चिरचारी: छुरिया के ग्राम सड़क चिरचारी में रोजगार गारंटी के कार्य में भारी मनमानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोसाइटी में रोजगार गारंटी के तहत धान चबूतरा का निर्माण खुद गांव के सरपंच करवा रहे हैं। इतना ही नहीं मनमाने तरीके से खुद रेत, ईट का अवैध भंडारण कर उसका उपयोग अनाप - शनाप दर पर निर्माण कर्यों में खपा रहा है। यही नहीं महिला पंच के नाबालिग पुत्र समेत गांव के कई नाबालिग बच्चों से भी बेखौफ काम करवा रहा है। सरपंच की इस मनमानी की शिकायत भी संबंधित अधिकारी से भी की जा चुकी है, लेकिन किसी भी तरह की कारवाई न होना संदेह को जन्म दे रहा है।
राजनांदगांव : जिले के ग्राम कोटरासरार स्थित शिवनाथ नदी से गोताखोरों की मदद से पुलिस ने एक युवक की लाश निकाली। मृतक की पहचान राजीव नगर बसंतपुर के योगेंद्र सोनकर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बुधवार को योगेंद्र अपने कुछ दोस्तों के साथ ताश खेलने कोटरासरार गया था। तभी गांव वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। खबर पाकर पुलिस पकड़ धकड के लिए पहुंच गई। पुलिस को देख ताश खेल रहे युवकों में भगदड़ मच गई और सभी इधर उधर भागने लगे। माना जा रहा है कि इसी बीच योगेंद्र ने शिवनाथ नदी में छलांग लगा दी होगी। पुलिस ने ताश खेलने वाले कुछ युवकों को पकड़ लिया है, पर योगेंद्र के नदी में छलांग लगाने की जानकारी नहीं थी। आज सुबह उसके नदी में डूबकर मौत हो जाने की खबर मिली। फिलहाल पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।
बिलासपुर : दोमुहानी इलाके में एक प्रेमी जोड़े के फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने से सनसनी फैल गई है । घटना की वजह पुलिसिया डर को माना जा रहा है । आत्महत्या करने वाले युवक अमन साहू ने कुछ दिनों पूर्व अपने एक साथी की मदद की थी। उसके साथी ने अपनी नाबालिग प्रेमिका को भगा कर शादी कर लिया था, जिसे अमन ने अपने घर पर जगह दी थी । उसके साथी के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए अमन को तलब किया । इससे वह काफी परेशान था । माना जा रहा है कि इसी के चलते उसने यह कदम उठाया होगा और उसकी भी नाबालिग 16 साल की प्रेमिका ने साथ जीने मरने के चक्कर में उसके साथ आत्महत्या कर ली होगी । पुलिस का दावा है कि इस जोड़े को किसी ने डराया या धमकाया नहीं है। सिर्फ बयान देने के लिए थाने बुलाया गया था। अब पिछले के साथ पुलिस इस केस की जांच भी कर रही है ।
सोमनी : राजनांदगांव जिले के सितला मंदिर तालाब में बना पचरी टूट गया है। सोमनी के पूर्व सरपंच संतोष यादव के कार्यकाल में पिछले ही पंचवर्षीय यह बना है। बिना मजबूत बेस का बना यह पचरी भ्रस्टाचार को स्वयं बयां कर रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य के समय ही इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे थे, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया । बताया जाता है कि हाल ही में गांव के कुछ लोगों ने इसकी शिकायत भी की है । इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी का कोई कारवाई न करना संदेह को जन्म दे रहा है।
रायपुर : शहर का प्रमुख सिटी कोतवाली और गंज थाना में भी कोरोना ने दस्तक दे दिया है । दोनों ही थानों के एक - एक सिपाही संक्रमित पाए गए हैं । इसके चलते दोनों ही थानों को सील करने की प्रक्रिया की जा रही है। बताया जाता है कि दोनों थानों के सिपाहियों की कल मंगलवार को कोरोना जांच हुई थी, जिनकी रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है। गौरतलब है कि कल आरंग थाने के भी जवानों के कोरोना संक्रमित होने पर वहां भी थाने को सील किया गया है।
