बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • स्वच्छ भारत मिशन : एक राष्ट्रीय जागरण की शुरुआत

    02-Oct-2025

    बिलासपुर। महात्मा गांधी जी की जयंती 2 अक्टूबर 2014 के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा “स्वच्छ भारत मिशन” की शुरुआत की गई थी । यह केवल स्वच्छता अभियान नहीं था बल्कि राष्ट्रीय जागरण का एक शुभारंभ था, जिसने समाज की आदतों को सुधारने, सोच को नया स्वरूप देने और जन-जीवन में गरिमा को पुनः स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त किया । इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए “स्वच्छता ही सेवा” अभियान प्रत्येक वर्ष मनाया जाता है ।

    वर्ष 2025 में यह अभियान “स्वच्छोत्सव” की थीम के साथ 17 सितम्बर से आरंभ हुआ । रेल मंत्रालय के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के पाँच प्रमुख स्तंभ स्वच्छता लक्षित इकाइयों का रूपांतरण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, सफाई मित्र सुरक्षा शिविर, ग्रीन-क्लीन उत्सव तथा स्वच्छता के लिए व्यापक जागरूकता आदि थे । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा इस अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए कई उल्लेखनीय पहलें की गईं ।
     
    सफाई मित्रों और अन्य कर्मियों को स्वच्छता किट वितरित की गईं, कार्यालय परिसर के आसपास के घरों और ठेला/स्टालों पर विक्रेताओं को जागरूक किया गया तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने के लिए डिजिटल आउटरीच अभियान चलाया गया । महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नेतृत्व में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” पहल के अंतर्गत बिलासपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर श्रमदान का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी की । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में चिन्हित *4894* स्वच्छता लक्षित इकाइयों में से *3700* से अधिक का रूपांतरण किया जा चुका है, जिनसे गंदगी के ढेर और उपेक्षित स्थलों को स्वच्छ और उपयोगी क्षेत्रों में परिवर्तित किया गया ।
     
    अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ दर्ज की गईं । कुल 4835 कर्मचारियों और नागरिकों ने स्वच्छता शपथ ली, 14 जन-जागरूकता कार्यशालाएँ एवं 7 कार्यक्रम एनजीओ और सामाजिक संगठनों के सहयोग से आयोजित किए गए । 29 सफाई मित्र सुरक्षा शिविर एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन हुआ और 473 कर्मियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए । जनजागरण के लिए मैराथन, 4 साइक्लोथॉन और 10 वॉकाथॉन आयोजित किए गए । 7 खेल प्रतियोगिताएँ एवं 7 सांस्कृतिक उत्सवों के साथ-साथ 14 प्रतियोगिताएँ और 7 युवा जुड़ाव कार्यक्रम भी आयोजित हुए । स्वच्छ वातावरण को प्रोत्साहित करने हेतु 1341 पौधे लगाए गए और 18 आर.आर.आर. गतिविधियों के साथ 123 वेस्ट टू आर्ट प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए गए, जिनमें से कुछ उत्पाद बिक्री हेतु भी उपलब्ध कराए गए ।
     
    इसके अतिरिक्त 440 घर-घर जागरूकता अभियान चलाए गए, 1115 लोगों ने श्रमदान में भाग लिया जबकि 25 सितम्बर 2025 को आयोजित विशेष श्रमदान में 2315 प्रतिभागी शामिल हुए । “स्वच्छ आहार” पहल के अंतर्गत 26 गतिविधियाँ आयोजित की गईं तथा ट्रेनों और स्टेशनों पर कीट एवं कृंतक नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाए गए । 21 सार्वजनिक शौचालयों और 18 बेस किचन, रेस्टोरेंट, फूड स्टॉल तथा पैंट्री कार की विशेष सफाई एवं उन्नयन किया गया । स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने स्वच्छता को केवल एक अभियान न मानकर सामूहिक संकल्प और जनआंदोलन का रूप दिया है । अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सफाई मित्रों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से यह संदेश स्पष्ट हुआ कि स्वच्छता ही सेवा है और इसे हम सभी को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाना होगा।
     
     
  • बह्मनी नदी में मिला अज्ञात युवक का शव

    02-Oct-2025

    कोंडागांव। जिले की बह्मनी नदी में बुधवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह नहाने गए ग्रामीणों ने नदी में शव को औंधे मुंह तैरता हुआ देखा और तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली थाना प्रभारी टामेश्वर सिन्हा ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे ग्रामीण नहाने के लिए बह्मनी नदी गए थे। इसी दौरान उन्होंने एक युवक का शव पानी में तैरता हुआ देखा।

     
     
    इसके बाद आस-पास के लोगों को जानकारी देने के साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई। शव को देखने से युवक की उम्र लगभग 35 वर्ष के आस-पास की बताई जा रही है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उन्होने बताया कि आस-पास के क्षेत्रों और थानों को सूचना दी गई है, ताकि अगर कहीं गुमशुदगी दर्ज हुई हो तो उसकी जानकारी साझा की जा सके। मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। 
  • नक्सलियों के छिपाकर रखे बड़ी मात्रा में विस्फोटक व अन्य सामग्री बरामद

