बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • जगदलपुर में 4 लोगों की मौत, बाढ़ में बह गई कार

    27-Aug-2025

    जगदलपुर। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में एनएच 30 पर दरभा के पास एक दुखद हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं. हादसा उस समय हुआ जब परिवार की स्विफ्ट डिजायर कार बाढ़ के पानी में बह गई। 

    जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु का यह परिवार बस्तर घूमने आया था. कार में सवार ड्राइवर ने तैरकर अपनी जान बचाई, लेकिन परिवार के चार सदस्य पानी के तेज बहाव में फंस गए. एडिशनल एसपी महेश्वर नाग ने घटना की पुष्टि की है. SDRF की टीम ने देर रात कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला. सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
  • जिला बदर आरोपी मयंक यादव गिरफ्तार

    26-Aug-2025

    बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां वाड्रफनगर पुलिस ने 10 दिनों से फरार चल रहे जिला बदर आरोपी मयंक यादव (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। मयंक पर 15 अगस्त की रात गुटखा मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। आरोपी पर पहले से ही 10 अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामला 15 अगस्त की रात करीब 11 बजे का है। पुलिस के अनुसार वाड्रफनगर निवासी प्रदीप कुमार देवांगन (33 वर्ष) ने आरोपी मयंक यादव से गुटखा मांगा था। इस पर मयंक अचानक भड़क गया और उसने प्रदीप के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। यही नहीं, आरोपी ने लोहे के कड़े से हमला कर प्रदीप को गंभीर चोट पहुंचाई। जान से मारने की धमकी भी दी वारदात के दौरान जब प्रदीप ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो मयंक ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घायल प्रदीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, वाड्रफनगर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी चोट को शार्प ऑब्जेक्ट से लगी चोट बताया। घटना के बाद पीड़ित प्रदीप की शिकायत पर वाड्रफनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 155/25 के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की। लेकिन वारदात के बाद से मयंक फरार हो गया। पुलिस लगातार उसकी पतासाजी कर रही थी। आखिरकार 25 अगस्त को आरोपी को बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया। Also Read - छत्तीसगढ़ के पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी जमशेदपुर प्रतियोगिता में लाए 16 मेडल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दी बधाई आरोपी ने कबूला जुर्म, हथियार बरामद गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मयंक ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का कड़ा पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में रामानुजगंज जेल भेज दिया गया। आरोपी पर पहले से 10 केस दर्ज पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई कि आरोपी मयंक यादव पर पहले से ही 10 अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, अवैध गतिविधियों और अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं, जो अभी अदालत में विचाराधीन हैं। वाड्रफनगर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पहले से ही जिला बदर था, इसके बावजूद वह लगातार क्षेत्र में घूमकर लोगों को धमकाता और विवाद करता था। पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी फरारी के दौरान कहां-कहां छिपा रहा और क्या किसी अन्य वारदात में भी शामिल था। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

  • रायपुर में सुकमा से आई महिला के साथ उठाईगिरी, 5 लाख के जेवरात गायब

    26-Aug-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरी और उठाईगिरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां सुकमा से इलाज कराने और बेटी से मिलने आई एक महिला के साथ ई-रिक्शा में उठाईगिरी हो गई। अज्ञात महिलाएं उसका जेवरों से भरा डिब्बा लेकर फरार हो गईं। चोरी गए गहनों की कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी गई है। जानकारी के अनुसार पीड़िता सुकमा जिले के शिक्षा विभाग में पदस्थ है। वह पचपेड़ी नाका से गोलबाजार आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में कुछ महिलाएं ई-रिक्शा में बैठीं।   मौका पाकर उन्होंने पीड़िता के पास रखे सोने के जेवरों से भरा डिब्बा चुरा लिया। डिब्बे में सोने की चेन, सोने का लॉकेट और दो सोने के टॉप्स रखे हुए थे।गोलबाजार पहुंचने पर जब महिला ने अपना सामान चेक किया तो उसे उठाईगिरी का पता चला। घबराई हुई पीड़िता तुरंत कोतवाली थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि उठाईगिरी करने वाले गिरोह रायपुर में सक्रिय हैं और इन पर अंकुश लगाने के लिए टीम गठित की गई है। वहीं इस घटना से आम नागरिकों में दहशत का माहौल है।

  • आयुक्त नगर निगम ने शहर में चल रहे निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

    26-Aug-2025

    रायगढ़। आयुक्त नगर निगम बृजेश सिंह क्षत्रिय ने आज शहर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नालंदा परिसर, ऑक्सीजोन और निगम परिसर में निर्माणाधीन पानी टंकी का निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। आयुक्त नगर निगम क्षत्रिय ने सर्वप्रथम वे नालंदा परिसर पहुंचकर वहां चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ईई को निर्माण कार्यों में अपेक्षित तेजी लाने के निर्देश दिए।  इसके बाद वे इतवारी बाजार स्थित ऑक्सीजोन पहुंचे और वहां बनने वाले ओपन एयर थिएटर, बच्चों का खेल क्षेत्र, जिम, साइंस पार्क, फूड कोर्ट के संबंध में योजना के अनुसार काम करने के निर्देश ठेकेदार को दिए। उन्होंने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तत्पश्चात उन्होंने नगर निगम परिसर में बन रही पानी टंकी का काम देखा और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश ठेका कंपनी को दिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था और सफाई कर्मियों की अटेंडेंस की भी जानकारी ली। इस दौरान ईई अमरेश लोहिया, एई अशोक सिंह सहित निगम अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • मुंशी की हत्या: साधारण विवाद ने ली भयावह शक्ल