रायपुर : कोरोना के लगातार बढ़ते प्रभाव को देखते बच्चों की स्कुलें कब तक खुलेगी अभी इसका कोई अता पता नहीं है। लेकिन उनकी पढ़ाई में रुकावट न हो इसके कई उपाय किये गए हैं । आनलाइन और लाउड स्पीकर से जहां पढाई कराई जा रही है, इसी बीच लोक शिक्षण संचालनालय ने14 अगस्त के पूर्व तक सभी छात्रों तक किताबों और यूनिफाॅर्म का वितरण सुनिश्चित किया जाना तय किया है। इसमें अच्छी बात यह है कि बच्चों को स्कूल तक जाना नहीं पड़ेगा । उन्हें घर पर ही किताबें और ड्रेस दे दी जायेगी । इसके विपरित छात्रों को दिया जाने वाला सूखा अन्न उन्हें स्कूलोें में ही प्रदान किया जाएगा। बताया जाता है कि संकुलों में छात्र संख्या के आधार पर किताबें वितरित की जा चुकी हैं। यहां से अब स्कूलों और छात्रों तक किताबें पहुंचाई जाएंगी। पहली से दसवीं कक्षा तक के छात्रों को किताबों का नि:शुल्क वितरण किया जाना है। वहीं पहली से आठवीं कक्षा तक के छात्रों को गणवेश का नि:शुल्क वितरण किया जाना है।
कांग्रेस ने वादा निभा कर शिक्षाकर्मी टैग के 15 वर्षीय भाजपाई दंश से कराया मुक्त
रायपुर : प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। हॉट स्पॉट बने रायपुर में आज बुधवार को छूट मिलते ही किराना, पूजा सामान, फल आदि दुकानों में भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान शारीरिक दूरी का कहीं कोई पालन होता दिखाई नहीं दिया। शहर के गोल बाजार, शास्त्री मार्केट सहित तमाम बाजारों में भीड़ बेकाबू नजर आई। गोल बाजार सहित शहर के अधिकांश किराना दुकानों में सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग गई थी। सरकार की ओर से बकरीद और रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए 29 और 30 जुलाई को 4 घंटे की छूट दी गई है। इस दौरान सुबह 6 बजे से 10 बजे तक किराना दुकानें खुलेंगी। बुधवार को डीडी नगर स्थित डी-मार्ट खुलने से पहले ही सुबह 5.30 बजे से लोगों की लाइन लग गई। ऐसा पहली बार हुआ कि जब कैंपस में चार टुकड़ों में लाइन लगवाई गई। बाजारों के अलावा शहर की सड़कों पर कई जगह जाम के हालात नजर आये । मुख्य बाजारों में भीड़ के चलते कोविड-19 को लेकर बनाए गए नियम दरकिनार हो गए हैं। लोग मास्क तो लगाए, लेकिन शारीरिक दूरी खत्म हो गई है।
महासमुंद : महासमुंद पुलिस ने नकली नोटों का कारोबार करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफास किया है। यह गिरोह आर्डर लेकर नकली नोटों को तैयार करता था और खुद भी खपाता था। इस गिरोह के 5 सदस्यों को पुलिस ने 50, 100 और 500 के नकली नोटों के साथ पकड़ा है। महासमुंद एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रायपुर के एक बड़े व्यापारी ने आरोपियों से15 लाख की मांग की थी, जिसे आरोपी वहां तक पहुंचाने करने के लिए रवाना हुए थे। इससे पहले ही मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरंग नदी मोड़ के पास धर दबोचा । आरोपी से 13 लाख रुपए के नकली नोट जप्त हुए । मुख्य आरोपी की निशानदेही के आधार पर उसके अन्य आरोपियों को पकड़ा गया, जिनसे कुल रकम 21 लाख 27 हजार रुपए जब्त किये गए। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कलाराम ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि फोटोकॉपी प्रिंटर मशीन को उसने लोन लेकर खरीदा था, लेकिन लॉकडाउन की वजह से वह लोन नहीं पटा पाया , इसी बीच वह शुरू में 10-20 नकली नोट (500,100 और 50 रूपयें के) छापकर उसे भीड़ भरे जगहों में चलाने की कोशिश की और कुछ लोगों को चलाकर देखने के लिए भी दिया । एकदम भीड़ भरे स्थानों पर थोड़ी सी बातों की चलाकी के साथ कलाराम के नकली नोट चल गये तथा जिन लोगों को इसे चलाने के लिए दिया था जैसे मुन्नालाल भारती, दुर्गा कुर्रे, रेशम कोसले, भूपेन्द्र जांगडे के नकली नोट भी भीड़ भरे स्थानों में चल गए, जिससे इन नोटों की मांग होने लगी और एक दिन उसे रायपुर के एक व्यापारी ने लगभग 15 लाख रुपये की नकली नोट की मांग की, जिसकी डिलिवरी नदी मोड पुल के आसपास करने की बात हुई थी । उस डिलवरी करने के लिए ही कलाराम अपने साथी मुन्नाराम के साथ नदी मोड़ आया था और पुलिस के हत्थे चढ़ गया । पुलिस की टीम ने कलाराम उर्फ रामदास से मौके पर सफेद रंग के झोला में रखे 13 लाख रुपए तथा जैतपुर थाना सरसीवा जिला बलौदाबाजार के घर पर स्थित दुकान से 1 लाख 20 हजार के नकली नोट, मुन्नालाल के पास मौके से 2 लाख 40 हजार रुपए, दुर्गा कुर्रे के पास घर बिलासपुर (टाटा) थाना सरसीवा से 2 लाख 57 हजार रुपए, रेशम कोसले के पास घर ओडकाकन थाना सरसीवा से 90,000 रुपए, भूपेन्द्र जांगड़े के पास घर ओडकाकन थाना सरसीवा से 1 लाख 20 हजार रुपए के कुल 21 लाख 27 हजार रुपए 500-500 के तीन सीरीज के तथा 100 रुपए के एक सीरीज के नोट बरामद किया गया है ।
धमतरी : 25 हजार रुपए के इनामी रेत माफिया नागू चंद्राकर और उसके ड्रायवर तुलसीराम यादव को अजमेर, राजस्थान में गिरफ्तार कर लिया गया है। 18 जून को धमतरी जिले के जोरातराई रेत खदान में अवैध खनन रोकने पहुंचे जिला पंचायत सदस्य खूबलाल ध्रुव और उनके साथियों को बंधक बनाकर नागू और उसके साथियों ने जमकर पिटाई की थी। इस घटना में शामिल 9 लोगों को पुलिस पहले ही पकड़ चुकी है। मुख्य आरोपी नागू उस वक्त से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था । पुलिस अधीक्षक बी. पी. राजभानु ने नागू और उसके ड्रायवर को पकड़ने पुलिस की 3 टीमें बनाई थी । मुखबिर की सूचना पर पुलिस की एक टीम को राजस्थान भेजा गया था। वहां अजमेर के एक होटल में रुकने जैसे ही वह पहुंचा पुलिस ने नागू और तुलसीराम को दबोच लिया। आरोपी के पास से 12 नग मोबाइल, 10 सिम कार्ड तथा एक वाहन जब्त किये गए है। मामले में कुछ और लोगों की गिरफ्तारी की संभावना भी बताई जा रही है।
दंतेवाड़ा : नक्सलियों के शहीद सप्ताह के पहले ही दिन डीआरजी के जवानों ने नक्सली पोडिया के स्मारक को ध्वस्त कर दिया। नक्सली 28 जुलाई से 3 अगस्त तक शहीद सप्ताह मना रहे हैं । आज पहले ही दिन डीआरजी जवानों ने ग्राम वालों की खबर पर किरंदुल क्षेत्र के गुमियापाल, रय्यापारा में दबिश दी । वहां नक्सलियों ने मारी गई महिला नक्सली पोडिया का एक स्मारक बना रखा था । डीआरजी जवानों ने उस स्मारक को ध्वस्त कर दिया। बताया जाता है कि गांव वाले भी अब नक्सलियों से परेशान है। यही वजह है कि उनकी हर चहल कदमी की खबर पुलिस तक पहुँच रही है। नक्सलियों में भी गलत निर्णय को लेकर आपस में विरोध होने लगा है। पिछले दिनों ऐसे ही एक निर्णय को लेकर नक्सलियों ने अपने ही दो साथियों की गोली मार कर हत्या कर दी थी।
रायपुर : रायपुर और बीरगांव के नगर पालिक निगम क्षेत्र में लॉक डाउन बढ़ने के साथ लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते अनाज व किराना दुकानों को 29 व 30 जुलाई को 4-4 घंटों के लिये खोले जाने की अनुमति दी गई है। इस संबंध में कलेक्टर रायपुर ने आदेश जारी भी कर दिया है। कोरोना के लगातार बढ़ते मरीजों पर रोक लगाने की दृष्टि से राज्य सरकार ने जिले के कलेक्टर को लॉकडाउन का अधिकार दिया है। इसी के तहत राजधानी रायपुर और बीरगांव के नगरीय निकाय क्षेत्र में लॉकडाउन को 6 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है।

