बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • नक्सल सदस्य मुक्त पंचायत बड़ेसट्टी में स्वास्थ्य व जागरूकता की गूंज

    25-Aug-2025

    सुकमा। छत्तीसगढ़ के प्रथम नक्सल सदस्य मुक्त पंचायत बड़े सेट्टी ने एक नई मिसाल कायम की। यहाँ कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में आयोजित ग्रामसभा में पंचायत प्रतिनिधियों, जिला पंचायत पदाधिकारियों और पिरामल फाउंडेशन के सदस्यों ने मिलकर ग्रामीणों से महिला एवं बाल विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर शिविर आयोजित की।

    इसी क्रम में मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना के तहत सेक्टर फूलबगड़ी के बीएमओ डॉ. भीमा बारसे द्वारा बड़े सेट्टी में 19 कुपोषित बच्चों की जांच की गई। स्वास्थ्य सेवाओं की इस पहल को लेकर ग्रामीणों ने संतोष और उत्साह व्यक्त किया।
     
    इसके साथ ही महतारी मेगा हेल्थ कैंप और बाल संदर्भ शिविर का आयोजन भी पंचायत में हुआ। इसमें आसपास के गांवों से आईं महिलाओं, किशोरी बालिकाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा दवाइयों का वितरण हुआ। इस अवसर पर 77 महिलाओं की स्वास्थ्य जांच इस अवसर पर की गई।
     
    स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता पर भी जोर दिया गया। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं और माताओं को “गुड टच, बैड टच”, चाइल्ड हेल्पलाइन और महिला हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
     
    नक्सल सदस्य मुक्त पंचायत बड़े सेट्टी पंचायत की यह पहल स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में ग्रामीणों के लिए एक नई उम्मीद बनकर सामने आई है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण और अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। 
  • खेत में करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, गांव में सनसनी

    25-Aug-2025

    कवर्धा। जिले के रणवीरपुर चौकी अंतर्गत कोहड़िया गांव में बीती रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। खेत में लगे हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जहुरु निषाद और उसका बेटा श्रवण निषाद देर रात खेत में टमाटर चोरी करने के लिए पहुंचे थे। खेत मालिक विशाल पटेल ने अपनी फसल की सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर हाईटेंशन तार बिछा रखा था। इसी तार की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
     
    सुबह जब खेत मालिक खेत पर पहुंचा तो उसने दोनों के शवों को जमीन पर पड़ा देखा। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रणवीरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए लोहारा अस्पताल भेजा।
     
    इधर, घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि फसल की सुरक्षा के लिए खेतों में हाईटेंशन तार लगाना बेहद खतरनाक और जानलेवा है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
     
    फिलहाल शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और उसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।
  • कलेक्टर की अध्यक्षता में आदि कर्मयोगी अभियान की जिला स्तरीय बैठक संपन्न

    22-Aug-2025

    बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आदि कर्मयोगी अभियान की जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। आदिवासी समुदायों के शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक अवसर सामाजिक न्याय एवं अन्य क्षेत्रों में कल्याण एवं विकास को बढ़ावा देने के उद्द्देश्य से जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान शुरू किया गया है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी, सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास पी.सी. लहरे, संबंधित विभागों के जिला अधिकारी, जिला समन्वयक रेडक्रास सोसायटी सौरभ सक्सेना, प्रशिक्षित जिला मास्टर ट्रेनर्स एवं एनजीओ के सदस्य उपस्थित थे।

    अभियान अंतर्गत आदिवासी विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों में अनुसूचित जनजातियों हेतु संचालित योजनाओं एवं सेवाओं तथा प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में शामिल गतिविधियों का प्रचार प्रसार करते हुए जिले के 50 प्रतिशत से अधिक जनसंख्या वाले अनुसूचित जनजाति बाहुल्य सभी 102 ग्रामों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
     
    कलेक्टर ने बैठक में विभागों के उपस्थित अधिकारियों को ब्लॉक मास्टर ट्रेनर्स का चयन कर नाम प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। ब्लॉक मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आयोजित कर विकासखण्ड कोटा 65, विकासखण्ड बिल्डा 11, विकासखण्ड मस्तूरी 13 एवं विकासखण्ड तखतपुर 13 इस तरह कुल चिन्हांकित 102 अनुसूचित जनजाति बाहुल्य ग्रामों में से प्रत्येक ग्राम में ग्राम स्तरीय समिति गठन करने कहा। इसके अलावा क्लस्टर तैयार करने तथा मैदानी स्तर के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, महिला बाल विकास सुपरवाईजर, संकुल शैक्षिक समन्वयकों, शिक्षकों, स्वास्थ्य मितानीन, वन प्रबंधन समिति के सदस्यों को आदि कर्मयोगी अभियान में जोड़ने हेतु निर्देशित किया है।
     
