रायपुर : राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर डीजीपी डीएम अवस्थी काफी चिंतित हैं। उन्होंने इस पर रोक लगाने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नजर रखने का फैसला लिया है । उनके मुताबिक अब जिले के साथ ही सीधे पुलिस मुख्यालय से भी सभी थाना प्रभारियों की कार्यप्रणाली पर नजर रखी जायेगी। अब सभी थाना प्रभारियों को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा जाएगा। जहां वे अपने थाना की कार्यप्रणाली, घटित अपराधों और उन पर की गई कार्रवाई की जानकारी देंगे। इस ग्रुप में स्वयं डीजीपी मॉनिटर करेंगे। श्री अवस्थी ने यह बातें पुलिस मुख्यालय में वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये थाना प्रभारियों के लिये आयोजित कार्यशाला में कही है। उन्होंने कहा कि जो थाना प्रभारी अपराधों पर अंकुश नहीं लगाएंगे उन पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। थाने में वही आता है जो पीड़ित होता है। पुलिस का बेसिक काम पीड़ित को न्याय दिलाना और दोषियों पर कार्रवाई करना है। महिला और बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस थानों की कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता है। एक माह बाद थाना प्रभारियों के कामकाज की फिर से समीक्षा की जाएगी। जिसके अपराधों पर नियंत्रण ना कर पाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और अच्छा काम करने पर थाना प्रभारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
भिलाई : पुरानी रंजिश को लेकर भिलाई में एक युवक की हत्या हो गई । पुलिस ने दोनों हमलावर युवकों को पकड़ लिया है। बताया जाता है कि चाकू के हमले से बुरी तरह घायल डी. मनीष को सेक्टर 9 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एम्स रायपुर ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान गुरुवार को युवक की मौत हो गई। भिलाई नगर पुलिस के मुताबिक मृतक सेक्टर 6 का रहने वाला था और मजदूरी करता था। बुधवार की रात सेक्टर 6 इस्पात क्लब के पीछे डी.मनीष और उसके बड़े पापा डी.रमेश बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान जानपाल व रमेश आए और रंजिश की बात को लेकर डी.मनीष के साथ वादविवाद कर चाकू से हमला कर दिया।
राजनांदगांव : पूर्व महापौर एवं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती शोभा सोनी का अंतिम संस्कार गुरुवार को किया गया। शव वाहन से उनका पार्थिव शरीर शहर के आउटर में स्थित गठला मुक्तिधाम ले जाया गया। रास्ते में आम लोग और भाजपा नेता अंतिम दर्शन के लिए चौराहों पर मौजूद रहे। शोभा सोनी अमर रहे के नारे लगाते रहे। डाकघर चौक और नगर निगम के सामने लोगों ने शव वाहन पर फूल बरसाए। बुधवार को शोभा सोनी की कोरोना संक्रमण के चलते रायपुर एम्स में मौत हो गई थी। मुक्ति धाम में उनके पति ने मुखाग्नि दी।
रायपुर : स्टेट वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन में पदस्थ 39 तकनीकी सहायकों को प्रथम समयमान वेतनमान प्रदान करने की स्वीकृति मिलने से कार्पोरेशन के सभी तकनीकी सहायकों में खुशी की लहर हैं। 10 साल से वेतनमान की प्रतीक्षा कर रहे अधिकारी-कर्मचारियों ने कार्पोरेशन के चेयरमैन अरुण वोरा के प्रति आभार व्यक्त किया। दूरदराज से आए तकनीकी सहायकों ने नवा रायपुर स्थित कार्पोरेशन के मुख्यालय में वोरा के प्रति आभार जताया। कार्पोरेशन मुख्यालय के सभागार में संक्षिप्त कार्यक्रम में मुंगेली के शाखा प्रबंधक व स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधाकर सिंह, तकनीकी सहायक रचना वर्मा व अभिषेक गंजीर ने वोरा का पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत किया। जयरामनगर के शाखा प्रबंधक अविनाश नागदोने और सुधाकर सिंह ने चेयरमैन