वाशिंगटन। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की शांति वार्ता को गति देने के लिए अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी पहुंच चुके हैं। जेलेंस्की की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ रूस-यूक्रेन युद्ध पर चर्चा होगी।
नई दिल्ली। माधव स्वामी अपनी सनातन संस्कृति और हिंदू जीवनशैली को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए निरंतर यात्रा करते हैं। इसी क्रम में वे अफ्रीकी महाद्वीप की यात्रा पर युगांडा पहुंचे। यह यात्रा भारत और अफ्रीका के देशों के बीच आध्यात्मिकता, शिक्षा और संस्कृति का नया सात्विक सेतु निर्मित करेगी।
रायपुर। जंगलों के बीच कच्चे मकान में बसर कर रही छेरकीन बाई को लगता था कि एक दिन वे लोग भी पक्के मकान में निवास करेंगे। घर की गरीबी और परिस्थितियों ने ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया कि पक्का आवास का सपना महज सपना ही रह गया। वक्त के साथ छेरकीन बाई अकेली ही अपनी झोपड़ी में रह गई। बच्चे भी नहीं थे। बुढ़ापे में बाल पक गए, उम्मीदें टूट गई और इन टूटे हुए उम्मीदों के बीच उन्हें बारिश के दिनों समस्याओं से जूझना पड़ता था। इस बीच प्रधनमंत्री आवास योजना में उनका नाम चयन होने के बाद जब पक्के मकान के लिए पहली किस्त मिली तो वृद्धा छेरकीन बाई ने अपने सगे संबंधियों की मदद से मकान तैयार करा लिया। अब जबकि बारिश का माहौल है, तब भी छेरकीन बाई को छत से पानी टपकने और खपरैल ठीक कराने की समस्याओं से दो चार होना नहीं पड़ता।
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती वर्ष पर राजधानी के टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा लगायी गई छायाचित्र प्रदर्शनी राजधानीवासियों को लुभा रही है। इस प्रदर्शनी में केबीसी के तर्ज पर यहां क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। युवा इसमें उत्साह के साथ हिस्सा लें रहे हैं। छायाचित्र प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की परंपराओं, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, छत्तीसगढ़ के पुरोधाओं का जीवन परिचय और उनका स्वतंत्रता संग्राम में अमूल्य योगदान तथा राज्य निर्माण की यात्रा से जुड़ी कई दुर्लभ तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। साथ ही डिजिटल स्क्रीन पर स्लाइड शो भी के माध्यम से भी छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों प्रदर्शित की जा रही है।
जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन एवं दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश के छात्र-छात्राओं को कौशल विकास प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला जशपुर के लाइवलीहुड कॉलेज परिसर में संचालित नवगुरुकुल शिक्षण संस्थान के माध्यम से बारहवीं उत्तीर्ण छात्राओं तथा स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम से जुड़ने की इच्छुक युवतियों को बिजनेस एवं टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप जिला प्रशासन जशपुर द्वारा कुपोषण की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आईआईटी मुंबई की टीम के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जशपुरनगर। यह मेरे लिए अविस्मृत करने वाला पल था जब मुझे महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से मिलने का अवसर प्राप्त हुआ है। मुझे यह पल जीवन भर याद रहेगा कि मुझे माननीय राष्ट्रपति महोदया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने का अवसर भी मिला। वार्तालाप के दौरान मैने शासकीय योजनाओं के माध्यम से गांव के विकास और लोगों के जीवन में हो रहे सकारात्मक बदलाव के बारे में बताया। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने वहां मौजूद सभी का उत्साहवर्धन किया। यह कहना है प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) अंतर्गत नगर पंचायत बगीचा की हितग्राही श्रीमती सुमन तिर्की का, जिन्हें 15 अगस्त 2025 स्वंतत्रता दिवस के पावन संध्या पर राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में आयोजित एट होम रिसेप्शन में सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त हुआ था।