    26-Aug-2025

    दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मामूली विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि तीन मजदूरों ने मिलकर ईंट भट्टा के मुंशी की बेरहमी से हत्या कर दी। मामला चंगोरी गांव के शिवलाल चक्रधारी के ईंट भट्टे का है, जहां 24 अगस्त की रात को शराबखोरी के बीच हुए विवाद ने खूनी अंजाम ले लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान किशन लाल साहू (मुंशी) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना बताया गया, लेकिन गहराई से पड़ताल करने पर यह संगठित हत्या का मामला निकला।  घटना कैसे हुई? 24 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे आरोपी मजदूर—काशीराम चौहान, धनसाय साहू और एक नाबालिग विधिविरुद्ध संघर्षरत बालक अपने क्वार्टर के बाहर बैठकर शराब पी रहे थे। उसी समय मृतक मुंशी किशन लाल साहू वहां आया और पुराने विवाद को लेकर उनसे झगड़ने लगा। वाद-विवाद इतना बढ़ा कि तीनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बना ली। आरोपियों ने पहले किशन लाल को हाथ-मुक्कों से मारा और पकड़कर दबोचा, फिर काशीराम चौहान ने पास में रखे टंगिया से उसके सिर पर प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह वहीं गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया।  
    हादसा दिखाने की कोशिश हत्या के बाद आरोपी डर गए और उन्होंने इस वारदात को हादसा बताने की योजना बनाई। काशीराम चौहान ने मृतक के मोबाइल से भट्टा मालिक सुभाष चक्रधारी को फोन कर बताया कि शराब पीते समय मजाक-मजाक में किशन लाल गिर पड़ा और टंगिया से सिर में चोट लग गई। इस पर मालिक ने कार से किशन लाल को अस्पताल पहुंचाया, जहां 25 अगस्त की सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में खुला राज प्रारंभिक रूप से थाना दुर्ग में मर्ग दर्ज हुआ, लेकिन जांच अंजोरा चौकी पुलिस को सौंपी गई। जब मृतक के साथ मौजूद मजदूरों से सख्ती से पूछताछ हुई, तो सच्चाई सामने आई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पुराने विवाद और बार-बार के झगड़ों से परेशान होकर किशन लाल की हत्या की। पुलिस ने उनके मेमोरेंडम बयान दर्ज किए, जिसमें उन्होंने साफ किया कि वे सभी एक ही क्वार्टर में रहते-खाते थे और अक्सर खाने-पीने को लेकर झगड़ा होता था। घटना की रात भी इसी बात पर विवाद हुआ था।  
    बरामदगी और गिरफ्तारी आरोपियों ने हत्या के बाद घटनास्थल से टंगिया और शराब की बोतल खेत के मेढ़ किनारे फेंक दी थी। काशीराम का खून से सना टी-शर्ट भी क्वार्टर में छुपाया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टंगिया, कपड़े और शराब की बोतल बरामद कर लिए हैं। धनसाय साहू के पास से भी खून लगे कपड़े (हाफ पैंट और अंडरवियर) जप्त किए गए हैं। इसके बाद तीनों—काशीराम चौहान, धनसाय साहू और नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।  
    जांच में पुलिस की भूमिका इस पूरे मामले में चौकी प्रभारी अंजोरा संतोष कुमार साहू और उनकी टीम के साथ एसीसीयू की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बारीकी से पूछताछ और घटनास्थल की गहन जांच के बाद ही यह हत्या का राज उजागर हो पाया। इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मजदूरों के बीच हुई साधारण कहासुनी ने हत्या का रूप ले लिया, जिससे ईंट भट्टा संचालकों और मजदूरों में भय का माहौल है। यह घटना सामाजिक ताने-बाने को भी झकझोरने वाली है, क्योंकि आपसी विवाद और शराबखोरी की वजह से एक निर्दोष की जान चली गई।

  • ट्रक चालक ने ऑटो चालक पर किया जानलेवा हमला, FIR दर्ज

    26-Aug-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक ट्रक चालक ने ऑटो चालक पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना 25 अगस्त 2025 की रात करीब 9:15 बजे आमानाका स्थित अंडर ब्रिज के पास की है। इस हमले में ऑटो चालक घायल हो गया और उसकी ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का विवरण  शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना की तरह ऑटो चलाकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में ट्रक (क्रमांक CG 04 DT 1455) आ रहा था। ट्रक चालक ने अचानक जानलेवा इरादे से ऑटो को जोरदार ठोकर मार दी, जिससे ऑटो सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित का आरोप है कि ट्रक से ठोकर मारने के बाद आरोपी चालक ने वहीं रुककर उसे गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, ट्रक चालक ने हाथ और डंडे से मारपीट करते हुए गंभीर चोटें पहुंचाईं। हमले से पीड़ित सड़क पर गिर पड़ा और राहगीरों की मदद से किसी तरह जान बचाकर पुलिस तक पहुंच सका।  पुलिस कार्रवाई घटना की जानकारी मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पीड़ित को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की नीयत से हमला करने की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।  प्रत्यक्षदर्शियों के बयान घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि ट्रक चालक ने जानबूझकर ऑटो को ठोकर मारी और बाद में आक्रामक तरीके से पीड़ित पर हमला किया। कई लोगों ने बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है ताकि केस को मजबूत बनाया जा सके। सड़क हादसे से जानलेवा हमले में बदली घटना यह मामला सड़क दुर्घटना से कहीं अधिक गंभीर साबित हुआ। आमतौर पर सड़क हादसे के बाद लोग विवाद में पड़ते हैं, लेकिन इस घटना में ट्रक चालक का आक्रामक रवैया और पीड़ित पर जानलेवा हमला करना मामले को और गंभीर बना देता है। यही वजह है कि पुलिस ने इसे सिर्फ सड़क दुर्घटना का मामला मानने के बजाय हत्या के प्रयास जैसी धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

  • पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सशक्त एप से मिली सफलता, 19 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

    26-Aug-2025

    दुर्ग। जिले में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर नकेल कसते हुए पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना मोहन नगर पुलिस और गठित टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की 19 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है। इस दौरान पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, चोरी के वाहन खरीदने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।  
    कैसे पकड़े गए आरोपी? वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल (भापुसे) के निर्देशन में जिले में "सशक्त एप" के माध्यम से लावारिस और चोरी की गई वाहनों की पहचान और ट्रैकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में ग्रीन चौक के पास पुलिस को मुखबिर से तीन संदिग्ध युवकों की मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें पकड़ा और कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले चार महीने में कुल 19 मोटरसाइकिल और एक्टिवा चोरी कर चुके हैं।  चोरी के पीछे का कारण पकड़े गए आरोपी और विधि से संघर्षरत बालकों ने पुलिस को बताया कि वे अपने शौक पूरा करने के लिए मोटरसाइकिलें चुराते थे। चोरी की गई गाड़ियों को वे तुरंत ही अपने परिचितों को कम दामों पर बेच देते थे। खास बात यह रही कि खरीददार जानते हुए भी चोरी की गाड़ियां खरीदते थे, क्योंकि ये बिना नंबर और बिना कागजात की होती थीं। बरामद वाहन पुलिस ने आरोपियों से कुल 19 वाहन बरामद किए, जिनमें – 10 एक्टिवा स्कूटी   09 मोटरसाइकिलें शामिल हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। खरीददारों पर भी कार्रवाई पुलिस ने खुलासा किया कि चोरी की गाड़ियों को खरीदने में 14 लोग शामिल थे। इन सभी के खिलाफ भी अब कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, खरीददार पूरी तरह जानते थे कि वाहन चोरी का है, बावजूद इसके उन्होंने इसे खरीदा। यह भी अपराध की श्रेणी में आता है। सशक्त एप की भूमिका दुर्ग पुलिस ने हाल ही में "सशक्त एप" की शुरुआत की थी, जिसके तहत चोरी या लावारिस वाहनों का डेटा ऑनलाइन अपडेट किया जाता है। इसी ऐप की मदद से पुलिस को चोरी के वाहनों का लोकेशन और विवरण जुटाने में मदद मिली और बड़ी संख्या में वाहन बरामद हुए।  कार्रवाई में शामिल टीम इस पूरी कार्रवाई में गठित टीम के – सउनि. चंद्रशेखर सोनी प्र. आर. मनीष अग्निहोत्री आरक्षक हिमांशु जंघेल आरक्षक खिलेश कुर्रे आरक्षक रवि शंकर मरकाम आरक्षक गजेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की अपील दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सस्ती कीमत या बिना कागजात वाले वाहन खरीदने से बचें। ऐसे वाहन चोरी के हो सकते हैं और पकड़े जाने पर खरीदार पर भी अपराध का केस दर्ज होगा।

  • शहीद कौशल यादव पुरस्कार से सम्मानित होंगे बीजापुर के राकेश कड़ती

    26-Aug-2025

    बीजापुर। राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त) के अवसर पर रायपुर में आयोजित होने वाले राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा बीजापुर जिले के अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल खिलाड़ी राकेश कड़ती को शहीद कौशल यादव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, जूनियर सॉफ्टबॉल गर्ल्स टीम को उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री ट्रॉफी से अलंकृत किया जाएगा।

     
    बीजापुर जिले से अकादमी की खिलाड़ी रेणुका तेलम, चंद्रकला तेलम, विमला तेलम और मीनू आरकी इस सम्मानित टीम का हिस्सा हैं। खास बात यह है कि बस्तर संभाग से पहली बार किसी खिलाड़ी को राज्य स्तरीय खेल अवार्ड से नवाजा जा रहा है। राकेश कड़ती अब तक 12 राष्ट्रीय और 2 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जिनमें 6 नेशनल मेडल शामिल हैं। वहीं, जूनियर टीम ने नेशनल प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीता था।
     
    इस उपलब्धि पर जिले के कलेक्टर संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे और प्रभारी खेल अधिकारी नारायण प्रसाद गवेल ने बधाई दी। जानकारी जिले के श्रम निरीक्षक एवं सॉफ्टबॉल कोच सोपान करनेवार ने दी। 
  • कांग्रेस में गहराया विवाद: रविंद्र चौबे के बयान पर हाईकमान तक पहुंची शिकायत

