रायपुर : राजधानी रायपुर में एक बड़े स्टील कारोबारी के ठिकाने में आयकर विभाग के दस्ते ने दबिश दी है। गुरुवार से चल रही सघन जांच में करीब 1 हजार करोड़ की बेनामी संपत्ति का पता चलने की चर्चा है। जानकारी के अनुसार कारोबारी का इंदौर और भोपाल से कनेक्शन है और यहां स्टील के अलावा उनका रियल एस्टेट का भी कारोबार है। आयकर विभाग के अधिकारी अब तक करोबारी के ठिकाने पर डटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि कारोबारी के भाेपाल और इंदौर में भी कारोबार हैं और वहां भी आयकर विभाग की टीम कार्रवाई कर रही है। स्टील कारोबारी रोहित मित्तल के ठिकाने से जब्त दस्तावेजों से यह बात सामने आ रही है कि उनके नाम पर एक निजी क्रिकेट स्टेडियम और क्रिकेट अकादमी भी है।
महासमुंद : राजीव गांधी की जयंती पर गुरुवार को महासमुंद के कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में नगरपालिका के चार पार्षदों ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने सभी को गुलदस्ता भेंटकर व गमछा पहनाकर स्वागत किया। कांग्रेस प्रवेश करने वालों में निर्दलीय पार्षद बबलू हरपाल, जकांछ पार्षद राजेंद्र राजू चंद्राकर,निर्दलीय जगत महानंद व डमरूधर मांझी शामिल हैं । कांग्रेस प्रवेश करने वाले इन पार्षदों ने कहा कि संसदीय सचिव चंद्राकर की सक्रियता व क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर कांग्रेस प्रवेश कर रहे हैं। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व विधायक मकसूदन चन्द्राकर, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. रश्मि चन्द्राकर, जनपद अध्यक्ष भागीरथी चन्द्राकर, कृष्णा चन्द्राकर, अनिता रावटे, उषा पटेल, अरुणा शुक्ला, सती साहू, हरदेव ढिल्लो, हरबंश ढिल्लो, आलोक चन्द्राकर, अमरजीत चावला, सेवनलाल चन्द्राकर, वीरेंद्र चन्द्राकर, लक्ष्मण पटेल, राजेन्द्र चन्द्राकर, दाऊलाल चन्द्राकर, अरुण चन्द्राकर, मनोजकांत साहू, खिलावन साहू, संजय शर्मा, राशि महिलांग, ब्रिजेन हीरा बंजारे, चमन चन्द्राकर, नारायण नामदेव, दिलीप चन्द्राकर, गौरव चन्द्राकर, अनंत वर्मा, मनोरंजन भोई, खिलावन बघेल, हार्दिक सोना, साधना ठाकुर, धीरज सरफराज, तारा चन्द्राकर, ढेलु निषाद, नजरुदीन भाठी, हितेश साहू, धर्मेंद्र धीवर, सुनंदो बार्लो, तोषण कन्नौजे मौजूद थे।
रायगढ़ : रायगढ़ के मुरारीपाली ब्लॉक में एक सनसनीखेज वाक्या हुई है, यह वाक्या है मृत शरीर का चिता में आग लगते ही जीवित होने का । कभी - कभी इस तरह की बाते सुनने में आती है तो भरोसा नहीं होता । लेकिन यहां ऐसी ही एक घटना सामने आई है । जिसकी चर्चा दूर - दूर तक हो रही है । मुरारीपाली ब्लॉक के परमानंद यादव के परिवार में यह चमत्कार हुआ। जानकारी के मुताबिक इनकी पांच साल की बच्ची रात को खाना खाने के बाद परिवार के साथ जमीन पर सो रही थी तभी एक सर्प ने बच्ची को डस लिया। बच्ची के परिवार वालों की नींद जब अचानक खुली तो वे सन्न रह गये क्योंकि उसके बिस्तर पर एक नाग कुंडली मारे बैठा था। परिजनों ने नाग से बच्ची को दूर किया और तुरंंत बिना देरी किए उसे जिला अस्पताल लेकर गये। जिला अस्पताल में शुरुआती जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। क्रिया कर्म के लिए परिवार वाले बच्ची के सुन्न पड़े शरीर को लेकर घर आ गए। अगले दिन सुबह सारे रिश्तेदार परमानंद के यहां इकट्ठे हुए । कर्मकांड के बाद बच्ची के शव के अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई। चिता में लकड़ी सजाई गई और बच्ची को विधान के साथ कफन समेत चिता पर लिटाया गया। कोरोना के काऱण पारिवारिक लोगों ने ही