रायपुर : सीएम हाउस में मंत्रियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में कोरोना के बढ़ते असर को देखते लॉक डाउन को 6 अगस्त तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है । लॉकडाउन बढ़ाने का अधिकार जिले के कलेक्टरों को दिया जाएगा, जिन जिलों में संक्रमण ज्यादा है वहां लॉक डाउन बढ़ेगा। राज्य सरकार ने इस बाबत कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिया गया है। बता दे कि 28-29 जुलाई तक लॉकडाउन रखा गया था, जिसे बढ़ाकर 6 अगस्त तक कर दिया गया है। जिन जिलों में संक्रमण ज्यादा होगा वहां बढ़ेगा लॉकडाउन अति आवश्यक सामान दूध पेट्रोल पंप सब्जी मेडिकल पूर्व की तरह ही खुले रहेंगे।
रायपुर : कटोरा तालाब गली नंबर-2 में आज एक महिला की लाश फांसी के फंदे पर लटकती मिली। घटना की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुँच गई है। 35 साल की मृतका पूनम सचदेवा का विवाह 10 साल पहले विनोद सचदेवा से हुई थी। उनकी 8 साल की एक बच्ची भी है । मृतका का ससुराल राजेन्द्र नगर में है। मृतका के परिवार वालों ने विनोद और उसके परिवार वालों पर पैसे के लिए प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
अंबिकापुर : बाबूपारा में वरिष्ठ कांग्रेसी माधवेंद्र सिंह के पुत्र अजुनेन्द्र सिंह ने अपने घर पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। उसके खुदकुशी करने का कारण पता नहीं चला है, लेकिन प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग से इस घटना को जोड़ कर देखा जा रहा है । बहरहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
सरगुजा : अंबिकापुर में सोमवार को एक युवक ने खुद को गोली मार कर अपनी जान दे दी। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है ।
यह घटना अंबिकापुर के बाबूपारा की है। मृतक का नाम अजुनेन्द्र सिंह है जो वहां के वरिष्ठ कांग्रेसी माधवेंद्र सिंह का पुत्र था ।
मौके पर पहुँच कर पुलिस छानबीन कर रही है।
नारायणपुर : नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में नक्सलियों के हमले से सीआरपीएफ के एक जवान के शहीद होने की खबर है । नक्सली लगातार 3 घंटे तक रुक रुक कर फायरिंग कर रहे थे, जवानों की जवाबी फायरिंग में नक्सली भाग निकले। बारसूर-पल्ली मार्ग पर जिला मुख्यालय से 60 किमी दूर करियामेटा इलाके में सीएएफ 22 बटालियन के ए कंपनी का कैम्प है जहां सोमवार की सुबह नक्सलियों ने हमला बोल दिया। इस हमले में छ्त्तीसगढ आर्म फोर्स के एक जवान जितेंद्र बाकडे शहीद हो गए हैं। शहीद जवान बीजापुर जिले के एडपाल गांव का निवासी था। घटना के बाद से क्षेत्र में सुरक्षा बड़ा दी गई है ।
राजनांदगांव : पुलिस ने सेवानिवृत पुलिसकर्मियों से ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। राजनांदगांव,महासमुंद एवं दंतेवाड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा बिहार-झारखंड में की गई धमाकेदार छापामार कार्यवाही कर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों को पेंशन अधिकारी बताकर कुछ ही दिनों में करीबन 40 लाख रुपए की ठगी करने वाले हाईप्रोफाइल ठग कई टीम बना कर ठगी की घटना को अंजाम देते थे । फर्जी सिम लाने,फोन करने,खातों में रकम ट्रांसफर करने से लेकर एटीएम से रकम निकालने ठगों के हर सदस्यों का बटा हुआ था अलग-अलग काम। झारखंड और बिहार के अलग-अलग स्थानों से 5 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार किया गया है।आरोपियों से दो दर्जन से अधिक विभिन्न कंपनियों के मोबाइल,एटीएम,लैपटॉप,कलर प्रिंटर सहित अन्य सामग्री,नगदी रकम एवं दस्तावेज जप्त किए गए है।