    26-Aug-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान और तेज हो गई है। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता रविंद्र चौबे द्वारा भूपेश बघेल को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपने की मांग पर सियासी घमासान छिड़ गया है। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने इस मामले की शिकायत हाईकमान से कर दी है। अब जल्द ही कांग्रेस अनुशासन समिति की बैठक बुलाए जाने की संभावना है, जिसमें चौबे के बयान पर चर्चा हो सकती है।

     
    भूपेश बघेल के समर्थन में चौबे
    भूपेश बघेल के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में रविंद्र चौबे ने कहा था कि प्रदेश की जनता चाहती है कि कांग्रेस की कमान बघेल संभालें। उन्होंने दावा किया कि उनके नेतृत्व में 2028 में पार्टी दोबारा सत्ता में लौट सकती है। चौबे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बघेल का हाथ मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि वे ही ऐसे नेता हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ खुलकर आवाज उठाते हैं। चौबे ने केंद्र की एजेंसियों की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा, “ईडी सुन ले, भूपेश बघेल शेर हैं, डरने वाले नेता नहीं।”
     
    पायलट से शिकायत
    कांग्रेस के ही कुछ नेताओं ने चौबे के बयान की शिकायत पार्टी प्रभारी सचिन पायलट से भी की है। उनका आरोप है कि वरिष्ठ नेता संगठन को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि इस पर सार्वजनिक तौर पर कोई भी नेता खुलकर बोलने से बच रहा है। इधर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने चौबे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “वे महाज्ञानी नेता हैं, उनके बयान पर टिप्पणी की जरूरत नहीं।”
     
    नेतृत्व पर उठ रहे सवाल
    चौबे का यह बयान कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति से जोड़ा जा रहा है। मौजूदा समय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज हैं, लेकिन चौबे का बघेल के नेतृत्व पर जोर देना संगठन में असंतोष का संकेत माना जा रहा है।
     
    विपक्ष का हमला
    इस पूरे घटनाक्रम पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी में आंतरिक कलह कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के नेता आपस में ही झगड़ते रहते हैं। इन्हीं झगड़ों की वजह से कार्यकर्ताओं और जनता का विश्वास टूट चुका है। भूपेश बघेल के नेतृत्व में ही कांग्रेस लोकसभा और विधानसभा चुनाव हार चुकी है। जब जनता और पार्टी दोनों को भरोसा नहीं, तो रविंद्र चौबे के भरोसे से कुछ होने वाला नहीं है।”
  • छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जस्टिस संजय अग्रवाल का ट्रांसफर, अतुल श्रीधरन होंगे नए जज

    26-Aug-2025

    बिलासपुर। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने देशभर के हाई कोर्ट के 14 न्यायाधीशों के तबादले का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में पदस्थ जस्टिस संजय एस. अग्रवाल को इलाहाबाद हाई कोर्ट भेजा गया है। वहीं उनकी जगह पर मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के दूसरे वरिष्ठतम जस्टिस अतुल श्रीधरन को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट स्थानांतरित किया गया है।

     
    हाई कोर्ट जजों के स्थानांतरण के लिए सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम प्रस्ताव बनाकर विधि मंत्रालय को भेजता है। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद आदेश जारी होता है। जस्टिस संजय एस. अग्रवाल बार काउंसिल कोटे से जज बने थे और अब तक बिलासपुर हाई कोर्ट में ही पदस्थ थे।
     
    वहीं, जस्टिस अतुल श्रीधरन मध्यप्रदेश हाई कोर्ट में चीफ जस्टिस के बाद सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश हैं। अब वे छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में अपनी सेवाएं देंगे।
     
    अन्य तबादले
    इस आदेश में अन्य हाई कोर्ट से भी कई जजों का स्थानांतरण हुआ है। विशेष रूप से, राजस्थान हाई कोर्ट से जस्टिस अरुण कुमार मोंगा को दिल्ली हाई कोर्ट से केरल हाई कोर्ट भेजा गया है। गौरतलब है कि मई में हुए 22 जजों के तबादलों के दौरान उन्हें राजस्थान से दिल्ली हाई कोर्ट ट्रांसफर किया गया था। उनका मूल हाई कोर्ट पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट है।
  • गणेश चतुर्थी 27 को, जानिए स्थापना और पूजा का शुभ मुहूर्त...

    26-Aug-2025

     वैसे तो रोजाना ही भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की जाती है, लेकिन भादों माह प्रभु की उपासना के लिए अत्यंत शुभ है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर गणेश चतुर्थी मनाई जाती है। इस दिन भगवान गणेश का जन्म हुआ था, जिसकी खुशी में देशभर में गणेश चतुर्थी मनाई जाती है। इस दौरान भक्तजन घरों, दफ्तरों, दुकानों और मंदिरों में गणपति जी की मूर्ति को स्थापित करते हैं और 10 दिनों तक उनकी विधिनुसार उपासना करते हैं। इसके अलावा प्रभु की विशेष कृपा प्राप्ति के लिए मोदक, मोतीचूर लड्डू, खीर और मालपुआ जैस भोग लगाए जाते हैं, जिसे बेहद शुभ माना जाता है। इस वर्ष 27 अगस्त को गणेश चतुर्थी मनाई जा रही है। इस दिन गणपति जी की मूर्ति की स्थापना का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा, आइए विस्तार से जानते हैं।