    02-Oct-2025

    बीजापुर। जिले में पामेड़ क्षेत्र के ग्राम कंचाल के जंगल में कोबरा 208 बटालियन के जवानों की नक्सल गश्त के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगल में जमीन के अंदर गड्ढा खोदकर छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में विस्फोटक और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई है। यह सामग्री नक्सली किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के उद्देश्य से एकत्रित कर रहे थे, लेकिन सुरक्षाबलों की तत्परता और सतर्कता के चलते उनकी योजना समय रहते नाकाम हो गई।

     
    बरामद नक्सल सामग्री में गन पावडर, बीजीएल सेल, कार्डेक्स वायर, बीजीएल राउण्ड, आरडीएक्स, इलेक्ट्रीक डेटोनेटर, नॉन-इलेक्ट्रीक डेटोनेटर, पटाखे, तीर बम (इम्प्रोवाइज्ड)बैरल में उपयोग में आने वाला आयर रॉड, इम्प्रोवाइज्ड ग्रेनेड, क्रिस्टल शुगर, रायफल बैनट, आयरन चिमटा, आयरन रॉड, कॉपर कटर, बैटरी, सोलर इन्वर्टर, लिथियम बैटरी, स्पूल वायर, कॉपर वायर, स्टील कंटेनर, प्लास्टिक ड्रम, स्टील पाइप, आयरन फाइल, स्टील प्लेट, बड़ा छोटा स्टील तार, नक्सली वर्दी, कोबरा पैटर्न की कॉम्बैट ड्रेस क्लॉथ, पिटठू, रेड क्लॉथ, हरा क्लॉथ, वेल्क्रो बरामद किया गया है। सुरक्षाबलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से नक्सलियों की एक बड़ी साजिश पर पानी फेर दिया गया है ।
  • खड़ी ट्रक से टकराया बाइक, तीन युवकों की मौत

    02-Oct-2025

    राजनांदगांव। नेशनल हाईवे में स्थित चिचोला-पाटेकोहरा बेरियर के पास बुधवार की सुबह 11 से 12 बजे के आसपास एक खड़ी ट्रक से टकराने से बाईक में सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। चिचोला पुलिस मृतकों की शिनाख्ती में जुटी हुई है। डोंगरगढ़ एसडीओपी आशीष कुंजाम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पाटेकोहरा बेरियर से नागपुर दिशा में एक ट्रक सड$क किनारे खड़ी थी, इसी दौरान एक बाईक में सवार तीन युवक सीधे खड़ी ट्रक से टकरा गए। मौके पर एक युवक की मौत हो गई जबकि हादसे में घायल दो युवकों की राजनांदगांव के मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक तेज रफ्तार में थे। संभवत: बाइक चलाने के दौरान सामने खड़ी ट्रक पर नजर नहीं पड़ी जिसके चलते यह हादसा हुआ।

  • वनांचल की बेटी को मिला नया जीवन, चिरायु योजना बनी वरदान

    02-Oct-2025

    लोरम। सुदूर वनांचल की कठिन परिस्थितियों में रहने वाली रोशनी बैगा की जिंदगी अब अंधेरी दुनिया से बाहर निकलकर रोशनी से जगमग हो उठी है। कक्षा 6वीं की यह छात्रा, जो कस्तूरबा गांधी कन्या आवासीय छात्रावास, लोरमी में पढ़ाई करती है, चिरायु योजना की समय पर पहल और चिकित्सा दल के अथक प्रयासों से आज एक नई सुबह देख रही है। छात्रावास में चिरायु दल-बी द्वारा किए गए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान रोशनी के हृदय में गंभीर समस्या का पता चला। जानकारी मिलते ही हॉस्टल अधीक्षिका ने उसके पिता शिवप्रसाद बैगा से संपर्क साधा और इलाज की प्रक्रिया समझाई। शुरुआत में संकोच और अनिश्चितता जरूर थी, लेकिन परिजनों की सहमति के बाद बच्ची को सत्य साईं हॉस्पिटल ले जाया गया।

    वहां विशेषज्ञों ने ऑपरेशन की सलाह दी और तय दिन पर भर्ती कर एक सप्ताह से अधिक चले उपचार के बाद रोशनी स्वस्थ होकर घर लौटी। इलाज की पूरी प्रक्रिया और अनुभव को रोशनी के पिता और मामा ने वीडियो संदेश के माध्यम से साझा किया। उन्होंने शासन, स्वास्थ्य विभाग और चिरायु दल के प्रति गहरी कृतज्ञता प्रकट की। उनका कहना था कि यह योजना उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं।
     
