अंबिकापुर : कोरोना संक्रमण काल में जहां बेरोजगारी बढ़ रही है वहीं लोगों में लालच भी काफी बढ़ गया है । इसी लालच में करीब 25 हजार से भी ज्यादा लोग अपनी कमाई के 5 करोड़ गंवा बैठे हैं । पुलिस ने बताया कि गुजरात के बड़ोदरा जिले के एक युवक ने फर्जी चिटफंड कंपनी बनाई और महीने भर में जमा राशि चार गुना करने का झांसा देकर विश वायलेट एप के माध्यम से हजारों लोगों से करोड़ों रुपए ऑनलाइन जमा करा लिए।कथित कंपनी के संचालक अशोक आचार्य उर्फ प्रियदर्शी ने शुरू में कुछ लोगों को झांसा देने जमा राशि के बदले रिटर्न भी किया। कंपनी के फर्जी होने के बारे में तब पता चला जब जुलाई में 14 हजार से अधिक निवेशकों का करीब 6 करोड़ 2 लाख रुपए डूब गया। इसमें सरगुजा जिले के भी हजारों लोग शामिल थे। जिन्होंने पुलिस से शिकायत की थी। इतनी बड़ी ठगी का मामला सामने आने पर पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि सरगुजा संभाग से कंपनी में करीब 12 हजार लोगों का 5 करोड़ रुपए डूबा है। को-आर्डिनेशन सेंटर में बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए एसपी ने बताया कि पुलिस की टीम बड़ोदरा गई थी। जहां स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी अशोक को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि आरोपी ने शुरुआत में राशि जमा करने वाले निवेशकों को अप्रैल, मई व जून में रिटर्न दिया । पिछले महीने एक दिन में करीब 75 लाख रुपए लोगों ने जमा किए थे। एक साथ जब ज्यादा राशि जमा हो गई तो आरोपी ने कंपनी बंद कर दी। एसपी ने बताया कि अभी मामले की जांच की जा रही है और अन्य कई आरोपी इसमें जुड़े मिलेंगे। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर : दुर्ग की एक महिला की रिपोर्ट पर नेहरू नगर रायपुर के एक युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ़्तर किया है । मुख्य आरोपी शोएब खान की पता साजी की जा रही है। घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि नेहरू नगर रायपुर के शोएब खान नामक युवक ने सोशल मीडिया पर दुर्ग की महिला से पहले तो दोस्ती की फिर शारीरिक संबंध बनाया। इस दौरान अपने एक साथी के साथ मिलकर महिला का वीडियो भी बना लिया और ब्लैकमेलिंग करने लगा। साथी अयाज खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने महिला से 70 हजार रुपए वसूले थे। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, धमकी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि शोएब से दोस्ती के चक्कर में महिला दुर्ग से रायपुर आई थी। इसी दौरान आरोपी ने धमकी देकर महिला से दुष्कर्म किया और वीडियो बनाया। कुछ महीने बाद यह वीडियो महिला के वाट्सएप पर भेजा और वायरल करने की धमकी देने लगा। महिला ने आरोपी को रुपए दिए। इसके बाद आरोपी ने महिला के रिश्तेदार को वीडियोे भेज दिया, उसके बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा।
कवर्धा : कवर्धा के क्वारंटीन सेंटर में एक युवक की लाश फांसी के फंदे पर लटकती मिली। मृतक की पहचान कुकदुर थाना क्षेत्र के ग्राम दमगढ़ निवासी 26 वर्षीय तुलसी बैगा के रूप में की गई है। कुछ दिन पहले वह चेन्नई से आया था और क्वारंटीन सेंटर में अकेले था । सेंटर से छुट्टी नहीं मिलने से परेशान चल रहा था, जबकि उसके पिता बाहर से उसकी देख रेख कर रहे थे। कुकदुर पुलिस के मुताबिक मृतक तुलसी बैगा महाराष्ट्र बोर गाड़ी में मजदूरी करने गया था । गांव लौटने के बाद उसे 11 जुलाई को सेंटर पर रखा गया था । सेंटर में अकेले होने की वजह से सदमे में आकर युवक ने फांसी लगा ली होगी।