     
    इस बार भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि का प्रारंभ 26 अगस्त को दोपहर 1 बजकर 54 मिनट पर होगा। इसका समापन 27 अगस्त की दोपहर 3 बजकर 44 मिनट पर हो रहा है। उदया तिथि के मुताबिक गणेश चतुर्थी का पर्व 27 अगस्त को मनाया जाएगा। 
     
    स्थापना मुहूर्त 
    ज्योतिषियों के मुताबिक गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की मूर्ति स्थापना के लिए 27 अगस्त को सुबह 11 बजकर 05 मिनट से लेकर दोपहर 01 बजकर 40 मिनट तक का शुभ मुहूर्त रहेगा। आप इस अवधि में गणपति जी की मूर्ति की स्थापना कर सकते हैं।
     
    गणेश चतुर्थी पर दुर्लभ संयोग 
    इस बार गणेश चतुर्थी पर प्रीति, सर्वार्थ सिद्धि, रवि के साथ इंद्र-ब्रह्म योग का संयोग बना रहेगा। वहीं कर्क में बुध और शुक्र के होने से लक्ष्मी नारायण योग का निर्माण होगा। इसके अलावा गणेश चतुर्थी पर बुधवार का महासंयोग तिथि की महत्ता को गई गुना बढ़ा रहा है।
     
    गणेश चतुर्थी पंचांग 2025
    सूर्योदय सुबह 05 बजकर 57 मिनट पर 
    सूर्यास्त शाम 06 बजकर 48 मिनट पर 
    चंद्रोदय सुबह 09 बजकर 28 मिनट पर 
    ब्रह्म मुहूर्त सुबह 04 बजकर 28 मिनट से 05 बजकर 12 मिनट तक
    विजय मुहूर्त दोपहर 02 बजकर 31 मिनट से 03 बजकर 22 मिनट तक 
     
     
    गोधूलि मुहूर्त शाम 06 बजकर 48 मिनट से 07 बजकर 10 मिनट तक 
     
     
  • शंकर लाल साहू लापता

    26-Aug-2025

    गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मंगली बाजार के पास, पोस्ट गौरेला निवासी शंकर लाल साहू बीते गुरुवार, 21 अगस्त की शाम से अपने घर से लापता हैं। परिवार के अनुसार उनकी वर्तमान मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।

     
    परिजनों ने अपील की है कि यदि किसी को शंकर लाल साहू दिखाई दें या उनके बारे में कोई जानकारी मिले तो कृपया तुरंत नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क करें:
     
    9977987900, 8839051571, 6264891136, 9806070850
     
    परिवार और पुलिस दोनों उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।
  • सीएम साय ने जापान की कंपनी को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया

    26-Aug-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री साय ने अपने जापान प्रवास के दौरान ओसाका स्थित एसएएस सानवा कंपनी लिमिटेड को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कंपनी को छत्तीसगढ़ में अत्याधुनिक खाद्य प्रसंस्करण इकाई तथा उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण सुविधा स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएँ न केवल कृषि मूल्य शृंखलाओं को मज़बूत करेंगी बल्कि उच्च-तकनीकी विनिर्माण को भी प्रोत्साहित करेंगी और राज्य के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर नए रोजगार अवसर सृजित करेंगी।

     
    उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण, सुगम प्रक्रिया और प्रत्येक स्तर पर सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। एसएएस सानवा कंपनी लिमिटेड की प्रस्तावित खाद्य प्रसंस्करण इकाई से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और कृषि आधारित उद्योगों को नई मजबूती प्राप्त होगी। साथ ही, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण सुविधा राज्य को उच्च-तकनीकी उत्पादन का नया केंद्र बनाएगी और युवाओं को आधुनिक उद्योगों से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी।
     
     
     
    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि ये निवेश परियोजनाएँ आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को न केवल देश में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी उद्योग और निवेश का प्रमुख केंद्र बनाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता जनता की समृद्धि, युवाओं का भविष्य और निवेशकों का विश्वास है, और इसी संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
  • रविशंकर शुक्ल वि वि के पेंशनरों ने भी फेडरेशन के आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया- प्रदीप मिश्रा

    25-Aug-2025

    रायपुर । छत्तीसगढ़ विश्वविधालयीन पेंशनर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रदीप मिश्र और सचिव शिरीश त्रिवेदी ने बताया कि फेडरेशन के आव्हान पर पूरे प्रदेश के 33 जिलों में महंगाई भत्ता एवं ग्यारहसुत्ररीय मांगों के लिए आज एक दिवसीय प्रांतव्यापी सामूहिक अवकाश लेकर रविशंकर शुक्ल वि वि के कर्म चारी संघ और शिक्षक संघ के साथ साथ बडी संख्या में पेंशनर्स भी आंदोलन काम बंद / कलम बंद में कर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 