इस विधान में हिस्सा लिया। पंडित ने मंत्र पढ़ने शुरु किए और शरीर की आखिरी विदाई देने की प्रक्रिया शुरु हुई। सारे विधान के बाद पिता ने बच्ची की चिता को आग लगा दिया। चिता धूं-धूं करके जल ही रही थी कि अचानक चिता से रोने की आवाज आने लगी। पहले तो लोग इस तरह की आवाज सुनकर डर गए । फिर जब बच्ची जोर जोर से रोने लगी तो उसके पिता ने आनन-फानन में चिता से लकड़ियां हटाई और जिगर के टुकड़े को बाहर खींच लिया। हर कोई इस हैरान कर देने वाले दृश्य को देखकर स्तब्ध रह गया। बच्ची भी अपने पिता के सीने से लिपटकर रोने लगी। आखिरकार जिस बच्ची को उसके परिवार ने अर्थी में श्मशान के लिए विदा किया था वो अपने पिता के साथ गोद में वापस घर आई। जिसके बाद से घर में खुशहाली का माहौल है।
रायपुर : वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले दिनों में देश में रोजगार नहीं होगा, किसी युवा को रोजगार नहीं मिलेगा। देश में यह स्थिति 70 साल में पहली बार आएगी। देश में 90 प्रतिशत रोजगार असंगठित क्षेत्र देता है, इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बर्बाद कर दिया है। मैंने पिछली बार देश में आर्थिक संकट आने की बात कही थी, तब लोगों ने कहा राहुल गलत बोल रहा है, मीडिया ने मेरा मजाक उड़ाया, अब भी मेरी बात मत मानों, आपको दिख जाएगा।
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय मंे देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारतरत्न और 21 वीं सदी के आधुनिक भारत के स्वप्न दृृष्टा स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्र के नवनिर्माण में राजीव गांधी जी के अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि समावेशी विकास की दूरदर्शिता, पंचायती राज, संचार क्रांति एवं युवाओं को मतदान का अधिकार जैसी पहल आज 21 वीं सदी में आकार लेकर देश को राजीव जी की याद दिलाती हैं। राजीव गांधी ने भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में देश की बागडोर संभाली। राजीव जी के जन्मदिवस को पूरे देश में सदभावना दिवस के रूप में मनाया जाता है।
रायपुर : कोरोना के लगातार बढ़ रहे प्रभाव को देखते हुए मुहर्रम में इस साल रायपुर में सिर्फ दो स्थानों से ताजिया निकल सकेगा। इसमें भी 4 से ज्यादा व्यक्तियों को शामिल होने की इजाजत नहीं होगी। वहीं, भिलाई और दुर्ग में 10 दिन तक होने वाला आयोजन रद्द कर दिया गया है। इस बारे में रायपुर और दुर्ग-भिलाई प्रशासन की ओर से दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
रायपुर : प्रदेश में अब और लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा, सरकार चाहती है कि जरूरत पड़ने पर व्यावसायिक गतिविधियों को रियायत दें, दुकानों को खोलने का वक्त और बढ़ाएं। हम किसी भी तरह से आर्थिक गतिविधियों को रोकने के पक्ष में नहीं हैं। यह बातें सरकार के प्रवक्ता और रायपुर के प्रभारी मंत्री रविंद्र चौबे ने मीडिया से कहीं। रायपुर के कलेक्टर दफ्तर में बुधवार की दोपहर कोरोना संक्रमण से निपटने के मुद्दे पर बैठक बुलाई गई थी। इसमें सांसद, मंत्री और कलेक्टर और स्वास्थ्य विभाग के आला अफसर मौजूद थे। बैठक करीब 2 घंटे चली।
