियान की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा आगामी 4 नवम्बर 2025 को प्रदेशभर में गौ विज्ञान परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा का उद्देश्य जनसामान्य में गौवंश के महत्व, पारिस्थितिक तंत्र में उसकी भूमिका, ग्लोबल वार्मिंग की रोकथाम में योगदान तथा पंचगव्य के वैज्ञानिक पक्षों के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है।  राठी ने बताया कि यह परीक्षा माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक एवं महाविद्यालय—इन तीन श्रेणियों में आयोजित की जाएगी। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ₹51,000 नगद, द्वितीय स्थान हेतु ₹31,000 तथा तृतीय स्थान हेतु ₹21,000 नगद पुरस्कार एवं गौमय उत्पादों का किट प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार जिला स्तरीय परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः ₹3,100, ₹2,100 एवं ₹1,100 नगद पुरस्कार के साथ गौ उत्पाद किट प्रदान किए जाएँगे। परीक्षा में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को गौ विज्ञान ग्रंथ एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी अपनी संस्था के प्राचार्य अथवा गौ विज्ञान प्रभारी से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। 
  • खोभा सोसायटी में खाद आपूर्ति नहीं होने से नाराज किसानों ने किया धरना प्रदर्शन

    28-Jul-2025
    छुरिया - छत्तीसगढ़ राज्य में अभी यूरिया खाद की कमी के चलते खाद की जमकर कालाबाजारी होने की शिकायतें रोज देखने सुनने मिल रही है। जहां एक और खाद की कमी है तो फिर अवैध खाद की बिक्री और छापेमारी की कार्यवाही क्यों करवा रही है सरकार किसानों के समझ से परे है।
    समय पर यूरिया खाद न मिल पाने से खेती में होने वाले नुकसान को देखते हुये सरकार की असफलता के खिलाफ आज किसानों के सब्र का बांध टूट गया और सुबह 7 बजे से ही खोभा और आसपास के ग्राम के हजारों किसान एक साथ खोभा सोसायटी पहुंच कर खाद के लिये लाईन में खड़े हो गये और खाद की मांग करने लगे हैं।
     
    सोसायटी प्रबंधक खोभा घनश्याम साहू  - ग्राम खोभा के सोसायटी प्रबंधक का कहना है कि हमारे द्वारा किसानों को आज खाद वितरण होगी एैसी किसी भी प्रकार की कोई सूचना नहीं दी है ग्राम के किसान स्वतः ही अपना किसान कार्ड लेकर सोसायटी में पहुंच गये है। हमारे सोसायटी में शुक्रवार को खाद की 400 बोरी यूरिया आई है लेकिन ऊपर से कोई आदेश नहीं मिला है इसलिये हम आज किसी भी किसान को खाद नहीं दे रहे हैं।
     
    क्या कहते हैं सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष गन्नालाल यादव- सेवा सहकारी समिति खोभा के अध्यक्ष ने अपने बयान में कहा कि यूरिया एवं अन्य आवश्यक खाद की कमी कृषि कार्य प्रारंभ होने के समय से ही कमी है हमने अपने उच्च अधिकारियों को इससे अवगत कराया है इसी तारतम्य में हमनें जिला सहकारी बैक के अध्यक्ष सचिन बघेल से भी बात की उन्होंने आश्वासन दिया है कि एक दो दिन में दो ट्रक यूरिया खाद खोभा पहुंच जायेगी। उसके बाद ही हम सभी किसानों को खाद वितरण कर पायेंगे क्योंकि 400 बोरी खाद बहुत ही कम है हम इसलिये किसी भी किसान को खाद वितरण नहीं कर पा रहे हैं। जब पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद का स्टाक हमारे पास होगा तो हम निश्चित ही किसानों को खाद वितरण करेंगे।
     