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सोमवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। माओवाद विरोधी अभियान पर निकली डीआरजी की टीम रविवार से मिशन पर थी। इसी बीच नेशनल पार्क क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान सोमवार की सुबह आईईडी ब्लास्ट हो गया। इस ब्लास्ट की चपेट में आने से डीआरजी के एक जवान, दिनेश नाग शहीद हो गए। इस ब्लास्ट में तीन जवान घायल भी हुए हैं।
सारंगढ़। बरमकेला वन परिक्षेत्र के छिछपानी 942 पीएफ नंबर से वन्यजीव शिकार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ दो आरोपियों ने भालू का शिकार कर उसका मांस खाया, और सिर व खाल को तालाब में फेंक दिया। कटे हुए सिर और खाल तालाब में तैरते मिले, जिससे मामला उजागर हुआ।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के 16 हजार से ज्यादा कर्मचारी 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि इस दौरान आपातकालीन सेवाएँ भी बंद रहेंगी।
रायपुर। ज़िला प्रशासन ने ईसाई समुदाय द्वारा घरों में आयोजित प्रार्थना सभाओं, जिन्हें ‘हाउस चर्च’ कहा जाता है, पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक है, जबकि ईसाई समाज इसे धार्मिक स्वतंत्रता का उल्लंघन बता रहा है।
रायपुर। पद्मश्री डॉ. बुधेन्द्र कुमार जैन को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स) रायपुर का अध्यक्ष बनाया गया है। वे वर्तमान में सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट जानकीकुंड, चित्रकूट के नेत्र चिकित्सालय के निदेशक हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने यह नियुक्ति की है। जानकीकुंड चिकित्सालय से शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार डॉ. जैन को इस वर्ष उनके पांच दशकों के नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में बेहतर योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने इस नई जिम्मेदारी के लिए भारत सरकार और स्वास्थ्य मंत्रालय का हृदय से आभार प्रकट किया है।
रायपुर. राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों वायरल फीवर के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. मौसम में बदलाव और बारिश के बाद बढ़ी नमी से संक्रमण का खतरा बढ़ गया है. सरकारी व निजी अस्पतालों में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं. डॉक्टरों के अनुसार, सामान्य दिनों की तुलना में मरीजों की संख्या में 30 से 40 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है. डॉ. अंबेडकर अस्पताल, जिला अस्पताल, हमर अस्पताल और हमर क्लीनिक में वायरल फीवर के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. डॉ. अंबेडकर अस्पताल में जहां सामान्य दिनों में करीब 300 मरीज आते थे, वहीं पिछले एक सप्ताह में यह संख्या 400 से 500 तक पहुंच गई है. जिला अस्पताल में भी औसतन 100 से 150 मरीजों की बजाय अब 200 से अधिक मरीज वायरल से संबंधित समस्याओं के साथ आ रहे हैं. चिकित्सकों का कहना है कि यह बीमारी हल्की लापरवाही पर खतरनाक रूप ले सकती है. डॉक्टरों ने बताया कि शुरुआती लक्षण दिखते ही डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है. लापरवाही करने पर डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसे गंभीर रोगों का खतरा बढ़ सकता है.
दुर्ग. भिलाई स्थित सेल के सबसे बड़े स्टील प्लांट भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. ब्लास्ट फर्नेस-8 में वेस्ट कैचर अचानक फट गया, जिससे तेज धमाके के साथ भीषण आग लग गई. हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. तत्काल इसकी सूचना इस्पात प्रबंधन को दी गई और बीएसपी के दमकल दल मौके पर पहुंचे. लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
जानकारी के अनुसार, ब्लास्ट फर्नेस-8 से वर्तमान में प्रतिदिन करीब 9,000 टन इस्पात का उत्पादन किया जाता है. आग लगने से उत्पादन पर सीधा असर पड़ा है. इस्पात प्रबंधन ने फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रोडक्शन जारी रखने की कोशिश शुरू कर दी है.
हादसे के बाद बीएसपी प्रबंधन ने जांच के आदेश दिए हैं. आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है.अच्छी बात ये है कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है.