कवर्धा : छत्तीसगढ़ के कवर्धा में सिग्नल चौक स्थित पेट्रोल पंप के पास मंगलवार की रात दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इसी बीच एक गुट की तरफ से गोली भी चलाए जाने की खबर है। हालांकि गोली किसी को लगी नहीं, मगर मारपीट में पंकज मिश्रा नामक युवक के घायल हो गया है। उसे रायपुर के अस्पताल में दाखिल कराया गया है । इस मारपीट में शामिल दोनों गुट के लोग अलग - अलग पार्टी के बताये जा रहे है। बताया जाता है कि कोतवाली क्षेत्र के सिग्नल चौक पर मंगलवार रात करीब 10.30 बजे दो बाइक सवार युवकों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि दोनों ओर से कई युवक मौके पर पहुंच गए और उनके बीच मारपीट होने लगी। इस बीच एक गुट ने बंदूक निकाल ली और फायरिंग शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को वहां से हटाया। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं पुलिस भी इस मामले मे बोलने से बच रही है।
जशपुर : पत्थलगांव से सोमवार दोपहर को अगवा हुई 9 साल की बच्ची प्रियंका धरमजयगढ़ के सोखामुडा गांव के जंगल में मिली । पुलिस ने बच्ची का मेडिकल कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। हालांकि बच्ची को अगवा करने वाले का पता नहीं चल सका है। सीसीटीवी फुटेज में एक अधेड़ के साथ बच्ची जाती हुई दिखाई दी थी।
रायपुर : छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी ने समस्त छत्तीसगढ़वासी एवं किसान भाई बहनो को पोला त्यौहार की बधाई दी और छत्तीसगढ़ प्रदेश की उन्नति, खुशहाली एवं तरक्की की कामना की|
रायपुर : ऊर्जा विभाग ने छत्तीसगढ़ पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी के रूप में अब तक ईडी रहे हर्ष गौतम की नियुक्ति कर दी है। लंबे समय बाद CSPDCL में इंजीनियरिंग बैकग्राउंड के व्यक्ति की बतौर एमडी नियुक्ति हो रही है। इसके पहले कई सालों तक इस महत्वपूर्ण पद पर प्रशासनिक पृष्ठभूमि के अफसरों की नियुक्ति की जाती रही है, जिस पर इंजीनियर्स ने कई बार आपत्तियां भी व्यक्त की थी कि तकनीकी पद होने के कारण इस पर सिविल सेवा के अफसरों की बजाय इलेक्ट्रीसिटी इंजीनियरिंग की विशेषज्ञता रखने वाले व्यक्ति की नियुक्ति की जाए। इंजीनियर्स और बिजली कर्मचारियों की मंशा के अनुरूप लंबे समय बाद हुई ऐसी नियुक्ति से इंजीनियरों के अलावा कर्मचारी वर्ग भी खुश है।

रायपुर : अब बिजली विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों ने आंदोलन का शंखनाद कर दिया है । इसकी मुख्य वजह बिजली क्षेत्र में निजीकरण के चल रहे प्रयासों को बताया जा रहा है । मंगलवार से यहां प्रदेश में आंदोलन की शुरुआत हो रही है। बिजली कर्मचारियों और इंजीनियरों की राष्ट्रीय समन्वय समिति ने आंदोलन में 15 लाख कर्मियों के शामिल होने का दावा किया है। कर्मचारी काली पट्टी लगाकर काम करेंगे। कुछ राज्यों में कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करते हुए भोजन अवकाश के दौरान प्रदर्शन किया जाएगा। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि इस आंदोलन की वजह से बिजली व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी। लेकिन सरकार नहीं मानी तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा।
रायपुर : बिलासपुर जिले के रतनपुर खूंटाघाट डैम के तेज बहाव में फंसे युवक का आज रेस्क्यू किया गया । इंडियन एयर फोर्स के हेलीकॉप्टर ने युवक को तेज बहाव से बाहर निकाला । एयर फोर्स के इस कार्य को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सलाम किया है । उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि, सलाम है आपको । तेज बहाव के बीच फंसे युवक को आज रेस्क्यू किया गया है । आपकी हिम्मत और संकल्प शक्ति एक बार फिर साबित हुई है। हम सब छत्तीसगढ़वासी भारतीय वायुसेना सहित बचाव में जुटी समस्त टीम को बधाई देते हैं । नभःस्पृशं दीप्तम्।
