बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • 24 लाख की ठगी, ऑफिस बंद कर रातों-रात फुर्र हुए शातिर

    29-Sep-2025

    बिलासपुर। होटल सेंट्रल पाइंट में सेमिनार के बहाने बुलाकर लोगों से 24 लाख रुपये निवेश कराए गए। इसके बाद साइट हैक होने का झांसा देकर जालसाज भाग निकले। जब धोखाधड़ी की जानकारी हुई तब पीड़ितों ने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत की है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

     
    शहर में रहने वाले मनीराम पटेल ने धोखाधड़ी की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि कंपनी में निवेश करने पर प्रतिदिन एक प्रतिशत मुनाफे का विज्ञापन यूट्यूब और अन्य साइट पर आता था। जब उन्होंने कंपनी के बताए नंबर पर संपर्क किया तो जूम मीटिंग में जोड़कर आनलाइन मुनाफा समझाया गया। साथ ही प्रतिदिन एक प्रतिशत मुनाफा होने की बात कही गई।
     
    इसके कुछ दिन बाद ही 24 जून को कंपनी के सादाब अंसारी, जफर इमाम, गंगाधर कुमार, दिलेश्वर मुंडा, आकाश कुमार और शुभम सिंह शहर आए। उन्होंने होटल सेंट्रल पाइंट में सेमिनार किया।
     
    इसमें मनीराम के साथ ही उनके साथी नेहल मिश्रा, रवि साहू, अक्षय कुमार टेकाम और राम स्वरूप साहू भी शामिल हुए। सादाब और उसके साथियों ने बताया कि उनकी कंपनी डिजिटल करंसी पर निवेश करती है। इसमें मोटा मुनाफा होता है। कंपनी अपना कमिशन काटकर निवेशकों को प्रतिदिन एक प्रतिशत का मुनाफा देती है। उनकी बातों में आकर मनीराम और उसके साथियों ने करीब 24 लाख रुपये निवेश कर दिए।
     
    कुछ दिनों तक उन्हें रोज एक प्रतिशत मुनाफा होता रहा। बाद में उन्हें रुपये मिलने बंद हो गए। जब उन्होंने कंपनी के लोगों से पूछताछ की तो गोलमोल जवाब मिलता रहा। इसके कुछ दिन बाद कंपनी के साफ्टवेयर हैक हो जाने के कारण सारे रूपये डूब जाने की बात कही गई। इधर कंपनी का प्रचार करने वाले अपना घर छोड़कर भाग निकले। जब निवेशकों को इसका पता चला तो तारबाहर थाने में घटना की शिकायत की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
  • कैबिनेट बैठक लेंगे CM विष्णुदेव साय

    29-Sep-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज दोपहर 3:30 बजे राज्य मंत्रीपरिषद (कैबिनेट) की बैठक मंत्रालय (महानदी भवन) अटल नगर, नवा रायपुर मे आयोजित होगी।

  • छत्तीसगढ़ में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

    29-Sep-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून जाते-जाते तांडव मचा रहा है। प्रदेश की राजधानी रायपुर समेत अन्य कई जिलों में पिछले दिनों से लगातार बारिश हो रही है।

    लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। वहीं लगातार हो रही बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को होने वाली बारिश के लिए अलर्ट जारी किया है।
     
    मौसम विभाग ने रायपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी, रायगढ़, सारंगढ़, बिलाईगढ़, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
     
    इसके साथ ही मौसम विभाग ने गरज-चमक की भी आशंका जताई है। वहीं मौसम विभाग की तरफ से बताया गया कि, आज कोरबा, रायगढ़ और बलरामपुर जिले के लोगों को बारिश से राहत मिलेगी।
     
    इसके साथ ही छत्तीसगढ़ मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बिजली गिरने के साथ गरज-चमक के साथ तेज अंधड़ चलने की भी संभवना जताई है। मौसम विभाग ने जनता से बेवजह घर से निकलने से बचने की सलाह दी है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने बारिश के दौरान खुले में ना रहने की सलाह भी लोगों को दी है।
  • बिलासा इंजीनियरिंग गैराज से चोरी का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

    29-Sep-2025

    बिलासपुर। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बिलासा इंजीनियरिंग गैराज से कार का सिलेंडर हेड और एल्युमिनियम पिस्टन चोरी करने वाले तीन आरोपियों को चकरभाठा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

    चोरी गए माल की कीमत लगभग ₹40,000 आंकी गई है। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सैयद आरिफ, निवासी तालापारा ने 20 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके गैराज का ताला तोड़कर कीमती पिस्टन चोरी कर लिया। इस घटना के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पुलिस ने स्थानीय मुखबिर की सूचना के आधार पर 28 सितंबर को कार्रवाई की। पुलिस ने प्रदीप कौशिक और अजय यादव को एक्टिवा में लोहे का सामान ले जाते हुए पकड़ा।
     
    आरोपियों की गिरफ्तारी और कबूलनामा
    पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी दीनानाथ रजक के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया। चकरभाठा पुलिस ने कहा कि यह गिरफ्तारी चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का उदाहरण है।
     
    चोरी की आर्थिक हानि और सुरक्षा दृष्टिकोण
    इस चोरी में गैराज के मालिक को लगभग ₹40,000 की आर्थिक हानि हुई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है। ऐसी घटनाएं अक्सर व्यवसायिक स्थलों पर सुरक्षा उपायों की कमी के कारण होती हैं। इसलिए व्यापारियों को अपने गैराज, दुकान या गोदाम की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
     