    जय जवान जय किसान नारे के साथ सब किसानों की मांग को रखते हुये मदन नेताम ने कहा कि मई जून में किसानों के पास खाद पहुंच जाना चाहिये लेकिन सरकार खाद आपूर्ति नहीं कर पाई है इसीलिये चिचोला नेशनल हाइवे में धरना के लिये जा रहे किसानों को अधिकारियों ने कहा कि धरना प्रदर्शन मत करो आप सब को कुछ दिन में खाद मिल जायेगी लेकिन आज पर्यन्त खाद नहीं मिलने से किसान दुखी मन से खोभा सोसायटी में पहुंच कर अपनी पीड़ा से उच्च अधिकारियों को अवगत कराना चाह रहे हैं। मदन नेताम आगे कहा कि जब सरकार को मालूम है कि खाद की कमी है तो फिर दुकानों और बड़े बड़े व्यापारियों के पास से खाद कैसे बिक्री हो रही है इसी बात का दुख हम सब किसानों को है।
    सभी किसान अपने अपने वाहन की व्यवस्था से राजनांदगांव जाकर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल और जिला कलेक्टर राजनांदगांव से मिलने जाने की तैयारी कर रहे हैं आगे देखना होगा कि किसानों की एक मात्र मांग यूरिया की कमी कितनी जल्दी पूरी होती है।
  • गौ सुरक्षा आंदोलन को सरकार ने गंभीरता से लिया शिव सेना

    28-Jul-2025
    पहला चरण में गौ माता के सुरक्षा हेतु 1 लाख हस्ताक्षर कराने का लक्ष्य
    1 माह से शिव सैनिक डोर टू डोर चला रहे महा हस्ताक्षर अभियान 
    राजनांदगांव_  छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा गौ माता सुरक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक लेकर जो निर्णय लिया गया है। बैठक में माननीय मुख्यमंत्री जी ने विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्गो किनारे स्थिति गांवो में पशुओं के प्रबंधन के लिए प्रभावी एवं विकसित करने के निर्देश दिए। और उन्होंने गौ वंश को सड़कों में विचरण करना दुर्घटना का कारण बताया। गौ वंश को संरक्षण देने हेतु मुख़्यमंत्री जी के निर्णय का शिव सेना पार्टी स्वागत करती है पिछले 1 माह से शिव सैनिक गांव गांव में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है शिव सेना प्रदेश सचिव श्री कमल सोनी ने बताया कि  गौमाता की हत्या बंद करने, गौ तस्कर गाड़ी को राजसात करने, गौ हत्या करते पाएं जाने पर हत्या का मामला दर्ज करने, गांव गांव स्थित गौठान को गौशाला का नाम देकर घुमंतू पशुओ को सुरक्षित रखने एवं कलेक्टर रेट पर दो गौ सेवक रखने, गौमाता को राज माता घोषित करने को लेकर शिव सेना  किसान सेना के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश श्रीवास्तव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शोभा शकंर त्रिपाठी, प्रदेश सचिव दिनेश ताम्रकार, महामंत्री मनीष तिवारी के द्वारा लगातार दौरा कर महा हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने की अपील की जा रही है पहले चरण में दुर्ग संभाग जिला राजनांदगांव, चौकी मोहला मानपुर, खैरागढ़ छुईखदान गंडई , दुर्ग, कबीरधाम, बालोद, बेमेतरा में एक लाख महा हस्ताक्षर अभियान का लक्ष्य रखा गया है।  जिला प्रमुख श्री आकाश सोनी ने कहा कि जिले में महा हस्ताक्षर अभियान को जबरदस्त समर्थन मिल रहा है राजनांदगांव विधानसभा सभा अध्यक्ष श्री मुकेश साहु, नीलकंठ यादव, संजय यादव, धनेश साहू,      सभी शिव सैनिक डोर टू डोर हस्ताक्षर अभियान में जुटे हैं।
  • पहला चरण में गौ माता के सुरक्षा हेतु 1 लाख हस्ताक्षर कराने का लक्ष्य

