रायपुर। न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 11 सितम्बर 2025 की रात्रि अमलीडीह स्थित शराब भट्ठी के पास सेंट जोसेफ कालोनी रोड की है, जहाँ कुछ शरारती युवक शराब पीकर हुल्लड़बाजी कर रहे थे। सूचना मिलने पर डॉयल 112 वाहन में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुँचा और उन्हें समझाइश देने का प्रयास किया। लेकिन शराब के नशे में धुत युवकों ने पुलिसकर्मी से वाद-विवाद शुरू कर दिया और उसे अश्लील गालियाँ देने लगे। आरोपियों ने पुलिसकर्मी से कहा कि “तुम लोग जबरदस्ती परेशान करते हो, हम तुम्हें नहीं जानते।” इसके बाद उन्होंने अपना नाम अरुण चौहान, राजेश यादव, राहुल दीवान और रविन्द्र भगत बताया। आरोप है कि चारों ने पुलिसकर्मी को जान से मारने की धमकी दी, अपने पास रखे कटर को दिखाया, और उसके साथ हाथ, मुक्का तथा हाथ में पहने कड़ा से मारपीट की। इस दौरान पुलिसकर्मी को चोट लगी और उसकी वर्दी भी फाड़ दी गई। इस घटना के बाद पुलिसकर्मी की रिपोर्ट पर न्यू राजेन्द्र नगर थाने में अपराध क्रमांक 216/25 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 121 (सरकारी कर्मचारी के कर्तव्य में बाधा), 132 (सरकारी कार्य में बाधा डालना), 221 (हथियार दिखाकर धमकी देना), 296 (अश्लील गाली-गलौज), 351(2) (शारीरिक हमला), 115(2) (जान से मारने की धमकी), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई शुरू की गई।
Adv