    चकरभाठा पुलिस ने बताया कि इलाके में चोरी की घटनाओं पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें। पुलिस ने चोरी के दौरान प्रयुक्त वाहन, उपकरण और आरोपी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित की है। इसके अलावा, चोरी की गई सामग्री की बरामदगी के लिए भी जांच जारी है।
     
     
  • पंडित रविशंकर शुक्ल वि वि के सेवानिवृत कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय के छः शिक्षकों के विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत साइंटीस्टों में शामिल हुए उन्हे बधाई और शुभकामनाएं दिये - प्रदीप मिश्र

    28-Sep-2025

    रायपुर- छतीसगढ़ विश्वविद्यालयीय पेंशनर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र और सचिव शिरीष त्रिवेदी ने बताया कि पंडित रविशंकर शुक्ल वि वि के सेवानिवृत कर्मचारियों ने 

     विश्वविद्यालय के छः शिक्षकों को अमेरिका के स्टेन फोर्ड द्वारा तैयार अल्सेवियर के प्रकाशित वैश्विक डाटाबेस में विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत साइंटीस्टों में शामिल हुए उन्हे उनके विभागों में जाकर बधाई और शुभकामनाएं दिये जिनमें से रवि शंकर शुक्ल वि वि के फ़ार्मेषी विभाग के ही पांच शिक्षक हैं जिनमें से सर्व श्री प्रो. डा शैलेंद्र सराफ सर जी जो फ़ार्मेषी विभाग के पूर्व एच ओ डी और दुर्ग वि वि के पूर्व कुलपति का दायित्व निभा चुके हैं अभी वर्तमान में आप अहमदाबाद के राष्ट्रीय औषधि शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान मे कार्य कर रहे हैं l 
                 इसी विभाग की प्रो. स्वर्ण लता सराफ भी विभाग प्रमुख रह चुकी हैं इसके साथ ही इसी विभाग के डा दीपेंद्र सिंह और डा मंजु सिंह जी ने भी अपने शोध कार्य में इजाफा करते हुए विज्ञान के क्षेत्र में वृहद कार्य करते हुए विश्व के श्रेष्ठ वैज्ञानिकों की सूची में नाम जुड़वाने मे कामयाब हुए हैं 
                        इसी विभाग के डा अम्बर ब्यास जी जो कि इसी वि वि मे कुलसचिव का दायित्व निभा रहे हैं आपके मार्ग दर्शन मे वि वि को नेक के ग्रेडेशन टीम ने A+ प्रदान किया है रवि शंकर वि वि अपने उचाईयों के ग्राफ को डा अम्बर ब्यास के नेतृत्व में और बढ़ाते हुए अम्बर की और उचाईयों को छुते रहे इसके लिए वि वि के कुलसचिव जी की जितनी भी तारीफ की जाये वो उतनी ही कम होगी आपका ब्यक्तित्व बहुत ही सरल है आप सकारात्मक सोच के साथ ही वि वि को और भी आगे की ओर ले जाने का ज्जबा रखते हैं l
                  रवि शंकर वि वि के ही डा कमलेश श्रीवास रसायन शास्त्र विभाग से हैं आप विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत युवा वैज्ञानिकों के श्रेणि में आने के लिए पूरा वि वि परिवार बहुत बहुत बधाई देता है l
             विश्वविद्यालय के इन छः शिक्षकों के विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत साइंटीस्टों की श्रेणि शामिल होने से पंडित रवि शंकर शुक्ल वि वि की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर में मान सम्मान में निश्चित रूप से बढ़ोतरी हुई है इन सभी साइंटीस्टों के उज्जवल भविष्य की हम कामना करते हैं आप सभी इसी प्रकार वि वि का नाम रोशन करते रहें आप सभी को वि वि के समस्त 
    कर्मचारियों और प्रदेश की जनता की ओर से पुन्ह ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं देते हैं l
    आप सभी से मिलने के लिए छतीसगढ़ विश्वविद्यालयीय पेंशनर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र सचिव शिरिष त्रिवेदी उनके विभागों में जाकर बधाई दिये थे,,l
  • कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक, आश्रम, छात्रावासों के संचालन हेतु दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

    28-Sep-2025

    बीजापुर। कलेक्टर संबित मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय बीजापुर के इन्द्रावती सभाकक्ष में आश्रम-छात्रावासों के अधीक्षक-अधीक्षिकाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, अपर कलेक्टर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सहित सभी मण्डल संयोजक, अधीक्षक-अधीक्षिकाएं एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

    बैठक में आश्रम-छात्रावासों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु कलेक्टर ने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये। जिसमें स्वास्थ्य जांच सभी छात्रों का महीने में 2 बार स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य किया गया। मौसम को देखते हुए मलेरिया टेस्ट करवाने तथा संक्रमित पाए जाने पर दवाई देने और उन्हें पृथक कमरे में रखने के निर्देश दिए गए। छात्रों के स्थायी जाति, निवास प्रमाण-पत्र, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के निर्देश दिए गए। स्वीकृत निर्माण कार्यों की गुणवत्तापूर्ण निगरानी अधीक्षक और मण्डल संयोजक द्वारा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सुविधाएं दवाईयां प्रत्येक आश्रम-छात्रावास में फर्स्ट -एड बॉक्स अनिवार्य रखने तथा मौसमी बीमारियों की दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खेलों में रुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं का बस्तर ओलम्पिक में पंजीयन कराने को कहा गया। छात्रों को नाश्ता, मध्यान्ह भोजन और रात्रि भोजन में प्रोटीनयुक्त साग-सब्जियां अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने तथा प्रतिदिन भोजन की तस्वीरें नोडल अधिकारी को भेजने के निर्देश दिए गए।
     