    उल्लेखनीय है कि इस अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम को सशक्त, आत्मनिर्भर और समग्र विकास की और अग्रसर किया जाएगा। इसमें ग्राम पंचायत सचिवों, स्वयं सेवकों और स्थानीय समुदाय के भूमिका अहम होगी। सम्पूर्ण योजना को डिजिटल प्लेटफार्म से जोड़ा जायेगा ताकि हर ग्रामीण को सूचना, सेवाएं और योजनाएं एक ही स्थान पर मिल सके। कलेक्टर संजय अग्रवाल द्वारा निर्देशित किया गया कि यह अभियान भारत सरकार के महत्वपूर्ण अभियान है। इसका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करते हुए अनुसूचित जनजातियों को शासन के योजनाओं से लाभान्वित कराना सुनिश्चित की जाये। 
  • लाखासार में मनरेगा से नया पंचायत भवन तैयार

    22-Aug-2025

    बिलासपुर। जनपद पंचायत तखतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत लाखासार में नवीन पंचायत भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। मनरेगा योजना अंतर्गत स्वीकृत इस कार्य पर 16 लाख 37 हजार रुपए की राशि स्वीकृत हुई, जिसमें 15 लाख 51 हजार रुपए का व्यय किया गया। पहले पंचायत भवन जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था, जिसके चलते बैठकों, पंचायत की सामग्री के भंडारण एवं अन्य कार्यक्रमों में असुविधा होती थी। ग्राम पंचायत द्वारा रखे गए प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद कार्य एजेंसी एवं मनरेगा जॉब कार्डधारी पात्र श्रमिकों की मदद से भवन निर्माण कराया गया।  

    नया पंचायत भवन बनने से ग्राम पंचायत स्तर पर बैठकों के लिए एक निश्चित स्थल उपलब्ध हुआ है। साथ ही पंचायत की सामग्री के भंडारण हेतु स्थल अभाव की भी चिंता दूर हुई है। अब ग्रामवासियों को बैठकों, भंडारण एवं आमजनों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुलभ हो गई हैं। निर्माण कार्य से ग्राम पंचायत में होने वाली बैठक एवं उन बैठक में उपस्थित होने वाले सदस्यों के लिए एक नियत स्थल प्राप्त हो सका। इस भवन के निर्माण से न केवल पंचायत के कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता आई है। बल्कि ग्रामवासियों के लिए भी एक स्थायी एवं सुविधाजनक स्थल उपलब्ध हो सका है।
  • छत्तीसगढ़ में कलमबंद-कार्यालय बंद आंदोलन: सरकारी दफ्तरों में सन्नाटा

    22-Aug-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के बैनर तले शुक्रवार से शुरू हुए कलमबंद-कार्यालय बंद आंदोलन का पहले ही दिन व्यापक असर दिखाई दिया। राजधानी स्थित इंद्रावती भवन से लेकर प्रदेशभर के सरकारी दफ्तरों में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। यूनिवर्सिटी और स्थानीय निकायों में भी सन्नाटा पसरा रहा।

    फेडरेशन ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर यह बेमुद्दत आंदोलन शुरू किया है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता (DA), DA एरियर्स का भुगतान, चार स्तरीय समयमान वेतनमान, पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करना, पंचायत सचिवों का शासकीयकरण, संविदा और अनियमित कर्मचारियों का नियमितीकरण तथा सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
     
    फेडरेशन अध्यक्ष कमल वर्मा ने आंदोलन को लेकर कहा कि यदि सरकार ने समय पर मांगों पर संज्ञान नहीं लिया, तो 30 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की जाएगी।
     
    धरना स्थलों पर बड़ी संख्या में कर्मचारी जुटकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। इंद्रावती भवन में फिर से तालाबंदी जैसी स्थिति बन गई है। इससे पहले कांग्रेस शासनकाल में भी इसी तरह की बेमुद्दत हड़ताल 17 दिनों तक चली थी, जिसने पूरे प्रशासनिक कामकाज को ठप कर दिया था।
     
    कर्मचारी संगठनों का दावा है कि इस बार आंदोलन में प्रदेशभर के कर्मचारियों की अभूतपूर्व एकजुटता देखने को मिल रही है।
     
