बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • छत्तीसगढ़ी नृत्य और संस्कृति के रंगों से सजा आजाद क्लब का गणेश उत्सव

    02-Sep-2025

    रायपुर। चन्द्र शेखर आजाद सोशल एंड स्पोर्ट्स क्लब आजाद क्लब जोरापारा में गणेश उत्सव में प्रतिदिन बच्चों-बड़ों सभी के विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा रहा है। जिसमें वार्ड मोहल्ले के बच्चे बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले रहे है। प्रतिदिन की तरह सोमवार रात्रि संगीतमय भव्य आरती के साथ प्रतिदिन भोग प्रसादी भंडारे का आयोजन किया गया।

    सोमवार को छोटे बच्चों के नृत्य डांस का आयोजन किया गया था, जिसमें लगभग 30 बच्चों ने एकल एवं सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी। छोटे छोटे बच्चों ने छत्तीसगढ़ी गानों पर बहुत ही सुंदर प्रस्तुति देकर सब का मन मोह लिया। प्रमुख आकर्षण के रूप में गौरा गौरी, जवारा विसर्जन नृत्य की प्रस्तुति छत्तीसगढ़ परिधान के साथ अद्भुत प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रही। 
     
    महिला मंडल की प्रमुख श्रीमती प्रिया टावरे ने बताया कि इंटरनेट सोशल मीडिया के आज के इस युग में अपने धर्म एवं संस्कृति को सहेज कर रखना अत्यंत आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए गणेश उत्सव के इस महापर्व में प्रतिवर्ष समिति द्वारा तरह तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाए जाते है। ताकि हमारे धर्म और संस्कृति को बच्चे सीखे और कुछ समय के सोशल मीडिया इंटरनेट से दूर रह कर शारीरिक क्रियाएं डांस खेल कूद के माध्यम से करते रहे।
  • स्मार्ट मीटर बना मुसीबत: 200 रुपए से अचानक 22 हजार का बिजली बिल...

    02-Sep-2025

    बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले में बिजली विभाग की मनमानी का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। ग्राम सुढहेला निवासी विश्वनाथ भारद्वाज मंगलवार को गले में स्मार्ट मीटर लटकाए हुए कलेक्टर कार्यालय पहुँच गया

    विश्वनाथ का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाने के बाद विभाग ने 8 महीने तक बिजली बिल जारी नहीं किया। लेकिन अचानक ही उसे 22 हजार रुपए का भारी-भरकम बिल थमा दिया गया।
    200 रुपए से कभी नहीं बढ़ा था बिल
    युवक ने बताया कि पुराने मीटर से उसका बिजली बिल कभी भी 200 रुपए से ज्यादा नहीं आया। लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद पहले तो बिल नहीं आया और फिर अचानक हजारों का बिल थमा दिया गया।
     
    जब उसने स्थानीय बिजली कार्यालय में शिकायत की तो अधिकारियों ने पहले टालमटोल किया और फिर कहा कि बिल चुकाना ही पड़ेगा। बाद में मुख्यालय कार्यालय में जांच हुई तो बिल को घटाकर 50% यानी 10,800 रुपए कर दिया गया।
     
    स्मार्ट मीटर लौटाना चाहता हूँ
    विश्वनाथ ने इस मनमाने बिल का विरोध जताते हुए गले में स्मार्ट मीटर लटकाकर कलेक्टर से मिलकर आवेदन दिया और कहा कि वह यह मीटर लौटाना चाहता है।
    उपभोक्ता परेशान, विभाग खामोश
    गौरतलब है कि बलौदाबाजार जिले में मनमाने बिजली बिल की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उपभोक्ता कार्यालय पहुँचते हैं तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, सिर्फ एक ही बात कही जाती है — "बिल पटाना ही पड़ेगा"।
     
    अब देखना होगा कि कलेक्टर की दखल के बाद बिजली विभाग इस ग्रामीण की समस्या का क्या समाधान करता है।
  • कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 51.50 रुपए घटी

    01-Sep-2025

    नई दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर कटौती की है। अब 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर दिल्ली में 1,580 रुपए में उपलब्ध होगा। इससे पहले 1 जुलाई को कंपनियों ने 58.50 रुपए की कटौती की थी और अगस्त की शुरुआत में 33.50 रुपए घटाए थे। यानी पिछले कुछ महीनों में लगातार दाम कम किए जा रहे हैं।

    जून में यह कीमत 1723.50 रुपए थी, जबकि अप्रैल में यह 1762 रुपए थी। फरवरी में 7 रुपए की मामूली राहत मिली थी, लेकिन मार्च में फिर 6 रुपए की वृद्धि हो गई थी। हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत नहीं मिली है। 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कंपनियों ने स्पष्ट किया कि केवल कमर्शियल सिलेंडर की दरों में ही संशोधन हुआ है।
     
    विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से होटल, ढाबा और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को सीधा लाभ होगा, जो रोजाना खाना बनाने के लिए बड़े सिलेंडर का उपयोग करते हैं। अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल के दाम और बाजार की अन्य स्थितियों को देखते हुए हर महीने गैस की कीमतों की समीक्षा की जाती है।
     
    इसी बीच केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत एक और बड़ा निर्णय लिया है। पीएम मोदी की अध्यक्षता में हाल ही में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 300 रुपए प्रति सिलेंडर (14.2 किलो) की सब्सिडी देने की मंजूरी दी गई है।
     
    यह सब्सिडी साल 2025-26 के लिए होगी और अधिकतम 9 बार (रीफिल) के लिए मिलेगी। 5 किलो सिलेंडर लेने वालों के लिए यह सब्सिडी अनुपातिक रूप से लागू होगी।
     
    इस फैसले पर सरकार कुल 12,000 करोड़ रुपए खर्च करेगी। उज्ज्वला योजना मई 2016 में शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य गरीब परिवारों की महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देना था। 1 जुलाई 2025 तक देशभर में करीब 10.33 करोड़ उज्ज्वला कनेक्शन दिए जा चुके हैं।
  • अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की सख्ती

    01-Sep-2025

    रायपुर। अवैध रेत उत्खनन पर रोकथाम के लिए सतत कार्यवाही की जा रही है। नदी में भारी संख्या में ट्रैक्टर लगाकर रेत उत्खनन की सूचना प्राप्त होने पर टीम के पहुंचने पर मौके नदी तट पर लगभग 14 ट्रैक्टर रेत से भरे जा रहे थे और उत्खनन कार्य में 100 से अधिक श्रमिक सक्रिय थे। अवैध रेत उत्खनन वालों के विरूद्ध पर्यावरण संरक्षण और कानून व्यवस्था के मद्देनज़र कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। जिला बलरामपुर-रामनुजगंज के विकासखंड शंकरगढ़ के डीपाडीह कला क्षेत्र में गलफुल्ला नदी से हो रहे अवैध रेत खनन पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुसमी ने जानकारी दी है कि गलफुल्ला नदी में भारी संख्या में ट्रैक्टर लगाकर रेत उत्खनन की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल संयुक्त दल का गठन किया। जिस पर नायब तहसीलदार शंकरगढ़ और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात कराया गया था। टीम के पहुंचने पर मौके पर पाया गया कि नदी तट पर लगभग 14 ट्रैक्टर रेत से भरे जा रहे थे और उत्खनन कार्य में 100 से अधिक श्रमिक सक्रिय थे। थाना प्रभारी ने संयम और सूझबूझ से कार्य करते हुए पहले श्रमिकों की भीड़ को शांतिपूर्वक हटाया।

    इसके बाद नायब तहसीलदार की मौजूदगी में सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर पुलिस चौकी डीपाडीह में रखा गया। साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 में विहित प्रावधानों के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही पृथक से की जा रही है। गौरतलब है कि कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के संयुक्त प्रयास से अवैध रेत खनन एवं परिवहन पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है। उल्लेखनीय है कि एनजीटी के आदेशानुसार 15 जून से 15 अक्टूबर 2025 तक नदियों से रेत खनन पूर्णतः प्रतिबंधित है, जिसके तहत पर्यावरण संरक्षण और कानून व्यवस्था के मद्देनज़र अवैध रेत उत्खनन करने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
  • जम्मू-कश्मीर के शोपियां में 3 आतंकी ढेर, एनकाउंटर जारी

    01-Sep-2025

    काबुल। अफगानिस्तान में रविवार देर रात एक भीषण भूकंप ने तबाही मचा दी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक यह भूकंप 6.0 तीव्रता का था और इसका केंद्र पाकिस्तान सीमा से सटे नंगरहार प्रांत के जलालाबाद के पास 8 किमी गहराई में था।

    नंगरहार प्रांत के स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता अजमल दरवेश ने बताया कि 509 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। कई इलाकों में भारी तबाही और घरों के मलबे तले दबे लोगों को निकालने का अभियान जारी है।
     
     
    भूकंप इतना शक्तिशाली था कि इसके झटके भारत के दिल्ली-एनसीआर और पाकिस्तान के कई हिस्सों तक महसूस किए गए। वहीं, करीब 20 मिनट बाद 4.5 तीव्रता का एक और भूकंप उसी इलाके में आया, जिसकी गहराई 10 किमी थी।
     
    यह कोई पहला हादसा नहीं है। इससे पहले 7 अक्टूबर 2023 को अफगानिस्तान में आए 6.3 तीव्रता के भूकंप ने 4,000 से ज्यादा लोगों की जान ले ली थी। उस समय संयुक्त राष्ट्र ने मृतकों की संख्या 1,500 बताई थी। वह हाल के वर्षों में देश की सबसे घातक प्राकृतिक आपदा साबित हुई थी।
  • राष्ट्रीय खेल दिवस पर निकाली गई साइकल रैली