रायपुर : बुधवार शाम 7.30 तक प्रदेश में 230 नए कोरोना मरीजों की पहचान की गई है, जिसमे जिला रायपुर से 70, सुकमा से 36, दुर्ग से 28, कांकेर से 15, जांजगीर चाम्पा से 13, मुंगेली से 11, बीजापुर व रायगढ़ से 09-09, बिलासपुर से 07, गरियाबंद व् बस्तर से 06-06, नारायणपुर से 05, बेमेतरा व महासमुंद से 03-03 , राजनांदगांव, बालोद, कोंडागांव से 02-02, सूरजपुर, सरगुजा व जशपुर से 01-01 मरीज शामिल है।
रायपुर : राज्य के पुलिस महानिदेशक डी.एम.अवस्थी ने पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को कोरोना संक्रमण से बचान के लिए निर्देश जारी किए है । राज्य में अब तक 114 पुलिसकर्मी कोरोना वायरस की चपेट में है । डीजीपी ने निर्देश देते हुए कहा कि संक्रमित पुलिस कर्मियों के घर जिम्मेदार पुलिस अधिकारी को भेज कर उनके राशन पानी और आवश्यक वस्तु मुहैया कराए, जो अधिकारी संक्रमित पुलिस परिवारों के यहां हाल- चाल पूछने जाये वे पूरी तरह से स्वयं का बचाव सुनिश्चित करते हुए ही उनके घर जाएं । कर्मचारियों के परिवारों को भी सलाह दी गई है कि वे और उनके बच्चे घर में ही रहें और इधर उधर न घूमें । पड़ोस मे रहने वाले लोगो से मिलने से बचें। डीजीपी ने कहा कि सभी कर्मचारी ड्यूटी पर जाते समय अपना खाना औऱ पानी घर से ले कर जाएं तथा ऐसे कर्मचारी जो लगातार ड्यूटी कर रहे हैं उनके लिए अच्छे भोजन और पानी की व्यवस्था रक्षित निरीक्षक सुनिश्चित करें । ड्यूटी के दौरान समस्त पुलिसकर्मी अपने सहयोगियों एवं जनता के अत्यंत करीब जाने से बचें।
रायपुर : लंबे समय से विवादों में रहे राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ मर्यादित के अध्यक्ष रसिक परमार ने अंततः इस्तीफा दे ही दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा पंजीयक सहकारी संस्थाएं को भेजा है। साथ ही उसकी एक कॉपी महासंघ के एमडी को भी भेजी है। भेजे गए इस्तीफे में परमार ने सिर्फ इतना लिखा है कि, मैं अध्यक्ष पद से इस्तीफा देता हूं। खबर है कि पखवाड़े भर पहले दुग्ध महासंघ देवभोग के अध्यक्ष पद से रसिक परमार को पंजीयक सहकारी संस्था ने हटा दिया था। इसके साथ ही तीन साल के लिए चुनाव लड़ने पर भी रोक लगाई है। सहकारी संस्थाएं के पंजीयक हिमशिखर गुप्ता ने यह आदेश जारी किया था। फिलहाल उनके इस्तीफे की जानकारी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को दे दी गई है। रसिक परमार पर भ्रस्टाचार के आरोप लगातार लगते रहे हैं । ऑडिट में भी 25 करोड़ से अधिक की अनियमितता पकड़े जाने की खबर है। जानकारों की माने तो एफआईआर की भनक लगने के बाद ही परमार ने अपने पद से इस्तीफा दिया है।
रायपुर : राज्य की पुलिस के लिए केंद्र सरकार से जारी होने वाले फंड में भारी कटौती के चलते गृह मंत्रालय को संसाधन जुटाने में दिक्कते आ रही है । बताया जाता है कि राज्यों की पुलिस को बेहतर बनाने केंद्र सरकार एक फंड जारी करती है । जिस योजना में फंड आता है उसका नाम पुलिस बल आधुनिकीरण योजना है। साल 2013-14 में फंड 56 करोड़ रुपए का था। साल 2019-20 में यह घटकर 20 करोड़ से भी कम रह गया है। छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने इस मुद्दे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को खत लिखा है । खत में लिखा गया है कि योजना से राज्य पुलिस बलों की क्षमता को बढ़ाने के लिए केन्द्र मदद करता है। इसका मुख्य उद्देश्य पुलिस-प्रशासन की कमियों को दूर करना है। राज्य के 14 जिले नक्सल समस्या से प्रभावित हैं। इनमें से 8 जिले अत्यंत प्रभावित है। पुलिस के लिए एडमिनिस्टेटिव बिल्डिंग, आवासगृहों का निर्माण, शस्त्र, वाहन, दूरसंचार, उपकरण, प्रशिक्षण संसाधनों की आवश्यकता है। गृहमंत्री ने मांग की है कि फंड में कमी ना की जाए जिससे पुलिस को जरुरी संसाधन मिल सकें।