    27-Jul-2025

    1 माह से शिव सैनिक डोर टू डोर चला रहे महा हस्ताक्षर अभियान
    गौ हत्या बंद करो शिव सेना  

    भिलाई_शिव सेना प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराम केसरवानी ने बताया कि गौ माता की हत्या बंद करने, गौ तस्कर गाड़ी को राजसात करने, गौ हत्या करते पाएं जाने पर हत्या का मामला दर्ज करने, गांव गांव स्थित गौठानो को गौशाला का नाम देकर घुमंतू पशुओ को सुरक्षित रखने एवं कलेक्टर रेट पर दो गौ सेवक रखने, गौमाता को राज माता घोषित करने को लेकर रविवार को भिलाई पवार हाउस में स्टॉल लगाकर हस्ताक्षर कराया गया। आम जन मानस ने गौ रक्षा हेतु चलाये जा रहे इस महा हस्ताक्षर अभियान में बढ़ चढ़ कर भाग लिया। शिव सेना किसान सेना के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव कमल सोनी कार्यसमिति सदस्य शोभा शकंर त्रिपाठी, प्रदेश सचिव दिनेश ताम्रकार, महामंत्री मनीष तिवारी के द्वारा लगातार दौरा कर महा हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने की अपील की जा रही है। पहले चरण में दुर्ग संभाग जिला राजनांदगांव, चौकी मोहला मानपुर, खैरागढ़ छुईखदान गंडई , दुर्ग, कबीरधाम, बालोद, बेमेतरा में एक लाख हस्ताक्षर का लक्ष्य रखा गया है।  जिला प्रमुख श्री आकाश राजपूत ने कहा सभी शिव सैनिक डोर टू डोर हस्ताक्षर अभियान में जुटे हैं। आज भिलाई पवार हाउस में शिवसेना द्वारा चलाये जा रहे महा हस्ताक्षर अभियान में विशेष रूप से राम राज शास्त्री जिलाध्यक्ष बेमेतरा, मुकेश साहू राजनांदगांव विधानसभा अध्यक्ष, योगेश कानेकर दुर्ग जिला उपाध्यक्ष, राकेश कुहिकर नगर अध्यक्ष भिलाई, वीरेंद्र गिरी, संतोष पहलवान, शशिकांत प्रशाद, धनराज कुर्रे, गोपाल दास, मनीष यादव, नारायण यादव सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे।

  • शालाओं के 115 शिक्षकों को पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण

    27-Jul-2025

    रायपुर। शिक्षकों के माध्यम से स्कूली बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए रायगढ़ जिले के सात विकासखंडों के प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के 115 शिक्षकों को पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया गया।

     
     
    कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन के तत्वावधान में माण देसी ट्रैवल चैंपियन द्वारा यह प्रशिक्षण दिया गया।  
     
     
    प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, गोला फेक, भाला फेक, लम्बी कूद, ऊंची कूद आदि खेलों की तकनीक का प्रशिक्षण, मांसपेशियों को मजबूत करने के व्यायाम, नींद और संतुलित पोषण के प्रति जागरूकता, खेलों के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना, लैंगिक समानता को बढ़ावा देना, स्वस्थ जीवनशैली, जीवन कौशल, संवाद कौशल और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना है।
     
    यह कार्यक्रम न केवल शिक्षकों के स्वास्थ्य और खेल शिक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में कारगर साबित हुआ, बल्कि इससे वे अपने विद्यालयों में बच्चों को एक जागरूक, स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करने की दिशा में और अधिक सक्षम बन सकेंगे।
     
     
    प्रशिक्षण का सैद्धांतिक सत्र सृजन सभाकक्ष रायगढ़ में और प्रायोगिक सत्र स्टेडियम बोइरदादर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की रूपरेखा जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.के.वी.राव, डीएमसी नरेंद्र चौधरी तथा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी एवं एपीसी भुवनेश्वर पटेल के नेतृत्व में तैयार की गई।
  • रायपुर से राजिम के लिए मेमू ट्रेन सेवा को मिली मंजूरी, 10 अगस्त से शुरू