    01-Sep-2025

    रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत आज बिलासपुर में स्कूली छात्र-छात्राओं और 300 से अधिक खिलाड़ियों ने साइकल रैली निकाली। भारत सरकार के फिट इंडिया कार्यक्रम "सन्डेस ऑन सायकल" (Sundays on Cycle) के तहत पीएमश्री स्वामी आत्मांनद विद्यालय नूतन चौक सरकंडा से स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई तक यह रैली निकाली गई। पूर्व ओलम्पियन एवं हॉकी के हेड कोच अजीत इमानुएल लकड़ा और अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाडी संजू देवी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

    भारत सरकार द्वारा देश के समृद्ध खेल विरासत का उत्सव मनाने, हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करने, ओलम्पिक मूल्यों में राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह को समाहित कर सपूरे देश को ईमानदारी, महत्वाकांक्षा और सामूहिक भावना के साझा दृष्टिकोण के साथ एकजुट करने तथा मजेदार व प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के माध्यम से शारीरिक सक्रियता, समावेशिता और टीम-वर्क को प्रोत्साहित करने व जनसामान्य को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से इस वर्ष 29 अगस्त से 31 अगस्त तक राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का राष्ट्रव्यापी आयोजन किया जा रहा है।
     
    खेल विभाग के सहायक संचालक ए. एक्का, स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक पी. दासरथी और अखिलेश मेहता, खेल अधिकारी सुशील अमलेश, वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और जिला क्रीड़ा अधिकारी साजिद खान सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, व्यायाम अनुदेशक, खेल विभाग व खेलो इंडिया स्टेट सेंटर व अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी साइकल रैली में शामिल हुए।
  • CM साय ने बस्तर बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा देने की घोषणा की

    31-Aug-2025

    रायपुर। बस्तर में बाढ़ पर CM विष्णुदेव साय ने कहा है विदेश दौरे से स्थितियों की जानकारी ली थी। बस्तर में कई लोगों की जान गई और फसल बर्बाद हुआ। प्रभावितों को मुआवजा देने कहा गया है। राहत कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। सीएम साय ने इसके पहले भी विदेश दौरे के दौरान वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए बस्तर में बाढ़ का जायजा लिए थे। अधिकारियों को इस राहत कार्य एवं राहत राशि हेतु निर्देशित किए। वहीं TMC सांसद के HM शाह पर किए अभद्र टिप्पणी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा TMC सांसद के बयान की कड़ी भर्त्सना करता हूं। लोकतंत्र में असहनीय भाषा की जगह नहीं है। वहीं मोदी के चीन दौरे पर CM विष्णु देव साय ने कहा मोदी के कारण विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ा। सभी देशों से संबंध अच्छा बनाकर रखना चाहते हैं। चीन के साथ भी संबंध अच्छा चाहते हैं, माहौल अच्छा होगा। बता दें कि बीते दिनों जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे पर गए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार तक हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की पीड़ा को शीघ्र कम करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोगों को यह महसूस होना चाहिए कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन उनके साथ मजबूती से खड़ा है।   मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित जिलों—बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के कलेक्टरों व वरिष्ठ अधिकारियों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की विस्तृत समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ से हुई जनहानि और पशुहानि प्रभावित परिवारों को राहत राशि बिना विलंब के उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त आवासों के सुधार हेतु तिरपाल, बांस-बल्ली और राहत राशि का वितरण प्राथमिकता से किया जाए।

  • मन की बात हर माह देती है नई प्रेरणा, विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी करें योगदान : CM विष्णुदेव साय

    31-Aug-2025

    रायपुर। पीएम नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 125वीं कड़ी का सीधा प्रसारण आज नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद उद्योग एवं व्यापार परिसर के कन्वेंशन सेंटर में हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग मंत्री लखन देवांगन, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक इंद्र कुमार साहू तथा छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण और नागरिक उपस्थित थे।  
     प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'मन की बात' रेडियो कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं की घड़ी में देशवासियों द्वारा एक-दूसरे की सहायता करना भारत की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि विपत्ति के समय जो सहयोग और एकजुटता दिखाई देती है, वही भारत की संस्कृति और सामूहिक चेतना को परिभाषित करती है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में खेलों को न केवल स्वास्थ्य बल्कि आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी आधार बताया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि खेलकूद में सक्रिय भागीदारी कर अपने जीवन और देश दोनों को ऊर्जावान बनाएं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि ‘मन की बात’ हर माह प्रदेशवासियों को नई ऊर्जा और प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' रेडियो कार्यक्रम समाज के सभी वर्गों में सकारात्मक सोच और राष्ट्रीय चेतना को प्रबल करता है।मुख्यमंत्री ने हाल ही में अपने जापान और दक्षिण कोरिया प्रवास का उल्लेख करते हुए बताया कि कौशल विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े क्षेत्रों में हुए सहयोग और निवेश से राज्य के युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे और छत्तीसगढ़ में कौशल विकास और रोजगार का नया अध्याय शुरू होगा।  राज्य की रजत जयंती वर्ष का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाए। उन्होंने कहा कि सरकार और जनता के साझा प्रयासों से राज्य को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का संदेश हर नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें सामूहिक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ते हुए छत्तीसगढ़ को विकास और सुशासन की नई ऊँचाइयों पर ले जाना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर एक समृद्ध और स्वच्छ छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।