    ज्ञात हो कि बैगा जनजाति के इस सुदूर क्षेत्र तक पहुंचना आसान नहीं था। चिरायु दल-बी को कई बार प्रयास करने पड़े, तब जाकर परिवार से संपर्क और विश्वास कायम हो पाया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला शाहा और जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) गिरीश कुर्रे के मार्गदर्शन तथा समन्वित प्रयासों से यह उपचार नि:शुल्क संभव हो सका। यह कहानी सिर्फ एक बच्ची की जान बचाने की नहीं, बल्कि यह विश्वास जगाने की भी है कि सही समय पर मिली चिकित्सा सुविधा और शासन की संवेदनशील योजनाएँ दूरस्थ वनांचलों तक भी आशा की किरण पहुँचा सकती हैं।
  • गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिला बना इको-टूरिज्म पर्यटन का आदर्श केंद्र

    02-Oct-2025

    गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिला हाल ही में छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर छा गया है। प्राकृतिक सम्पदा, हरे-भरे जंगल, मनमोहक झरने, ट्रैकिंग पथ और सांस्कृतिक विरासत जैसे अद्भुत तत्वों से भरपूर जीपीएम जिले को विश्व पर्यटन दिवस पर राज्य स्तरीय सर्वश्रेष्ठ इको-टूरिज्म साइट के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। यह उपलब्धि सिर्फ एक पुरस्कार ही नहीं, बल्कि सतत पर्यटन विकास, स्थानीय आजीविका और पर्यावरण संरक्षण के साझा विजन का उदाहरण है। जिले के सबसे चर्चित पर्यटन स्थल राजमेरगढ़, ठाड़पथरा, लक्ष्मणधारा, झोझा जलप्रपात, माई का मड़वा की संरचना और संचालन में पर्यावरण संतुलन का खास ध्यान रखा गया है।

     
    पर्यटन के हर कदम में जैव विविधता को संरक्षित करते हुए पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया गया। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिला बनाजीपीएम जिले की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां पर्यटन का विकास स्थानीय सहभागिता के माध्यम से हो रहा है। ग्रामीण स्तर की पर्यटन समितियों के माध्यम से ट्रैकिंग, कैंपिंग, होम-स्टे, मड हाउस जैसी सुविधाएं स्वरोजगार के साथ संचालित की जा रही हैं। धनपुर का पुरातात्विक महत्व, मलनिया डेम की जल क्रीड़ाएं और बस्ती-बगरा जैसी ग्रामीण पर्यटन जिले को और भी व्यापक आकर्षण प्रदान करती हैं।
     
    जिले ने पर्यटन सेवाओं के लिए एक डिजिटल पोर्टल भी शुरू किया है, जिससे पर्यटक सहज ही बुकिंग सुविधा और पर्यटन क्षेत्रों की जानकारी ले सकते हैं। इससे क्षेत्रीय पर्यटन को डिजिटल रूप में देश-विदेश तक फैलाने में मदद मिल रही है। राज्य स्तरीय सर्वश्रेष्ठ इको-टूरिज्म पुरस्कार के साथ जीपीएम जिला अब छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के लिए आदर्श मॉडल बन गया है।
     
    प्रशासन का प्रयास “पर्यावरण संरक्षण व स्थानीय भागीदारी के साथ पर्यटन” सतत विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है। जीपीएम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने केवल जिले ही नहीं, पूरे राज्य की प्रतिष्ठा बढ़ा दी है। जैव विविधता, सांस्कृतिक विरासत और नवाचार के सफल समावेश से यह इको-टूरिज्म का आदर्श केन्द्र बन चुका है, जहां हर कदम पर प्रकृति, संस्कृति और सामुदायिक विकास का संतुलन है।
  • पांच साल की मासूम पर दरिंदगी, नवरात्रि की अष्टमी पर इंसानियत शर्मसार

    30-Sep-2025

    धमतरी। नवरात्रि की अष्टमी के दिन जहां देशभर में कन्या पूजन का आयोजन हो रहा था, वहीं धमतरी के केरेगांव थाना क्षेत्र के सियादेही गांव से दिल दहला देने वाली खबर आई। यहां पांच साल की मासूम बच्ची के साथ कथित यौन अपराध की घटना हुई। मासूम की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और उसे जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती कराया गया है। घटना का विवरण सूत्रों के अनुसार मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे मासूम अपने माता-पिता के काम में व्यस्त होने के दौरान पास ही खेल रही थी। इसी समय गांव का युवक **राकेश मंडावी** ने बहला-फुसला कर बच्ची को अपने पास बुलाया और उसके साथ दरिंदगी की। बताया जा रहा है कि पीड़िता **आदिवासी समुदाय** से है। उसके माता-पिता ईंट भट्टी में मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बच्ची को भट्टी पर अपने माता-पिता के पास ही लाया गया था।  मदद के बाद अस्पताल में भर्ती मासूम की चीख-पुकार सुनकर मजदूर साथी और माता-पिता मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में बच्ची को तुरंत **जिला अस्पताल धमतरी** लाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि मासूम की हालत नाज़ुक है और उसका उपचार जारी है। नवरात्रि पर शर्मनाक वारदात विशेष रूप से यह घटना नवरात्रि की अष्टमी पर हुई, जब देशभर में नन्हीं कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर पूजने की परंपरा है। इस दौरान हुई दरिंदगी ने पूरे गांव और आसपास के लोगों को हिलाकर रख दिया। गांव और आसपास के क्षेत्रों में आक्रोश फैल गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि कानून को हाथ में लेने और निर्दोष बच्चों के साथ अत्याचार करने वाले अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जाती।  पुलिस जांच केरेगांव थाना पुलिस ने आरोपी राकेश मंडावी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। धमतरी की यह घटना इंसानियत को शर्मसार करती है और यह दर्शाती है कि गांवों में भी कानून और नैतिकता का उल्लंघन करने वाले लोग मौजूद हैं। पुलिस और प्रशासन पर यह जिम्मेदारी है कि वे ऐसे अपराधियों को तुरंत पकड़कर कठोर सजा दिलाएं और समाज को संदेश दें कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा हर समुदाय और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