    27-Jul-2025

    रायपुर। राजधानी वासियों और ट्रेन में सफर करने वाले लोगों को रेलवे ने एक बड़ा तोहफा दिया है। दरअसल, लोग अब रायपुर से अभनपुर होकर राजिम तक का सफर एक दम आराम से कर सकेंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि, रेलवे बोर्ड ने रायपुर-राजिम मेमू को मंजूरी दे दी है। इतना ही नहीं रेलवे की तरफ से ट्रेन का टाइम टेबल भी जारी कर दिया है। सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है और 10 अगस्त से 3 मेमू ट्रेनों का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा।

     
     
    रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर से राजिम के लिए तीन मेमू ट्रेन सेवाओं को मंजूरी दी गई है। ये ट्रेन प्रतिदिन सुबह, दोपहर और शाम को संचालित होंगी। दो मेमू पहले से रायपुर-अभनपुर रूट पर चल रहीं थीं, जिनका अब राजिम तक विस्तार कर दिया गया है। वहीं एक नई मेमू को भी रेलवे की तरफ से मंजूरी दी गई है। इन ट्रेनों का ठहराव मंदिर हसौद, सीबीडी, केंद्री, अभनपुर और माणिकचौरी में होगा। सभी ट्रेनें प्रतिदिन संचालित होंगी।
     
     
    पहली ट्रेन- रायपुर से प्रस्थान: 04:45 बजे, राजिम आगमन: 06:20 बजे, राजिम से वापसी: 06:45 बजे, रायपुर वापसी: 08:02 बजे
     
     
    दूसरी ट्रेन- रायपुर से प्रस्थान: 09:00 बजे, राजिम आगमन: 10:35 बजे, राजिम से वापसी: 11:10 बजे, रायपुर वापसी: 11:45 बजे
     
    तीसरी ट्रेन- रायपुर से प्रस्थान: 16:20 बजे, राजिम आगमन: 18:00 बजे, राजिम से वापसी: 19:20 बजे, रायपुर वापसी: 20:15 बजे
  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फरसाबहार में विश्राम गृह बनाने के लिए 1 करोड़ 72 लाख रुपए की दी प्रशासकीय स्वीकृति

    27-Jul-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने घोषणा को प्राथमिकता से पूरा भी कर रहे हैं। इसी कड़ी में विगत दिवस तपकरा प्रवास के दौरान फरसाबहार में विश्राम गृह बनाने की घोषणा की थी, जिसके लिए 1 करोड़ 72 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति भी दे दी हैं। गौरतलब है कि उक्त कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने तपकरा को नगर पंचायत बनाने, तपकरा स्थित खेल स्टेडियम के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपए देने और फरसाबहार में विश्राम गृह निर्माण करने की भी घोषणा की थी।

     
     
    तपकरा में तहसील कार्यालय शुरू हो जाने से लोगों को हो रही है सुविधा
     
     
    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयास से आम जनता को अधिकांश कार्यों के लिए राजस्व विभाग की जरूरत पड़ती है। तहसील कार्यालय खुलने से इसका लाभ यहां के नागरिकों मिल रहा हैं। श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार मोदी की गारंटी को तेजी से लागू कर रही है। सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए। उन्होंने कहा कि आवास प्लस प्लस के तहत जिसके पास 5 एकड़ असिंचित भूमि या 2.50 एकड़ सिंचित भूमि, टू व्हीलर और 15 हजार की आमदनी है, उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
     
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 लाख हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया गया था। महिलाओं को सशक्त बनाने महतारी वंदन योजना ने माध्यम से 70 लाख महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपए दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों की आमदनी में इजाफा के लिए तेंदू पत्ता प्रति मानक बोरा 5500 रुपए किया गया है। ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग की सुविधा मिले इसके लिए अटल डिजिटल सुविधा केंद्र खोले जा रहे हैं। आगामी पंचायत दिवस को सभी ग्राम पंचायतों में इसे शुरू करने की योजना है।
     