को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान वोरा ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से चर्चा की। समस्याएं सुनने के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वोरा ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों की मेहनत के कारण ही कार्पोरेशन बेहतर सेवाएं दे रहा है। अधिकारी-कर्मचारियों को हरसंभव बेहतर सुविधाएं दी जाएगी। वोरा ने कहा कि किसी भी तरह की समस्या या शिकायत होने पर मैदानी अधिकारी-कर्मचारी सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
तकनीकी सहायकों ने निगम के सेटअप के अनुसार कई साल से पेंडिंग पदोन्नति प्रक्रिया का लाभ देने की मांग की। अधिकारी-कर्मचारियों को सेंट्रल हाउसिंग कार्पोरेशन व आंध्र प्रदेश के वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन में लागू उच्चतर वेतनमान देने का अनुरोध भी किया। वोरा ने आश्वस्त करते हुए कहा कि इन मांगों पर विचार करने के बाद शीघ्र यथोचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में शाखा गितपुरी के प्रबंधक अमित पांडेय ने आभार प्रदर्शन किया। आभार कार्यक्रम में संदीप सिंह, गायत्री जांगड़े, सुखराज नायक, अमेरिका देवांगन, प्रशांत जोशी सहित सभी तकनीकी सहायक मौजूद थे।
राजनांदगांव : राजनांदगांव की पूर्व महापौर शोभा सोनी की कोरोना संक्रमण के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई है। उनका इलाज रायपुर के एम्स में चल रहा था। करीब 2 हफ्ते पूर्व वह कोराना संक्रमित पाई गई थी । आज दोपहर उन्होंने एम्स में दम तोड़ दिया। अभी वर्तमान मे राजनांदगांव नगर निगम में वे नेता प्रतिपक्ष थी। शोभा सोनी राजनांदगांव की पूर्व महापौर और छत्तीसगढ़ मे भाजपा सरकार के समय समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष भी रही है। भाजपा की दंबग नेत्रीय की मौत के बाद पार्टी के साथ राजनीति, गैर-राजनीतिक, समाजिक और जिले में शोक की लहर है। वही नागरिक काफी दहशत भी महसूस कर रहे हैं। जिले मे लगतार कोरोनो से मौत के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य् विभाग सहित आम नागरिको में हड़कंप मचा हुआ है। अब तक जिले में कोरोनो से 23 लोगों की मौत हो चुकी है।
रायपुर : नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में कोरोना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। तीसरी मौत के बाद कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन मंगलवार को कोरोना संक्रमण के मद्देनजर इंद्रावती भवन में उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं।
यहां मंत्रालय व संचालनालय में भी कोरोना का कहर फूटा है। पिछले दिनों इंद्रावती भवन में हुए कोरोना जांच में 227 में से 84 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजेटिव आयी थी। वहीं अब तक तीन लोगों की मौत भी कोरोना से हो चुकी है। पिछले पशुपालन विभाग के एक अधिकारी और श्रम विभाग के एक कर्मचारी की मौत के बाद सोमवार को नगर निवेश विभाग की एक महिला कर्मचारी की कोरोना से मौत हो गयी। इंद्रावती भवन में लगातार कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। यहां 5000 से ज्यादा कर्मचारी-अधिकारी तैनात हैं, लेकिन कोरोना के मद्देनजर किसी तरह का ऐहितियात नहीं बरता जा रहा है।
रायपुर : राजधानी से लगे ग्राम नरदहा में चाकू बाजी में एक युवक की हत्या हो गई । गांव के कामदेव धीवर और खिलेश्वर साहू में उधारी का लेन देन था । दोनों गांव में लड़ों खेल रहे थे। इसी दौरान उधारी की रकम को लेकर विवाद हो गया। खिलेश्वर ने उधारी की रकम मांगी। इसे लेकर दोनों दोस्तों में विवाद इतना बढ़ गया कि खिलेश्वर ने कामदेव पर चाकू से वार कर दिया । जिससे कामदेव की मौत हो गई । आरोपी खिलेश्वर को विधानसभा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है ।