     वि वि के पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप मिश्र ने बताया है कि आज रायपुर के बूढ़ा तालाब इंडोर स्टेडियम धरना स्थल में पेंशनर्स एसोसिएशन के के साथ साथ कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डा दिलीप धृतलहरे सचिव संदीप खर्गवंशी, पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष हेमंत साहू , गिरीश सेन , ललित देवांगन बंशीधर झा , प्रभात झा , विष्णु दास मानिकपूरी, अलख राम साहू , खिलावन राम यादव दीपक नेताम, अविरल धनगर, हेमंत यादव सुनील सोनकर, निम्न सदस्यगण शामिल हुए  
      वि वि के सभी वर्ग के कर्मचारी नेताओ के नेतृत्व में सैकड़ो 
    कर्मचारीयों और पेंशनरों ने आंदोलन में भाग लिया। यही क्रम प्रदेश के सभी जिलों में हुआ। आज का आंदोलन सभी जिले में शत प्रतिशत आंदोलन सफल रहा। प्रदेश के सभी कार्यालय मंत्रालय और संचालनालय में भी सौ फीसदी आंदोलन सफल रहा। रायपुर नगर निगम, नगरीय निकाय एवं विश्वविद्यालयों और के कर्मचारियों ने मिलकर इस आंदोलन में शरीक होकर आंदोलन को सफलता की ऊंचाईयों पर पहुंचा है।  
  • प्रदेश के हजारों गौ सेवक शोषण के शिकार – शिवसेना

    25-Aug-2025

    न मानदेय न कीट बाक्स न बीमा फिर भी वर्षा से कर रहे गौ सेवा

     24 घंटा गौ सेवा करने वाले सेवको के पास न टार्च न जूता न रैन कोट कोई सुविधा नहीं* 
    गौ टीकाकरण का राशि कब मिलेगा कोई समय सीमा नहीं
    राजनांदगांव - शिव सेना द्वारा गौ वंश रक्षा के लिए लगातार पिछले 50 दिनों पुरे प्रदेश में महा हस्ताक्षर अभियान चलाया जा और गौ सेवको का सम्मान भी किया जा रहा है और उनकी जो मूल समास्या पर भी ध्यान दिया जा रहा है किसान सेना के प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव प्रदेश सचिव कमल सोनी दिनेश ताम्रकार प्रदेश महामंत्री मनीष तिवारी शोभा शकंर त्रिपाठी ने कहा कि गौ सेवा करने वाले प्रदेश के हजारों गौ सेवको का हाल बेहाल। है गौ सेवक शोषण के शिकार हो रहे जो सुविधाएं मिलना चाहिए वह सुविधा विभाग द्वारा इन्हें उपलब्ध नहीं कराई जा रही है शिव सेना पदाधिकारियों ने कहा कि वर्षों पूर्व हजारों युवाओं को शासन द्वारा परिक्षण दिलाया गया यह प्रशिक्षण 6 माह का था जिसमें उन्हें कृत्रिम गर्भाधान/प्राथमिक उपचार/टीकाकरण/बधिया करण/ करने का ट्रेनिंग दिया गया था उस समय शासन द्वारा इन गौ सेवको को यह कहा गया था कि प्रशिक्षण के बाद सभी की नियुक्ति ग्राम पंचायत स्तर पर की जाएगी मानदेय के साथ अन्य सुविधाएं दी जाएंगी जान जोखिम में डाल गौ माता को 24 घंटा चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने वाले गौ सेवको को पशु-चिकित्सा विभाग द्वारा न मानदेय न चिकित्सा कीट बाक्स और न बीमा किसी भी तरह की कोई व्यवस्था नहीं की गई टीकाकरण का राशि की भी कोई गैंराटी नहीं है कब मिलेगा जबकि गौ सेवको द्वारा पशु विभाग का अधिकांश कार्य प्राथमिक उपचार/टीकाकरण/पशु शिविर/कृत्रिम गर्भाधान सहित अन्य कार्यक्रमों में हाथ बंटाया जाता और पूरा-पूरा सहयोग किया जाता है शिव सेना पदाधिकारियों ने शासन से मांग की है कि नि स्वार्थ लगातार वर्षों से कार्य कर गौ सेवको का मानदेय तय करें इन्हें प्रर्याप्त मात्रा में दवाई उपलब्ध कराई जाएं प्राथमिक उपचार के दौरान पूर्व कई गौ सेवक विकलांग हो चुके घायल गौ सेवको का नि शुल्क ईलाज एवं बीमा की सुविधा उपलब्ध कराए जाएं गौ सेवक गांव 
     में निवास करते हैं इस लिए इनको गौ सेवा हेतु रात में भी गौ पालक के घर जाना पड़ता है जहरीले जीव जन्तु से खतरा बना रहता है इस लिए टार्च /जूता / रैन कोट सहित अन्य सुरक्षा समाग्री उपलब्ध कराए जाए
  • फत्तेगंज गौशाला जमीन से मुरूम खनन माफियाओं के हौसले बुलंद