    नोडल अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान अधीक्षक, अधीक्षिका की उपस्थिति अनिवार्य की गई। दशहरा व दीपावली की छुट्टियों में छात्रों को केवल माता-पिता की उपस्थिति में ही घर भेजने के निर्देश दिए गए।
     
    सेवा पखवाड़ा आश्रम-छात्रावासों में निबंध, चित्रकला और खेल गतिविधियां अनिवार्य रूप से आयोजित कर प्रतिवेदन व फोटोग्राफ कार्यालय भेजने को कहा गया। उत्कर्ष विद्यालयों में प्रवेश की तैयारी हेतु विशेष कक्षाएं चलाने, सामान्य ज्ञान से संबंधित रोजाना 2 जानकारी देने तथा छोटे-छोटे क्विज प्रतियोगिताएं कराने के निर्देश दिए गए। कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान देकर उन्हें प्रोत्साहित करने पर भी बल दिया गया।
     
    कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने कहा कि आश्रम-छात्रावासों में रहने वाले छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु अधीक्षक-अधीक्षिकाओं को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा। बैठक में सीईओ जिला पंचायत नम्रता चैबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री देवेन्द्र सिंह उपस्थित थे।
  • बिना लाइसेंस व हेलमेट ना करें वाहनों का विक्रय : एसडीएम

    28-Sep-2025

    जशपुरनगर। कार्यालय अनुविभागीय दण्डाधिकारी जशपुर में एसडीएम विश्वास राव मस्के की अध्यक्षता में शनिवार को सभी वाहन शोरूम संचालकों आयोजित की गई। 

    इस बैठक में एसडीएम ने कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशानुसार समस्त नए दोपहिया वाहन केवल लर्निंग लायसेंस या वैध ड्रायविंग लायसेंस धारक को ही विक्रय करने एवं प्रत्येक नए वाहन के साथ कम से कम एक आईएसआई मार्क वाले हेलमेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने दुपहिया वाहन शोरूम संचालकों को शोरूम में दुपहिया एवं चारपहिया वाहन खरीदने आने वालों के दस्तावेजों के साथ लायसेंस अवश्य चेक करने को कहा एवं जिनके पास लाइसेंस नहीं हैं उन्हें आग्रह कर कम से कम लर्निंग लाइसेंस होने पर ही वाहन विक्रय करने को कहा।
     
    एसडीएम ने शोरूम में कार्यरत सभी कर्मचारियों को भी सीटबेल्ट एवं हेलमेट लगाने को कहा गया। सड़क दुर्घटना में वृद्धि को रोकने हेतु सभी शोरूम संचालकों ने निर्देशों का स्वागत करते हुए आम जनता को जागरूक करने हेतु प्रमुख जगहों पर जहां लोगों का आवागमन होता है उन्हें चिन्हांकित कर हेलमेट तथा सीटबेल्ट की अनिवार्यता के संबंध में कैम्प लगाने एवं बैनर पोस्टर के माध्यम से जागरूक करने की पहल की। इस बैठक में एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, यातायात प्रभारी सुनेश्वर सिंह पैंकरा, परिवहन लिपिक जशपुर, थाना प्रभारी आशीष तिवारी एवं सभी दोपहिया एवं चारपहिया शोरूम संचालक उपस्थित हुए।
  • करके देखबो, सीख के रहीबो थीम पर बच्चों की प्रतिभा और सीखने की ललक ने एफएलएन मेले में लगाए 34 स्टॉल

    28-Sep-2025

    एमसीबी। रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देशानुसार स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल मनेंद्रगढ़ में आज "करके देखबो, सीख के रहीबो" थीम पर जिला स्तरीय एफएलएन ( FLN ) मेला का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले में जिले के मनेंद्रगढ़, भरतपुर और खड़गवां ब्लॉक की प्राथमिक शालाओं के कक्षा पहली से पांचवीं तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। बच्चों द्वारा कुल 34 स्टॉल लगाए गए, जिनमें उनकी प्रतिभा और सीखने की ललक स्पष्ट दिखाई दी। 

     
    इस मेले में बच्चों व्दारा लगाए स्टॉल इस प्रकार है जादू की पोटली, मेरी घड़ी तुम्हारा समय, रोली राउंड, पपेट की पाठ शाला, पर्ची उठाओ पढ़कर दिखाओ, गिनो और लिखो, puzzle game मेरा रिंग मेरा वर्ण, जोड़ी बनाओ गिनती सीखो, ACTION PARK]उंगली फिराव शब्द बनाओ, जोड़ मशीन, COLOUR NAME]आओ ध्वनि पहचानो, आकृतियों की पहचान, बोलो बोलो मै हूं कहा, नाम ही काफी है, गुणा, फूड आइटम, कौन पहले कौन बाद, समान खरीदो पैसे दो, आओ अलग करे, भरकर देखो, मुझे मेरी जगह बताओ, कौन इकाई कौन दहाई, JUMBLED LETTER] शब्द पहचानकर रेलगाड़ी, बड़ा छोटा बराबर, मेरे में बारे में बताओ, MAGIC SOUND]चिन्ह कैसे कैसे, क्रम सूचक संख्या, DICE & GAME और आंख मिचौली जैसे स्टाल लगाए गए थे। 
     