    ये है फेडरेशन की प्रमुख मांगे
    -केंद्र सरकार के समान कर्मचारियों एवं पेंशनरों को देय तिथि से महंगाई भत्ता (DA) लागू किया जाए।
    -DA एरियर्स की राशि कर्मचारियों के GPF खाते में समायोजित की जाए।
    -सभी कर्मचारियों को चार स्तरीय समयमान वेतनमान दिया जाए।
    -लिपिकों, शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग सहित विभिन्न संवर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करने पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक किया जाए।
    -प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना करते हुए संपूर्ण सेवा लाभ दिया जाए।पंचायत सचिवों का शासकीयकरण किया जाए।
    -सहायक शिक्षकों एवं सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों को तृतीय समयमान वेतनमान दिया जाए। नगरीय निकाय के कर्मचारियों को नियमित मासिक वेतन एवं समयबद्ध पदोन्नति दिया जाए।
    -अनुकंपा नियुक्ति नियमों में 10 प्रतिशत सीलिंग में शिथिलीकरण की जाए।
    -प्रदेश में कैशलेश सुविधा लागू की जाए।
    -अर्जित अवकाश नगदीकरण 300 दिवस की जाए।
    -दैनिक,अनियमित,संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की ठोस नीति बने।
    -सभी विभागों में समानता लाते हुए सेवानिवृत्त आयु 65 वर्ष की जावे।
  • केंद्रीय जेल से 15 साल की सजा काट रहा कैदी फरार, प्रशासन में हड़कंप

    22-Aug-2025

    रायपुर। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को रायपुर केंद्रीय जेल से एनडीपीएस एक्ट में 15 साल की सजा काट रहा कैदी फरार हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। अपने स्तर पर खोजबीन के बाद भी कैदी का कोई सुराग नहीं मिलने पर जेल प्रबंधन ने गंज थाने में मामला दर्ज कराया है।

     
    थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, फरार कैदी का नाम चंद्रवीर सिंह उर्फ पिंटू है, जो उत्तरप्रदेश के मथुरा का निवासी है। पिंटू को विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस पंकज सिन्हा की अदालत ने पिछले वर्ष 25 जुलाई को 15 वर्ष की कैद और तीन लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में उसे अतिरिक्त छह साल कैद की सजा भी दी गई थी।
     
    ऐसे दिया प्रहरी को चकमा
    गंज थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, जेल प्रहरी मनीष रजवाड़े की अभिरक्षा में चंद्रवीर समेत चार अन्य बंदियों को पुराने जेल मुख्यालय की मरम्मत के काम के लिए ले जाया गया था। काम के दौरान दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच चंद्रवीर ने मौके पर मौजूद प्रहरी और बंदियों को चकमा देकर पिछले दरवाजे से फरार हो गया।
     
    करीब ढाई बजे जब उसकी गैरमौजूदगी का पता चला, तो प्रहरी अन्य बंदियों को लेकर तुरंत जेल लौटा और अधिकारियों को सूचना दी। जेल प्रशासन ने तत्काल खोजबीन शुरू की, लेकिन नाकामी मिलने पर थाने में मामला दर्ज कराया।
     
    फिलहाल पुलिस ने फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी है और उसकी जानकारी उत्तरप्रदेश पुलिस को भी भेज दी गई है।
  • 382 से ज्यादा दिव्यांगों को मिलेंगे कृत्रिम अंग, लिंब फिटमेंट कैम्प 24 को

    22-Aug-2025

    रायपुर। उदयपुर स्थित नारायण सेवा संस्थान, जो पिछले चार दशकों से दिव्यांगों की सेवा में समर्पित है, अब छत्तीसगढ़ की राजधानी में जीवन बदलने वाला शिविर आयोजित करने जा रहा है। संस्थान द्वारा 24 अगस्त को वीआईपी रोड, विशाल नगर स्थित शगुन फार्म में सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक निःशुल्क नारायण लिंब एवं कैलीपर्स फिटमेंट कैम्प का आयोजन होगा।

     
    शिविर का उद्घाटन समारोह सुबह 11 बजे होगा। इस अवसर पर 382 दिव्यांगजन, जिन्हें 13 अप्रैल को आयोजित निःशुल्क मेजरमेंट कैंप में चयनित किया गया था, जर्मन टेक्नोलॉजी से निर्मित कृत्रिम अंग पाकर अपने पैरों पर खड़े होंगे और नई जिंदगी की ओर कदम बढ़ाएँगे।
     
    40 वर्षों से निरंतर सेवा
    संस्थान के मीडिया एवं जनसंपर्क निदेशक भगवान प्रसाद गौड़ ने बताया कि नारायण सेवा संस्थान बीते 40 वर्षों से लाखों दिव्यांगों को देश-विदेश में उनके ही शहर और घर के पास सेवा पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा, “हर समृद्ध समाज की शक्ति उसके प्रत्येक नागरिक में बसती है। जब दिव्यांग सशक्त होते हैं तो देश की प्रगति का रथ और गतिमान हो जाता है।”
     