  • स्कूटी बेचने ग्राहक तलाश रहा था चोर, रंगे हाथों पकड़ा गया

    31-Aug-2025

    रायगढ़। कापू पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए कदमचौक से एक स्थायी वारंटी आरोपी को चोरी की स्कूटी बेचने की फिराक में दबोच लिया। थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चोरी की जुपिटर स्कूटी बेचने ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते पुलिस ने मौके से संदेही को पकड़ा जिसके पास से स्कूटी क्रमांक सीजी 13 बीई 9161 बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने 27 अगस्त की रात वन विभाग परिसर, शराब भट्टी के सामने मेन रोड से स्कूटी चोरी की थी। इस संबंध में थाना कापू में अपराध क्रमांक 144/2025 धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्ध है।  पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी देवेंद्र उर्फ राजा उर्फ छोटू डनसेना पिता स्व. नानसाय डनसेना उम्र 33 वर्ष निवासी कुमरता के विरुद्ध पूर्व में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 102/2020 दर्ज है, साथ ही माननीय न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी किया गया था। आरोपी से बरामद चोरी की स्कूटी को पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन में स्थायी वारंटियों और सक्रिय अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कापू पुलिस ने आरोपी देवेंद्र डनसेना को चोरी और स्थायी वारंट के प्रकरण में गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेजा गया।

  • रेलवे ने बिलासपुर जोन में 52 ट्रेनों को ठहराव की अनुमति दी

    31-Aug-2025

    रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन में यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। जोन में कुल 52 ट्रेनों को ठहराव की अनुमति दी गई है। इनमें छत्तीसगढ़ के 33 स्टेशनों पर ट्रेनें रुकेंगी। बिलासपुर जिले में 22 ट्रेनों का स्टॉपेज छोटे स्टेशनों को मिला है। दरअसल, कोरोना काल के दौरान छोटे स्टेशनों पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया था। अब 4 साल बाद यह सुविधा फिर शुरू की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने स्टॉपेज की विस्तृत जानकारी जारी की है।  
    इसके अनुसार, इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस और टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस 1 सितंबर से ब्रजराजनगर में रुकेगी। अमृतसर-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस 1 सितंबर से और विशाखापत्तनम-अमृतसर एक्सप्रेस 2 सितंबर से बेलपहाड़ में रुकेगी। चेन्नई सेंट्रल-बिलासपुर एक्सप्रेस 2 सितंबर से और बिलासपुर-चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस 31 अगस्त से मुल मारोरा में रुकेगी। चिरमिरी-रीवा एक्सप्रेस और रीवा-चिरमिरी एक्सप्रेस 1 सितंबर से धुरवासिन और बैहाटोला में रुकेगी।

  • रायपुर मेयर ने 3 दुकानों को सीलबंद करवाया

    31-Aug-2025

    रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे ने नगरवासियों से अपील की है कि वे शहर में मकान या दुकान का चयन केवल उन्हीं स्थलों पर करें, जो नगर निगम से स्वीकृत और नियमों के अनुरूप हों। उन्होंने कहा कि नागरिकों को इस बात पर भी ध्यान देना चाहिए कि जहाँ वे दुकान या मकान ले रहे हैं, वहाँ पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था हो, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि रायपुर शहर के किसी भी स्थान पर मकान अथवा दुकान खरीदने से पूर्व संबंधित स्थल का लैंड यूज़ (भूमि उपयोग), स्वीकृति और वैधता की जानकारी अवश्य लेनी चाहिए, ताकि आगे चलकर किसी भी प्रकार की कार्यवाही अथवा असुविधा का सामना न करना पड़े।   महापौर मीनल चौबे ने आज बूढ़ातालाब (स्वामी विवेकानंद सरोवर) के नए बायपास मार्ग से सटी बूढ़ातालाब चौपाटी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहाँ बनी 50 दुकानों में से 3 दुकानें खुली हुई पाई गईं। महापौर ने देखा कि वहाँ भारी गंदगी और साफ-सफाई की कमी थी, साथ ही वाहन पार्किंग प्रबंधन का भी कोई उचित इंतजाम नहीं था। इस स्थिति पर असंतोष जताते हुए महापौर मीनल चौबे ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम जोन 4 नगर निवेश विभाग ने जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव के निर्देश पर मौके पर ही खुली हुई 3 दुकानों को ताला लगाकर सीलबंद कर दिया।