    इस अवसर पर बेमेतरा जिले टाकेश्वर देवांगन, एससीईआरटी रायपुर से सुनील मिश्रा, समग्र शिक्षा से प्रीति जैन और वाणी मसीह विशेष रूप से शामिल हुए। मेले का संचालन बच्चों के हाथों में था, जहां वे खेल-खेल में सीखने और सिखाने की प्रक्रिया में जुड़े हुए थे। शिक्षक केवल अवलोकन की भूमिका में रहे। इस मेले में हिंदी, अंग्रेजी और गणित की चुनिंदा अवधारणाओं के साथ नवाचारी विचारों को भी शामिल किया गया था, जिन्हें एससीईआरटी द्वारा तैयार संदर्शिका से जोड़ा गया। एफएलएन मेले का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रारंभिक चरण में ही रोचक गतिविधियों और खेलों के माध्यम से 100ः सीखने का अवसर प्रदान करना रहा। इसके साथ ही कलेक्टर के साथ सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी कर्मचारियों ने बच्चों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। प्रतियोगिता में पीएम श्री शा. प्रा. विद्यालय माथमौर की टीम ने निरजा अहिवार के नेतृत्व में हिंदी थीम “आओ ध्वनि पहचानो” से प्रथम स्थान प्राप्त किया। शा. प्रा. विद्यालय कठौतिया की टीम ने मनीषा पांडे के नेतृत्व में “मैजिक साउंड” थीम से पहला स्थान हासिल किया। वहीं शा. प्रा. शाला बैमा की टीम ने श्रीमती उमारानी सिंह के नेतृत्व में गणित थीम “कौन पहले कौन बाद” से प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
  • स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान : कमला कालेज में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर संपन्न

    28-Sep-2025

    राजनांदगांव। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत शासकीय कमला देवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजनांदगांव में बालिकाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि शासन द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य को मजबूत करने और परिवारों को सशक्त बनाने के लिए स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरूआत की गई है। 

    अभियान के तहत महिलाओं के स्वास्थ्य देखभाल और पोषण पर विशेष जोर दिया जा रहा है और महिलाओं के कल्याण को राष्ट्रीय विकास से सीधे जोड़ती है। अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविरों में महिलाओं की एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की जा रही है। साथ ही टीकाकरण एवं पोषण स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की जा रही है। इसके ही मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को शुरूआती चरण में स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान करके कम करना है। उन्होंने शासन द्वारा चलाए जा रहे अन्य योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए टीबी मरीजों को मनोसामाजिक सहायता देने की अपील की। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय राजनांदगांव के एमडी मेडिसिन डॉ. प्रकाश खुंटे ने न्यूट्रीशियन एवे पोषण आहार के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान आयोजित स्वास्थ्य शिविर में छात्राओं का स्वास्थ्य जांच किया गया और आवश्यक स्वास्थ्य सलाह दी गई एवं नि:शुल्क दवाईयों का वितरण किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष जन भागीदारी समिति सुश्री मणीभास्कर गुप्ता, डॉ. धीरज भावनानी, डॉ. सौम्या चेलक, डॉ. लकी नेताम, डॉ. पूजा मेश्राम, डॉ. साक्षी गजभिए, सुश्री नलिनी सागरे, स्टाफ नर्स सुश्री ज्योति यादव, डॉ ओंकार लाल श्रीवास्तव, प्रचार्य, प्रोफेसर सहित बालिकाएं उपस्थित थे।
     
     
  • बीमा योजना व किसान क्रेडिट कार्ड में बढ़ाए लाभार्थियों की संख्या : कलेक्टर

    28-Sep-2025

    जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सलाहकार एवं परामर्शदात्री समिति की त्रैमासिक बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न हितग्राहीमुखी विकास तथा रोजगारमूलक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को इन योजनाओं के प्रकरणों में शत-प्रतिशत स्वीकृति और सहायता ऋण राशि के समयबद्ध वितरण के निर्देश दिए। 

    कलेक्टर ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे। उन्होंने विशेष रूप से वित्तीय समावेशन से जुड़ी योजनाओं पर ज़ोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना जैसे कार्यक्रम स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अत्यंत प्रभावी हैं।
     
    कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शहरी क्षेत्रों में कौशल आधारित योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए और इनके अंतर्गत ऋण स्वीकृति में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रकरणों को प्राथमिकता से स्वीकृत करें। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक जोड़ने के निर्देश भी दिए। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड के लंबित आवेदनों का त्वरित निराकरण करने और मत्स्य व पशुपालन विभाग के हितग्राहियों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए समन्वित प्रयास करने को कहा। इसके अतिरिक्त, आधार सीडिंग के कार्य और ई केवाईसी में अगली बैठक तक अधिक लक्ष्य पूर्ण करने और वित्तीय फ्रॉड से बचाव हेतु जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म उद्योग उन्नयन योजना, रोजगार सृजन योजना, आजीविका मिशन, जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति, पीएमएमवाय और पीएमस्वनिधि जैसी योजनाओं की प्रगति तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा भेजे गए प्रकरणों की स्थिति की भी विस्तृत जानकारी ली। 
     
    कलेक्टर ने आगामी ग्राम सभा में योजनाओं के अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने और अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए । इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, रिजर्व बैंक, लीड बैंक अधिकारी, नाबार्ड सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी सहित जिले के विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधक उपस्थित थे।
     
    मुद्रा योजना में सरलीकरण, सरल ऋण प्रक्रिया पर जोर : 
     
    कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति देश के किसी भी बैंक से सरल प्रक्रिया के तहत लोन प्राप्त कर सकता है। योजना का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और छोटे व्यवसायियों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को शिशु, किशोर और तरुण घटकों के लिए बैंकवार पृथक लक्ष्य निर्धारण कर जिले में अधिक से अधिक स्वीकृत करने कहा। 
  • भाजपा जवाहर नगर मंडल ने सुनी पीएम मोदी की मन की बात

    28-Sep-2025

    रायपुर। भाजपा जिला रायपुर के जवाहर नगर मंडल द्वारा रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 126वें एपिसोड का प्रसारण बूथ स्तर पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। मंडल अध्यक्ष संदीप जंघेल ने बताया कि मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी सामाजिक, राष्ट्रीय और वैश्विक गतिविधियों पर अपने विचार साझा करते हैं। यह कार्यक्रम हर माह देशभर में बूथ स्तर तक प्रसारित किया जाता है।

     
    पीएम मोदी का संबोधन
    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज के एपिसोड में कई विषयों पर देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा: खादी का महत्व: गांधी जयंती पर खादी को अपनाने की अपील करते हुए पीएम ने कहा, “2 अक्टूबर को आप सभी कोई न कोई खादी का सामान अवश्य खरीदें और गर्व से कहें कि यह स्वदेशी है।”
    छठ पूजा को वैश्विक पहचान: उन्होंने छठ महापर्व को दुनिया के मंच पर ले जाने की बात कही।
    बेटियों की उपलब्धियां: नवरात्रि के अवसर पर पीएम ने शिक्षा, व्यापार और खेल के क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भूमिका पर गर्व व्यक्त किया।
     
    कार्यक्रम का आयोजन
    जवाहर नगर मंडल में बूथ क्र. 126, बूथ न.116 और बूथ न.121 पर कार्यक्रम रखा गया। इसमें विशेष रूप से तात्यापारा वार्ड की छाया पार्षद मनोज विश्वकर्मा, पूर्व पार्षद भारती बागल, प्रमोद विश्वकर्मा, महामंत्री रमेश शर्मा, गीता रेड्डी, नीलू तलमले, संतोष निहाल, सूरज शर्मा, बूथ सचिव ममता साहू, सुकल्या साहू, मुन्‍नी साहू, अविजित सिंह बागल, संतोष विश्वकर्मा समेत मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
  • कांकेर में मुठभेड़: 3 नक्सली ढेर, ऑपरेशन जारी...

    28-Sep-2025

    कांकेर। कांकेर जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रविवार सुबह भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ छत्तीसगढ़ के कांकेर, धमतरी और ओडिशा की सीमा से सटे जंगल में चल रही है। पुलिस को नक्सलियों की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी जिसके आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना हुई थी।

    इस दौरान जंगल में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी जिसका सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। मुठभेड़ में अब तक तीन नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं जिनके पास से हथियार और अन्य नक्सली सामग्री भी जब्त की गई है। कांकेर के पुलिस अधीक्षक ने मुठभेड़ और नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है।
  • बस्तर दशहरा पर्व, फूल रथ की हुई तीसरी परिक्रमा

    27-Sep-2025

    पुलिस जवानों ने गोलियां दाग कर दी सलामी
    जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व के दौरान शुक्रवार को फूल रथ की तीसरी परिक्रमा पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूरी की गई। इस भव्य आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने भी शिरकत की। फूल रथ की तीसरी परिक्रमा शहर के जगन्नाथ मंदिर, गोल बाजार चौक, गुरु नानक चौक से होती हुई दंतेश्वरी मंदिर तक की गई। फूल रथ परिक्रमा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक उपस्थित रहे। यह परिक्रमा बस्तर दशहरा के महत्वपूर्ण अनुष्ठानों में से एक है, जो मां दंतेश्वरी और स्थानीय देवी-देवताओं के प्रति आस्था को दर्शाता है। फूल रथ पर मां दंतेश्वरी के छत्र के विराजमान होते ही पुलिस के जवानों ने हर्ष फायर कर सलामी दी।

    रथ को खींचने में सैकड़ों भक्त हुए शामिल
    परिक्रमा के दौरान जगदलपुर विधायक किरण देव विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही बस्तर संभाग कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी, कलेक्टर हरिस एस, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा भी मौजूद रहकर रथ खींचने वाले ग्रामीणों का हौसला बढ़ाते रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए तैनात पुलिस एवं प्रशासन की टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह आयोजन बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय प्रशासन के सहयोग का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जो इस अनूठे पर्व को विश्व मंच पर पहचान दिलाता है।

  • एनआईटी रायपुर के 17 स्टार्टअप्स का हुआ चयन

    27-Sep-2025

    एनआईटी रायपुर फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप का होर्ट 4.0 इनक्यूबेशन प्रोग्राम सफल
    रायपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर की नवाचार एवं उद्यमिता प्रकोष्ठ एनआईटी रायपुर फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप ने कोहोर्ट 4.0 इनक्यूबेशन प्रोग्राम का सफल आयोजन किया। इस कार्यक्रम में 36 महत्वाकांक्षी स्टार्टअप्स ने भाग लिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हेल्थटेक, ई-कॉमर्स, फिनटेक, एजुकेशन टेक्नोलॉजी और डिजिटल मार्केटिंग जैसे विविध क्षेत्रों में अपने अभिनव व्यावसायिक विचार प्रस्तुत किए।