  • साय कैबिनेट की बैठक में लिए गए कई अहम फैसले

    30-Sep-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सरकारी कर्मचारियों, दिव्यांगजन और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई बड़े फैसलों को मंजूरी दी गई। शासकीय कर्मचारियों के लिए अल्पावधि ऋण मंत्रिपरिषद ने शासकीय सेवकों की आकस्मिक वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए वित्तीय संस्थाओं के माध्यम से वेतन के विरूद्ध अल्पावधि ऋण उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। इस संदर्भ में बैंकों और वित्तीय संस्थाओं से प्रस्ताव प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। वित्त विभाग को इस संबंध में आगे की कार्यवाही करने और पात्र पाए जाने वाले बैंक या वित्तीय संस्थाओं से एमओयू के प्रारूप को संपादित करने का अधिकार दिया गया। दिव्यांगजनों के लिए बड़ा फैसला मंत्रिपरिषद ने राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम (NDFDC) से राज्य के दिव्यांगजनों को प्राप्त बकाया ऋण राशि ₹24,50,05,457/- को एकमुश्त माफ करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया। यह राशि राज्य के दिव्यांगजनों को स्वरोजगार और शिक्षा के लिए न्यूनतम 3 प्रतिशत ब्याज दर पर प्रदान किए गए ऋणों की थी। इस फैसले से दिव्यांगजनों को आर्थिक राहत मिलेगी और उन्हें स्वरोजगार व शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं को अपनाने में मदद मिलेगी।  
    स्पेशल एजुकेटर पदों पर सीधी भर्ती मंत्रिपरिषद ने स्पेशल एजुकेटर के पदों पर भर्ती के नियमों में एक बार के लिए छूट प्रदान की। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा राज्य में 100 स्पेशल एजुकेटर की भर्ती की अनुमति दी गई है। इस निर्णय के अनुसार, भर्ती परीक्षा आयोजित किए बिना मेरिट के आधार पर सीधे चयन करने का अनुमोदन दिया गया। यह फैसला विशेष रूप से उन बच्चों के लिए महत्वपूर्ण है जो विशेष शिक्षा के तहत पढ़ाई कर रहे हैं।  
    मुख्य सचिव का विदाई और स्वागत बैठक में 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा  अधिकारी और वर्तमान मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन को भावभीनी विदाई दी गई। उनके प्रशासनिक कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें मंत्रालय में सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नए मुख्य सचिव श्री विकास शील   का स्वागत किया गया। उनके नेतृत्व में प्रशासनिक कार्यों को और सशक्त बनाने की उम्मीद जताई गई। मंत्रिपरिषद के ये निर्णय राज्य के कर्मचारियों और आम जनता के लिए महत्वपूर्ण हैं। शासकीय कर्मचारियों के लिए अल्पावधि ऋण सुविधा, दिव्यांगजनों के ऋण माफ करने का कदम और शिक्षा क्षेत्र में स्पेशल एजुकेटर पदों पर भर्ती के नियमों में सुधार से सामाजिक और प्रशासनिक कार्यों में सुधार की दिशा में बड़ा योगदान मिलेगा।

  • फर्जी कॉर्पोरेट डोनेशन देने का झांसा देकर 20.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