  • एटीएम में तोड़फोड़, कैश निकालने में असफल रहे बदमाश

    31-Aug-2025

    धमतरी। अपराध का ग्राफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन अपराधी हत्या, चाकूबाजी और चोरी जैसे कई अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी बीच एक बार फिर धमतरी में चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं कि अब वे सीधे एटीएम मशीनों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां देर रात दो आरोपियों ने हिटाची एटीएम में घुसकर ताबड़तोड़ की। हालांकि मशीन से कैश निकालने में असफल रहे लेकिन लाखों का नुकसान जरूर कर गए। मिली जानकारी के अनुसार, मामला धमतरी के महिमा सागर वार्ड स्थित हिटाची एटीएम का है। जहां दो शराबी युवक गैती और टंगिया लेकर एटीएम पहुंचे और कैश निकालने की नीयत से मशीन पर ताबड़तोड़ वार करने लगे। काफी देर के मशक्कत के बाद भी आरोपी कैश बॉक्स तक नहीं पहुंच सके, लेकिन तोड़फोड़ में एटीएम मशीन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि मशीन में करीब डेढ़ लाख रुपये कैश मौजूद था, लेकिन आरोपी उसे निकालने में नाकाम रहे। सुबह जब एटीएम कर्मी मौके पर पहुंचे तो नजारा देख उनके होश उड़ गए। मशीन की हालत खराब थी और जगह-जगह टूट-फूट साफ दिखाई दे रही थी।

  • काॅन्फ्लूऐंस महाविद्यालय में गणेश चतुर्थी का आयोजन

    30-Aug-2025

    राजनांदगांव - काॅन्फ्लूऐंस महाविद्यालय के बेस्ट प्रैक्टिस एवं आई.क्यू.एसी.सेल. के संयुक्त तत्वाधान में महाविद्यालय परिसर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणेश मूर्ति स्थापना एवं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्रों ने सर्वप्रथम विधिविधान पूर्वक श्री गणपति जी की स्थापना एवं पूजन कार्यक्रम संपन्न किया तत्पश्चात सभी छात्रों ने मिलकर गणेश वंदना एवं भजन आदि का आयोजन महाविद्यालय परिसर में किया। प्राचार्य डॉ. रचना पांडे ने बताया कि प्रतिवर्ष सभी छात्रों द्वारा मिलकर महाविद्यालय परिसर में श्री गणेश जी की स्थापना, पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है यह हमारे सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपरा का प्रतीक है हिंदू धर्म के अनुसार गणेश जी प्रथम पूजनीय है और उन्हें विघ्नहर्ता एवं ज्ञान का प्रतीक माना जाता है।