चिरचारी : छुरिया के ग्राम सड़क चिरचारी में रोजगार गारंटी के कार्य में भारी मनमानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोसायटी में रोजगार गारंटी के तहत धान चबूतरा का निर्माण खुद गांव के सरपंच करवा रहे हैं। मनमाने तरीके से स्वयं रेत, ईट का अवैध भंडारण तो कर ही रखा है और उसका उपयोग अनाप शनाप दर पर निर्माण कार्य में कर रहा है। इतना ही नहीं महिला पंच के नाबालिग पुत्र समेत कई नाबालिग बच्चों से भी बेखौफ काम करवा रहे हैं। उनकी इस मनमानी की खबर संबंधित अधिकारी को भी हैं, लेकिन किसी भी तरह की कारवाई न होना संदेह को जन्म दे रहा है।
बलौदाबाजार : बलौदाबाजार में ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। इस ठगी को एक महिला ने अंजाम दिया है वह भी महिला एवंं बाल विकास विभाग की, जो पूर्व में सेवारत थी ।बताया जाता है कि अनिल चोपड़ा नामक इस महिला ने 17 लोगों को सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था । इसके बदले उसने लाखों रुपए वसूले। अब यह कथित महिला अधिकारी फरार हो गई है । उसके झांसे में आये लोगों ने बलौदाबाजार के कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी है । साथ ही पीड़ितों ने पैसे के लेन देन का ऑडियो और वीडियो भी पुलिस को सौंपा है।
रायपुर : राज्य के किसी भी जेल में इस बार रक्षा बंधन का कार्यक्रम नहीं होगा । कोरोना महामारी को देखते यह निर्णय लिया गया है। जिन बहनों के भाई जेल में है, उन्हें डाक से ही राखी भेजनी पड़ेगी। जेल प्रशासन उन राखियों को सैनिटाइज करने के बाद ही कैदी भाइयों तक पहुॅचायेगी । रक्षा बंधन पर जेल में विशेष भोजन बनाने के निर्देश दिये गए है। भाई - बहनों का यह सबसे बड़ा से त्योहार रक्षाबंधन 3 अगस्त को है, लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण की वजह से रायपुर सेंट्रल जेल समेत प्रदेश की सभी 33 जेलों में रक्षाबंधन पर किसी भी तरह का आयोजन नहीं किया जाएगा। न तो बहनें अपने भाइयों से मिल पाएंगी और न ही राखी बांध सकेंगी।गौ रतलब है कि रक्षाबंधन के अवसर कैदियों को राखी बांधने के लिए हर साल जेल प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की जाती है। बहनें सुबह से ही भाई से मिलने जेल पहुँच जाती थी। पूरा दिन जेल में भाई बहनों का प्यार उमड़ता नजर आता था।
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज यहां सोनाखान भवन में छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के नव-नियुक्त अध्यक्ष गिरीश देवांगन के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए । उन्होंने गिरीश देवांगन को नया दायित्व मिलने और आज उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दीं । इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक, राज्य खाद्य एवं आपूर्ति निगम के अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा, प्रदीप शर्मा, राजेश तिवारी और रुचिर गर्ग के साथ छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के प्रबंध संचालक समीर विश्नोई उपस्थित थे ।
राजनांदगांव : जिले के कुमर्दा पंचायत की एक महिला ने गांव के उपसरपंच, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री लालचंद और उसके मित्र किशन पर गाली गलौच कर अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए राजनांदगांव महिला थाना मे शिकायत की है।
दुर्ग : महिला डीएसपी अनामिका जैन श्रीवास्तव की अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो गई है।दुर्ग-भिलाई में महिला डीएसपी की थप्पड़ से अपमानित होकर एक महिला ने आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या करने वाली महिला के प्रकरण में डीएसपी अनामिका जैन की अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो गई है। इस मामले की जांच टीआई से सीएसपी भिलाई नगर को दी गई थी, लेकिन बराबर रैंक की वजह से अब मामले की जांच का जिम्मा एएसपी को दे दी गई है।