    इस अवसर पर शिविर प्रभारी हरि प्रसाद लड्ढा, आश्रम प्रभारी भरत पालीवाल और हेमंत मेघवाल ने भी पोस्टर जारी किया।
     
    उम्मीद और आत्मनिर्भरता की सौगात
    निदेशक गौड़ ने बताया कि यह शिविर केवल कृत्रिम अंग वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उम्मीद, आत्मनिर्भरता और मुस्कान लौटाने का अभियान है। जिनकी दुनिया किसी हादसे के बाद ठहर गई थी, वे अब फिर से जीवन की दौड़ में शामिल हो सकेंगे।
     
    संस्थान की उपलब्धियां
    नारायण सेवा संस्थान 1985 से “नर सेवा ही नारायण सेवा है” की भावना से कार्यरत है।
    संस्थापक कैलाश मानव को राष्ट्रपति द्वारा पद्मश्री से अलंकृत किया जा चुका है।
    हाल ही में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उन्हें सामुदायिक सेवा एवं सामाजिक उत्थान श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया।
     
    संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल मेडिकल, शिक्षा, कौशल विकास और खेल अकादमी जैसी पहल के जरिए लाखों जीवनों को संबल प्रदान कर रहे हैं। उन्हें भी वर्ष 2023 में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। संस्थान अब तक 40,000 से अधिक कृत्रिम अंग निःशुल्क लगा चुका है।
  • इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी के पास अवैध शराब बेचने वाला केटली गिरफ्तार

    21-Aug-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आकाश छाबड़ा उर्फ केटली (25 वर्ष) निवासी आरडीए कॉलोनी, डिपरापारा, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2, विमल फैक्ट्री के पास एक व्यक्ति अवैध शराब बिक्री के लिए बैठा है। सूचना पर थाना प्रभारी एस.एन. सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने मौके से भूरे रंग के बैग और लाल रंग की बोरी में रखी देशी मसाला शराब के कुल 48 पौवा (8.640 बल्क लीटर), कीमत करीब 4800 रुपये जब्त किया। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से रोमियो ब्रांड देशी प्लेन शराब के 50 पौवा (9.000 बल्क लीटर), कीमत 4500 रुपये भी बरामद किए गए। कुल मिलाकर करीब 9300 रुपये की अवैध शराब ज़ब्त की गई। आरोपी से शराब के संबंध में पूछताछ करने पर वह कोई वैध दस्तावेज या जानकारी पेश नहीं कर पाया। पुलिस ने आरोपी आकाश छाबड़ा के खिलाफ अपराध क्रमांक 363/25 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि डीडी नगर थाना स्टाफ की त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगा है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के सभी सदस्यों की सराहना की गई है।

  • नवा रायपुर बनेगा सेंट्रल इंडिया की सिलिकॉन वैली, आईटी और एमआई क्रांति की दिशा में बड़ा कदम

    21-Aug-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आईटी और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल की है। नवा रायपुर में जल्द ही नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्फोर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) की स्थापना होने जा रही है। इस संस्थान के शुरू होने से नवा रायपुर को सेंट्रल इंडिया की सिलिकॉन वैली बनाने का सपना साकार होगा। यह संस्थान युवाओं को आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में उच्च स्तरीय शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान करेगा।   खासकर उन युवाओं को लाभ मिलेगा जो सूचना प्रौद्योगिकी, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में अपना करियर बनाना चाहते हैं। नवा रायपुर में यह संस्थान बनने के बाद तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। यहां पढ़ाई पूरी करने वाले छात्रों को न केवल राज्य बल्कि पूरे देश की अग्रणी आईटी कंपनियों में काम करने का मौका मिलेगा। यह छत्तीसगढ़ को तकनीकी क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।  महत्वपूर्ण पहलू: आईटी और एमआई क्रांति में बड़ा कदम: नवा रायपुर में इस संस्थान की स्थापना से राज्य में डिजिटल इंडिया मिशन को गति मिलेगी। रोजगार के अवसर: तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को सीधा रोजगार मिलेगा। नवा रायपुर का विकास: आधुनिक बुनियादी ढांचे और आईटी हब के रूप में नवा रायपुर की पहचान और मजबूत होगी। इस संस्थान की स्थापना से छत्तीसगढ़ के युवाओं को महानगरों की ओर पलायन करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने ही राज्य में उच्च गुणवत्ता वाली तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे और बहुराष्ट्रीय कंपनियों के साथ जुड़ सकेंगे। आईटी सेक्टर की इस पहल को छत्तीसगढ़ में रोजगार और शिक्षा सुधार की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में नवा रायपुर को देश का प्रमुख आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स हब बनाया जाए, जिससे राज्य के साथ-साथ पूरे मध्य भारत का विकास तेज़ी से हो।