    25-Aug-2025

    पत्रकारों को मुरूम माफियाओं द्वारा देख लेने की धमकी

    लालबहादुर नगर - नेशनल हाइवे स्थित ग्राम फत्तेगंज गौशाला की जमीन और अन्य जगह से भी खनिज माफियाओं द्वारा खुलेआम मुरूम की चोरी की जा रही है। अंचल में इन दिनों मुरूम का अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है। मुरूम माफिया खुलेआम अपने जेसीबी से डंफर ट्रैक्टर ट्राली में मुरूम भरकर परिवहन व मुरूम बेच रहे हैं। शासन को लाखों के राजस्व की चपत लगा रहे हैं। प्रशासन चुप्पी साध कर बैठा है। कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। प्रशासनिक उदासीनता के चलते खनिज माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
    सूत्रों के अनुसार ग्राम फत्तेगंज गौशाला जमीन से लगातार मुरूम चोरी का काम तेजी से किया जा रहा है। जब चाहे तब मुरूम माफियाओं के द्वारा फत्तेगंज के गौशाला की जमीन से मुरूम चोरी कर अन्य क्षेत्रों में पहुंचाया जा रहा है। मुरूम की खेप पहुंचाने के एवज में भारी रकम आम जनता से ली जा रही है। मुरूम माफियाओं को राजनीतिक और राजस्व विभाग का संरक्षण मिलने के कारण हौसले बुलंद हैं, और मनमानी ढंग से मुरूम का अवैध उत्खनन करते आ रहे हैं। शासन - प्रशासन की अनदेखी, अधिकारी को इस ओर झांकने की फुर्सत नहीं है, जिसका लाभ मुरूम माफिया द्वारा उठाया जा रहा है। लिखने छापने पर पत्रकारों को मुरूम माफियाओं द्वारा देख लेने की धमकी दिया जाता है। बताया जाता है कि खनिज माफिया स्थानीय होने के कारण आस - पास के पूरे क्षेत्र में मनमाने ढंग से अवैध मुरूम खनन कर शासन को रॉयल्टी चोरी का चुना लगा रहा है। इस बारे में राजस्व विभाग के अधिकारी को फोन कॉल किया गया परन्तु अधिकारी फोन कॉल उठाने में असफल रहे हैं। शासन - प्रशासन के द्वारा भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
  • पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु नवीनीकरण और नवीन आवेदन 31 तक

    25-Aug-2025

    सारंगढ़ बिलाईगढ़। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति अंतर्गत शासकीय संस्थाओं तथा अशासकीय संस्थाओं को नवीन आवेदन और नवीनीकरण का आवेदन 31 अगस्त तक जमा किया जाना है, जिसका संभावित भुगतान तिथि 10 सितम्बर 2025 निर्धारित है। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत अध्ययनरत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति को उच्च शिक्षा प्राप्त करने हेतु वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा विभागीय पोर्टल पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप डॉट सीजी डॉट एनआईसी डॉट इन https://postmatric-scholarship.cg.nic.in में ऑनलाईन आवेदन किया जाता है।

  • बालिका की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण नैतिक और संवैधानिक कर्तव्य: मुख्य न्यायाधीश

    25-Aug-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने कहा है कि बालिका की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना केवल विधिक जिम्मेदारी ही नहीं बल्कि नैतिक और संवैधानिक दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि बालिका के लिए सुरक्षित वातावरण केवल उसे अपराध से बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सकारात्मक पहल से आरंभ होता है- गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएँ, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और समान अवसर की उपलब्धता अपरिहार्य है। सभी संस्थानों का उद्देश्य केवल अन्याय को रोकना नहीं, बल्कि सशक्तिकरण करना है।

    मुख्य न्यायधीश रमेश सिन्हा आज छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की विशेष सेल फॉर पॉक्सो समिति एवं किशोर न्याय समिति द्वारा, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के सहयोग से ‘बालिका संरक्षण भारत में उसके लिए एक सुरक्षित एवं सक्षम वातावरण की ओर‘ विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने ने ‘यौन अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत विभिन्न हितधारकों की भूमिका‘ शीर्षक से एक लीफलेट का विमोचन भी किया।
     
    मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने कहा कि बालिका संरक्षण के लिए बहु-क्षेत्रीय दृष्टिकोण आवश्यक है - स्वास्थ्य विशेषज्ञ उपचार हेतु, पुलिस सुरक्षा हेतु, समुदाय पोषण हेतु, विधिक संस्थान अधिकारों की रक्षा हेतु और सबसे बढ़कर, समाज को अपनी सोच बदलने हेतु कर्तव्यबद्ध है। यदि हम सामूहिक रूप से इस दृष्टिकोण को अपनाएँ, तो हम न केवल सुरक्षित बल्कि वास्तव में सक्षम वातावरण बना सकेंगे, जहाँ भारत की हर बालिका स्वतंत्रतापूर्वक सपने देख सके, निडर होकर आगे बढ़ सके और अपनी पूर्ण क्षमता प्राप्त कर सके। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की प्रत्येक संस्था को बच्चों के अधिकारों का संरक्षक बनकर कार्य करना चाहिए। हमारा यह पावन दायित्व है कि प्रत्येक पीड़िता को न्याय मिले। नन्हीं बालिका भारत की आत्मा है। हमें उसका हाथ थामकर उसे गरिमा के साथ भविष्य की ओर ले जाना है। यह दृष्टि हमें दान या कृपा से नहीं, बल्कि न्याय और कर्तव्य की भावना से प्रेरित करती है।
     