  • सड़क चिरचारी में सट्टा और शराब बिक्री जोरों पर पुलिस और आबकारी विभाग मौन क्यों

    30-Aug-2025

    1  को 80 रुपए बनाने में युवा वर्ग  हो रहे बर्बाद, उधर ढाबों - ठेलों में छलक शराब
    राजनांदगांव - इन दिनों अवैध सट्टा और शराब कारोबारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि शासन प्रशासन का कोई भय नजर नहीं आ रहा जिसके चलते ही कहा जा सकता है बैखौफ होकर भाजपा सरकार की फजीहत कराने में तुले हुए हैं। वहीं मानों जिम्मेदार आबकारी विभाग और थाना के आंखों के नीचे अवैध कारोबार बेधड़क चल रहा है? जबकि विभाग को क्षेत्र की सभी प्रकार की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए रखें होते हैं तो फिर इस तरह के अवैध कारोबार पर अंकुश न लग पाना बहुत कुछ दर्शाता है? हालांकि कभी कभार खाना पूर्ति करने कुछ कार्यवाही की जाती रही है, लेकिन बहुत से कार्यवाही में अधिकांश अवैध कारोबार के संचालक को छोड़ उनके शागिर्दों पर छूट - मूठ कार्यवाही कर पल्ला झाड़ लिया जाता रहा है? ऐसा नहीं है कि सट्टा और शराब बिक्री को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा आवाज नहीं उठाई गई। जबकि वहीं पूर्व में रही कांग्रेस सरकार में भाजपा नेताओं ने पूरे छत्तीसगढ़ में अवैध कारोबार शराब बंदी को लेकर अलग - अलग स्थानों पर धरना प्रदर्शन किया व महिला मोर्चा ने सट्टा, शराब बंदी को लेकर अपनी आवाज बुलंद की थी। किंतु वहीं मिली जानकारी अनुसार आज उनके ही पार्टी से जुड़े पदाधिकारी के संरक्षण में कार्यकर्ता द्वारा अवैध सट्टा, शराब खुलेआम बिक्री कर सत्ता सरकार का धौंस दिखाकर अवैध कारोबार कर रहे हैं। जबकि पूर्व में सांसद श्री संतोष पाण्डे द्वारा नाराजगी जताई थी और अवैध कारोबार से दूर रहने कार्यकर्ताओं को कहा गया था
             सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार छुरिया ब्लॉक क्षेत्र स्थित हाइवे नेशनल सड़क चिरचारी और घोरतलाव में सट्टा और शराब खुलेआम गांव, हाइवे नेशनल रोड किनारे होटलों में सट्टा और ढाबों, ठेलों फत्तेगंज पंचवन में शराब का अवैध कारोबार खुलेआम जारी है। पुलिस और आबकारी विभाग मौन है, गांवों में अवैध कारोबार बेधड़क चल रही है। गांव क्षेत्र के स्कूली छात्र सट्टा, शराब की लत में हैं युवा वर्ग एक रुपए को  अस्सी बनाने में बर्बाद हो रहे हैं।उधर दिन रात जंगल, ढाबों ठेलों में शराब बिक्री और जगह - जगह जाम छलक रहा है। गांव में अवैध रूप से सट्टा, शराब का कारोबार खुलेआम हो रही है। गांव में सट्टा और शराब के कारोबार खुलेआम होने की वजह से अपराध बढ़ने लगे हैं।युवा वर्ग से लेकर स्कूली बच्चे तक नशे की आदी हो रहे हैं। गांव में बिगड़ते माहौल से सबसे ज्यादा महिलाएं परेशान हैं। सट्टा, शराब के लिए रुपया नहीं मिलने पर घर में झगड़ा,गांव में चोरी और अपराध बढ़ रहे हैं। गांव में सट्टा, शराब के चलते महिलाओं को रोज खराब माहौल से गुजरना पड़ता हैं। सट्टा, शराब कारोबारियों द्वारा खुलेआम गांव में कारोबार कर रहे हैं। जिससे गांव का माहौल खराब और युवा वर्ग, स्कूली बच्चों में अपराध बढ़ने के साथ - साथ सट्टा, शराब की लत में बर्बाद हो रहे हैं। पुलिस और आबकारी विभाग अवैध सट्टा, शराब कारोबारियों पर कार्यवाही नहीं कर रहे हैं।
             जानकारी अनुसार सड़क चिरचारी और घोरतलाव में सट्टा चलाने वाला खाईवाल छुरिया का  रहने वाला बताया जा रहा है। भाजपा, कांग्रेस राजनीतिक दलों से जुड़े हुए हैं। शराब कारोबारी गांव और आस - पास के है जिनके द्वारा गांव में अवैध सट्टा, शराब का खुलेआम कारोबार कर रहे हैं। सट्टा, शराब कारोबारियों को राजनीतिक संरक्षण पुलिस और आबकारी विभाग की मिलीभगत से गांव में सट्टा, शराब का अवैध कारोबार जोरो से बेधड़क जारी है। पुलिस और आबकारी विभाग मौन क्यों, सट्टा, शराब कारोबारियों पर कार्यवाही नहीं हो रही है

  • भारी मात्रा में शराब के साथ युवक हुआ गिरफ्तार

    30-Aug-2025

    रायपुर। अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब रखकर बिक्री करते युवक गिरफ्तार हो गया है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बगदई मंदिर के पास सरोरा मेन रोड किनारे में एक प्लास्टिक बोरी में अवैध रूप से बिक्री हेतु शराब रखा हुआ है तथा बिक्री करने हेतु ग्राहक तलाश कर रहा है कि सूचना पर रेड कार्यवाही कर आरोपी के कब्जे से 80 पौवा देशी मसाला शराब बिक्री करने हेतु अवैध रूपये से रखा पाये जाने से आरोपी को धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत् गिरफ्तार किया गया है। उपरोक्त कार्यवाही उमनि/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ0 लाल उमेंद सिंह द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी द्वारा क्षेत्र में निजात (नशामुक्ति) कार्यक्रम के तहत् प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश के परिपालन में निरीक्षक रमाकान्त तिवारी थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा के निर्देशन में प्र0आर0 636 राजेश सिकरवार तथा आरक्षक संदीप सिंह, कमलेश वर्मा, दीपक सेन, गणेश वर्मा, शैलेन्द्र डहरिया एवं मोनिस बघेल के द्वारा किया गया है।

  • बीजापुर बाढ़ में बही लड़कियों की लाश मिली, झाड़ियों से बरामद

    30-Aug-2025

    बीजापुर। बस्तर में बीते दिनों आई बाढ़ ने भारी ताबाही मचाई. कहीं बारिश के बाढ़ के पानी से कई घर ढह गए तो कहीं बाढ़ ने लोगों की जान ले ली. बीते सोमवार को बीजापुर के भैरमगढ़ ब्लॉक में नाव पलटने से दो छात्राएं बाढ़ में बह गई थी, जिसका शव आज झाड़ियों में फंसा मिला. इस घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम पसर गया है. बता दें कि चिंगेर गांव के ग्रामीण नेलागोंडा घाट को नाव में पार कर रहे थे, इस दौरान नाव पलटने से पांचवीं कक्षा में अध्यनरत दो छात्राएं बाढ़ में बह गई थी. ग्रामीणों की सूचना पर नगर सेना की टीम ने आसपास ढूंढती रही, लेकिन कुछ भी सुराग हाथ नहीं लगा था. शनिवार को दोनों छात्राओं का शव दो अलग-अलग स्थानों से झाड़ियों में फंसा हुआ मिला. ग्रामीणों की सूचना पर नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची और दो शवों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद घर वालों को शव सौंपा जाएगा.