    30-Sep-2025

    दुर्ग। एनजीओ को 5 करोड़ रुपए का कॉर्पोरेट डोनेशन दिलाने का झांसा देकर 20.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी संतोष तिवारी (37 वर्ष) को दुर्ग पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी इंटेलिजेंस और ट्रेसिंग के माध्यम से उसे बक्सर जिले के पैतृक गांव से दबोच लिया। जानकारी के अनुसार, पद्मनाभपुर निवासी कृष्णकांत शर्मा ने पुरानी भिलाई थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि इंदौर स्थित एक एनजीओ को डोनेशन दिलाने के नाम पर संतोष तिवारी ने उनसे संपर्क किया। तिवारी ने खुद को कॉर्पोरेट कंपनियों से जुड़ा बताया और दावा किया कि वह 5 करोड़ रुपए का फंड एनजीओ के लिए दिलवा सकता है। इसके एवज में तिवारी ने स्कैनर कोड और यूपीआई ट्रांजेक्शन का माध्यम इस्तेमाल करते हुए 20.50 लाख रुपए ले लिए। पैसे लेने के बाद न तो तिवारी ने एनजीओ को कोई डोनेशन दिलाया और न ही राशि वापस की।   जब पीड़ित ने बार-बार संपर्क करने की कोशिश की, तो आरोपी ने मोबाइल बंद कर दिया और फरार हो गया। शिकायत पर थाना पुरानी भिलाई में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस की टीम दिल्ली और बिहार रवाना हुई। निशानदेही के आधार पर आरोपी के दिल्ली पते पर छानबीन की गई, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सुरागों का पीछा किया और अंततः संतोष तिवारी को उसके पैतृक गांव आशा पड़री, थाना सिमरी, जिला बक्सर (बिहार) से गिरफ्तार किया। पूछताछ में तिवारी ने अपना जुर्म कबूल किया। उसे 30 सितंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर भिलाई लाया गया। पुलिस की प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी समाजसेवा और एनजीओ को निशाना बना रहा था। कई एनजीओ को बड़ी कंपनियों से डोनेशन दिलाने का झांसा देकर लोगों को भरोसे में लेता था। वह खुद को कॉर्पोरेट कंपनियों से जुड़ा बताता और करोड़ों रुपये का फंड दिलाने का दावा कर मोटी रकम वसूल करता था। स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से अब अन्य एनजीओ और लोगों को ठगी के शिकार होने से बचाया जा सकेगा। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा और पुलिस उसके अन्य संपर्कों और पुराने मामलों की जांच में जुटी है।

  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व नवा में रायपुर के अटल नगर में अत्याधुनिक स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का उद्घाटन

    30-Sep-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की पहल पर, देश के पहले नवा रायपुर के अटल नगर में अत्याधुनिक स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस कार्यालय का उद्घाटन प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनके साथ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।  उनकी रजिस्ट्री को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की उपस्थिति में कैशलेस भुगतान कराकर प्रदर्शित किया गया।  
    इस अवसर पर रायपुर की वीणा देवांगन ने सेल डीड कराई और डिजिटल भुगतान किया। पीपीपी मॉडल पर आधारित झ्र रजिस्ट्री अब होगी तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक यह कार्यालय पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य नागरिक सेवाओं को तेज, पारदर्शी और आधुनिक मानकों के अनुरूप बनाना है।  आधुनिक सुविधाओं से लैस झ्र नागरिकों को मिलेगा बेहतर अनुभव नए स्मार्ट पंजीयन कार्यालयों को नागरिकों को सुखद और सुविधाजनक अनुभव देने के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी मुख्य विशेषताओं में अत्याधुनिक और वातानुकूलित परिसर शामिल है, जहाँ नागरिक आराम से अपनी बारी का इंतजार कर सकेंगे।
    अब मकान, दुकान या जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए भीड़-भाड़ वाले सरकारी दफ्तरों में जाने की बजाय, नागरिक 12 से 15 मिनट में पासपोर्ट और एयरपोर्ट कार्यालय जैसे माहौल में अपनी रजिस्ट्री करा सकेंगे। यहाँ फ्री वाई-फाई और चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध हैं, ताकि लोग अपने समय का सदुपयोग कर सकें। क्यू-मैनेजमेंट सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड की मदद से लंबी लाइनों से छुटकारा मिलेगा और दस्तावेजों व शुल्क की जानकारी तुरंत मिल जाएगी। प्रशिक्षित हेल्पडेस्क स्टाफ हर कदम पर नागरिकों की सहायता करेंगे। स्वच्छ पेयजल और एयरपोर्ट-स्टाइल वाशरूम से स्वच्छता और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।  117 पंजीयन कार्यालयों को स्मार्ट बनाने का लक्ष्य छत्तीसगढ़ सरकार ने अगले एक वर्ष के भीतर प्रदेश के सभी 117 पंजीयन कार्यालयों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने का लक्ष्य रखा है। पहले चरण में 10 कार्यालयों को विकसित किया जा रहा है, जिनमें से नवा रायपुर का यह कार्यालय पूरी तरह तैयार हो चुका है। इस मॉडल की सफलता को देखते हुए भारत सरकार भी इसी तर्ज पर देशभर में पंजीयन कार्यालयों को विकसित करने पर विचार कर रही है।  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्मार्ट पंजीयन कार्यालय प्रदेश में सुशासन और नागरिक सुविधाओं के नए युग की शुरूआत है। यह पहल छत्तीसगढ़ को एक कल्याणकारी राज्य के रूप में और अधिक सशक्त बनाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल इस बात को रेखांकित करती है कि नागरिक सुविधा ही सुशासन का मूल आधार है। उप मुख्यमंत्री द्वय ने इस मौके पर विभागीय मंत्री एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पहल न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश में नागरिक सुविधाओं का एक नया मॉडल है। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालय में इतनी अत्याधुनिक सुविधाएँ निश्चित ही छत्तीसगढ़ में हो रहे बदलाव और सुशासन की नई दिशा को दशार्ती हैं। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नागरिक सेवाएँ हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और स्मार्ट पंजीयन कार्यालय सरकार की सुशासन तथा नागरिक सुविधा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह राज्य न केवल पंजीयन सेवाओं में बल्कि अन्य नागरिक सेवाओं में भी देश का नेतृत्व करेगा। स्मार्ट पंजीयन कार्यालय नागरिकों के जीवन में सहजता, पारदर्शिता और विश्वास लाएँगे तथा सुशासन की एक नई पहचान स्थापित करेंगे।