  • प्राणीशास्त्र विभाग द्वारा शैक्षणिक भ्रमण

    21-Aug-2025

    दुर्ग। शासकीय वि.वाय.टी.पी.जी. स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग (छत्तीसगढ़) के प्राणीशास्त्र विभाग के एम.एससी. तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों को जिले के अर्जुंदा स्थित मत्स्य फार्म का भ्रमण कराया गया। इस शैक्षणिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मत्स्य पालन की व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना था। विद्यार्थियों को मत्स्य प्रजनन, पालन, आहार प्रबंधन, जल गुणवत्ता नियंत्रण तथा मत्स्यों की सामान्य बीमारियों और उनके उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। मत्स्य फार्म के प्रभारी अधिकारी एवं तकनीकी कर्मचारियों ने मत्स्य  बीज उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं, हैचरी संचालन तथा विभिन्न प्रजातियों के मत्स्यों की पहचान संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने लाबियो रोहिता, कतला आदि प्रजातियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और उनके पालन के लिए आवश्यक तकनीकी पहलुओं को समझा। भ्रमण के दौरान जल परीक्षण, आहार मिश्रण की तैयारी तथा मत्स्यों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवहारिक विधियाँ भी प्रदर्शित की गईं। प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को पुस्तकात्मक ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक अनुभव भी प्राप्त होता है, जो भविष्य में उनके शोध एवं रोजगारोन्मुखी कौशल को विकसित करने में सहायक होगा। यह शैक्षणिक भ्रमण डॉ. अल्का मिश्रा एवं श्री अनुराग मिश्रा के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।

  • कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का कसडोल में हुआ आत्मीय स्वागत, जताया आभार

    21-Aug-2025

    कसडोल। छत्तीसगढ़ शासन में कैबिनेट मंत्री का दायित्व प्राप्त करने के बाद मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का कसडोल आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। गिरौदपुरी धाम प्रवास के दौरान कसडोल पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय अभिनंदन कर स्वागत किया। मंत्री खुशवंत साहेब का स्वागत फूल-मालाओं, शाल-श्रीफल और जयघोष के साथ किया गया। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि उन्हें जो दायित्व प्राप्त हुआ है, वह केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि जनता के  विश्वास और कार्यकर्ताओं की निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने कहा— “आप सभी के स्नेह, सहयोग और शुभकामनाओं के लिए मैं हृदय से आभार प्रकट करता हूं। यह जिम्मेदारी मुझे आप सबके विश्वास और आत्मीयता से मिली है। हम सब मिलकर स्वर्णिम छत्तीसगढ़ के निर्माण हेतु संकल्पित होकर आगे बढ़ेंगे।”

  • CM साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल जापान एवं दक्षिण कोरिया के दौरे पर

    21-Aug-2025

    रायपुर। भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO), भारत सरकार के आमंत्रण पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल आज जापान और दक्षिण कोरिया के आधिकारिक दौरे पर रवाना हुआ। इस यात्रा का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करना है। टोक्यो (22–24 अगस्त) में प्रतिनिधिमंडल जापानी उद्योगपतियों, व्यापार संघों और निवेशकों के साथ इन्वेस्टर कनेक्ट सेशंस एवं व्यावसायिक बैठकों में भाग लेगा। इसके बाद ओसाका (25–26 अगस्त) में  मुख्यमंत्री श्री साय वर्ल्ड एक्सपो 2025 में शामिल होंगे और छत्तीसगढ़ में निवेश अवसरों पर विभिन्न हितधारकों से चर्चा करेंगे। दौरे का अंतिम चरण सियोल (27–29 अगस्त) में होगा, जहाँ निवेशक गोलमेज बैठकों, कोरिया की शीर्ष कंपनियों और व्यापार संघों से मुलाकात तथा सेक्टर-विशेष संवाद आयोजित किए जाएंगे। वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ पर फोकस ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो 2025 में भारत मंडपम अंतर्गत छत्तीसगढ़ पवेलियन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत, नवाचार की संस्कृति और उभरते भविष्य-उन्मुख क्षेत्रों को वैश्विक दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पवेलियन को राज्य की अनूठी पहचान को दर्शाने के उद्देश्य से डिज़ाइन किया गया है। इसमें औद्योगिक विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी और सतत विकास जैसे प्रमुख फोकस क्षेत्रों को शामिल किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह प्रदर्शनी पूरी दुनिया के लिए छत्तीसगढ़ के परिवर्तन और भविष्य की आकांक्षाओं की झलक प्रस्तुत करेगी।  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जापान और कोरिया के उद्योगपतियों, व्यापार संघों और वैश्विक निवेशकों से सीधे संवाद करेंगे, जिसका उद्देश्य दीर्घकालिक साझेदारियाँ स्थापित करना, नए व्यापारिक चैनल खोलना तथा प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में ज्ञान आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। विश्व के सबसे बड़े नवाचार और सहयोग प्लेटफार्मों में से एक में भाग लेकर मुख्यमंत्री श्री साय इस अवसर का उपयोग इस्पात, खनन, स्वच्छ ऊर्जा और स्टार्टअप्स जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने के लिए करेंगे। यह मिशन राज्य की सक्रिय पहल को दर्शाता है, जिसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेशकों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बनाना और आर्थिक विकास के नए अवसरों को खोलना है।

