बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • शराब के लिए पैसे न मिलने पर युवक ने की वृद्धा की हत्या

    14-Sep-2025

    सूरजपुर। ओड़गी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में शनिवार सुबह शराब के लिए पैसे न देने पर एक युवक ने 64 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। नृशंस वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने घटना के महज दो घंटे बाद ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

    घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे खैरवारी पारा की है। यहां रहने वाली कौशिल्या बाई पति स्वर्गीय रिचक खैरवार अकेले घर में रहती थी, जबकि उनका बेटा रामभरोस गांव में ही अलग रहता है।
     
    पुलिस के मुताबिक, मोहल्ले का ही 30 वर्षीय कुंवर सिंह शनिवार सुबह कौशिल्या बाई के घर पहुंचा और शराब पीने के लिए रुपये मांगे। महिला ने मना किया तो आरोपी आगबबूला हो गया। उसने गाली-गलौज और मारपीट करने के बाद टांगी से महिला के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से कौशिल्या की मौके पर ही मौत हो गई। उसी समय उनका बेटा रामभरोस वहां पहुंचा और मां को खून से लथपथ हालत में देखकर मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
  • नेता निजी अहंकार त्याग बिहार में राजगन की जीत करें सुनिश्चित : नड्डा

    14-Sep-2025

    बिहार। विधानसभा चुनाव तैयारियों की संगठनात्मक समीक्षा करने पटना पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपनी पार्टी के नेताओं से अपील की कि वे व्यक्तिगत अहंकार को त्याग कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को सर्वोपरि रखें।

    राजकीय अतिथिशाला में नड्डा ने बिहार भाजपा के शीर्ष नेताओं, नीतीश सरकार में भाजपा कोटे के मंत्रियों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, विधानसभावार सम्मेलन आदि बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने सामाजिक पकड़ मजबूत बनाने के साथ ही राजग के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने पर बल दिया।
     
    बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बी एल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री द्वय सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा, पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय चुनाव समिति एवं कोर ग्रुप के सचिव प्रेम रंजन पटेल तथा अन्य वरिष्ठ नेता सम्मिलित हुए।
     
    नड्डा ने विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का नया नामाकरण किया। उन्होंने राजद का मतलब समझते हुए कहा कि ‘रा’ का मतलब ‘रंगदारी’, ‘ज’ का मतलब ‘जंगलराज’ और ‘द’ का मतलब ‘दादागिरी’ है।
     
    उन्होंने कहा कि आज मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के लोग विकास देख रहे हैं। केंदीय मंत्री ने कहा,‘‘ 2005 से पहले बिहार की स्थिति क्या थी और आज क्या है। 2005 से पहले तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और सत्ता समर्थित अपराध की राजनीति थी। आज राजग सरकार के नेतृत्व में बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है।’’
     
    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम आज 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ गए हैं तथा इस तरह अत्यधिक गरीबी में 80 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा, “मोदी ने 14 करोड़ से अधिक घरों में नल के माध्यम से पानी और चार करोड़ से अधिक गरीब लोगों को आवास प्रदान किया है।
  • अंतरराज्यीय गांजा तस्करों का भंडाफोड़, 27 किलो गांजा बरामद

    13-Sep-2025

    गरियाबंद। जिले में फिंगेश्वर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 27 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में अजय आर्य और पवन, जो मध्यप्रदेश के निवासी हैं, तथा फिरोज, जो महाराष्ट्र का निवासी है, शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक ये तस्कर ओडिशा से गांजा लाकर कार के माध्यम से मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में सप्लाई कर रहे थे। तस्करों ने पुलिस की निगरानी से बचने के लिए कार में विशेष चेंबर बनाकर गांजा छिपाकर रखा था। यह चेंबर कार की सीटों और बूट में छिपाकर तैयार किया गया था, जिससे तलाशी के दौरान पकड़ से बचा जा सके। लेकिन पुलिस तक मुखबिर से सूचना पहुँच गई, जिसके बाद फिंगेश्वर पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया।   तलाशी के दौरान विशेष चेंबर से 27 किलो गांजा बरामद हुआ। कार में मौजूद आरोपियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने ओडिशा से गांजा लाकर पड़ोसी राज्यों में खपाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि ये गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी कर रहा था। गिरोह का नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। पुलिस की सतर्कता से तस्करों के भागने का प्रयास नाकाम रहा। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी की, तस्करों ने कार को तेज गति से भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। फिलहाल आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है और उनके संपर्क में आए अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

  • रायपुर में चाय दुकान से लैपटॉप चोरी करने वाला आरोपी सद्दाम अहमद गिरफ्तार

    13-Sep-2025

    रायपुर। उरला क्षेत्र में दुकान में घुसकर लैपटॉप चोरी करने वाले आरोपी सद्दाम अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 11 सितंबर 2025 की शाम करीब 4 बजे की है। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर दुकान में घुसकर लेनोवो कंपनी का लैपटॉप चोरी कर लिया था, जिसकी कीमत लगभग 20,000 रुपये है। पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी गया लैपटॉप बरामद कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रार्थी बेनीराम सेन, जो बीरगांव बजरंग नगर नाला के पास गणेश मंदिर के बगल में चाय की दुकान चलाते हैं, ने   थाना उरला में रिपोर्ट दर्ज कराई। उनके अनुसार, दुकान के पास ही रवि सेन का च्वॉइस सेंटर है और दोनों का काउंटर साथ लगा हुआ है। रोज की तरह 11 सितंबर को भी वे अपने चाय दुकान में थे जबकि उनका बेटा खाना खाने घर गया था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक स्कूटी जैसे वाहन में दुकान पर आए। एक युवक चाय मंगवाकर पैसा देने के बहाने दुकान के अंदर आया जबकि दूसरा बाहर खड़ा होकर बातों में उलझाने लगा। इसी दौरान अंदर आया युवक च्वॉइस सेंटर के काउंटर से लैपटॉप चोरी कर फरार हो गया।   बेनीराम सेन ने जब चोरी का पता लगाया तो उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 306/2025 धारा 305, 3(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और सद्दाम अहमद को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने दोस्त बॉबी सिंह के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के घर मौदहापारा से चोरी गया लेनोवो   लैपटॉप बरामद कर लिया। आरोपी सद्दाम अहमद (उम्र 25 वर्ष), जो मौदहापारा थाना क्षेत्र में निसार अहमद के किराये के मकान में रहता है, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से अन्य मामलों की भी जानकारी ली जा रही है और उसके नेटवर्क की तलाश जारी है। उरला थाना पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम नागरिकों में विश्वास बढ़ा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने में दें। यह मामला एक बार फिर से दर्शाता है कि सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य अपराधों को सुलझाने में कितने प्रभावी साबित हो रहे हैं। पुलिस की सजगता और त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का पर्दाफाश हो सका और आरोपी को पकड़ा गया।

  • रायपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत, तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

    13-Sep-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क हादसे ने एक युवक की जान ले ली। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर प्रोफेसर कॉलोनी मार्ग के पास रिंग रोड पर सामने आया है। तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने जानकारी दी कि उन्हें घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों से संपर्क किया जा सके।  
    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह के समय हुआ। युवक सड़क पार कर रहा था तभी तेज गति से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग दौड़कर मदद के लिए पहुँचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही ट्रैफिक विभाग को भी दुर्घटना स्थल पर कार्रवाई के लिए कहा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन और चालक को जल्द पकड़ा जाएगा।  
    फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आसपास के थानों और अस्पतालों को मृतक की पहचान के लिए अलर्ट कर दिया है। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने कहा कि तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रही है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और सड़क पार करते समय विशेष ध्यान देने की अपील की। पुलिस ने दुर्घटना स्थल पर आवश्यक सुरक्षा उपाय बढ़ाने की योजना भी बनाई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके। यह हादसा राजधानी में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय बन गया है। सड़क पार करने वाले पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
     

  • रायपुर में पुलिसकर्मी पर हमला: शराब पीकर हुल्लड़ मचाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

    13-Sep-2025

    रायपुर। न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 11 सितम्बर 2025 की रात्रि अमलीडीह स्थित शराब भट्ठी के पास सेंट जोसेफ कालोनी रोड की है, जहाँ कुछ शरारती युवक शराब पीकर हुल्लड़बाजी कर रहे थे। सूचना मिलने पर डॉयल 112 वाहन में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुँचा और उन्हें समझाइश देने का प्रयास किया। लेकिन शराब के नशे में धुत युवकों ने पुलिसकर्मी से वाद-विवाद शुरू कर दिया और उसे अश्लील गालियाँ देने लगे।  आरोपियों ने पुलिसकर्मी से कहा कि “तुम लोग जबरदस्ती परेशान करते हो, हम तुम्हें नहीं जानते।” इसके बाद उन्होंने अपना नाम अरुण चौहान, राजेश यादव, राहुल दीवान और रविन्द्र भगत बताया। आरोप है कि चारों ने पुलिसकर्मी को जान से मारने की धमकी दी, अपने पास रखे कटर को दिखाया, और उसके साथ हाथ, मुक्का तथा हाथ में पहने कड़ा से मारपीट की। इस दौरान पुलिसकर्मी को चोट लगी और उसकी वर्दी भी फाड़ दी गई। इस घटना के बाद पुलिसकर्मी की रिपोर्ट पर न्यू राजेन्द्र नगर थाने में अपराध क्रमांक 216/25 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 121 (सरकारी कर्मचारी के कर्तव्य में बाधा), 132 (सरकारी कार्य में बाधा डालना), 221 (हथियार दिखाकर धमकी देना), 296 (अश्लील गाली-गलौज), 351(2) (शारीरिक हमला), 115(2) (जान से मारने की धमकी), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई शुरू की गई।

  • रायपुर में चाकूबाजी: नशे में गुपचुप वाले से पैसे मांगकर किया प्राणघातक हमला

    13-Sep-2025

    रायपुर। राजधानी के आजाद चौक थाना क्षेत्र में एक गंभीर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। बताया गया है कि 19 वर्षीय प्रांजल चौबे ने नशे की हालत में गुपचुप ठेले वाले से ₹5000 की मांग की। जब ठेले वाले ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने चाकू निकालकर ठेले वाले और उसके बेटे पर प्राणघातक हमला कर दिया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों में डर का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, प्रांजल चौबे नशे की हालत में रात के समय गुपचुप खरीदने के लिए ठेले के पास पहुँचा। पहले उसने बातचीत की और फिर पैसे की मांग करने लगा। गुपचुप विक्रेता ने स्पष्ट कहा कि उसके पास अतिरिक्त पैसे नहीं हैं और वह मांग पूरी नहीं कर सकता। इसी बात पर नाराज होकर प्रांजल ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया और ठेले वाले तथा उसके बेटे पर हमला कर दिया। चाकू लगने से दोनों घायल हो गए जिन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहाँ उनका उपचार जारी है।  स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुँची आजाद चौक थाना पुलिस ने घायल पिता-पुत्र से पूछताछ की और आरोपी प्रांजल चौबे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने बताया कि प्रांजल चौबे नशे में था और घटना के बाद फरार हो गया था, लेकिन उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है। यह घटना राजधानी में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और असामाजिक तत्वों की बेखौफ गतिविधियों को उजागर करती है। आम नागरिकों में चिंता बढ़ गई है कि इस तरह की घटनाओं से उनके बच्चों और परिवार की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।  वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि शहर में कानून व्यवस्था बनी रहे। नशे की लत अपराध का प्रमुख कारण बन रही है। युवाओं में बढ़ते नशे के मामलों पर नियंत्रण के लिए जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है। साथ ही, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना होगा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और घायल पिता-पुत्र के बयान लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराध पर नियंत्रण पाया जा सके। शहरवासियों की निगाहें अब पुलिस की तत्परता पर टिकी हैं कि अपराधियों को कितनी जल्दी पकड़कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।