    इनक्यूबेटेड स्टार्टअप्स की संख्या 50 से अधिक हो गई :
    कुल आवेदनों में से 25 प्रतिभागियों ने आॅनलाइन माध्यम से इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन कमेटी के समक्ष अपने विचार रखे। विस्तृत मूल्यांकन के बाद समिति ने 15 आवेदनों को इनक्यूबेशन सहयोग और 2 आवेदनों को प्री-इनक्यूबेशन के लिए चयनित किया। इस उपलब्धि के साथ में इनक्यूबेटेड स्टार्टअप्स की संख्या 50 से अधिक हो गई है, जो प्रदेश ही नहीं, देश के उद्यमशीलता परिदृश्य में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

    बोर्ड के निदेशक डॉ. समीर बाजपेयी ने कही बड़ी बात :
    इस अवसर पर बोर्ड निदेशक डॉ. समीर बाजपेयी ने कहा कि को होर्ट 4.0 के विचार भारत की उद्यमशीलता भावना में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। हमारा लक्ष्य इन उच्च संभावनाओं वाले विचारों को सफल और बाजार-तैयार उपक्रमों में बदलना है।
    फैकल्टी प्रभारी डॉ. अनुज कुमार शुक्ला ने कहा कि हमारा ध्यान उद्यमियों की यात्रा के हर चरण में मजबूत समर्थन प्रणाली प्रदान करने पर है। हम शैक्षणिक ज्ञान और वास्तविक दुनिया के बीच की खाई को पाटने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

    आयोजन में इनका रहा महत्वपूर्ण योगदान रहा
    यह आयोजन एनआईटी रायपुर के निदेशक प्रो. एन. वी. रमना राव के दूरदर्शी नेतृत्व और ठकळफफऋकए टीम के अथक प्रयासों से संभव हुआ। इसमें प्रभारी अधिकारी पवन कटारिया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेधा सिंह और इनक्यूबेशन मैनेजर सुनील देवांगन का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने स्टार्टअप इकोसिस्टम को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाई।
     

  • उत्पादन और निर्माण एक साथ होना बना 6 मौतों का कारण

    27-Sep-2025

    स्टील-प्लांट हादसा में एजेंसियां करेंगी जांच
     रायपुर। शुक्रवार दोपहर रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में स्थित गोदावरी पावर एंड इस्पात के अंदर हुए हादसे की जांच अब एजेंसियां करेंगी, जो कारण खोजेंगी। बताया जा रहा है कि प्लांट के अंदर उसी समय उत्पादन का काम भी चल रहा था और बगल में दीवार निर्माण कार्य भी हो रहा था। कंपनी के प्रबंधन ने मशीनों को थोड़ी देर के लिए बंद किया और जांच के लिए मैनेजर समेत 10-12 लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन तभी तापमान नियंत्रित करने वाला गरम लोहे का विशाल ढांचा अचानक ढह गया। इसमें करीब छह लोग जख्मी हो गए। अभी तक पॉवर प्लांट की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।

    ये एजेंसी करेंगी जांच
    औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग यह देखेगा कि संयंत्र में कहीं सुरक्षा मानकों की अनदेखी तो नहीं हुई।श्रम विभाग और श्रम आयुक्त भी मजदूरों की सुरक्षा, कार्यस्थल की परिस्थितियों और लापरवाही के पहलुओं की जांच। दूसरी ओर पुलिस इस पूरे मामले को साजिश के कोण से भी परखेगी। शुरूआती जांच में उत्पादन और निर्माण कार्य एक साथ होने को बड़ी गलती माना जा रहा है। हादसे की असल वजह और जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए सभी एजेंसियां समन्वय के साथ जांच कर रही हैं।

    आठ घंटे चला रेस्क्यू
    जानकारी के अनुसार घटना लगभग तीन बजे की है। इसके बाद रेस्क्यू ओपरेशन शुरू किया गया। लगभग आठ घंटे तक रेस्क्यू आपरेशन के बाद घायलों को इलाज के लिए और मृतकों को पीएम के लिए भेजा गया।
     

  • अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठेंगे पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर

    27-Sep-2025

    कलेक्टर को हटाने के लिए अल्टीमेटम, चार अक्टूबर को मुख्यमंत्री निवास पर धरने का ऐलान
    रायपुर। पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने सीएम हाउस के सामने 4 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए उन्होंने रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह को पत्र लिखकर अनुमति मांगी है। कंवर पहले ही कोरबा कलेक्टर को हटाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिख चुके हैं। पूर्व गृह मंत्री कंवर ने रायपुर कलेक्टर को लिखे अपने पत्र में कहा कि कोरबा कलेक्टर अजित वसंत के विरुद्ध जन भावना को देखते हुए 14 बिंदुओं पर मुख्यमंत्री सहित कई केबिनेट मंत्री के समक्ष शिकायत कर चुका हूं, लेकिन ऐसे भ्रष्ट हिटलर प्रशासक के विरुद्ध कोई जांच नहीं किए जाने पर मुझे धरने पर बैठने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। इससे मुझे समझ आ रहा है कि मुख्यमंत्री का आवास कार्यालय में बैठे कुछ आईएएस अधिकारी के कंट्रोल में सरकार चल रहा है, जो भ्रष्ट अधिकारी को बचाने के लिए मुख्यमंत्री को वास्तविक जानकारी से अवगत नहीं कराते हुए उन्हें गुमराह कर रहे हैं। इसके पहले भी मैने पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में कई बड़े घोटाले की मोदी सरकार से शिकायत की थी, जिसकी जांच में शिकायत का सभी बिंदु प्रमाणित हुए।