रायपुर : खम्हारडीह थाने की महिला थानेदार श्रीमती ममता शर्मा अली के बचाव में अब जनप्रतिनिधि और व्यापारी भी खुल कर सामने आ गए हैं। इसकी मुख्य वजह महिला थानेदार का सरल व्यवहार है।पिछले दिनों खम्हारडीह इलाके में जन्म दिन मनाने इकट्ठा हुए युवक - युवतियों की शिकायत मिलने पर की गई कारवाई के बाद विवाद उपजा था । महिला थानेदार की छवि धूमिल करने कुछ लोगों ने प्रदेश के गृहमंत्री व यहां के एसएसपी तक से शिकायत की । सरल स्वभाव की महिला थानेदार को झूठी शिकायत पर फंसाने की खबर से जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों में नाराजगी है । स्थानीय विधायक, नगर निगम के जोन अध्यक्ष, पार्षद, पूर्व पार्षद सहित व्यापारियों ने इस पूरे मामले की कड़ी निंदा करते हुए थाना प्रभारी के पक्ष में खड़े रहने की बात कही है । क्षेत्रीय विधायक कुलदीप जुनेजा, नगर निगम ज़ोन अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा, पार्षद रोहित साहू, पूर्व पार्षद राकेश धोतरे, शारदा पटेल सहित अवंति विहार व्यापारी संघ के संरक्षक अशोक गुप्ता, अध्यक्ष संतोष गंगवानी, भाजपा नेता किशोर नायक सहित क्षेत्र के नागरिकों में थाना प्रभारी के खिलाफ झूठी शिकायत को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। विधायक कुलदीप जुनेजा ने कहा कि ममता शर्मा अली बेहद व्यवहार कुशल है, आज तक उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की शिकायत विधायक को प्राप्त नही हुई है। वही जोन अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने पूरी घटना की कड़ी निंदा करते हुए दुख व्यक्त किया और कहा कि इस झूठी शिकायत से वे अचंभित है कि जो महिला थाना प्रभारी पूरी रात क्षेत्र के नागरिकों के लिए पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था सम्हालती है, उन पर इस प्रकार का आरोप लगाना पूर्णतः गलत है, थाना प्रभारी ने हमेशा से ही सभी के साथ सामान्य व्यवहार करते हुए सभी की शिकायत को तत्काल संज्ञान में लेकर पुलिसिया कार्यवाही को अंजाम दिया है। वही व्यापारी संघ के संरक्षक अशोक गुप्ता ने कहा कि कोरोनाकाल जैसी स्थिति में भी हर वक्त थाना प्रभारी सभी नागरिकों की समस्या-विवाद सुलझाने उपलब्ध रही है, और जब से इस चौकी को थाने का दर्जा प्राप्त हुआ है,क्षेत्र में शांति-अमन-चैन का माहौल बना रहता है, यह पूरा षड्यंत्र किसी निजी स्वार्थ को पूरा करने की दृष्टि से रचा गया है।
नारायनपुर : कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर एस.डी.एम. दिनेश कुमार नाग ने मुस्लिम समुदाय के लोगों की बैठक लेकर उन्हें कोरोना वायरस से बचाव हेतु शासन-प्रशासन द्वारा जारी गाईड लाईन का पालन करते हुए बकरीद शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की । एस.डी.एम. ने कहा कि नमाज अदा करने कम व्यक्ति ही जाये, बेहतर होगा लोग घरों में ही नमाज अदा करें और इस दौरान शारीरिक दूरी बनाने के साथ मास्क पहनें । हाथों को साफ करने के लिए सेनेटाइजर और साबुन का उपयोग करे तथा सामूहिक रैली का आयोजन न करें। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण काल में नियमों का पालन कर बकरीद मनाये। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के पदाधिकारी एवं सदस्यगण तथा अन्य लोग भी मौजूद थे।