  • बड़ा हादसा टला: बिजली के तार गिरने से पुरुष-महिला घायल, मोहल्ले में फैला डर

    13-Sep-2025

    कांकेर। शहर के मांझापारा क्षेत्र में आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। धन्नामल गुल्लूमल मशीनरी एंड सेनेट्री (राज गिफ्ट के पास) में लगे बिजली के खंभे से अचानक स्पार्किंग होने लगी और कुछ ही देर में बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के समय सड़क पर ज्यादा भीड़ नहीं थी, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। इस हादसे में दो महिलाओं को चोटें आई हैं। बताया गया कि वे सड़क से गुजर रही थीं तभी अचानक गिरते तार ने उन्हें घायल कर दिया। उनके साथ मौजूद एक छोटी बच्ची बाल-बाल बच गई। चोटिल महिलाओं को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार किया गया। गनीमत रही कि बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घटना ने इलाके में भय का माहौल बना दिया है।   घटना के बाद पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है, जिससे रात के समय अंधेरा छा गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही पहले से बनी हुई है और कई बार तार जर्जर हो चुके हैं, बावजूद इसके समय रहते कोई मरम्मत नहीं की गई। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि तार गिरने के समय सड़क पर ज्यादा लोग होते तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। कई नागरिकों ने बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई कर खतरनाक तारों की मरम्मत कराने की मांग की है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद क्षेत्र में पुराने और खराब हो चुके बिजली उपकरणों को बदलने में विभाग की रुचि नहीं दिखाई गई। इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों में गुस्सा और असंतोष देखा गया। कुछ लोगों ने कहा कि बिजली आपूर्ति की नियमित जाँच और मरम्मत कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।  बिजली विभाग के अधिकारी ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया और बताया कि जल्द ही तार की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। यह घटना बिजली व्यवस्था की खामियों को उजागर करती है और प्रशासन से त्वरित सुधार की आवश्यकता को रेखांकित करती है। स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग से उम्मीद की जा रही है कि वे इस मामले में जिम्मेदारी निभाएँगे और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएँगे। फिलहाल, मोहल्ले के लोग सतर्क हैं और बिजली बहाली का इंतजार कर रहे हैं। घटना ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि समय पर रखरखाव और सुरक्षा उपाय अपनाना कितना जरूरी है। बड़ा हादसा टल गया, लेकिन सवाल यह है कि क्या प्रशासन भविष्य में ऐसी लापरवाही से बच पाएगा।

  • भारतीय स्काउट्स एंड गाइड्स एक गौरवशाली संस्था, जिससे जुड़ना गर्व का विषय: बृजमोहन अग्रवाल

    13-Sep-2025

    रायपुर। भारतीय स्काउट्स एंड गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य परिषद की बैठक आज रायपुर सांसद एवं संस्था के अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जंबूरी की तैयारी, सदस्यता विस्तार तथा समाजोपयोगी अभियानों पर विस्तृत चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि युवाओं के मानसिक, शारीरिक विकास के साथ देश सेवा में कार्य कर रहे स्काउटिंग को लोग और अच्छे से जाने इस हेतु नव भारत निर्माण थीम पर मै 33 जिलों में दौरा करूंगा। श्री अग्रवाल ने कहा कि भारतीय स्काउट्स एंड गाइड्स एक गौरवशाली संस्था है, जिससे जुड़ना स्वयं में गर्व की अनुभूति है। यह संगठन केवल अनुशासन और सेवा भाव ही नहीं सिखाता, बल्कि समाज निर्माण में भी अहम भूमिका निभाता है।  इस अवसर पर राज्य मुख्य आयुक्त डा सोमनाथ यादव ने बताया कि आगामी दिनों में राज्य पुरस्कार जांच शिविर संभाग स्तर पर आयोजित किया जाएगा,वही उन्होंने बताया कि नवंबर माह में लखनऊ में आयोजित जंबूरी मे राज्य से 3 सौ से अधिक स्काउट्स गाइड्स हिस्सा लेंगे, इसी तरह प्राकृतिक आपदा में स्काउट्स गाइड्स की भूमिका को लेकर प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। डॉ सोमनाथ यादव ने बताया कि बच्चों को साहसिक कार्यों में भी हिस्सेदारी हो इस हेतु लगातार एडवेंचर कैंप आयोजित किए जा रहे है।  बैठक में लिए गए मुख्य निर्णय में आगामी 23 से 29 नवम्बर तक लखनऊ में होने वाली राष्ट्रीय जंबूरी में राज्य के 313 रोवर्स-रेंजर्स भाग लेंगे। इस हेतु प्री-जंबूरी की तैयारी के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। दिसंबर में रायपुर में होने वाली अंतरराष्ट्रीय जंबूरी की रूपरेखा पर चर्चा हुई तथा विभिन्न समितियों का गठन कर स्थान चयन व ठहरने की व्यवस्था पर विचार किया गया।इस जंबूरी में विश्व भर से 10,000 से ज्यादा रोवर्स-रेंजर्स शामिल होंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ से 3,000 प्रतिभागी को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया।   पिछली कार्यसमिति की पुष्टि करते हुए नवनिर्मित कार्यकारिणी का अनुमोदन किया गया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत प्रत्येक जिले में 1000 पौधे स्काउट्स-गाइड्स के माध्यम से लगाने का संकल्प लिया गया। पौधारोपण स्कूल, कॉलेज, सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थलों पर होगा। साथ ही आपदा सेवा में बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के समय त्वरित राहत कार्यों में सक्रिय योगदान देने पर बल दिया गया। सदस्यता विस्तार छोटे जिलों से 10 एवं बड़े जिलों से 20 व्यापारी, उद्योगपति और प्रतिष्ठित नागरिकों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया। साथ ही कॉलेजों, निजी विश्वविद्यालयों में रोवर्स-रेंजर्स की इकाइयां शुरू करने का निर्णय लिया गया।