रायपुर : सेंट्रल सिंधी पंचायत के अध्यक्ष अमर पंजवानी,महासचिव अशोक धावना,दौलत रोहड़ा एवं युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष विशाल कुकरेजा ने कहा कि समाज के कुछ लोग अपनी राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए भ्रमित समाचार छपवाकर वाहवाही लूटने का प्रयास करते है,जबकि वास्तविकता यह है कि सिंधी भाषा व संस्कृति संबंधी गतिविधियों के सुगम संचालन हेतु स्वायत्तता दी जा रही है। संस्कृति विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ सिंधी अकादमी का गठन किया गया है। इस संबंध में 4 जून 2007 को छत्तीसगढ़ राजपत्र में विधिवत अधिसूचना का प्रकाशन भी हुआ है।
रायपुर : मुख्यंत्री भूपेश बघेल के चारों सलाहकारों को राज्य सरकार ने कैबिनेट मंत्री के दर्जा से नवाजा है। इनमें विनोद वर्मा राजनीतिक सलाहकार, प्रदीप शर्मा योजना,नीति,कृषि एवं ग्रामीण विकास सलाहकार, रुचिर गर्ग मीडिया सलाहकार तथा राजेश तिवारी मुख्यमंत्री के संसदीय सलाहकार हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सलाहकारों को कैबिनेट मंत्री दर्जा केवल शिष्टाचार के लिए प्रदान किया गया है। उन्हें नियमानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने का दायित्व प्रशासकीय विभाग(सामान्य प्रशासन विभाग) का होगा।
संगठन योद्धा, लोकतंत्र सेनानी व समर्पण के जीवंत उदाहरण थे जगदेवराम उरांव
शहीद सप्ताह मनाने मानपुर इलाके में फेंके नक्सल-परचे,
राजनंदगांव : छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री और राजनांदगांव जिले के प्रभारी मंत्री मो. अकबर ने सोमवार को हरेली त्योहार के मौके पर जिले के ग्राम सलोनी मे आयोजित गोधन न्याय योजना का शुभारंभ किया और इस योजना के तहत महिलाओं से गोबर खरीदे । साथ ही किसानों को आयुर्वेद पौधै का भी वितरण किया । कार्यक्रम में सलोनी पहुचे वन मंत्री का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया । मंत्री मो. अकबर ने सबसे पहले गौठान मे वृक्षारोपण कर हरेली त्यौहार के लिए पूजा की और महिलाओं के द्वारा लगाये गये स्टालो का जायजा लिया । वही गोधन न्याय योजना के तहत महिला समूह की महिलाओं से 2 रूपये किलो मे 100 किलो गोबर खरीदा और मंच पर सरकार के किये 36 वादो मे 22 वादा पूरा करने की बात करते मो. अकबर ने बताया कि पूरे प्रदेश मे 2750 गौठान मे 20 करोड रूपये की योजना की शुरुआत की गई है । सरकार गोबर खरीद कर लोगो को रोजगार मुहैय्या करायेगी । महिला समूह के माध्यम से सरकार गोबर खरीदेगी और वर्गी कम्पोज कृषि विभाग और वन विभाग इस पर काम करेगी। वही इस कार्यक्रम मे मंत्री के साथ जिले के जनप्रतिनिधि सहित कलेक्टर एसपी सहित आला अधिकारी मौजूद रहे ।
रायपुर : सरकारी अस्पताल से कोरोना के एक मरीज के भाग निकलने से हड़कंप मचा हुआ है । फरार मरीज नवा रायपुर में कुक है । मरीज को डीकेएस से रेफर किया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वह फरार हो गया था। युवक जगदलपुर का रहने वाला है । मरीज के इस तरह अस्पताल से भागने से अस्पताल में हड़कंप मचा है। बता दें छत्तीसगढ़ में कोरोना के मामले लगातार बढ़ने लगे हैं। सोमवार को 173 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई है। राजधानी रायपुर में फिर से सबसे ज्यादा 66 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। प्रदेशभर में सोमवार को 173 नए मरीजों की पुष्टि होने के बाद अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 5 हजार 598 हो गया है।