     
    फरसाबहार में विश्राम गृह की स्वीकृति मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
     
     
    मुख्यमंत्री की घोषणा अनुरूप फरसाबहार में विश्राम गृह की स्वीकृति मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों में हर्ष व्याप्त है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का इसके लिए आभार प्रकट किया है।
     
     
  • सूदखोरी और अवैध निर्माण पर बुलडोजर, हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं के दफ्तर पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

    27-Jul-2025

    रायपुर। सूदखोरी और अपराध की दुनिया में लंबे समय से सक्रिय रोहित और वीरेंद्र तोमर के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए उनके अवैध दफ्तर पर बुलडोजर चला दिया।

     
    सोमवार को नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने भाटागांव के साई नगर स्थित रोहित तोमर के दफ्तर को गिराने की कार्रवाई शुरू की। यह दफ्तर अवैध रूप से बिना नक्शे के निर्माण कराया गया था, जिसे रोहित ने अपनी पत्नी भावना तोमर के नाम पर खोला था।
     
    तोमर बंधु इसी दफ्तर से अवैध रूप से सूदखोरी का कारोबार संचालित करते थे। दोनों आरोपी वर्तमान में फरार हैं। मौके पर किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल और स्पेशल टीम ‘प्रहरी’ तैनात की गई है। निगम की टीम ने दफ्तर में रखे सामान को बाहर निकालना शुरू कर दिया है।
     
    गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस कार्रवाई को लेकर ट्वीट किया, “विष्णुदेव सरकार में सुशासन है तो चक्र सुदर्शन भी है। किसी मंत्री-मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने से कोई कानून से बड़ा नहीं हो जाता। अपराधी तोमर ने अनेक लोगों को पीड़ा पहुंचाई है।”
  • हिस्ट्रीशीटर रोहित वीरेंद्र तोमर की संपत्ति कुर्की भी होगी जल्द

    27-Jul-2025

    रायपुर। परदेसिया सूदखोर और हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है.

     
    नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम बुलडोजर के साथ परदेसिया बदमाश रोहित तोमर के भाटागांव के साई नगर स्थित दफ्तर पर कार्रवाई के लिए पहुंच गई है. दफ्तर को बिना नक्शा और अनाधिकृत रूप से निर्माण किया गया है. बताया जा रहा है कि इसी दफ्तर से तोमर बंधु अवैध रूप से सूदखोरी का कारोबार संचालित करते थे.
     
    जानकारी के मुताबिक, फरार परदेसिया हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर अपनी पत्नी भावना तोमर के नाम से दफ्तर खोल रखा था. यहीं से वह और उसका भाई परदेसिया गुंडा वीरेंद्र तोमर अवैध रूप से ब्याज पर पैसा देने का काम करते थे. दोनों आरोपी लंबे समय से फरार हैं.
     
     
    कार्रवाई के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. निगम की टीम ने दफ्तर से अंदर मौजूद सामान को बाहर निकालना शुरू कर दिया है. प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की स्पेशल टीम ‘प्रहरी’ भी मौके पर मौजूद है.
     