  • समस्याओं की पहचान कर समाधान विकसित करें जिससे लोग लाभान्वित हो : राज्यपाल डेका

    13-Sep-2025

    दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश के राज्यपाल रमेन डेका आज रूंगटा इंटरनेशलन स्कील्स युनिवर्सिटी भिलाई में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के विद्यारंभ समारोह में शामिल हुए। इस दौरान राज्यपाल ने युनिवर्सिटी के ड्रोन क्लब का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, विधायक वैशाली नगर रिकेश सेन एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डे भी सम्मिलित हुए। 

    समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि रूंगटा अंतर्राष्ट्रीय कौशल विश्वविद्यालय में प्रतिभाशाली लोगों को संबोधित करने में अपार प्रसन्नता हो रही है, जो हमारे छत्तीसगढ़ राज्य और हमारे राष्ट्र के भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। जब आप यहाँ से स्नातक होंगे, तो आपके पास केवल एक डिग्री ही नहीं होगी, बल्कि आपके पास वैश्विक प्रौद्योगिकी परिदृश्य को परिभाषित करने वाली कंपनियों के प्रमाणपत्र भी होंगे। आपका रिज्यूमे एक ऐसी भाषा बोलेगा जिसे दुनिया भर के नियोक्ता समझते और सम्मान करते हैं। राज्यपाल ने कहा आप सभी रोज़गार की तलाश से आगे सोचे, रोज़गार सृजन के बारे में सोचें। समाज में समस्याओं की पहचान करने और ऐसे समाधान विकसित करने के बारे में सोचें जिनसे लाखों लोगों को लाभ हो सके। यहाँ की सहायता प्रणाली - मार्गदर्शन से लेकर वित्तपोषण तक - आपके सपनों को हकीकत में बदलने के लिए डिज़ाइन की गई है। राज्यपाल ने कहा कि यहाँ की ड्रोन प्रयोगशाला इस बात का एक आदर्श उदाहरण है कि कैसे तकनीक का उपयोग सामाजिक लाभ के लिए किया जा सकता है। ड्रोन केवल उड़ने वाले उपकरण नहीं हैं; वे ऐसे उपकरण हैं जो कृषि, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवा वितरण और पर्यावरण निगरानी में क्रांति ला सकते हैं। जब आप इस प्रयोगशाला में प्रयोग और नवाचार करते हैं, तो याद रखें कि प्रत्येक परियोजना में जीवन को प्रभावित करने और समुदायों को बदलने की क्षमता है।
     
    राज्यपाल डेका ने विद्यार्थियों से कहा किं आज नियोक्ता ऐसे पेशेवरों की तलाश में हैं जो गंभीरता से सोच सकें, टीमों में काम कर सकें, प्रभावी ढंग से संवाद कर सकें और बदलाव के साथ तालमेल बिठा सकें। ये क्लब पाठ्येतर गतिविधियाँ नहीं हैं; ये आपके पेशेवर विकास का अभिन्न अंग हैं। 2,000 युवा दिमागों के एक ही छत के नीचे इकट्ठा होने से, आप बदलाव की एक शक्तिशाली ताकत का प्रतिनिधित्व करते हैं। लेकिन इस अवसर के साथ आपके अपने, आपके परिवार, आपके संस्थान, समाज और राष्ट्र के प्रति ज़िम्मेदारी भी आती है। आप जिस दुनिया में प्रवेश कर रहे हैं, वह पिछली पीढ़ियों के अनुभव से बहुत अलग है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और अनगिनत अन्य तकनीकें हर उद्योग को नया रूप दे रही हैं। आज जो नौकरियाँ मौजूद हैं, वे कल अप्रचलित हो सकती हैं, जबकि नई भूमिकाएँ उभरेंगी जिनकी हम आज कल्पना भी नहीं कर सकते। राज्यपाल डेका ने विद्यार्थियों को अवगत कराया कि छत्तीसगढ़ राज्य के राज्यपाल के रूप में, मुझे कई सफल पेशेवरों, उद्यमियों और अन्य लोगों से मिलने का सौभाग्य मिला है। उन्हें सिर्फ़ उनका तकनीकी ज्ञान ही नहीं, बल्कि समस्याओं को सुलझाने की उनकी क्षमता, जोखिम उठाने की उनकी इच्छाशक्ति, दूसरों का नेतृत्व करने की उनकी क्षमता और बदलाव लाने की उनकी प्रतिबद्धता भी अलग बनाती है।
     
    राज्यपाल डेका ने कहा, इस रोमांचक यात्रा की शुरुआत करते हुए, मैं चाहता हूँ कि आप जिज्ञासु रहें, हर चीज़ पर सवाल उठाएँ, हर अवसर का लाभ उठाएँ और सीखना कभी बंद न करें, सहयोगी बनें, सर्वाेत्तम नवाचार तब होते हैं जब विविध विचार एक साथ काम करते हैं। साहसी बनें, असफल होने से न डरें, कोशिश करने से न डरें और प्रतिबद्ध रहें। उत्कृष्टता कोई संयोग नहीं है, यह निरंतर प्रयास का परिणाम है। अपने कौशल का उपयोग वास्तविक समस्याओं को हल करने और ज़रूरतमंदों की मदद करने के लिए करें। मैं एक ऐसे भविष्य की कल्पना करता हूँ जहाँ आरआईएसयू के स्नातक प्रमुख निगमों का नेतृत्व कर रहे हों, नवीन कंपनियाँ शुरू कर रहे हों, अभूतपूर्व शोध कर रहे हों और विभिन्न क्षमताओं में समाज की सेवा कर रहे हों। मैं आपको छत्तीसगढ़ का गौरव और भारत की ताकत बनते हुए देख रहा हूँ। अब से तीन या चार साल बाद जब आप इन द्वारों से बाहर निकलेंगे, तो आप अपने साथ न केवल शैक्षणिक डिग्रियां लेकर जाएंगे, बल्कि उद्योग प्रमाणपत्र, व्यावहारिक अनुभव, उद्यमशीलता की मानसिकता और सबसे महत्वपूर्ण बात, किसी भी चुनौती को स्वीकार करने का आत्मविश्वास भी लेकर जाएंगे।
  • मूलभूत सेवा प्रदाय को उत्कृष्ट बनाने नोडल अधिकारी गंभीरता से दायित्वों का निर्वहन करें : कलेक्टर