रायपुर : अॉल इंडिया कांग्रेस संघ, उत्तर विधान सभा के अंशु महाराज कार्यालय सचिव नियुक्त किये गए हैं। अंशु की नियुक्ति से उनके दोस्तों में हर्ष का माहौल है। उनके दोस्तों ने उन्हें बधाई दी है।
रायपुर : छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी द्वारा सोमवार को छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के खादी वस्त्रों एवं ग्रामोद्योग सामग्रियों के विक्रय हेतु मोबाइल वैन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर राजेश सिंह राणा प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड भी उपस्थित थे ।
बीजापुर : नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के कुटरू थाने का एक सब इंस्पेक्टर लापता हो गया है। उनकी बाइक जंगल के जिस इलाके में सड़क पर पड़ी मिली है वहां नक्सलियों की गतिविधि रहती हैं, लिहाजा एसपी ने आशंका जताई है कि नक्सलियों ने उसका अपहरण किया होगा। रविवार को सब इंस्पेक्टर छुट्टी लेकर अपने घर जा रहे थे। सब इंस्पेक्टर नागैय्या कोरसा कुटरु थाना में पदस्थ है। वे मूलतः उसूल ब्लॉक के चेरामंगी गांव के रहने वाले है। उनकी पत्नी दंतेवाड़ा जिला के चितलंका गांव मैं शिक्षिका है। पुलिस के मुताबिक एसआई के रवाना होने के कुछ देर बाद स्थानीय थाने में लावारिस बाइक मिलने की खबर आई। टीम ने जाकर देखा तो यह कोरसा की बाइक थी। जिस जगह पर बाइक मिली उस जंगली इलाके में नक्सलियों का मूवमेंट रहता है। किसी ने इस घटना को देखा नहीं, इसलिए नक्सलियों पर शक है। मंगापेट्टा के जंगलों के पास सर्चिंग की जा रही है। एसआई की खोजबीन के लिए पुलिस टीम को उस क्षेत्र में रवाना कर दिया गया है।
रायपुर : जेईई और नीट की परीक्षा 1 सितंबर को आयोजित की जा रही है। राज्य की कांग्रेस सरकार ने कोरोना महामारी को देखते इस परीक्षा का जमकर विरोध किया था, लेकिन केंद्र सरकार ने अपना निर्णय नहीं बदला लिहाजा प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल ने छात्र - छात्राओं को किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए उन्हें परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और वापस लाने के निर्देश जारी किये है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी जिला कलेक्टर्स को बस, मिनी बस, जीप जैसे वाहनों का बंदोबस्त करने कहा है। हर जिले से बच्चों को उनके परीक्षा केंद्रों तक ले जाने और वापस लाने का जिम्मा प्रशासन का होगा। स्टूडेंट्स चाहें तो अपने साधन से भी परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकते हैं। इस पहल का फायदा ग्रामीण इलाकों के उन बच्चों को ज्यादा मिलेगा, जिन्हें दूसरे शहरों में परीक्षा के लिए जाना है। निर्देश के मुताबिक सभी जिला कलेक्टर इसके लिए जिला नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) से इस कोऑर्डिनेट किया जाएगा। प्राइवेट बस ऑपरेटर से बस ली जाएंगी। बच्चों को यह सुविध फ्री मिलेगी। परीक्षार्थियों के लिए बसें 31 अगस्त से चलाई जाएंगी। राज्य में लगभग 13 हजार 500 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। प्रदेश में इस परीक्षा के लिए 5 केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा में शामिल हो रही छात्राओं के साथ उनके एक अभिभावक को भी यात्रा की अनुमति होगी। इस व्यवस्था का पूरा खर्च राज्य शासन द्वारा वहन किया जाएगा।
रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी और पीएसओ कोरोना की चपेट में आ गए हैं। यह जानकारी खुद मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर दी। उन्होंने बताया कि उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है, उसके बावजूद 4 दिनों तक वे आइसोलेशन में रहेंगे। मुख्यमंत्री के करीबियों के संक्रमित पाये जाने से हड़कंप मचा हुआ है।