  • गौमाता को राज माता घोषित कराने गौ हत्या बंद करने शिव सेना द्वारा महा हस्ताक्षर अभियान

    21-Aug-2025

    राजसात कार्यवाही से तस्करों में मचा हड़कंप

    डोंगरगांव_शिवसेना जिलाध्यक्ष आकाश सोनी ने बताया की गौ वंश को सुरक्षित करने नगर में स्थित पुराने बस स्टैंड में स्टाल लगा कर महा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। गुरुवार को हस्ताक्षर अभियान में शिवसेना छुरिया ब्लॉक अध्यक्ष संजय सरपे, प्रकाश सोनी, हरेन्द्र मालेकर, ज्ञानचंद बल्लू लोढ़ा, पवन कुमार रावटे, मनोज मानिकपुरी सहित शिवसैनिक उपस्थिति रहे। राजनांदगांव जिले के साथ ही पुरे प्रदेश के पांचो संभागो में शिवसेना द्वारा गौ माता को राज्य माता का दर्जा दिलाने, गौ हत्या करने वालो पर हत्या का मामला दर्ज करने, गौ तस्कर वाहनों को राजसात की कार्यवाही करने, घुमंतु गौमाता को गांव गांव में निर्मित गौठानो में रख कर उस क्षेत्र के दो लोगो को कलेक्टर दर पर रोजगार देकर गौ संरक्षण करने सहित गौ रक्षा की मांगों को लेकर पिछले 50 दिनों से महा हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इसी तरह दुर्ग संभाग में भी किसान सेना प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, शिवसेना प्रदेश सचिव कमल सोनी, प्रदेश सचिव दिनेश ताम्रकर, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराम केशरवानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शोभा शंकर त्रिपाठी, महामंत्री मनीष तिवारी सहित प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के नेतृत्व में पिछले 50 दिनों से डोर टू डोर संपर्क कर और मुख्य बाजार एव चौराहो में स्टॉल लगाकर महा हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। जिसके चलते छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री जी ने गौ रक्षा के मामले को संज्ञान में लिया और गौ धाम बनाने की घोषणा कर दी। लेकिन धरातल में अब भी गौ रक्षा को लेकर कोई व्यवस्था नजर नही आ रही है। सड़को पर विचरण करने मजबूर गौ माता अब भी लगातार दुर्घटना का शिकार बन रही है। जिलाध्यक्ष सोनी ने बताया हाल ही में बीती रविवार की रात करीब 2 बजे राजनांदगांव से नागपुर हाइवे में 1 ट्रक चालक द्वारा 9 गायों को बर्बरता पूर्ण तरीके से कुचल दिया। जिससे मौके पर ही सभी 9 गायों की मौत हो गयी ऐसे वाहन चालकों पर शिव सेना स्वयं अपराध पंजीबद्ध करा रही हैं उन्होंने बताया कि शिव सेना द्वारा जनजागरण अभियान एवं जिलाधीश राजनांदगांव द्वारा जो लगातार गौ तस्करों की गाड़ीयों को राजसात की कार्रवाई की गई है उससे तस्करों में हड़कंप मच गया है। गौ तस्करों द्वारा छोटे वाहन में पंचायत का पर्ची बना कर गौमाता को बार्डर के गांव एकत्र किया जा रहा था। जिसके लिए शिवसेना के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप कर पंचायतों द्वारा पर्ची जारी करने से पहले जांच करने एवं मांगपत्र लेकर पर्ची जारी करने हेतु पंचायतो को निर्देशित करने कहा।

  • पत्नी को हत्या की धमकी दी, पति के खिलाफ FIR दर्ज

    21-Aug-2025

    रायपुर। पति ने दूसरी पत्नी को लाने की जिद में अपनी पहली पत्नी से मारपीट की। उसने पत्नी से गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। झगड़े के दौरान पत्नी के चेहरे, कमर और भुजा में चोटें आई है। यह घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र की है।