     
  • नदारद सचिव से नाराज ग्रामवासियो ने किया प्रदर्शन

    26-Jul-2025

    राजनांदगांव_ ग्राम राजा भानपुरी से पंचायत सचिव पिछले 15 दिनों से लगातार नदारद है शिवसेना विधानसभा अध्यक्ष मुकेश साहू ने बताया कि पंचायत सचिव यशवंत जंघेल जो कि बगैर सूचना के अनुपस्थिति के कारण ग्रामीणों में भारी आक्रोश है सचिव की अनुपस्थिति राजस्व कार्य, राशन कार्ड, मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य कार्यों हेतु समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत में सचिव की अनुपस्थिति के विरोध में आज ग्रामीणों पंचायत भवन के सामने ग्रामीणों ने लापता सचिव का बैनर लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। सचिव ने अनुपस्थिति की सूचना किसी भी माध्यम से ग्रामीणों को नहीं दी है ग्रामीणों द्वारा ग्राम भानपुरी पंचायत सचिव को फोन के माध्यम से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन सचिव ने फोन भी रिसीव नहीं किया और ग्रामीणों ने सरपंच से संपर्क किया तब जवाब में सरपंच ने जानकारी नही होना बताया और आज सरपंच द्वारा भानपुरी के सोसल मीडिया (व्हाट्सअप ग्रुप) के माध्यम से सचिव की जानकारी नही होना बताया। श्री साहू ने बताया विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान चंद्रशेखर शुक्ला, टकेश्वर साहू, भिपेंद्र साहू, पुखराज साहू, ओम प्रकाश साहू सहित ग्रामीण उपस्थित रहे। 

  • शोरूम मालिक को मैनेजर ने लगाया चूना, डेढ़ लाख लेकर फुर्र

    26-Jul-2025
    बिलासपुर. शहर के चेतक शोरूम में मैनेजर पद पर कार्यरत युवक गाड़ी बिक्री की 1.26 लाख रुपये की रकम गबन कर फरार हो गया. आरोपी ने शोरूम पार्टनर को केवल दस्तावेज और रसीदें दीं, लेकिन नकद रकम नहीं लौटाई. घटना के बाद से उसका मोबाइल बंद है. मामला महाराणा प्रताप चौक के त्रिपुर आटो का है. मामले की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक मंगला चौक निवासी चंचल अग्रवाल त्रिपुर आटो चेतक शोरूम के पार्टनर हैं. जहां कुछ महीने पहले उमेश शुक्ला निवासी सरकंडा को मैनेजर के पद पर नियुक्त किया गया था. उमेश का काम था कि वह हर दिन की बिक्री का हिसाब और नकदी रात में शोरूम को सौंपे. लेकिन 22 जुलाई 2025 को उसने एक स्कूटर की बिक्री से मिली 1.26 लाख रुपये की राशि जमा नहीं की. उसने सिर्फ संबंधित दस्तावेज और बिक्री रसीदें दीं, और पैसे लेकर फरार हो गया. इसके बाद से उमेश शुक्ला का मोबाइल बंद है. जब आरोपी की पत्नी से शोरूम वालों ने संपर्क किया, तो पता चला, कि उमेश इससे पहले भी अपनी पिछली नौकरी में इसी तरह की धोखाधड़ी कर चुका है. मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने उमेश शुक्ला के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 316(5) के तहत धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज किया है. 
  • राजनांदगांव में भारी बारिश, स्कूलों में छुट्टी

    26-Jul-2025
    राजनांदगांव/डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ में पिछले 48 घंटो  लगातार बारिश हो रही हैं। इस मूसलाधार बारिश ने डोंगरगढ़ शहर के साथ-साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी रहवासियों की आफत बढ़ा दी है। शहर के साथ-साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी नदी नाले ऊफान पर है। जिसके कारण बारिश का पानी अब धीरे-धीरे अधिकांश सड़कों पर भरता जा रहा है। इससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बात करें डोंगरगढ़ शहर की तो कालकापारा, वार्ड नंबर 02 , टिकरापारा सहित कई ऐसे निचले क्षेत्र है जहां बारिश का पानी अब सड़कों पर भर गया है जिसे सही समय रहते निकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो यह लोगों के घरों में भी घुसने लगेगा। वही डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम कोलेन्द्रा से एक वीडियो सामने आया है जहां बारिश का पानी अब लोगों के घरों में घुस गया है। लगातार हो रही बारिश ने डोंगरगढ़ शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। भारी बारिश के चलते कई स्कूलों में छुट्टी दे दी गई है।
     