  • गरबा महोत्सव में शामिल हुए सीएम साय, मातारानी के दर्शन कर लिया आशीर्वाद

    30-Sep-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री साय नवरात्रि के पावन पर्व पर रविवार रात्रि राजधानी के विभिन्न गरबा समारोहों में शामिल हुए। उन्होंने मातारानी का दर्शन कर प्रदेश की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर रायपुर शहर गरबा के रंग में सराबोर दिखाई दिया और हर तरफ़ उत्सव का उल्लास वातावरण में व्याप्त था।

    मुख्यमंत्री साय भानपुरी स्थित कच्छ कड़वा पाटीदार समाज, आशीर्वाद भवन में गुजराती लोहाणा महाजन समाज द्वारा आयोजित "झणकारो 2025", इनडोर स्टेडियम में "रंगीलो रास 2025" तथा ओमाया पार्क में "रास गरबा उत्सव" में सम्मिलित हुए। इन आयोजनों में समाजजनों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक कच्छ पगड़ी पहनाकर और तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। गरबा की धुनों और रंगारंग माहौल में मुख्यमंत्री की उपस्थिति ने जनसमूह में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।
     
    प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएँ देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि उत्साह, उमंग और सद्भावना बढ़ाने का पर्व है। यह पर्व सामाजिक समरसता को और मजबूत करता है तथा जन-जन में ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ में देवी को विभिन्न स्वरूपों में पूजा जाता है और मातृशक्ति के आशीर्वाद से प्रदेश निरंतर उन्नति के पथ पर अग्रसर है।
     
    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी, धमतरी में मां अंगारमोती एवं बिलईमाता, सरगुजा और रतनपुर में मां महामाया, डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी जैसे अनेक स्वरूपों में माता प्रदेश में विराजमान हैं। इन सभी शक्तिपीठों का आध्यात्मिक महत्व न केवल प्रदेश की आस्था को मजबूत करता है बल्कि सांस्कृतिक धरोहर के रूप में भी छत्तीसगढ़ को विशिष्ट पहचान प्रदान करता है।
  • बिलासपुर-कोरबा के बीच आज से दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन

    30-Sep-2025

    बिलासपुर। भारतीय रेलवे की ओर से यात्रिओं के लिए एक गुड न्यूज आ रही है। एक्सप्रेस के बाद रेलवे पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चला रही है। इसी के तहत बिलासपुर से कोरबा के बीच 30 सितंबर से पूजा पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन तीन अक्टूबर तक ही चलेगी। इस ट्रेन के परिचालन से नवरात्र व दशहरा पर्व पर होने वाली भीड़ कम होगी और यात्री आसानी से अपने गंतव्य पर पहुंच सकते हैं।

    जानें ट्रेन का रूट और समयसारिणी 
    तीन अक्टूबर तक चलने वाली इस ट्रेन का परिचालन समय के साथ जिन स्टेशनों में यह ट्रेन ठहरेगी, उसकी सूची रेलवे ने जारी कर दी है, ताकि यात्रियों को किसी की परेशानी न हो। 08203 बिलासपुर-कोरबा पूजा स्पेशल ट्रेन बिलासपुर स्टेशन से प्रतिदिन 18:00 बजे रवाना होगी और गतौरा 18:11 बजे, जयरामनगर 18:20 बजे, कोटमी सोनार 18:28 बजे, अकलतरा 18:37 बजे, कापन 18:48 बजे, जांजगीर-नैला 18:56 बजे, चांपा 19:11 बजे, बालपुर हाल्ट 19:30 बजे, कोठारी रोड 19:37 बजे, मड़वारानी 19:44 बजे, सरगबुंदिया 19:52 बजे, उरगा 20:01 बजे और 20.30 बजे कोरबा स्टेशन पहुंचेगी।
     