सुकमा : भेज्जी क्षेत्र में तैनात एक डीआरजी जवान की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। जवान की मौत के बाद बाढ़ के पानी के बीच मृत जवान के साथियों ने उसके शव को कांधे पर उठाकर बाढ़ का पानी पार करते हुए शव को सुरक्षित रूप से परिजनों तक पहुंचाया। यह दृष्य देख कर वहां मौजूद लोगों की आंखों में आंसू छलक आए।
बिलासपुर : बिलासपुर के पास खूंटाघाट डैम के तेज बहाव में रात भर से फंसे युवक को सुबह वायुसेना ने हेलिकॉप्टर के जरिए सोमवार को बाहर निकाला। उसे रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है । बताया जाता है कि युवक खूंटाघाट डैम के वेस्टवियर में कूदा था, तभी अचानक तेज बहाव में आकर फंस गया था। आरएएफ की तरफ से एयरफोर्स से मदद मांगी गई थी। बिलासपुर रेंज के आईजी दीपांशु काबरा ने बताया कि गिधौरी का रहने वाला जितेंद्र कश्यप (43) रविवार से छोटे से पेड़ से टिका हुआ था। आसपास लोगों की भीड़ उमड़ी थी। अंधेरा होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। रात में बिलासपुर से रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण युवक ठीक से नजर भी नहीं आ रहा था। एसपी प्रशांत अग्रवाल का कहना था कि रेस्क्यू टीम रविवार शाम से मौके पर थी, लेकिन बहाव बहुत तेज था। इसके चलते रेस्क्यू में दिक्कत हो रही थी। युवक 14 घंटे से भी ज्यादा वक्त तक पेड़ के सहारे तेज बहाव में फंसा रहा। पुलिस का कहना है कि रविवार शाम जितेंद्र शराब के नशे में वेस्टवियर के तेज बहाव में कूद गया था। इससे बहकर वह चट्टानों के बीच मौजूद पेड़ के सहारे अटक गया। इससे पहले पेड़ को पकड़कर बैठा युवक इशारे से बचाव के लिए गुहार लगा रहा था। पुलिस अन्य लोगों के साथ रातभर वहां मौजूद रही। इस संबंध में एयरफोर्स के अधिकारियों से भी मदद मांगी थी। उन्हें लोकेशन भेजी गई। इसके बाद सुबह एयरलिफ्ट किया गया।
कोरबा : रुढ़िवादी प्रथा के चलते कोरबा में बलि प्रथा के लिए दो परिवार को गाँव से बाहर कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है । जिले के उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत उमरेली में दो परिवार के 14 लोग सामजिक दंश झेल रहे है । बलि प्रथा में चंदा नहीं देने के कारण दो परिवार को गांव से बहार कर दिया गया है, जिसेक चलते उन्हें गाँव में रोजी रोटी की दिक्कत आ रही है । इस बात की शिकायत दोनों परिवार के मुखिया ने थाना में दर्ज कराई है । परिवार प्रमुखों का नाम विशंभर दास, मदन लाल है । दोनों ही परिवार कबीर पंथ का पालन करते है । इसी के चलते बलि का चंदा देने से इनकार दिया ।
जानकारी के अनुसार गांव में बलि प्रथा के चंदा के लिए बैठक बुलाई गई थी । बैठक में मदन लाल श्रीवास के पिता शामिल हुए थे । इस दौरान उनसे चंदा के पैसे की मांग की गई तो मदनलाल श्रीवास के पिता ने कहा कि मैं कबीरपंथी को मानता हूं इसलिए बलि प्रथा के लिए चंदा नहीं दे पाऊंगा । उसके दूसरे दिन गांव के कोटवार अंजोर दास मदनलाल श्रीवास के घर गया और मदनलाल श्रीवास के पिता को कहा कि आप लोगों ने बीदर का चंदा नहीं दिया है इसलिए आप लोग को गांव से अलग कर दिया गया है । आप लोग अपना दुकान बंद कर देना। विशंभर दास भी कबीर पंथ का पालन करता है । जिस दिन पंचायत में बैठक बुलाई गई थी उस दिन वह जरुरी काम से बाहर था । इसलिए गांव की बैठक में उपस्थित नहीं हो पाया और बीदर का चंदा नहीं देने पर उसे गांव से बाहर कर दिया गया । आरोप है कि बीदर समिति के भुजबल यादव और संतोष देवांगन विशंभर दास को 300 रुपए देने के लिए विशमभर दास को प्रताड़ित करते रहे । दोनों विशंभर के घर पहुंच कर कहने लगे कि आप लोग बकरा का मटन लो या मत लो आपको 300 रुपए देना ही होगा। चाहे आप मटन को नदी में बहा दो।