    13-Sep-2025

    दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ शासन, आदिम जाति विकास विभाग, अनुसूचित जाति विकास विभाग पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के द्वारा सभी ग्रामों में आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत कलस्टर का आयोजन कर शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को प्रत्येक ग्राम के जन तक पहुंचाना है। 

    ज्ञात हो कि अभियान के अतंर्गत आदिसेवा पर्व/पखवाड़ा (17 सितंबर से 02 अक्टूबर) जिले के सभी ग्राम पंचायतों में मनाया जायेगा। शासन के निर्देशानुसार जिला कार्यालय द्वारा अभियान के सुचारू क्रियान्वयन के तहत जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त कर दायित्व सौंपे गए है। इस संबंध में संपूर्ण अभियान की रूपरेखा निर्धारण के संबंध में कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा आज जिला पंचायत सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में अभियान पर प्रकाश डालते हुए कलेक्टर ने कहा कि जनजातीय गांवों में विजन निर्माण एवं परिवर्तनकारी प्रक्रिया है जो जनजातीय समुदायों को अपनी आकांक्षाओं को अभिव्यक्त करने अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और विकास की दिशा में एक स्थायी मार्ग निर्धारित करने में सक्षम बनाती है। इसमें सामूहिक लक्ष्यों की पहचान करने, स्थानीय चुनौतियों का समाधान करने और प्रगति के लिए पारंपरिक ज्ञान का लाभ उठाने हेतु सहभागी संवाद को बढ़ावा देना शामिल है। इसके तहत ब्लॉक टीम का गठन, गांव के दौरे के लिए रोस्टर, सामुदायिक लामबंदी के लिए जिले के द्वारा सीएसओ की पहचान, सीएसओ द्वारा प्रवेश बिंदु गतिविधि,ट्रांसेक्ट वॉक की घोषणा, प्रारूप भरना, संसाधन मानचित्रण, विजन निर्माण तथा सीएसओ और ब्लॉक टीम द्वारा गांव की जरूरतों को सारणीबद्ध किये जाने जैसे व्यापक चरण शामिल रहेगें।
     
    नागरिक समाज संगठन (सीएसओ) इस प्रक्रिया में सुविधा प्रदाता के रूप में कार्य करके, समुदायों और बाहरी संसाधनों के बीच के अंतरालों को पाटकर और समावेशी नीतियों की हिमायत (एडवोकेसी) करके महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। क्षमता निर्माण पहलों, जागरूकता सृजन और सहयोगात्मक साझेदारियों के माध्यम से, नागरिक समाज संगठन जनजातीय गाँवों को आत्मनिर्भर, समतामूलक और सांस्कृतिक रूप से निहित विकास योजनाओं की कल्पना करने और उन्हें साकार करने के लिए सशक्त बनाएंगे।
     
    गांव के मानचित्रण के तहत आवास,पानी,बिजली जैसे सेवाओं की उपलब्धता, सामुदायिक संस्थान,पहुंच सेवाएं,आजीविका के संसाधन को सम्मिलात किया जायेगा। जल संसाधन के तहत झरने, तालाब, नदी,नाला,कुएं,बावड़ी, बांध, सिंचाई में सुधार की संभावनाएं परिवर्तन को प्रमुखता से इंगित किये जायेगे। साथ ही आवास,जलापूर्ति,स्वास्थ्य एवं पोषण देखभाल, शिक्षा,सड़क एवं परिवहन, बिजली,सामुदायिक एवं धार्मिक सुविधाएं, संचार, बाजार और व्यापार जैसी मूलभूत सेवाओं में आगामी 5 वर्षों में महत्वपूर्ण परिवर्तनकारी फीडबैक पर भी नोडल अधिकारियों के सुझाव भी शामिल होगें। 
  • राष्ट्रीय लोक अदालत का हुआ शुभारंभ, 8 हजार 260 प्रकरणों पर होगी सुनवाई

    13-Sep-2025

    दंतेवाड़ा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार शनिवार को दंतेवाड़ा जिले में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायालय दंतेवाड़ा परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार होता ने दीप प्रज्वलित कर लोक अदालत का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता, वादकारी तथा न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

    राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन केवल दंतेवाड़ा ही नहीं बल्कि पड़ोसी जिलों सुकमा और बीजापुर में भी एक साथ किया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सुकमा एवं बीजापुर के व्यवहार न्यायालयों में तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बचेली न्यायालय में भी आज लोक अदालत की कार्यवाही प्रारंभ हुई। तीनों जिलों में एक साथ लोक अदालत होने से बड़ी संख्या में प्रकरणों का निपटारा होने की संभावना जताई जा रही है।
     
    प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश होता के निर्देश पर लोक अदालत के लिए कुल 11 खंडपीठों का गठन किया गया है। इसमें दंतेवाड़ा स्थित परिवार न्यायालय का नया खंडपीठ भी शामिल है। लोक अदालत में सभी न्यायालयों के लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों के साथ-साथ बैंक, बिजली, नल-जल, बीएसएनएल तथा राजस्व न्यायालयों से जुड़े प्री-लिटिगेशन प्रकरण भी रखे गए हैं। आयोजन में कुल 8260 मामलों को निराकरण हेतु सूचीबद्ध किया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि बड़ी संख्या में वादों का आपसी सहमति से निपटारा होगा, जिससे वादकारियों को शीघ्र एवं सुलभ न्याय मिल सकेगा। 
  • सेवा पखवाड़ा: जवाहर नगर मंडल करेगा स्वच्छता अभियान और स्वदेशी मेले का आयोजन