रायपुर : फर्जी जाति प्रमाणपत्र के सहारे सरकारी नौकरी करने वालों के खिलाफ फिर से मोर्चा खोल दिया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को शिकायत के साथ 245 अधिकारियों-कर्मचारियों का सूची सौंपी गई है, जिन पर गलत दस्तावेज की मदद से नौकरी पाने का आरोप है। दावा किया गया है कि फर्जी तरीके से नौकरी करने वालों को सरकार हर साल करीब 6 करोड़ रुपए वेतन बांटती है। सीएम को सुप्रीम कोर्ट के आदेश की प्रति भी सौंपी गई। इसमें कहा गया है कि जिनके जाति प्रमाणपत्र जाली साबित हो गए हैं, वे किसी भी विभाग में किसी भी पद पर बने नहीं रह सकते। संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के प्रतिनिधि मंडल ने इस मामले में शिकायत की है। सीएम ने उन्हें इस संबंध में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस मुद्दे पर मोर्चा खोलने वालों में डॉ. शंकर लाल उइके, सीएल चन्द्रवंशी, जयसिंह राज तथा राजकुमार ठाकुर भी शामिल हैं।
राजनांदगांव : राजनांदगांव नगर निगम क्षेत्र में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या मे लगातार बढ़ोत्री हो रही है। शहर में आज फिर सात कोरोना पाँजिटिव मरीज मिले हैं । तुलसीपुर मे एक ही परिवार के तीन लोग हुए संक्रमित पाए गए। पडोसी भी वहां कोरोना के चपेट में आ गये है। 18 एकड के जवान भी कोरोना पाँजिटिव मिला। नगर निगम के चौखडिया पारा मे भी मरीज मिले।सभी को जिला मेडिकल अस्पताल ले जाया गया है । जहा मरीज मिले उस एरीया को किया सील । कर दिया गया है।
बिलासपुर : राजधानी रायपुर के एम्स अस्पताल में दो पत्रकारों के खिलाफ झूठी शिकायत पर सीधे एफआईआर होने का पत्रकारों ने विरोध किया है । न्यायधानी बिलासपुर के पत्रकारों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर मुख्यमंत्री से जांच कराने की मांग की है ।
उल्लेखनीय है कि मामला राजधानी स्थिति एम्स अस्पताल के साथ साथ कोरोना महामारी से जुडा़ हुआ है । पत्रकारों की गलती सिर्फ़ इतनी थी कि उन्होंने कोरोना को लेकर अस्पताल की व्यवस्था संबंधी शिकायत की थी । कोरोना काल में एम्स अस्पताल के चिकित्सा कर्मियों की लापरवाही की शिकायत करने वाले वरिष्ट पत्रकारों पर चिकित्सा कर्मियों से मारपीट व गाली गलौच का आरोप लगाया गया। इस पर बिना किसी जांच के आननफानन में एफआईआर दर्ज हो गई । मामले में प्रेस क्लब अध्यक्ष तिलक राज सलूजा और सचिव वीरेंद्र गहवई की टीम ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौपा है। प्रेस क्लब की टीम ने ज्ञापन के माध्यम से बताया है कि दोनों पत्रकार प्रेस क्लब के सदस्य हैं । इनके परिवार के 10 सदस्य कोरोना के संक्रमण से जूझ रहे है । इस कारण दोनों पत्रकार मानसिक रूप से परेशान थे । परिवार के सदस्यों के स्वास्थ को लेकर चिकित्सा कर्मियों से उन्होंने कुछ लापरवाही की शिकायत की थी लेकिन जो मारपीट और गाली गलौच का आरोप लग रहा है वह बिल्कुल गलत है। इधर दोनों पत्रकार और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ जुर्म दर्ज करने से पत्रकारिता जगत काफी क्षुब्ध है । प्रेस क्लब की टीम ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इस मामले की बारीकी से जांच करा प्रकरण वापस लिया जाए ताकि राज्य में पत्रकारिता की साख बची रहे।
बिलासपुर : सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मटियारी मे एक घर में 5 लोगों की खून से लथपथ लाशें मिलने से आस पास के एरिया में सनसनी फैल गई । इस घर के एक सदस्य की लाश गांव की सड़क पर मिली । अनुमान लगाया जा रहा है कि जिस रोशन सूर्यवंशी की लाश सड़क पर मिली है उसी ने ही घर पर सो रहे अपनी माँ, पिता, दो छोटे भाई व छोटी बहन की हत्या की है। रोशन की मानसिक हालत ठीक नहीं थी, इसी के कारण उसने घर के सभी सदस्यों की हत्या कर खुद भी चलती ट्रक के नीचे आकर अपनी जान दे दी। बहरहाल पुलिस जांच कर रही है। बताते हैं कि घर के अंदर का दृश्य दिल दहला देने वाला था, जिस वक्त यह वारदात हुई है घर से सभी सदस्य सो रहे थे। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय रोशन सूर्यवंशी, 45 वर्षीय पिता रूपदास सूर्यवंशी, 40 वर्षीय माता संतोषी बाई, 14 वर्षीय बहन कामिनी, 15 वर्षीय भाई ऋषि और 20 वर्षीय भाई रोहित सूर्यवंशी के रूप में हुई है ।