    कार्यक्रम में तकनीकी सत्रों में राज्य, राष्ट्रीय एवं वैश्विक परिप्रेक्ष्य में बालिकाओं के विरुद्ध हिंसा तथा ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ‘ जैसी प्रमुख योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ सुरक्षित विद्यालयीन वातावरण सृजित करने, गैर-सरकारी संगठनों का जनजागरूकता बढ़ाने में योगदान, परिवार और समुदाय के सहयोग, लैंगिक संवेदनशीलता तथा सुरक्षित घरेलू वातावरण का महत्व पर चर्चा की गई। साथ ही बाल संरक्षण सेवाओं के कार्यान्वयन में चुनौतियों की पहचान, बालिकाओं पर हिंसा के मनोवैज्ञानिक प्रभाव और स्वास्थ्य-जागरूकता, यूनिसेफ जैसी संस्थान के सहयोग से बाल-हितैषी वातावरण का निर्माण, किशोर न्याय बोर्ड और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका पर विचार-विर्मश हुआ।
     
    कार्यक्रम को न्यायमूर्ति श्रीमती रजनी दुबे, संजय के. अग्रवाल ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर न्यायमूर्ति सर्वश्री नरेश कुमार चंद्रवंशी, पार्थ प्रतीम साहू, सचिन सिंह राजपूत, संजय कुमार जायसवाल, रविन्द्र कुमार अग्रवाल, अमितेन्द्र किशोर प्रसाद, विधि विभाग के प्रमुख सचिव, न्यायिक अकादमी के निदेशक, फास्ट ट्रैक, किशोर न्याय बोर्ड के न्यायाधीश, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष, यूनिसेफ के प्रतिनिधि सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन न्यायमूर्ति बिभु दत्त गुरु द्वारा किया गया।
  • वन्यजीवों की सुरक्षा में सुकमा जिले की बड़ी पहल

    25-Aug-2025

    सुकमा। जिले के इतिहास में पहली बार वन विभाग ने वनकर्मियों, संयुक्त वन प्रबंधन समिति एवं जैव विविधता प्रबंधन समिति के सदस्यों के लिए वन्यजीव संरक्षण एवं प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह पहल न केवल वन विभाग की क्षमता वृद्धि बल्कि स्थानीय समुदाय को संरक्षण की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित हुई है।

    सुकमा एवं दोरनापाल उपमंडल के कर्मचारियों का प्रशिक्षण 23 और 24 अगस्त को जिला मुख्यालय सुकमा में आयोजित हुआ। इसमें राज्य जैव विविधता बोर्ड के सदस्य एवं ख्यातिप्राप्त वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. राजेन्द्र मिश्रा ने प्रतिभागियों को मार्गदर्शन दिया। वहीं 20 और 21 अगस्त को कोन्टा में आयोजित प्रशिक्षण में नोवा नेचर फाउंडेशन के सुराज ने वन्यजीव प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
     
    इस प्रशिक्षण की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि पहली बार जेएफएमसी और बीएमसी के सदस्य भी इसमें शामिल हुए। उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम केवल वन विभाग तक सीमित न रहकर स्थानीय समुदाय तक पहुंचा, जिससे वन्यजीव संरक्षण के प्रति साझा जिम्मेदारी और जागरूकता का नया अध्याय शुरू हुआ।
     
    वनमंडलाधिकारी सुकमा श्री अक्षय भोसलें ने कहा कि सुकमा जैसे घने वनों वाले जिले में वन्यजीव संरक्षण हमेशा से चुनौती रहा है। यह प्रशिक्षण केवल विभागीय कर्मचारियों के लिए ही नहीं, बल्कि स्थानीय समुदाय की सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। जैसे-जैसे जिले में सामान्य स्थिति लौट रही है, वन क्षेत्रों तक पहुंच बढ़ रही है। ऐसे में विभाग और समुदाय का संयुक्त प्रयास भविष्य में दूरगामी परिणाम देगा।
     
    सुकमा का विशाल वन क्षेत्र जैव विविधता से समृद्ध है, जहाँ कई दुर्लभ और महत्वपूर्ण वन्यजीव पाए जाते हैं। विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण के दौरान वनकर्मियों और समितियों को वैज्ञानिक तरीकों, कानूनी प्रावधानों और संरक्षण से जुड़े व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया। साथ ही यह भी बताया गया कि वन्यजीव संरक्षण कैसे पर्यावरणीय संतुलन, जल स्रोतों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व को प्रोत्साहित करता है।
  • महतारी वंदन योजना बनी महिलाओं का सहारा

    25-Aug-2025

    सुकमा। जरूरत और अभाव से जूझ रही सुकमा जिले की महिलाएं अब महतारी वंदन योजना से सशक्त हो रही हैं। छिंदगढ़ पंचायत के वेकोपारा निवासी श्रीमती सोमलिन पति आनंद ने बताया कि उन्हें हर महीने मिलने वाले एक हजार रुपये ने उनके जीवन की दिशा बदल दी है। इस राशि को वह बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर खर्च कर रही हैं।

    भावुक होकर उन्होंने कहा कि हम जैसे परिवारों के लिए यह सहायता बहुत बड़ी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जो वादा किया था, उसे पूरा कर रहे हैं। यह योजना हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं।
    सोमलिन ने यह भी बताया कि वह बच्चों को समझाती हैं कि यह मदद सरकार की पहल से संभव हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन के लिए आभार जताया।
    महिलाओं का कहना है कि इस योजना ने उनमें आत्मविश्वास जगाया है और आगे बढ़ने की राह प्रशस्त की है। सुकमा जिले के नेल्लानार क्षेत्र सहित विभिन्न गांवों में योजना के तहत सर्वे कार्य जारी है, जिससे अधिक जरूरतमंद माताओं को भी इसका लाभ मिल सके।
Top