    13-Sep-2025

    रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस (17 सितंबर) से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा की तैयारी में जवाहर नगर मंडल भाजपा, जिला रायपुर ने कार्यशाला का आयोजन किया। मंडल के मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने बताया कि यह बैठक राठौड़ क्षत्रिय समाज भवन, राठौड़ चौक में हुई, जिसमें जिला उपाध्यक्ष हरीश सिंह और सैनिक कल्याण बोर्ड सदस्य एवं पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश पांडे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे

    मुख्य वक्ता हरीश सिंह ने कहा कि सेवा पखवाड़ा सिर्फ कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक भागीदारी का महोत्सव है। इस दौरान स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच, प्रबुद्ध जन सम्मान, नमो मैराथन, आत्मनिर्भर भारत अभियान रैली, वृक्षारोपण, दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण और प्रदर्शनी जैसी गतिविधियां होंगी।
     
    मंडल अध्यक्ष संदीप जघेल ने बताया कि इस पखवाड़े में सार्वजनिक स्थलों और मंदिरों की सफाई की जाएगी। साथ ही निःशुल्क औषधि वितरण, महिला सशक्तिकरण शिविर, नशा मुक्ति अभियान भी चलाए जाएंगे। इसके अलावा, व्यापारियों को GST के बदलावों की जानकारी दी जाएगी और त्योहारी सीजन को देखते हुए व्यापारिक संघों के साथ चिल्हर वितरण किया जाएगा।
     
    कार्यशाला में यह भी निर्णय लिया गया कि विकसित भारत संकल्प 2047 के तहत "वोकल फॉर लोकल" अभियान को बढ़ावा देते हुए मंडल के वार्डों में स्वदेशी वस्तु निर्माताओं का मेला लगाया जाएगा और स्वरोजगार कर रहे नागरिकों का सम्मान होगा। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, सफाई कर्मचारी, वरिष्ठ प्रबुद्धजन, चिकित्सक, वकील, इंजीनियर और समाजसेवी संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
    इस अवसर पर मंडल प्रभारी अर्चना शुक्ला, नगर निगम जोन क्र. 7 की अध्यक्ष व पार्षद श्वेता विश्वकर्मा, MIC सदस्य व पार्षद अवतार सिंह बागल, पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्रेश शाह, भाजपा वरिष्ठ सदस्य नवीन अग्रवाल, पूर्व पार्षद भारती बागल समेत मंडल पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
  • बीजापुर मुठभेड़: दो माओवादी ढेर, हथियार और विस्फोटक बरामद

    12-Sep-2025

    बीजापुर। जिले के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए। घटना स्थल से .303 रायफल, विस्फोटक सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद हुई हैं।

    पुलिस के अनुसार, माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान माओवादी जवानों के सामने आ गए, जिसके बाद दोनों ओर से लगभग दो घंटे तक गोलीबारी चली। मुठभेड़ खत्म होने के बाद की गई सर्चिंग में दो माओवादियों के शव बरामद किए गए।
     
    अधिकारियों ने बताया कि मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद हुए हैं, जिससे साफ है कि माओवादी किसी बड़ी साजिश की तैयारी में थे। जब्त सामग्री में .303 रायफल के अलावा बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली चीजें भी शामिल हैं।
  • दिव्यांग बच्चों की मदद के लिए समाज आगे आए : बृजमोहन अग्रवाल

    12-Sep-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद की वार्षिक आमसभा का आयोजन गुरुवार को राजधानी रायपुर के 'वीमतारा' मधुपिले चौक, शांतिनगर स्थित सभागार में किया गया। इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने समाज से आह्वान किया कि दिव्यांग बच्चों की मदद में सभी को आगे आना चाहिए और परिषद की गतिविधियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना चाहिए।

    समाज की जिम्मेदारी : बृजमोहन अग्रवाल
    अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि परिषद के कार्य सिर्फ परिषद तक सीमित न रहकर पूरे समाज की जिम्मेदारी हैं। उन्होंने कहा दिव्यांग बच्चों की सहायता के लिए समाज के हर वर्ग को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। परिषद के वे सदस्य जो राज्य सरकार के विभिन्न आयोग और मंडलों में मनोनीत हुए हैं, उन्हें परिषद की योजनाओं और गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। स्पीच थेरेपी सेंटर और अन्य संस्थानों में अधिक से अधिक लोगों को लेकर जाएं, ताकि परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी समाज तक पहुंचे।
     
    दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
    आमसभा की शुरुआत दीप प्रज्वलन और माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. अशोक त्रिपाठी और महासचिव चंद्रेश शाह ने बृजमोहन अग्रवाल का स्वागत शाल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया।
     
    विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों और सदस्यों, जिनमें दुर्ग से नथमल कोठारी, महासमुंद से विश्वनाथ पाणिग्रही, भाटापारा से अरुण छाबड़ा, कोरबा से मनोज शर्मा, जांजगीर-चांपा से दिव्यांश शेखर चंदेल, कबीरधाम से गेंददास वैष्णव, कांकेर से मनोज कुमार सिंह और राजनांदगांव से कुल प्रकाश व ढाल सिंह साहू ने भी पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
     
    नए लोगो का विमोचन और रिपोर्ट प्रस्तुति
    इस अवसर पर परिषद के नए लोगो का विमोचन किया गया। महासचिव चंद्रेश शाह ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। श्रीमती इंदिरा जैन ने ऑडिट रिपोर्ट और आगामी बजट का प्रस्ताव रखा। परिषद द्वारा संचालित संस्थाओं की उपलब्धियों और गतिविधियों को वीडियो क्लिपिंग के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
     