रायपुर : राज्य सरकार ने अब प्रदेश के श्रेष्ठ बुनकरों को हर साल पुरस्कृत करेगी। यह सम्मान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. बिसाहू दास महंत की स्मृति में दिया जाएगा। सीएम भूपेश बघेल ने स्व. महंत की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में यह घोषणा की। सीएम ने कहा कि स्व. महंत जीवनभर जनसेवा से जुड़े रहे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के साथ ही उनकी छवि एक सफल राजनेता की रही है। वे अविभाजित मध्यप्रदेश में विधायक तथा मंत्री के रूप में प्रदेश के विकास के लिए समर्पित रहे। उन्होंने क्षेत्र में खेती-किसानी, सिंचाई तथा सड़कों के निर्माण से लोगों की बेहतरी के लिए काम किए। उनके बताए मार्ग पर चलकर प्रदेश को नया आयाम देने की दिशा में काम किए जा रहे हैं। इस अवसर पर विधायक सत्यनारायण शर्मा, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय और शिशुपाल सोरी, पा.पु.नि. अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी, खनिज निगम अध्यक्ष गिरीश देवांगन, नान अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, हाउसिंग बोर्ड चेयरमैन कुलदीप जुनेजा, आरडीए चेयरमैन सुभाष धुप्पड़, सीएम के सलाहकार विनोद वर्मा और राजेश तिवारी, महापौर एजाज ढेबर और सभापति प्रमोद दुबे भी उपस्थित थे।
फरमान नहीं मानने की दी सजा
दंतेवाड़ा : घोर नक्सल प्रभावित एरिया दंतेवाड़ा में बुधवार की रात नक्सलियों ने न केवल अपने ही दो साथियों की हत्या कर दी बल्कि बीच-बचाव करने आए 15 ग्रामीणों को भी जमकर पीटा। इसमें से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जाता है कि अरनपुर थाना क्षेत्र में पाेटाली गांव के मिर्चीपारा में नक्सलियों ने बुधवार देर रात ध्रुवापारा, पटेल पारा समेत अन्य क्षेत्र के ग्रामीणों की बैठक बुलाई थी। इस दौरान ध्रुवापारा में सड़क बनने को लेकर नक्सलियों ने नाराजगी जताई। गांव में सड़क निर्माण रोकने की जिम्मेदारी मिलीशिया कमांडर बजरंगी वेट्टी और सदस्य टिडो मंडावी की थी। नक्सलियों ने इनसे पोटली-अरनपुर सड़क काटने के लिए कहा। इस पर बजरंगी और टिडो ने सड़क काटने से मना कर दिया। दोनों ने कहा कि सड़क बन गई है तो अच्छा हुआ है। इसके बनने से गांव में बिजली आ गई है। दिक्कत होने पर एंबुलेंस पहुंच जाती है। इससे ग्रामीणों को राहत है। हम सड़क नहीं काटेंगे। इससे भड़के नक्सली कमांडर सोमरू और जयलाल ने दोनों की हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आए ग्रामीणों को भी नक्सलियों ने बुरी तरह से पीटा।
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आज यहां उनके निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में वन विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में कृषि एवं जलसंसाधन मंत्री रवींद्र चौबे, वनमंत्री मोहम्मद अकबर, नगरीय प्रशासन मंत्री शिव कुमार डहरिया, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अम्बिकापुर से स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव शामिल हुए थे । बैठक में संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी, मुख्यमंत्री के सलाहकार सर्व राजेश तिवारी, विनोद वर्मा, प्रदीप शर्मा और रुचिर गर्ग, मुख्य सचिव आर. पी. मंडल, वन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज पिंगुआ, पंचायत एवं ग्रामीण विकास के प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. एम. गीता, नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव मती अलरमेल मंगई डी, आदिम जाति कल्याण विभाग के सचिव डी. डी. सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी उपस्थित थे।