गरियाबंद। फिंगेश्वर नदी मोड़ पर 15 अगस्त शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया. यहां एक ट्रक ने साइकिल से आ रहे दो बच्चों को टक्कर मार दी. हादसे में दोनों युवक ट्रक के नीचे आते-आते बच गए. यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस ने बताया, दोनों युवक साइकिल से सड़क पार कर रहे थे, तभी अचानक सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसा इतना गंभीर था कि पलक झपकते ही युवकों की जान जा सकती थी. लेकिन बड़ा हादसा टल गया और चंद सेकेंड में बच्चे उठते नजर आ रहे है. स्थानीय लोगों का कहना है कि फिंगेश्वर नदी मोड़ पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था सख्त न होने से हादसों का खतरा लगातार बना रहता है.गंभीर हादसे से बाल-बाल बचे इन बच्चों का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कवर्धा। रेंगाखार थाना पुलिस ने जंगल में दबिश दी, जहां एक दर्जन से अधिक लोग ताश के पत्ते लगाकर पैसे दांव पर लगा रहे थे. अचानक हुई कार्रवाई में 8 जुआरी पुलिस के हत्थे चढ़ गए, जबकि कुछ आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे. पुलिस ने मौके से जुआरियों के पास से नगद ₹54,700, आठ मोबाइल फोन जिनकी कीमत लगभग ₹58,000 आंकी गई है, ताश की गड्डी और प्लास्टिक की चटाई जब्त की. कुल ज़ब्ती का मूल्य करीब ₹1.12 लाख बताया गया है. सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार जुआरियों में कबीरधाम जिले के अलावा पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के दमोह जिले से आए लोग भी शामिल हैं. सभी के पास से अलग-अलग नकद रकम और मोबाइल बरामद किए गए हैं.
रायपुर। तेलीबांधा काशीनगर में 3 ड्रग्स पेडलर्स गिरफ्तार किए गए है, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत काशीनगर स्थित मुक्ति धाम के पास 03 व्यक्ति अपने पास मादक पदार्थ हेरोईन (चिट्टा) रखें है तथा बिक्री करने की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहे है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कीर्तन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम संजय सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाईन नरेश पटेल द्वारा प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी तेलीबांधा को सूचना की तस्दीक कर आरोपियों की पतासाजी कर आरोपियों को हेरोईन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्तियों की पतासाजी करते हुये व्यक्तियों को चिन्हांकित कर घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम अर्पित लाल मरकाम, मनीष राजपाल एवं नयन भाटिया निवासी रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उनकी तलाशी लेने पर उनके पास हेरोईन (चिट्टा) रखा होना पाया गया। जिस पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कब्जे से 6.30 ग्राम हेरोईन (चिट्टा), एक इलेक्ट्रानिक तराजू, बिक्री रकम तथा घटना में प्रयुक्त 03 नग मोबाईल फोन जुमला कीमती लगभग 1,20,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 516/25 धारा 21(बी), 29 नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया है। गिरफ्तार आरोपी अर्पित लाल मरकाम पिता दिनेश लाल मरकाम उम्र 31 साल निवासी बूढापारा शीतला भवन मार्ग पी.सी फुट के बगल आशा सदन थाना कोतवाली जिला रायपुर। मनीष राजपाल पिता जयकुमार राजपाल उम्र 24 साल निवासी सेन्ट जोसेफ स्कुल के पास अमलीडीह थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर। नयन भाटिया पिता राकेश भाटिया उम्र 19 साल निवासी कटोरा तालाब गली नं0 02 भाटिया बेकरी थाना सिविल लाईन रायपुर।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर से एसबीआई साइबर सतर्कता रथ (ऑडियो-वीडियो वैन) को झंडी दिखाकर रवाना किया और राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि तकनीक ने मानव जीवन को आसान और सहज बनाया है। डिजिटल लेन-देन तेज और सुविधाजनक हुए हैं, लेकिन इसके साथ साइबर ठगी जैसी चुनौतियां भी बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता और सावधानी से लोग साइबर धोखाधड़ी से बच सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जागरूकता अभियान लोगों में साइबर सुरक्षा की समझ बढ़ाने का एक प्रभावी प्रयास है। इसके अंतर्गत ऑडियो-वीडियो संदेश, नुक्कड़ नाटक और कठपुतली नाटक के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी। श्री साय ने कहा कि प्रदेश में 29 ऐसे हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहां साइबर ठगी के मामले अधिक होते हैं और इस रथ का विशेष फोकस उन स्थानों पर रहेगा। मुख्यमंत्री साय ने लोगों से अपील की कि वे अपने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी किसी से साझा न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। उन्होंने कहा कि साइबर ठग आए दिन नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगने की कोशिश करते हैं। ज़रा सी लापरवाही मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकती है। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग जागरूक हों और साइबर अपराध से स्वयं को सुरक्षित रखें। उल्लेखनीय है कि डिजिटल माध्यम से हो रही धोखाधड़ी और अनाधिकृत लेन-देन की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने "हर भारतीय का बैंकर" होने के नाते राज्यव्यापी साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान 15 अगस्त से 30 नवंबर 2025 तक चलेगा। यह रथ प्रदेश के सभी 33 जिलों में जाएगा और नाचा दल व नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को साइबर ठगी के तरीकों और इससे बचने के उपायों के बारे में जानकारी देगा। भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई जा सकती है। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के डीजीएम श्री राकेश सिन्हा, एजीएम श्री दीपक कुमार सिन्हा सहित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
रायपुर: राजधानी रायपुर के मंदिरों में श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर धूम है. टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर में 3 दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव चल रहा है. जैतूसाव मठ में भोग के लिए 1100 किलो मालपुआ तैयार किया गया है. इसके अलावा समता कॉलोनी के राधा कृष्ण मंदिर को फूलों से सजा दिया गया है. टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर में आज कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर तीन दिवसीय महोत्सव जारी है. भगवान् के श्रृंगार के लिए विशेष तौर पर वृंदावन और मुंबई से वस्त्र और आभूषण मंगवाए गए हैं. लीला द स्पिरिचुअल रॉक बैंड दिल्ली और वृंदावन धाम से आए कलाकारों की टीम आज शाम 6 बजे प्रस्तुति देगी.सुबह 11 बजे से हरिनाम कीर्तन चलेगा. वहीं सुबह 9 बजे से रात 2 बजे तक लोग दर्शन कर पाएंगे. समता कॉलोनी स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी का उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है. बाल गोपाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे रहे हैं. बाल गोपाल, श्री कृष्ण और राधा रानी का दुग्ध अभिषेक के साथ अनुष्ठान की शुरुआत की शुरूआत की गई. आज शाम 7.30 बजे कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा. इसके बाद 56 भोग चढ़ाकर महाआरती की जाएगी.
रायपुर: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने बिलासपुर में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं और खतरनाक चाकुओं की खुलेआम व आनलाइन बिक्री को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मीडिया में प्रकाशित खबर कि शहर में पान दुकानों, जनरल स्टोर्स और गिफ्ट शाप में 100 से 500 रुपये में डिजाइनर, बटन और फोल्डिंग चाकू बिना किसी पूछताछ के आसानी से खरीदे जा सकते हैं। कोर्ट ने इस पर स्वतः संज्ञान लेते हुए गृह विभाग के प्रमुख सचिव को पक्षकार बनाया और व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करने के निर्देश दिए। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान पूछा कि, ऑनलाइन व खुलेआम ये खतरनाक चाकू कैसे बिक रहे हैं, बेचने और खरीदने वाले दोनों पर कार्रवाई करें।
कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि, ये बटनदार, डिजाइनर चाकू कोई सब्जी काटने के लिए तो लेता नहीं होगा, इसकी गंभीरता को समझिए। कोर्ट ने यह भी कहा कि आपके पास आर्म्स एक्ट भी है तो फिर इसे गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। 120 मामले, 7 मौतें, 122 घायल: कोर्ट में पेश रिपोर्ट के अनुसार, बिलासपुर में सिर्फ जनवरी से जुलाई 2025 के बीच चाकूबाजी की 120 घटनाएं दर्ज हुईं। इनमें 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 122 लोग घायल हुए। कई मामले मामूली कहासुनी या विवाद में भड़ककर हुए। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत कुछ कार्रवाइयां जरूर कीं, लेकिन हथियारों की आसानी से उपलब्धता ने हालात को और गंभीर बना दिया। ऑनलाइन बिक्री पर जताई चिंता: सुनवाई के दौरान एडवोकेट जनरल प्रफुल्ल एन. भारत ने कोर्ट को बताया कि ऐसे खतरनाक चाकू न केवल बाजार में बल्कि आनलाइन प्लेटफार्म पर भी बिक रहे हैं। राज्य सरकार ने आनलाइन बिक्री पर भी कार्रवाई की है, लेकिन पूरी तरह रोकने के लिए सख्त और ठोस रणनीति की जरूरत है। मामले की अगली सुनवाई 25 अगस्त को होगी।