    FIR के मुताबिक, माधुरी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि 12 अगस्त की रात 8:30 बजे वह घर पर थी। तभी उसके पति टुमन सोनवानी उर्फ लल्ला ने दूसरी पत्नी को घर नहीं लाने देने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। फिर वह गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
    इस दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी की भुजा को दांत से काट लिया। मारपीट की वजह से महिला के चेहरे, कमर और भुजा में चोटें आई है। पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
  • रायपुर में गणेश उत्सव के लिए प्रशासन ने जारी की सख्त गाइडलाइन

    21-Aug-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश उत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। सड़क पर पंडाल लगाने से पहले समितियों को प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। साथ ही रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हर पंडाल में CCTV कैमरा लगाना और स्वयंसेवकों की तैनाती जरूरी होगी।

     
    एडिशनल कलेक्टर उमाशंकर बंदे और एडिशनल एसपी लखन पटले ने गणेश उत्सव समितियों की बैठक लेकर निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि एनजीटी के नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। रात में विशेष निगरानी रहेगी और समितियों को सुरक्षा संबंधी सभी इंतजाम करने होंगे।
     
    झांकियों का रूट भी तय कर दिया गया है। शोभायात्रा शारदा चौक – जयस्तंभ – मालवीय रोड – कोतवाली चौक – सदरबाजार – सत्तीबाजार – कंकालीपारा – पुरानी बस्ती थाना – लीलीचौक – लाखेनगर – रायपुरा – महादेवघाट मार्ग से ही निकलेगी। शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक तक झांकियों की अनुमति नहीं होगी। विसर्जन केवल महादेवघाट कुंड में ही किया जाएगा।
     
    गाइडलाइन में यह भी कहा गया है कि झांकियों की ऊंचाई बिजली तारों से सुरक्षित दूरी पर रखी जाए, जनरेटर और वायरिंग सुरक्षित हों, और समितियां अपने सदस्यों व स्वयंसेवकों की सूची थाना प्रभारी को दें। विसर्जन के दौरान छोटे बच्चों और बुजुर्गों को साथ लाने से बचने की सलाह दी गई है।
  • हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं की अग्रिम जमानत याचिका खारिज

    21-Aug-2025

    रायपुर। हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं को केंद्रीय जांच ब्यूरो कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उनके खिलाफ चल रहे 6 अलग-अलग मामलों में दायर की गई अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है।

    जमानत याचिका खारिज होने के पीछे एक मुख्य वजह यह भी बताई जा रही है कि आरोपियों ने अपने आवेदन के साथ आवश्यक शपथ पत्र जमा नहीं किया था।
    तोमर बंधुओं पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और उन्हें पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है। इन पर धोखाधड़ी, रंगदारी और जमीन हड़पने जैसे कई आरोप हैं।
    हाल ही में इन पर दर्ज 6 अलग-अलग आपराधिक मामलों में गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी, जिसके चलते उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए CBI कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका लगाई थी।
    याचिका पर सुनवाई के दौरान, CBI कोर्ट ने पाया कि तोमर बंधुओं द्वारा दायर की गई अग्रिम जमानत याचिकाओं में कानून द्वारा अनिवार्य शपथ पत्र संलग्न नहीं था।
     
    बिना शपथ पत्र के किसी भी जमानत याचिका को अधूरा माना जाता है और इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है। कोर्ट ने इस तकनीकी कमी को गंभीरता से लेते हुए, आरोपियों की याचिका को तत्काल प्रभाव से खारिज कर दिया।
    कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की महत्वपूर्ण याचिकाओं में तकनीकी खामियां बेहद गंभीर होती हैं। उनका कहना है कि शपथ पत्र के बिना, यह साबित नहीं होता कि याचिका सही जानकारी के आधार पर दायर की गई है और यह याचिकाकर्ता द्वारा ही दी गई है।
    यह एक कानूनी प्रक्रिया है, जिसका पालन करना सभी के लिए अनिवार्य होता है। इस मामले में, तोमर बंधुओं की ओर से यह चूक उनके लिए भारी पड़ गई।
    CBI कोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद, अब तोमर बंधुओं के पास आगे की कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करना ही एकमात्र रास्ता बचा है।
     
    उन्हें या तो उच्च न्यायालय में अपील करनी होगी या फिर आत्मसमर्पण करके नियमित जमानत के लिए आवेदन करना होगा।
    यह फैसला दर्शाता है कि कोर्ट कानूनी प्रक्रियाओं और नियमों को लेकर सख्त है, और किसी भी तरह की लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा, भले ही आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। यह घटना उन सभी के लिए एक सबक है जो कानूनी प्रक्रियाओं को हल्के में लेते हैं।
  • MCB जिले में ₹35 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक अस्पताल