    सम्मान और अभिनंदन
    परिषद के पूर्व पदाधिकारियों और सदस्यों, जिन्हें छत्तीसगढ़ सरकार के आयोग/निगमों में जिम्मेदारी मिली है, का सम्मान किया गया। इनमें प्रमुख रूप से लोकेश कावड़िया, अध्यक्ष निशक्त जन वित्त एवं विकास निगम, सोमनाथ यादव, आयुक्त भारत स्काउट एवं गाइड, डॉ. सलीम राज, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य वक़्फ बोर्ड, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, अध्यक्ष लौह शिल्पकार विकास बोर्ड और अमरजीत सिंह छाबड़ा, अध्यक्ष अल्पसंख्यक आयोग को सम्मानित किया गया। 
     
    इसके अलावा बालगृह कोंडागांव की बालिका रंजीता कोरेटी को खेलो इंडिया जूडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने पर सम्मानित किया गया।
     
    सांस्कृतिक कार्यक्रम और भावुक पल
    आमसभा के पूर्व बालगृह के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्पीच थेरेपी से बच्चों में आई प्रगति के अनुभव अभिभावकों ने साझा किए और परिषद का आभार जताया।
     
    कार्यक्रम के अंत में परिषद के पूर्व कोषाध्यक्ष स्व. जे. पी. साबू और पूर्व कार्यकारिणी सदस्य स्व. शेखर चंदेल को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त सचिव राजेंद्र कुमार निगम ने किया। आभार प्रदर्शन श्रीमती सुनीता चंसोरिया द्वारा किया गया।
     
     
     
  • सांसद भोजराज नाग को झटका, हाईकोर्ट ने चुनाव याचिका खारिज करने की मांग ठुकराई

    12-Sep-2025

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कांकेर संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित सांसद भोजराज नाग की ओर से दायर उस अंतरिम आवेदन को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने चुनाव याचिका को प्रथम दृष्टया निरस्त करने की मांग की थी। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि याचिकाकर्ता ने लोकसभा चुनाव 2024 की मतगणना में हुई कथित अनियमितताओं के पर्याप्त तथ्य पेश किए हैं। ऐसे में मामला मेरिट पर सुनवाई योग्य है।

    क्या है पूरा मामला?
    कांकेर संसदीय सीट से सांसद चुने गए भोजराज नाग के खिलाफ बीरेश ठाकुर ने 18 जुलाई 2024 को हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव परिणाम रद्द करने, कई बूथों की पुनः मतगणना और 15 मतदान केंद्रों पर पुनः मतदान की मांग की।
     
    याचिका में आरोप लगाया गया है कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में गड़बड़ी और छेड़छाड़ हुई। वोटिंग डेटा के प्रसारण में जानबूझकर देरी की गई। कई मतदान केंद्रों पर वोटों की गिनती में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। बीरेश ठाकुर ने गोंडरदेही, डोंडी लोहारा समेत कई विधानसभा क्षेत्रों के बूथों पर वोटों के अंतर और डेटा ट्रांसमिशन में हेरफेर की आशंका जताई है।
     
    सांसद की दलील
    भोजराज नाग ने कोर्ट में दलील दी कि याचिका में भ्रष्ट आचरण का कोई ठोस आरोप नहीं है। यह रिप्रेज़ेंटेशन ऑफ पीपल एक्ट 1951 की धारा 81, 82 और 83 का उल्लंघन है। चुनाव आयोग को पक्षकार नहीं बनाया गया है, इसलिए याचिका सुनवाई योग्य नहीं है। इसके अलावा, याचिका वकील के जरिए दाख़िल की गई है जबकि क़ानून के अनुसार उम्मीदवार को खुद याचिका दाख़िल करनी चाहिए।
     
    हाईकोर्ट का निर्णय
    कोर्ट ने सांसद की सभी दलीलों को खारिज कर दिया और कहा याचिका में सभी आवश्यक तथ्य और साक्ष्य मौजूद हैं। याचिकाकर्ता ने स्पष्ट रूप से ईवीएम गड़बड़ी, डेटा ट्रांसमिशन में देरी और मतदान प्रक्रिया में अनियमितताओं का उल्लेख किया है। चुनाव आयोग को पक्षकार बनाने की कोई कानूनी आवश्यकता नहीं है। बीरेश ठाकुर ने याचिका विधिवत दाख़िल की है और सभी पन्नों पर उनके हस्ताक्षर मौजूद हैं।
     
    अगली सुनवाई
    न्यायालय ने साफ कर दिया कि भोजराज नाग की आपत्ति में दम नहीं है, इसलिए चुनाव याचिका को खारिज नहीं किया जा सकता। हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 3 नवंबर 2025 को निर्धारित की है।
  • खरसिया हत्याकांड: पुलिस ने पड़ोसी को हिरासत में लिया, पूछताछ जारी...

    12-Sep-2025

    रायगढ़। रायगढ़ जिले में खरसिया विधानसभा क्षेत्र में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने प्राथमिक जांच में हत्या का संदेह मृतकों के रिश्तेदार पर जताया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने परिवारिक विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। जांच के दौरान स्निफर डॉग मृतक के पड़ोसी रिश्तेदार के घर के बाहर जाकर रुक गया, जिससे शक और गहरा गया। फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है