  • प्रमाणित बीज उत्पादन एक लाभकारी व्यवसाय: पंजीयन की अंतिम तिथि 31 अगस्त

    30-Aug-2025

    महासमुंद। छत्तीसगढ़ शासन का एक उपक्रम छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा प्रत्येक वर्ष खरीफ मौसम में कृषकों को बीज उत्पादन कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर प्रदान कर अन्य किसानों की तुलना में प्रति एकड़ अधिक लाभ कमाने का मौका देता आ रहा है लेकिन इसकी जानकारी कुछ ही किसानों को होती है। प्रमाणित बीज के उपयोग से पुराने बीज की तुलना में 10 से 15% अधिक उपज प्राप्त होता है। फ़सल की पैदावार बढ़ाने के लिए कृषि विभाग द्वारा प्रमाणित बीज के उपयोग को  बढ़ावा दिया जाता है। प्रदेश के किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार किस्मों का प्रमाणित बीज मुहैया कराने के लिए बीज निगम बीज उत्पादन कार्यक्रम आयोजित करता है। जिन किसानों के पास 2.5 एकड़ या इससे अधिक ज़मीन है वो छत्तीसगढ़ राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था में मामूली शुल्क देकर अपना पंजीयन करा सकते है। इसके लिए आपको अपने जिले के बीज प्रकिया केंद्र में संपर्क करना होगा। बीज उत्पादन कैसे किया जाता है इसकी पूरी जानकारी बीज प्रमाणीकरण अधिकारियों द्वारा दी जाती है।  फ़सल कटने पर अपना बीज प्रक्रिया केंद्र में देने पर आपको एक सप्ताह में बीज की अग्रिम राशि दे दी जाती है जो कुल बीज की कीमत का लगभग 60% राशि है शेष 40% राशि बीज परीक्षण परिणाम आने पर दे दी जाती है। इस प्रक्रिया में लगभग 2 माह लगते है। पिछले खरीफ में धान मोटा किस्म की किसानों बीज खरीदी दर 3043 एवं 800(बोनस) कुल 3843 रुपये प्रति क्विंटल, धान पतला किस्म- 3211 एवं 800(बोनस) कुल 4011 रुपये प्रति क्विंटल, सुगंधित किस्म- 3644 एवं 800(बोनस) कुल 4444 रुपये प्रति क्विंटल थी। इस प्रकार, पिछले खरीफ में जिन किसानों ने बीज निगम में उत्पादन कार्यक्रम में हिस्सा लिया था उन्हें शासन द्वारा निर्धारित धान की खरीदी दर 3100 रुपए प्रति क्विंटल की तुलना में मोटे किस्म की 743 रुपए प्रति क्विंटल अर्थात 15603 रुपए प्रति एकड़ अधिक मिले मतलब 1 हेक्टर वाले किसान को लगभग 40,000 रुप अधिक मिले. हालांकि किसानों को बीज का 40% राशि मिलने में 2-2.5 माह लगता है किन्तु तब भी किसी अन्य निवेश से अधिक लाभ प्राप्त होने से किसान इस कार्यक्रम के प्रति उत्साहित रहते हैं। अभी शासन स्तर पर उत्पादन अनुदान बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है जिसे अंतिम रूप मिलने पर लाभ और अधिक होगा। इसके लिए किसानों को 31 अगस्त तक पंजीयन कराना होगा।

  • धमतरी में गौवंश तस्करी, दो आरोपी गिरफ्तार

    30-Aug-2025

    धमतरी। गौवंश तस्करी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए है। थाना केरेगांव क्षेत्र में एक सफेद रंग के पिकअप वाहन क्रमांक CG 05 AN 4324 में 01 नग भैंसा एवं 01 नग भैंसी को बिना चारा-पानी के, अवैध रूप से कत्ल करने की नीयत से परिवहन किया जा रहा था। केरेगांव पुलिस टीम द्वारा वाहन को रोककर पूछताछ करने पर आरोपीगण पशुओं के परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए।तत्पश्चात गवाहों की मौजूदगी में गौवंश को जप्त कर कब्जा पुलिस में लिया गया।  थाना प्रभारी केरेगांव द्वारा पशु तस्करी एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध की गई प्रभावी कार्यवाही के तहत अपराध क्रमांक 17/2025 धारा 4, 6, 10 पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं धारा 11 पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों का कृत्य अपराध सदर धारा के अंतर्गत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पुलिस द्वारा पशु तस्करी एवं अवैध परिवहन जैसी गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखते हुए कड़ी कार्यवाही लगातार की जा रही है। उल्लेखनीय है की धमतरी पुलिस,थाना भखारा द्वारा पिछले माह गौवंश तस्करी करने वाले 02 प्रकरणों में 05 आरोपियों के विरुद्ध एवं दिनांक 02.08.25 में ही 07 आरोपियों के विरुद्ध कुल 12 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही कर जेल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम ● (01) नारायण साहू पिता सरजू राम साहू, उम्र 44 वर्ष, निवासी खरतुली थाना अर्जुनी, जिला धमतरी(छ.ग.)। ● (02) लोमश साहू पिता संजय साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी परसतराई थाना अर्जुनी, जिला धमतरी(छ.ग.)।

  • छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष पर ग्राम बेमचा में महतारी मेगा हेल्थ कैम्प आयोजित

    30-Aug-2025

    महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग शहरी परियोजना महासमुंद द्वारा ग्राम पंचायत बेमचा में महतारी मेगा हेल्थ कैम्प का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों को स्वास्थ्य सुविधाओं से सीधे जोड़ना और कुपोषण उन्मूलन के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर के दौरान कुल 60 किशोरी बालिकाओं का सिकलिंग एवं हीमोग्लोबिन टेस्ट किया गया, जिससे उनके स्वास्थ्य की वास्तविक स्थिति का  आकलन किया जा सके। वहीं 29 गंभीर कुपोषित बच्चों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई। इसके अलावा गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं सहित 204 हितग्राही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित हुए। इस अवसर पर जनपद सदस्य संगीता राहुल चंद्राकर सारेंच देवेंद्र चंद्राकर ,परियोजना अधिकारी श्री शैल नाविक मौजूद थे। जनपद सदस्य श्रीमती संगीता राहुल चंद्राकर इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का रजत जयंती वर्ष हमारे लिए विशेष महत्व रखता है।इस अवसर पर हम यह प्रयास कर रहे हैं कि स्वास्थ्य सेवाएँ हर जरूरतमंद तक पहुंचे। बेमचा में आयोजित महतारी मेगा हेल्थ कैम्प इसी संकल्प का हिस्सा है। हमारी प्राथमिकता है कि किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध हो।  
    कार्यक्रम में सुपरवाइजर शीला प्रधान एवं कुंती यादव, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं एएनएम मौजूद रहे। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को सफल बनाया। शिविर का लाभ लेने पहुंचे हितग्राहियों ने कैंप की सराहना की। यहां आए किशोरियों और माताओं ने बताया कि ऐसे शिविरों से उन्हें न केवल स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलती है बल्कि सही समय पर परामर्श और उपचार भी प्राप्त होता है। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार की पहल से गाँव की महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य स्तर बेहतर होगा। ग्राम पंचायत बेमचा में आयोजित यह शिविर राज्य शासन की उस भावना को भी प्रकट करता है जिसके अंतर्गत स्वस्थ छत्तीसगढ़ – समृद्ध छत्तीसगढ़ का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है।
     

  • अवैध शराब के साथ सूरज साहू गिरफ्तार, 40 पौवा जब्त

    30-Aug-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर की पुलिस ने अवैध शराब की खरीदी-बिक्री और तस्करी पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना आज़ाद चौक पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर आरोपी सूरज साहू को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 40 पौवा देशी शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 हजार रुपए बताई गई है। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने हाल ही में सभी थाना प्रभारियों, राजपत्रित अधिकारियों और एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट (ACCU) को अवैध शराब की तस्करी और बिक्री रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए थे। निर्देश के बाद पुलिस लगातार मुखबिरों और अन्य माध्यमों से सूचना एकत्रित कर रही है।  इसी क्रम में 29 अगस्त 2025 को आजाद चौक थाना क्षेत्र के समता कॉलोनी स्थित मीरा दातार के पास एक व्यक्ति द्वारा शराब बेचने की फिराक में होने की सूचना मिली। इस पर आजाद चौक थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज साहू पिता सेवक राम साहू उम्र 45 वर्ष निवासी शिवनगर थाना आजाद चौक रायपुर बताया। टीम ने उसके पास रखे थैले की तलाशी ली, जिसमें अवैध देशी शराब रखी पाई गई। जब पुलिस ने शराब रखने और भंडारण के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके विपरीत वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। अंततः पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सूरज साहू के कब्जे से देशी शराब के कुल 40 पौवा जप्त किए गए। जब्त शराब की बाजार कीमत लगभग 4,000 रुपए आंकी गई है। इस संबंध में थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 252/25 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि राजधानी रायपुर में अन्य राज्यों से अवैध शराब की तस्करी रोकने और स्थानीय स्तर पर हो रही अवैध खरीदी-बिक्री पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं, स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह की कार्रवाई से मोहल्लों और कॉलोनियों में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगेगी।

Top