    जब मेरे जैसे वरिष्ठ नेता की शिकायत पर कार्रवाई नहीं तो और क्या

    इसके साथ कंवर ने पत्र में कहा कि जब मेरे जैसे वरिष्ठ अनुभवी नेता के शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही हैं तो अन्य जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को किस तरह से संज्ञान लिया जा रहा होगा समझा जा सकता है. कोरबा कलेक्टर के भ्रष्टाचार पर पर्दा डालते में सरकार में बैठे बड़े अधिकारियों का योगदान होना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। अत: मैं 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री निवास के सामने कार्यकतार्ओं और समर्थकों के साथ धरने पर बैठने की सूचना दे रहा हैं।

  • कोयला कारोबारी की मौत, हादसे में मां ने भी तोड़ा दम

    27-Sep-2025

    कोरबा। गेवरा–दीपका क्षेत्र के प्रमुख कोल ट्रांसपोर्टर और व्यवसायी अमन बाजवा उर्फ तलविंदर सिंह (34) की सड़क हादसे में मौत हो गई. इस दर्दनाक दुर्घटना में उनकी मां की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके मौसा गंभीर रूप से घायल हैं. अमन बाजवा अपने पत्नी और बच्चों से मिलने पंजाब जा रहे थे, इसी दौरान मध्य प्रदेश के चित्रकूट के पास बुंदेलखंड नेशनल हाईवे पर वे हादसे का शिकार हो गए. जानकारी के अनुसार, अमन बाजवा अपनी मां और मौसा के साथ स्कॉर्पियो कार से पंजाब जा रहे थे. परिवार से मिलने की खुशी में वे सफर पर निकले थे, लेकिन रास्ते में हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली. बताया गया कि उनकी पत्नी और बच्चे फिलहाल पंजाब में रह रहे हैं, जहां से उन्हें लाने के लिए वे रवाना हुए थे. चित्रकूट के समीप नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि अमन और उनकी मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. उनके मौसा को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

  • नशीली इंजेक्शन सप्लाई सिंडीकेट का भंडाफोड़, ओडिशा के दो सप्लायर गिरफ्तार

    27-Sep-2025

    रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने जिले में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए लगातार अभियान छेड़ रखा है। इसी कड़ी में चक्रधरनगर पुलिस ने एक बड़े नशीली इंजेक्शन सप्लाई सिंडीकेट का भंडाफोड़ करते हुए ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले से आए दो प्रमुख सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट और संगठित अपराध की धाराओं में न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया। कैसे बेनकाब हुआ सिंडीकेट  
    19 सितंबर को चक्रधरनगर पुलिस ने पंजरी प्लांट मरीन ड्राइव क्षेत्र में दबिश देकर इंदिरा नगर निवासी धीरज बरेठ को रंगे हाथों पकड़ा था। आरोपी नदी किनारे छिपकर नशीली इंजेक्शन बेच रहा था। उसकी तलाशी में पुलिस ने आठ नग पेंटाजोसिन इंजेक्शन और बिक्री की रकम ?300 जब्त की। पूछताछ के दौरान धीरज ने खुलासा किया कि वह इंजेक्शन ओडिशा निवासी किशन डंडारिया और रायगढ़ के चंद्रकांत निषाद उर्फ बाबू से खरीदकर महंगे दामों पर बेचता है।  
    पुलिस की पड़ताल और सप्लाई चेन का खुलासा पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन में टीम ने सप्लाई चेन को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की। जांच में सामने आया कि यह केवल स्थानीय स्तर पर नहीं बल्कि अंतरराज्यीय नेटवर्क के जरिए संचालित हो रहा है। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने ओडिशा के दो सप्लायरों किशन डंडारिया और राजेश डंडारिया को घेराबंदी कर दबोचा। दोनों के पास से वह मोबाइल जब्त हुआ, जिसका इस्तेमाल यूपीआई के जरिए नशीली इंजेक्शन की अवैध लेन-देन में किया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने चंद्रकांत निषाद, धीरज बरेठ और रुकसार सारथी सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर इंजेक्शन सप्लाई करने की बात स्वीकार की। यह एक संगठित अपराध होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 111 के तहत प्रकरण दर्ज किया।
    पहले से पकड़े गए आरोपी इससे पहले सहआरोपी चंद्रकांत निषाद उर्फ बाबू और रुकसार सारथी को थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 472/25 धारा 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का मानना है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे एक संगठित गैंग सक्रिय है, जो पड़ोसी राज्य से नशीली दवाओं की सप्लाई कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी किशन डंडारिया उर्फ अशोक (33 वर्ष), निवासी नवधा चौक, बृजराज नगर, झारसुगुड़ा (ओडिशा)
    राजेश डंडारिया (35 वर्ष), निवासी नवधा चौक, बृजराज नगर, झारसुगुड़ा (ओडिशा) दोनों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है, ताकि पुलिस इनके नेटवर्क और अन्य सप्लायर्स की कड़ी तक पहुंच सके। पुलिस टीम की भूमिका इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में विशेष टीम बनाई गई। टीम में सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू और आरक्षक अभय नारायण यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस की सख्ती नशीली दवाओं और इंजेक्शनों की सप्लाई पर रोक लगाने रायगढ़ पुलिस ने हाल के महीनों में कई बड़ी कार्रवाइयां की हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह के मादक पदार्थ सीधे युवाओं को निशाना बनाते हैं और समाज को खोखला कर रहे हैं। इसलिए ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई ही एकमात्र रास्ता है। क्या है पेंटाजोसिन इंजेक्शन पेंटाजोसिन एक नियंत्रित औषधि है, जिसका सीमित चिकित्सीय उपयोग होता है। लेकिन नशेड़ियों में इसका दुरुपयोग तेजी से बढ़ा है। लंबे समय तक इसके सेवन से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग दोनों इसे बेहद खतरनाक श्रेणी में मानते हैं।