रायपुर : रायपुर में सोमवार को दिन भर में 35 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें अकेले भाठागांव से 20 पॉजिटिव शामिल हैं और ये सभी कल कोरोना से मृत एक महिला के प्रायमरी कॉन्टेक्ट वाले बताए जा रहे हैं। भाठागाव में स्वास्थ्य विभाग की जांच जारी है।रात तक मरीजों की संख्या और बढने की संभावना बताई जा रही है । स्वास्थ विभाग ने कल महिला की मौत के बाद उसके संपर्क में आने वालों की एक मोबाइल वेन भेजकर कोरोना जांच की थी। जांच में आज 20 लोग पॉजिटिव मिले हैं।जिला स्वास्थ्य अफसरों का कहना है कि उनकी टीम शहर के अलग-अलग जगहों पर शिविर लगाकर जांच में लगी है। कहीं-कहीं भीड़ वाली जगहों या बाजारों से रेंडम जांच भी किए जा रहे हैं। इसी जांच में आज 35 पॉजिटिव सामने आए हैं।
रायपुर : ऑल इंडिया कांग्रेस संघ के राष्टीय राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश मलिक व छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष आफताब मेमन के निर्देश पर प्रदेश कार्यालय महासचिव जुनैद मेमन ने मौदहा पारा के जुझारू युवा नेता मो. राजुल अहमद को उत्तर विधानसभा का अध्यक्ष नियुक्त किया है । ताजुल की इस नियुक्ति पर उनके दोस्तो ने बधाई दी है।
रायपुर : प्रदेश की राजधानी रायपुर में इस बार 22 जुलाई से प्रभावशील होने वाला लॉकडाउन पहले से ज्यादा कडा रहेगा। बाजार सुबह 6 से 10 बजे तक ही खुले रहेंगे। किराना, दूध, सब्जी और फल की दुकानें सुबह 10 बजे तक ही खुली रहेंगी। पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी को सप्लाई की छूट रहेगी। अलबत्ता आटो, टैक्सी, ई.रिक्शा और बसों सहित कोई भी यात्री वाहन नहीं चलेंगे। कलेक्टर ने साफ कर दिया है कि इस बार का लॉकडाउन पहले से ज्यादा सख्त होगा। यही वजह है कि इस बार अति आवश्यक चीजों की दुकानें खुलने का समय भी पहले से 2 घंटे कम कर दिया गया है। रायपुर और बीरगांव नगर निगम में लॉकडाउन के दौरान किस तरह का प्रतिबंध रहेगा इसके लिए कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने नया आदेश जारी किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पहले ही कलेक्टरों से कहा था कि लॉकडाउन की जानकारी आम लोगों को 72 घंटे पहले मिलनी चाहिए। इस वजह से 22 जुलाई को लॉकडाउन होने की जानकारी 19 जुलाई से ही दे दी गई। लॉकडाउन का समय शुरू होने के कुछ देर पहले ही दोनों निगम की सीमाओं को सील कर दिया जाएगा। ग्रामीण इलाकों में स्थित फैक्ट्रियां बंद नहीं होंगी। वर्करों को वहीं फैक्ट्री में रखकर काम करवाना होगा। इस दौरान उनके भोजन और बाकी सुविधाओं की व्यवस्था संचालक को करनी होगी।
कालाबाजारी पर लगेगी रोक : लाॅकडाउन में कोई भी कारोबारी सामानों की कालाबाजारी करता है तो उनके खिलाफ टोल फ्री नंबर 0771-2882113 पर सीधी शिकायत की जा सकती है।
बिना कारण घर से निकलने पर होगी कार्यवाई :लॉकडाउन में मेडिकल इमरजेंसी को ही छूट दी गई है। इसके अलावा कोई भी घर से निकलकर घूमते मिला तो पुलिस केस दर्ज करेगी। वाहन जब्त कर लिया जाएगा। सात दिनों तक शहर के हर चौक-चौराहों पर फोर्स मौजूद रहकर जांच करेगी।
धार्मिक संस्थान भी रहेंगे बंद
लॉकडाउन के दौरान मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारा समेत सभी तरह के धार्मिक संस्थान बंद रहेंगे। इसके अलावा सभी सांस्कृतिक और पर्यटन स्थल भी बंद रहेंगे।