  • लाॅज में रेप, डोंगरगढ़ पुलिस ने दरिंदे को कर्नाटक से दबोचा

    26-Jul-2025
    डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ लाॅज में युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। आरोपी यूपी का रहने वाला है और कोरबा की युवती से फेसबुक पर दोस्ती कर उसके साथ दुष्कर्म किया था। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी को पकड़कर जेल भेज दिया गया है। दरअसल, पीड़िता ने थाना कोतवाली जिला कोरबा में लिखित आवेदन पेश कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी विकास सिंह निवासी प्रतापगढ़ थाना कोतवाली उत्तरप्रदेश के साथ वर्ष 2020 में फेसबुक के माध्यम से जान पहचान हुई थी। बातचीत एवं मिलने-जुलने से धीरे-धीरे दोनों में प्रेम प्रसंग हुआ और दोनों ने विवाह करने की इच्छा जताई। यह बात आरोपी के घर वाले भी जानते थे।  जुलाई 2023 में आरोपी एवं पीड़िता दोनों डोंगरगढ़ मंदिर आये थे। इस दौरान लॉज में 2 दिन के लिये रूके थे। इसी बीच आरोपी पीड़िता से शादी करने का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया। दोनों का प्रेम प्रसंग 2-3 साल ठीक चला। 7 सितम्बर 2024 के बाद से आरोपी किसी कहासूनी बात को लेकर पीड़िता से लड़ाई-झगड़ा करने और शादी से मना कर दिया। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली जिला कोरबा में बिना नबंरी अपराध पंजीबद्ध कर केस डायरी को थाना डोंगरगढ़ भेजा गया। अपराध क्र0- 184/2025 धारा- 69 बीएनएस का असल अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया।  विवेचना दौरान आरोपी कर्नाटक राज्य के बैंगलुरू में होने का पता चलने पर टीम गठित कर कर्नाटक राज्य के बैंगलूरू भेजा गया। टीम द्वारा आरोपी को तावरेकेरे चामुन्डी अगरबत्ती इंडिया प्रायवेट लमिटेड के पास वेल्डींग दुकान जिला बैंगलुरू से आरोपी को पकड़कर डोंगरगढ़ लाया गया। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। नाम आरोपी विकास सिंह पिता रमेश सिंह उम्र- 25 साल निवासी प्रतापगढ़ थाना कोतवाली उत्तरप्रदेश 
  • डाकघरों में 2 अगस्त को नहीं होगा लेन-देन

    26-Jul-2025
    रायपुर/बिलासपुर। डाक विभाग अब डाक सेवाओं को ज्यादा स्मार्ट और आधुनिक बनाने जा रहा है। इसी दिशा में अगली पीढ़ी की एडवांस पोस्टल टेक्नोलॉजी नाम की नई डिजिटल प्रणाली जल्द शुरू की जा रही है। बिलासपुर डाक संभाग के सभी डाकघरों में यह नई प्रणाली 4 अगस्त से लागू होगी। इस बदलाव की तैयारी के लिए 2 अगस्त को सभी डाकघरों में लेन-देन बंद रहेगा। हालांकि इस दिन रेल डाक सेवा में बुकिंग का काम पहले की तरह चलता रहेगा, लेकिन आम जनता से जुड़ा बाकी लेन-देन नहीं हो सकेगा। डाक विभाग ने बताया कि इस दौरान डेटा माइग्रेशन, सिस्टम की जांच और जरूरी सेटिंग्स की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि नई व्यवस्था बिना किसी दिक्कत के शुरू की जा सके। एपीटी प्रणाली को इस तरह डिजाइन किया गया है कि ग्राहकों को तेज़, आसान और बेहतर सेवा अनुभव मिले। बिलासपुर डाक अधीक्षक विनय प्रसाद ने लोगों से अपील की है कि इस एक दिन की असुविधा में डाक विभाग का सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस नई व्यवस्था से डाक सेवाएं और भी तेज़ और डिजिटल रूप से मजबूत होंगी। 
Top