    डोंगरगढ़-इतवारी के मध्य 
    डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में आयोजित नवरात्र मेले को देखते हुए 30 सितंबर से तीन अक्टूबर तक डोंगरगढ़ और नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इतवारी के बीच डेमू स्पेशल पैसेंजर ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन डोंगरगढ़ से दोपहर दो बजे छूटकर आठ बजे इतवारी स्टेशन पहुंचेगी। वहीं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इतवारी से शाम चार बजे छूटकर डोंगरगढ़ शाम छह बजे पहुंचेगी।
  • राजधानी में 2 और 21 अक्टूबर को मांस-मटन बिक्री पर रहेगा प्रतिबंध

    30-Sep-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर में महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर और महावीर निर्वाण दिवस 21 अक्टूबर 2025 के अवसर पर नगर पालिक निगम ने मांस-मटन के विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। नगर पालिक निगम के स्वास्थ्य विभाग और जोन अधिकारी इस आदेश के पालन को सुनिश्चित करेंगे और उल्लंघन करने वाले दुकानदारों व होटलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आदेश के पालन में रायपुर नगर पालिक निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से नगर पालिक निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर और महावीर निर्वाण दिवस 21 अक्टूबर 2025 को रायपुर नगर पालिक निगम के सम्पूर्ण क्षेत्र में स्थित पशु वध गृह एवं समस्त मांस-मटन विक्रय की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
     
    महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर और महावीर निर्वाण दिवस 21 अक्टूबर 2025 को नगर पालिका निगम रायपुर के जोन स्वास्थ्य अधिकारीगण, जोन स्वच्छता निरीक्षकगण मांस-मटन के विक्रय पर प्रतिबंध के आदेश का व्यवहारिक पालन सुनिश्चित करवाएंगे और इसके लिए अपने-अपने संबंधित जोन क्षेत्रों में मांस-मटन की दुकानों का सतत् निरंतर पर्यवेक्षण करेंगे।
  • सीबीएसई प्राइवेट स्टूडेंट्स के आवेदन की अंतिम तिथि आज

    30-Sep-2025

    रायपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 30 सितंबर को कक्षा 10वीं और 12वीं के प्राइवेट छात्रों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया बंद कर देगा, हालांकि जिन छात्रों ने अभी तक आवेदन नहीं अक्टूबर तक फॉर्म भर सकते हैं। यह पंजीकरण प्रक्रिया 9 सितंबर से शुरू हुई थी और छात्र सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यदि कोई एक विषय की परीक्षा देना चाहता है तो 320 रुपए का भुगतान करना होगा।

  • शीतला तालाब में मिली लाश, इलाके में मचा हड़कंप

    30-Sep-2025

    रायपुर। राजधानी के सड्डू इलाके के शीतला तालाब में मंगलवार सुबह एक लाश मिली है. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है. शव को बाहर निकालने के लिए पुलिस जुटी हुई है जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है. जहां आज सुबह एक लाश मिली है. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. आसपास के लोगों की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। 

  • ईडी के खिलाफ आधी रात को थाने में कांग्रेसी ने दर्ज कराई शिकायत

    30-Sep-2025

    रायपुर। कांग्रेसी ने बीती रात कोतवाली थाने में ईडी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित हेमंत चंद्राकर ने अपनी लिखित शिकायत में पूछताछ के नाम पर ईडी अधिकारी पर मानसिक तौर पर प्रताड़ित और मारपीट का करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि ईडी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत अन्य लोगों के खिलाफ गवाही देने का दबाव बना रही है। राजधानी के रोहणीपुरम स्थित कंचनगंगा कॉलोनी के निवासी हेमंत चंद्राकर ने पुलिस को दिए अपनी लिखित शिकायत में बताया कि वह 29 सितंबर को सुबह 10.30 बजे प्रवर्तन निदेशालय के रायपुर कार्यालय में पूछताछ के लिए गया था। पूछताछ रात 8.30 बजे तक चला, जिसके बाद मुझे अगले दिन फिर से आने को कहा ।

     
     
    चंद्राकर ने आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान शारीरिक तौर पर प्रताड़ित करने के साथ मानसिक तौर पर दबाव डाला कि वह यह स्वीकार करे कि भूपेश बघेल के लोग विजय भाटिया, रामगोपाल अग्रवाल, आशीष वर्मा, मंदीप चावला और उनके एजेंट आदित्य अग्रवाल, शाश्वत जैन, किशोर चंद्राकर, सतपाल सिंह छाबड़ा को कमीशन देकर कार्य किया गया है।
     
    इसके साथ ईडी अधिकारी पर जानबूझकर खुद के साथ अपने परिवार को उत्पीड़ित करते हुए अवैधानिक तरीके से बयान लेने का प्रयास करने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करते हुए संबंधित अधिकारी के
     
    खिलाफ विधिसम्मत उचित कार्रवाई की मांग की है। हेमंत चंद्राकर की शिकायत पर कोतवाली थाना प्रभारी एसएन सिंह ने कहा कि कल रात आवेदन प्राप्त हुआ है। इस मामले में जांच की जा रही है। जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी वो की जाएगी।
  • मनोरा तहसील एवं जनपद पंचायत कार्यालय का एसडीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण

    29-Sep-2025

    जशपुरनगर। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जशपुर विश्वास राव मस्के द्वारा शनिवार को तहसील परिसर मनोरा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जिसमें अनुविभागीय अधिकारी द्वारा जर्जर शौंचालय एवं तहसील कार्यालय के पीछे अधूरे पड़े गाटरवाल की स्थिति को देख कर जल्द से जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी शाखाओं के शाखा प्रभारियों एवं लिपिकों की समीक्षा बैठक ली एवं कार्यालय में लम्बित प्रकरणों की स्थिति पर प्रकरणवार चर्चा कर लम्बित प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकण करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने संचालित गिरदावरी कार्यों की भी समीक्षा की।

     
     
    इस अवसर पर एसडीएम ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मनोरा का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को आवश्यक साफ-सफाई एवं समय पर कार्यालय पहुंचने तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
  • मुख्यमंत्री के निर्देश पर फरसाबहार में बन रहा है सर्वसुविधायुक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का नवीन भवन

    29-Sep-2025

    जशपुरनगर। फरसाबहार में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। जशपुर जिला आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जहां के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अनुसूचित जनजातीय छात्रों को शिक्षा के मुख्यधारा से जोड़ने, उनके शैक्षिक व सह-पाठ्यचर्या कौशल के विकास और उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देश पर फरसाबहार में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के नवीन भवन निर्माण के लिए 37.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह भवन आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त होगा, जिसमें विद्यार्थियों के लिए शिक्षा से लेकर जीवन कौशल विकास तक की सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।      एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में 6वीं से 12वीं तक के छात्रों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। वर्तमान में फरसाबहार में 8 वीं तक शिक्षा प्रदान की जा रही है, जिसे आगे बढ़ाकर 12 वीं तक करने की योजना है। 37.80 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह विद्यालय विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगा। यह भवन सर्वसुविधायुक्त होगा और इसमें आधुनिक शैक्षिक सुविधाओं के साथ-साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध होंगे। यहां पर आधुनिक लैब, निःशुल्क शिक्षा, गणवेश, पुस्तकें, भोजन, छात्रावास की सुविधा, खेल मैदान, कक्षा-कक्ष, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, कंप्यूटर, विकलांग बच्चों के लिए सुलभ भवन आदि की सुविधाएँ होंगी। इसके साथ ही छात्रों को कैरियर मार्गदर्शन, जीवन कौशल विकास और ई-लर्निंग की सुविधा मिलेगी। 

  • बागबाहरा रोड में भालू टहलता दिखा

    29-Sep-2025

    महासमुंद। बागबाहरा महासमुंद की सड़क पर रविवार देर शाम भालू देखा गया। चंडी माता का दर्शन कर लौट रहे श्रदालुओं ने रास्ता पार करते हुए भालू को देखा। भालू को देखते ही श्रद्धालुओं ने उसे फोन में कैद किया

    बागबाहरा में घुंचापाली गांव में स्थित मां चंडी देवी की प्राकृतिक प्रतिमा विराजमान है। यहां प्रतिवर्ष चैत्र और शारदीय नवरात्र में भक्तों का तांता लगता है। बागबाहरा तहसील मुख्यालय से मात्र 4 किमी दूर ग्राम घुंचापाली के पास जंगलों के बीच चंडी पहाड़ी श्रृंखला पर मां चंडी देवी का भव्य मंदिर है। इस मंदिर में प्राकृतिक रूप से बनी पत्थर की 23 फीट ऊंची प्रतिमा है। माँ चंडी देवी के दरबार में हर रोज आरती के समय भालू पहुँचते है। ये हिंसक भालू माँ चंडी के भक्त बन जाते हैं।
     
    इस चमत्कार को देखने आये श्रद्धालुओं का कहना है कि ये माता के भक्त ही हैं। जो किसी को नुकसान पहुंचाए बिना ही प्रसाद खाकर वापस चले जाते है।
  • सुकमा में CRPF जवानों ने मनाया टीम इंडिया की जीत का जश्न

    29-Sep-2025

    सुकमा। सुकमा में 74 बटालियन CRPF के जवानों ने टीम इंडिया की एशिया कप 2025 में शानदार जीत का जश्न बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया। भारतीय क्रिकेट टीम ने दुबई के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर नौंवीं बार एशियाई चैंपियनशिप अपने नाम कर इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक जीत से पूरे देश में क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ देश के जवानों के बीच भी खुशी की लहर दौड़ गई है।

    इस जीत पर सुकमा के 74 बटालियन CRPF के जवानों ने अपने-अपने ठिकानों पर राष्ट्रीय उत्साह से टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया। जवानों ने इस सफलता को देश के लिए गर्व का क्षण बताया और इसे अपने मनोबल और प्रेरणा का स्रोत माना। जवानों ने देशभक्ति के गीत गाए और नारे लगाकर भारतीय टीम को सलाम किया।
Top