  • अधिकारियों ने शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम की सड़कों पर चलाया सफाई अभियान

    27-Sep-2025

    रायगढ़। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत रायगढ़ जिले में स्वच्छता जागरूकता की लहर दौड़ रही है। इसी कड़ी में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) रायगढ़ ने सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया। इस अभियान के तहत शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम और उसके आसपास की सड़कों पर सफाई की गई। अभियान का नेतृत्व क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार रावत ने किया। उनके मार्गदर्शन में बैंक के लगभग 25 अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और साफ-सफाई कर नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया। अधिकारियों ने न केवल स्टेडियम परिसर को साफ किया, बल्कि आसपास की सड़कों से कचरा हटाकर स्थानीय निवासियों के लिए बेहतर और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने में योगदान दिया।  राष्ट्रव्यापी पहल से जुड़ा अभियान यह कार्यक्रम स्वच्छता ही सेवा 2025 पहल के तहत आयोजित किया गया। यह पहल 2 अक्टूबर तक पूरे देश में चल रही है, जिसका उद्देश्य सिर्फ तत्कालीन सफाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों में दीर्घकालिक रूप से स्वच्छता की आदत विकसित करना है। इस पहल को महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर चलाए जाने वाले स्वच्छ भारत मिशन से जोड़कर देखा जा रहा है। सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण एसबीआई अधिकारियों का यह कदम सामाजिक उत्तरदायित्व का जीवंत उदाहरण है। बैंक के कर्मचारियों ने यह साबित किया कि केवल सरकारी या स्थानीय प्रशासन ही नहीं, बल्कि हर नागरिक और संस्था की जिम्मेदारी है कि वे अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाएं। स्टेडियम और आसपास की सड़कों से हटाए गए कचरे ने अभियान के महत्व को और स्पष्ट किया।  अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी इस अवसर पर एलडीएम रायगढ़ कमल किशोर सिंह, विकास शर्मा, दीपक भदानी, रवि कुमार और क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय रायगढ़ के अन्य अधिकारी भी शामिल हुए। सभी ने मिलकर हाथों में झाड़ू और कचरा बैग लेकर सफाई की और स्थानीय नागरिकों से भी इस अभियान से जुड़ने की अपील की। नागरिकों में जागरूकता अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी रहा। एसबीआई अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों से कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने घर, गली और आसपास की जगह को साफ रखने का संकल्प ले, तो पूरे समाज में स्थायी बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों और युवाओं को स्वच्छता  आंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की। स्वच्छता ही सेवा अभियान का सबसे बड़ा संदेश यही है कि सफाई केवल एक दिन का काम नहीं, बल्कि यह जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। रायगढ़ में एसबीआई द्वारा चलाए गए इस अभियान ने लोगों के बीच यही संदेश दिया कि स्वच्छता को अपनाना हमारी जिम्मेदारी है और इससे समाज के स्वास्थ्य व पर्यावरण दोनों को लाभ मिलेगा। 

  • पंडित रविशंकर शुक्ल वि वि के सेवानिवृत कर्मचारियों ने नव नियुक्त नौ विभागाध्यक्ष के विभागों में जाकर शुभकामनाएं दी

    25-Sep-2025

    रायपुर - छतीसगढ़ विश्वविद्यालयीय पेंशनर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र और सचिव शिरिष त्रिवेदी ने बताया कि पंडित रविशंकर शुक्ल वि वि के सेवानिवृत कर्मचारियों ने नव नियुक्त नौ विभागाध्यक्ष के विभागों में जाकर शुभकामनाएं दी इनमे सर्व प्रथम भौतिकी विभाग के नये विभागाध्यक्ष डा दुर्गा प्रसाद बिसेन सर जी रसायन शास्त्र विभाग के नये विभागाध्यक्ष डा मानस कांति देव जी अर्थ शास्त्र विभाग के नये विभागाध्यक्ष डा भेख लाल सोनकर मनोविज्ञान विभाग के नये विभागाध्यक्ष डा प्रियम्बदा श्रीवास्तव एम बी ए विभाग के नये विभागाध्यक्ष डा गोपाल

     देशमुख सर जी कंप्यूटर साइंस विभाग के नये विभागाध्यक्ष डा विनोद पटले सर जी बॉयो टेक्नोलॉजी विभाग के नये विभागाध्यक्ष डा अफाक कुरैशी सर जी आदि से मिलने के लिए छतीसगढ़ विश्वविद्यालयीय पेंशनर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र सचिव शिरिष त्रिवेदी और उपेंद्र यादव जी साथ थे,,,,, 
    सभी नये विभागाध्यक्षों को 
     शुभकामनाएं दिये और सभी नये विभागाध्यक्षों के मार्ग दर्शन में विभाग अपने नये आयामों को छुये और नये नये कीर्तिमान स्थापित करते हुए विभाग को नई उचाईयों को छुये l
Top