    21-Aug-2025

    रायपुर। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 220 बिस्तर के अस्पताल भवन के निर्माण के लिए राज्य शासन ने प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना पर कुल ₹35.36 करोड़ की लागत आएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के मुख्य बजट प्रावधान के तहत यह राशि स्वीकृत की गई है।

     
    इस अस्पताल के निर्माण से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लंबे समय से इस अंचल के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अन्य शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था।
     
    स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में मनेंद्रगढ़ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी गई है। मनेंद्रगढ़ में 220 बिस्तर के अस्पताल का निर्माण इसी संकल्प का हिस्सा है। इससे इस अंचल की जनता को इलाज के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा और यहां के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
  • हाईकोर्ट में बी. गोपा कुमार को कार्यकाल विस्तार, NIA मामलों की करेंगे पैरवी

    21-Aug-2025

    बिलासपुर। बिलासपुर हाईकोर्ट में बी. गोपा कुमार को कार्यकाल विस्तार मिला है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के रूप में उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाने का आदेश जारी किया है।

    गृह मंत्रालय की अधिसूचना के बाद जारी इस आदेश के अनुसार, बी. गोपा कुमार अब भी हाईकोर्ट में NIA से संबंधित मामलों की पैरवी करते रहेंगे।
     
    देशभर में 8 पब्लिक प्रॉसिक्यूटर को विस्तार
    बताया जा रहा है कि NIA ने देशभर की 8 हाईकोर्ट और स्पेशल कोर्ट में कार्यरत पब्लिक प्रॉसिक्यूटर्स के कार्यकाल को बढ़ाया है। इस सूची में बिलासपुर हाईकोर्ट के बी. गोपा कुमार भी शामिल हैं।
     
    कार्यकाल विस्तार के बाद अब वे हाईकोर्ट में एजेंसी से जुड़े मामलों की सुनवाई और बहस की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।
  • 25 सब इंस्पेक्टर बने TI, रायपुर के 6 अधिकारी भी शामिल

    21-Aug-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में पदोन्नति प्रक्रिया के तहत 25 सब इंस्पेक्टर (SI) को निरीक्षक (TI) के पद पर प्रमोशन दिया गया है। यह प्रमोशन वर्ष 2025 की योग्यता सूची के आधार पर किया गया है। आदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम ने जारी किया।

    रायपुर के 6 अधिकारियों को भी मिला प्रमोशन
    प्रमोशन पाने वालों में राजधानी रायपुर के 6 सब इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। फिलहाल, सभी अधिकारियों को अपने वर्तमान पदस्थापना स्थल पर ही अस्थायी रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
     
    नई पदस्थापना सूची जल्द
    पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि नई पदस्थापना सूची अलग से जारी की जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया है कि जिन अधिकारियों के खिलाफ कोई आपराधिक प्रकरण, विभागीय जांच या गंभीर शिकायत लंबित है, उनकी पदोन्नति पर रोक लगाई जा सकती है।
  • आदि कर्मयोगी अभियान’’ के संबंध में मीडिया को दी जानकारी

    20-Aug-2025

    कांकेर। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज प्रेसवार्ता लेकर शासन द्वारा शुरू की गई ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जिले के 552 जनजातीय बाहुल्य ग्राम शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 02 अक्टूबर 2024 को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का शुभारंभ किया था, इसका प्रमुख उद्देश्य अनुसूचित जनजातियों के विकास एवं कल्याण से जुड़े विभिन्न योजनाओं की संतृप्ति सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 10 जुलाई 2025 को ’आदि कर्मयोगी अभियान का शुभारंभ किया गया है। जिसकी परिकल्पना विश्व के सबसे बड़े जनजाति नेतृत्व आंदोलन के रूप में की गई है। यह अभियान बहु-विभागीय समन्वय और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से लागू किया जा रहा है।

     
     कलेक्टर ने बताया कि आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत कांकेर जिले के 552 जनजातीय बाहुल्य ग्राम शामिल किए गए हैं। अभियान के तहत् जिला स्तर एवं ब्लॉक स्तर पर ट्रेनर तथा ग्राम स्तर पर कैडर जैसे- अशासकीय संस्थाएं, स्व-सहायता समूह, पंचायत सचिव, युवा, पंच, फ्रंटलाईन कर्मचारी एवं सेवाभावी संगठन एवं स्वयंसेवक तैयार किए जाएंगे।
Top