बिलासपुर : महिला पंचायत सचिव की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी खुद की बेटी ने मौसेरी बहन और ब्वाय फ्रेंड के साथ मिलकर की । पहले तो बेटी ने पुलिस को खूब गुमराह किया, लेकिन काॅल डिटेल से पुलिस को उसी पर शक था। पुलिसिया पूछताछ में वह टूट गई और सिलसिलेवार घटना की जानकारी दे दी। पुलिस के अनुसार मृतका चंदना डडसेना की हत्या उसकी 18 साल की बेटी ने अपनी मौसेरी बहन व ब्वॉय फ्रेंड के साथ मिलकर की है । पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है। उनसे सबूत जुटाए जा रहे हैं। घटना उसलापुर बस्ती में 24 अगस्त की रात को हुई थी। पंचायत सचिव चंदना डडसेना पति स्व. विजय डडसेना 42वर्ष मूल रूप से मुंगेली जिले के पथरिया क्षेत्र की रहने वाली थी और वर्तमान में अपनी 18 साल की बेटी के साथ उसलापुर में रह रही थी। 25 अगस्त की सुबह उसकी घर पर ही लाश मिली थी। पूछताछ में उसकी बेटी ने कहा था कि वह अपनी सहेली के साथ पिकनिक मनाने कोटा गई थी और रात को वहीं ठहर गई थी। सुबह मां को फोन किया तो उसका मोबाइल बंद बताया तब उसने पड़ोसी को फोन कर घर भेजा और घटना की उसे जानकारी हुई। पुलिस इस मामले में महिला के पुराने परिचितों से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान कॉल डिटेल से बेटी पर संदेह हुआ। कड़ाई बरतने पर वह टूट गई और हत्या करने की बात कबूल ली। उसने इस वारदात को अपनी मौसेरी बहन व ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस को उसने इस केस में भटकाने का काफी प्रयास किया। वह संदेही के रूप में बार-बार पेंड्रा क्षेत्र के एक व्यक्ति का नाम लेती रही जिसके खिलाफ उसकी मां ने दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया था।
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आज यहां नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवीन भवन के निर्माण के लिए बटन दबाकर शिलापट का अनावरण किया । इस भूमिपूजन कार्यक्रम में नई दिल्ली से सांसद श्रीमती सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी और मोतीलाल वोरा भी जुड़े । भूमिपूजन कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक, लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू, संसदीय कार्य मंत्री रविन्द्र चौबे, विधानसभा के उपाध्यक्ष मनोज मंडावी सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, संसदीय सचिव, विधायक गण सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित थे।
राजनांदगांव : पार्षद ऋषि शास्त्री का कहना है कि राजनांदगांव नगर निगम क्षेत्र में गौ धन न्याय योजना अंतर्गत पशु पालकों से गोबर खरीदी का काम साधन संसाधन की वजह से रोक दिया गया है । ऐसा नोडल अधिकारी अजय यादव का कहना है जो कि साफ है कि अधिकारी अजय यादव द्वारा पूर्व में इस विषय पर समीक्षा एवं व्यवस्था नही की होगी जिसके कारण यह नौमत आरही है। उन्होंने कहा कि अधिकारी अजय यादव की फिर एक बड़ी लापरवाही सामने आई है जिसे सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास भी कहा जा सकता है। एक ओर पहले श्रमिक क्षेत्र में वार्डो के बीचों बीच मणि कंचन केंद्र खोला गया जिससे वार्डवासी सालो से परेशान हो रहे है, जिन सेंटरों का अभी तक उक्त अधिकारी नियमित सिस्टम नही बना पाये है। मुख्यमंत्री के मनसानुरूप मणिकंचन केंद्र एवं गोबर खरीदी दोनों के विषय मे व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ ही आम जनता के सेहत का विशेष ध्यान एवं योजना को जनता के पक्ष में शारीरिक मानसिक आर्थिक रूप से आसान बनाने जांच एवं कार्यवाही को लेकर पार्षद (सदस्य अपील समिति) ऋषि शास्त्री नगर निगम कमिश्नर से माँग की है।