    चार दिन बाद गंध से खुला राज
    यह घटना रायगढ़ जिले के खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ठुसेकेला, राजीव नगर मोहल्ले की है। मृतक की पहचान बुधराम उरांव (35 वर्ष), उसकी पत्नी सोहद्रा (30 वर्ष), बेटा अरविंद (10 वर्ष) और बेटी शिवांगी (6 वर्ष) के रूप में हुई है। बुधराम पेशे से राजमिस्त्री था।
    10 सितंबर को ग्रामीणों ने घर से बदबू आने की शिकायत की। जब उन्होंने खिड़की से अंदर झांका तो कमरे में खून के छींटे दिखाई दिए। तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
    गुरुवार, 11 सितंबर को पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली। इस दौरान खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद हुई। तलाशी आगे बढ़ी तो घर के पीछे बने खाद के गड्ढे से एक-एक कर चारों शव बरामद हुए।
    ग्रामीणों और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को गड्ढे में दबाकर ऊपर से सड़े हुए पैरा से ढक दिया गया था। शवों पर सिर और गले पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
    घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। जिले के एसपी समेत भारी पुलिस बल भी वहां पहुंचा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
    पुलिस का बयान
    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह साफ है कि आरोपी ने घर के अंदर सो रहे चारों लोगों पर कुल्हाड़ी से हमला किया और फिर शवों को खींचकर गड्ढे में दफना दिया।
    पुलिस सूत्रों ने बताया कि संदिग्ध रिश्तेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही इस वारदात का पूरा खुलासा किया जाएगा।
     
     
     
  • 75 वर्ष के हुए मोहन भागवत

    11-Sep-2025

    नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत गुरुवार 11 सितंबर 2025 को 75 वर्ष के हो गये। वह 16 वर्षों से अधिक समय से संघ के मार्गदर्शक और दार्शनिक के रूप में शीर्ष पर हैं। 11 सितंबर, 1950 को महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में जन्मे मधुकर दत्तात्रेय देवरस, जिन्हें बालासाहेब के नाम से जाना जाता है और एमएस गोलवलकर के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तीसरे सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रमुख हैं।

     
     
    बालासाहेब आरएसएस के तीसरे सरसंघचालक थे जो 20 वर्षों से अधिक समय तक शीर्ष पर रहे। वहीं संघ के दूसरे सरसंघचालक गोलवलकर ने 32 वर्षों से अधिक समय तक हिंदुत्व संगठन का नेतृत्व किया। भागवत ने लगभग 50 वर्ष पहले आरएसएस के प्रचारक के रूप में काम करना शुरू किया था और मार्च 2009 में वह इसके सरसंघचालक बने। उनके पिता मधुकरराव भागवत भी एक प्रचारक थे। प्रचारक आरएसएस का पूर्णकालिक कार्यकर्ता होता है।
  • नेशनल लोक अदालत 13 को: आपसी सुलह से होगा मामलों का निपटारा

    11-Sep-2025

    रायपुर। आपसी सुलह (राजीनामा) के जरिए मामलों का निपटारा करने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली के तत्वावधान में 13 सितम्बर को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) बिलासपुर द्वारा प्रदेश के सभी जिला न्यायालयों एवं व्यवहार न्यायालयों में भी लोक अदालत आयोजित किए जाएंगे। यह कैलेण्डर वर्ष 2025 की तीसरी नेशनल लोक अदालत होगी तथा 13 दिसम्बर 2025 को वर्ष 2025 की अंतिम लोक अदालत आयोजित की जाएगी।

     
    लोक अदालत के दिन जिला न्यायालय एवं तालुका न्यायालय (व्यवहार न्यायालय) में लंबित शमनीय अपराध के प्रकरण मोटर दुर्घटना दावा से संबंधित प्रकरण, 138 एनआई एक्ट, के अंतर्गत चेक बाउंस का प्रकरण धारा 125 दण्ड प्रक्रिया संहिता तथा मेट्रोमोनियल डिस्प्युट के अलावा जल कर, संपत्ति कर, राजस्व संबंधी प्रकरण ट्रैफिक चालान, भाड़ा नियंत्रण आबकारी से संबंधित प्रकरण एवं बैंक विद्युत संबंधी प्री-लिटिगेशन प्रकरण, राजस्व न्यायालय खंडपीठ में खातेदारों के मध्य आपसी बंटवारे, वारिसों के मध्य बटवारे का निराकरण किया जाएगा। न्यायालयों में बड़ी संख्या में लंबित प्रकरणों में कमी लाने के उद्देश्य से तथा प्रभावित पक्षकारों को त्वरित एवं सुलभ न्याय प्रदान करने की दिशा में नेशनल लोक अदालत एक प्रभावशाली कदम है।
     
    नेशनल लोक अदालत के लिए खण्डपीठों का गठन कर विभिन्न प्रकरणों तथा प्री.लिटिगेशन का निराकरण किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से न्यायालय में राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरणों धारा. 138, परक्राम्य लिखत अधिनियम मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों, बैंक रिकवरी प्रकरण, सिविल प्रकरण, निष्पादन प्रकरण, विद्युत संबंधी मामलों तथा पारिवारिक विवाद के मामलों का निराकरण किया जाता हैं। इसके अतिरिक्त राजस्व, बैंक, विद्युत विभाग दूरसंचार विभाग, नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत में वसूली संबंधी लंबित प्रकरण प्री.लिटिगेशन प्रकरण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में प्रस्तुत किए जाएंगे। जो विधिवत पंजीयन उपरांत संबंधित पक्षकारों के प्रकरण लोक अदालत खण्ड पीठ में निराकृत किए जाएंगे। इस तरह पक्षकार अपने न्यायालयीन प्रकरणों का निराकरण लोक अदालत के माध्यम से करा सकते हैं। इसके अलावा लोक अदालत में दूरसंचार विभाग, नगर निगम, नगर पालिका परिषद् में वसूली संबंधी लंबित प्रकरण प्री-लिटिगेशन प्रकरण, याददाश्त के आधार पर बंटवारा, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, बैंक रिकवरी प्रकरण, कब्जे के आधार पर बंटवारा, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस-2023) के अंतर्गत कार्यवाही के मामले, रेन्ट कंट्रोल एक्ट, सूखाधिकार से संबंधित मामलों के साथ-साथ विक्रय पत्र, दानपत्र और वसीयतनामा के आधार पर नामांतरण के मामले तथा अन्य प्रकृति के सभी मामले सम्मिलित और चिन्हांकित कर आपसी राजीनामा के आधार पर नेशनल लोक अदालत के माध्यम से निराकृत किया जावेगा।
Top