कवर्धा : कवर्धा में विप्र भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। विश्राम गृह के पास बन रहे इस विप्र भवन के लिए वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने समाज को 10 लाख रुपए दिये है। अगले 3-4 महीने में यह भवन बनकर तैयार हो जायेगा ।
रायपुर : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन वाले क्षेत्रों की नई सूची अधिसूचित की है। सूचि में लगभग सभी जिलों का शहरी क्षेत्र रेड जोन में है ।
रायपुर : मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया ने एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं को जनरल प्रमोशन देने से इंकार कर दिया है। एमसीआई ने भावी डाॅक्टरों की परीक्षा लिए जाने गाइडलाइन भी जारी कर दिया है। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के अधिशासी बोर्ड ने कोराना संक्रमण काल में एमबीबीएस मेडिकल कोर्स की परीक्षाएं कराने के लिए गाइडलाइन जारी की है। अधिशासी बोर्ड के महासचिव डॉ राजीव वत्स ने गाइडलाइन जारी करते हुए कहा है कि राज्य में एक ही स्वास्थ्य विश्वविद्यालय होने पर राज्य के अलग-अलग मेडिकल कॉलेज के ही शिक्षकों को एक्सटरनल एग्जामिनर बनाया जाए। एमबीबीएस की प्रेक्टिकल एग्जाम के लिए भी देशभर के मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलपतियों ने सुझाव दिए थे। जिसमें एमबीबीएस परीक्षाओं में जनरल प्रमोशन के सुझाव को नकारते हुए एमबीबीएस के सभी ईयर की परीक्षाएं और पूरक परीक्षाएं जल्द से जल्द करवाने के निर्देश जारी किए है। अधिशासी बोर्ड ने यह भी कहा है कि पीजी परीक्षाओं में परीक्षकों और परीक्षा गाइडलाइन को एमबीबीएस कोर्स में भी फॉलो किया जा सकता है।
राजनांदगांव : श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण के लिए आयोजित भूमिपूजन महोत्सव को संपूर्ण भारतवर्ष के देशवासियों एवं विश्वभर में फैले हुए सनातन धर्मावलंबियों के द्वारा उल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजन को भव्यता प्रदान करने विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए । संस्कारधानी नगरी की श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के द्वारा इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाए जाने हेतु कामठी लाइन स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर मैं श्री सुंदरकांड पाठ का कार्यक्रम आयोजित किया गया । नगर के युवा उभरते कलाकार एवं हनुमान भक्त निखिल - श्याम की जोड़ी ने सुमधुर वाणी से श्री सुंदरकांड पाठ का संगीतमय वाचन किया । श्री सुंदरकांड पाठ प्रारंभ होने के पूर्व श्री हनुमान जी महाराज की पूजा अर्चना मंदिर के आचार्य श्री बद्री महाराज , कालू महाराज एवम् सोनू महाराज द्वारा कराई गई । तत्पश्चात 51 दीपक से सुसज्जित स्वस्तिक एवम् ॐ आकर की दीपमालिका को प्रज्वलित किया गया । श्री सुंदरकांड पाठ की पोथी का पूजन करने के पश्चात पाठ प्रारंभ हुआ । इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडे उपस्थित हुए एवं दीप प्रज्वलित कर श्री सुंदरकांड पाठ के पश्चात आरती कार्यक्रम में सम्मिलित हुए । श्री पांडे ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए सभी को श्री राम जन्मभूमि स्थल पर भूमि पूजन एवं भव्य मंदिर निर्माण के लिए अपनी ओर से बधाई प्रदान करते हुए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की ।
रायगढ़ : बरमकेला के सांडा गांव में एक युवक ने तंत्र - मंत्र के चक्कर में अपनी ही माँ की टांगी मारकर हत्या कर दी और लाश घर के ही ड्रम में छिपा दिया। आरोपी की बहन राखी बांधने घर आई तब इस हत्या का खुलाशा हुआ। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पूजा-साधना के दौरान कब मां की हत्या कर दी उसे पता नहीं। मृतका की बेटी रामबाई ने बताया कि वह सोमवार को अपनी ससुराल भीखमपुर से भाई मिट्ठू बेहरा को राखी बांधने के लिए आई थी। जब वह घर पहुंची तो घर का दरवाजा खुला था। घर पर न तो मां सुखमती बाई (55) थी और ना ही भाई। देर तक वह घर के दरवाजे पर बैठे इंतजार करती रही। वह अंदर घुसी तो कमरे से बदबू आ रही थी। अनहोनी के शक पर उसने पड़ोसियों को बुला लिया। लोगों ने इधर-उधर देखा तो नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में सुखमती का शव पड़ा मिला। शव देखते ही चीख-पुकार मच गई। छानबीन के दौरान जिस कमरे से महिला का शव बरामद हुआ है। उससे कुछ दूर पर एक पुराना कमरा था। जिसमें काफी देवी देवताओं की मूर्तियां व पोस्टर लगे थे। इसी कमरे में मिट्ठू ने तंत्र विद्या को लेकर पूजा की। देवी प्रतिमा के पास दो मुर्गे भी मिले हैं जिनकी भी बलि दी गई है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि पूजा-पाठ में मिट्ठू अकेला था या उसके साथ कोई और भी था । मां-बेटे अपने काम से मतलब रखते थे उन्हें किसी से ज्यादा मतलब नहीं था। पुलिस हिरासत में आए मिठ्ठू बेटे ने पुलिस काे बताया कि 1/2अगस्त की रात वह शाम से पूजा कर रहा था। मां ने पूजा पाठ को लेकर रोकटोक की। उसने मां सुखमती को ऐसा नहीं करने और चले जाने के लिए कहा। मिट्ठू ने बताया कि वह देवी की आराधना में मग्न था। उसने टांगी मार कर कब मां की हत्या कर दी उसे कुछ पता नहीं है। 2 अगस्त की रात 1 बजे के करीब जब उसने मां की गर्दन से खून बहता देखा तो उसके होश उड़े। तब तक सुखमती की मौत हो चुकी थी। दूसरे दिन रक्षा बंधन पर बहन के आने का अंदेशा था इसलिए उसने शव ड्रम में छिपा दिया।
रायपुर : राजधानी रायपुर के महापौर एजाज ढेबर के पीएसओ भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। पीएसओ के कोरोना पॉजेटिव पाये जाने के बाद अब महापौर एजाज ढेबर को भी क्वारंटीन होना पड़ सकता है। इससे पहले सांसद सुनील सोनी का पीएसओ भी कोरोना पॉजेटिव मिला था, जिसके बाद सांसद कार्यालय के सभी कर्मचारी व सांसद के परिवार को कोरोना टेस्ट कराना पड़ा था, हालांकि उस टेस्ट में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आयी थी। अब महापौर के पीएसओ के कोरोना संक्रमित होने से उनसे मिलने जलने वालों में हड़कंप मचा है।
दुर्ग : पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के बोरसी चौक स्थित कपड़े की दुकान में आज सुबह लगी जबरदस्त आग के साथ धमाके से आस - पास का इलाका दहल उठा।3 घंटे की भारी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस मामले में 3 युवकों को पकड़ कर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार तड़के चोर ने कपड़े की दुकान में आ लगा दी। इस आग की चपेट में वहां बोरियों में रखे पटाखे भी आ गए। सुबह-सुबह तेज धमाके की आवाज सुनकर लोग डरकर घर से बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी। बोरसी चौक वार्ड नंबर 51 बाबा वस्त्रालय एवं जीके मार्केटिंग के नाम से दुकान है। दुकानदार कपड़े और कंप्यूटर गेम बेचने के साथ ही पटाखे भी बेचता है। इसके लिए उसने लाइसेंस ले रखा है। इस आग से करीब 10 से 12 लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है।
रायपुर : छत्तीसगढ़ के 5 युवाओं ने यूपीएससी की सिविल सर्विस परीक्षा पास कर ली है। साल 2019 के लिए हुई इस परीक्षा के नतीजे मंगलवार की दोपहर जारी कर दिए गए। इस परीक्षा में राज्य के भिलाई की सिमी करण ने ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 31, उमेश प्रसाद गुप्ता ने एआईआर 162, सूथान ने एआईआर 209, आयुष खरे ने एआईआर 267 और योगेश कुमार पटेल ने एआईआर 434 हासिल की है।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सभी ने अपने परिवार के साथ-साथ देश भर में प्रदेश का नाम रोशन किया है, यह सब मेहनत, लगन एवं गुरुजनों के मार्गदर्शन का परिणाम है। देश सेवा हेतु अपनी नवीन जिम्मेदारी को आप सब कुशलता से निभाएँगे, इस विश्वास के साथ मैं आप सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।
रायपुर : महादेव घाट स्थित खारून नदी पुनः जल मग्न हो गया है । कल अचानक नदी का जल स्तर गिर जाने से लोगों को कुछ समझ नहीं आ रहा था। सावन मास में अचानक नदी के सुख जाने को कई तरह के अटकलों से जोड़ा जा रहा था। काफी देर बाद अटकलों को विराम तब लगा जब लोगों को यह पता चला कि भाठागांव स्थित एनिकट की सफाई की वजह से पानी के बहाव को रोका गया है। सफाई के बाद आज पुनः पानी छोड़े जाने से महादेव घाट स्थित खारुन नदी फिर से जल मय हो गया।
रायपुर : राखी के त्योहार को देखते रायपुर कलेक्टर डॉ. एस. भारती दासन ने 3 अगस्त को एक दिन के लिए छूट प्रदान की है। राखी पर कल राखी और मिठाई की दुकानों को सुबह 6 बजे से 10 बजे तक खोलने की अनुमति दी है ।