गरियाबंद। जिले में फिंगेश्वर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 27 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में अजय आर्य और पवन, जो मध्यप्रदेश के निवासी हैं, तथा फिरोज, जो महाराष्ट्र का निवासी है, शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक ये तस्कर ओडिशा से गांजा लाकर कार के माध्यम से मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में सप्लाई कर रहे थे। तस्करों ने पुलिस की निगरानी से बचने के लिए कार में विशेष चेंबर बनाकर गांजा छिपाकर रखा था। यह चेंबर कार की सीटों और बूट में छिपाकर तैयार किया गया था, जिससे तलाशी के दौरान पकड़ से बचा जा सके। लेकिन पुलिस तक मुखबिर से सूचना पहुँच गई, जिसके बाद फिंगेश्वर पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान विशेष चेंबर से 27 किलो गांजा बरामद हुआ। कार में मौजूद आरोपियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने ओडिशा से गांजा लाकर पड़ोसी राज्यों में खपाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि ये गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी कर रहा था। गिरोह का नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। पुलिस की सतर्कता से तस्करों के भागने का प्रयास नाकाम रहा। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी की, तस्करों ने कार को तेज गति से भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। फिलहाल आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है और उनके संपर्क में आए अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
Adv