रायपुर : निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ पालकों का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। कलेक्टर दफ्तर के अलावा डंगनिया और पेंशन बाड़ा इलाके के स्कूल में परिजन अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। पूरा विवाद निजी कुछ स्कूलों द्वारा वसूली जा रही फीस को लेकर है। बिलासपुर हाईकोर्ट ने एक फैसले में कहा था कि कोरोना संकट के इस दौर में स्कूल ट्यूशन फीस ले सकते हैं। पालकों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन इसी फीस में अन्य शुल्क जोड़कर वसूली का दबाव बना रहा है। सोमवार को पेंशन बाड़ा स्थित एक प्राइवेट स्कूल में पहुंचे परिजनों का आरोप है कि स्कूल ट्यूशन फीस में स्पोर्ट्स और लायब्रेरी के पैसे मांगे जा रहे है। मार्च से ही स्कूल बंद हैं, किसी बच्चे ने जब स्कूल में इस सुविधा को लिया ही नहीं तो फिर पैसे किस बात के। स्कूल में हंगामे के आसार देखते हुए गोलबाजार थाने से पुलिस भी पहुंची। काफी देर तक स्कूल में परिजन डटे रहे। लेक्टोरेट परिसर में भी दर्जन भर परिजन पहुंचे। डंगनिया इलाके के एक स्कूल के खिलाफ परिजनों ने शिकायत की। परिजनों ने कहा कि ऑनलाइन तरीके से पढ़ाई में बच्चों के डाउट या कोर्स कंपलीट करने का काम उतने प्रभावी तरीके से नहीं हो रहा। स्कूल प्रबंधन फीस को लेकर भी दबाव बना रहा है, जो कि उचित नहीं हैं। लोगों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के नाम एक ज्ञापन सौंपा। लोगों ने कहा कि स्कूल के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। अधिकारियों ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया जिसके बाद परिजन घर लौट गए।
कोरबा : पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर की मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना देने की घोषणा के बाद आखिरकार रामपुर पुलिस ने भाजपा नेता देवेंद्र पांडे और उसके पुत्र शुभम पांडे को गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी को लेकर श्री कंवर ने पुलिस अधिकारियों से खूब आग्रह किया था, थक हार कर रायपुर आने के बाद करवाई को लेकर मुख्यमंत्री निवास में धरना देने की चेतावनी दी थी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष सेवक राम कंवर ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आरोपियों के विरुद्ध अनुसूचित जनजाति अत्याचार अधिनियम के तहत गिरफ्तार करने की मांग की थी। इस भारी दबाव के चलते आज सुबह देवेंद्र पांडेय व उनके पुत्र को गिरफ्तार कर रामपुर पुलिस अपने साथ पुलिस सहायता केंद्र ले आई है। पिछले दिनों पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर के पुत्र संदीप कंवर व भाजपा नेता व सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र पांडेय और पुत्र शुभम पांडेय के साथ रुपये को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान देवेंद्र पांडे ने अपने पुत्र शुभम पांडे के साथ मिलकर संदीप कंवर को बंधक बना लिया था और उसके साथ जातिगत गाली- गलौज और मारपीट की घटना की गई थी।
बिलासपुर : मानसिक हालत खराब होने से 15 साल तक घर परिवार से दूर रही युवती आखिरकार अपने परिवार से जा मिली। बेटी को पाकर बुढी माँ से रहा नहीं गया। लपक कर बेटी को गले लगाकर फफक - फफक कर रो पड़ी। लंबे अंतराल के बाद युवती सोमवार को अपने परिजनों से मिली। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों ने युवती को उनके परिजनों से मिलाया। युवती को लेकर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण व दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारी रवाना हुए थे। इससे पहले युवती के परिजन की खोजबीन करने में प्राधिकरण के अधिकारियों को दो महीने कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। 33 वर्षीय युवती जब परिजन से बिछड़ी थी, तब उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि अपने माता-पिता व भाई-बहनों से फिर कभी मिल पाएंगी। सोचने-समझने की शक्ति क्षीण हो गई थी। मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती पश्चिम बंगाल से भटकते छत्तीसगढ़ के कोरबा पहुंच गईं। वर्ष 2017 में जब वे कोरबा आई तब मानसिक रूप से अस्वस्थ हो गई थीं। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के निर्देश पर स्थानीय जिला प्रशासन उसे इलाज के लिए बिलासपुर के सेंवरी स्थित राज्य मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया था। तीन साल बाद 26 जून 2020 को उसके जीवन में एक बड़ा बदलाव आया। चिकित्सकों की मेहनत रंग लाई और वह मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ हो गई।
रायपुर : भाजपा शासन में गृह मंत्री रहे ननकीराम कंवर और कोरबा जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र पांडे के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है । हालात यहां तक पहुंच गई है कि पूर्व गृह मंत्री को ही पुलिस न्याय नहीं दिला पा रही हैं। एक वह समय था जब पुलिस उनके निर्देशन में काम किया करती थी। अब वहीं पुलिस के चक्कर लगा रहे हैं और पुलिस पर कार्रवाई ना करने, मामले को दबाने जैसे आरोप लगा रहे हैं। कारवाई ना होता देख ननकीराम ने अब मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना देने की चेतावनी दी है। ननकीराम ने डीजीपी, एसपी और कलेक्टर के नाम एक खत जारी कर कहा है कि 9 सितंबर तक आरोपियों को नहीं पकड़ा गया तो वो सीएम हाउस के सामने 10 सितंबर से भूखहड़ताल पर बैठ जाएंगे। रविवार को ननकीराम रायपुर पहुंच गए हैं।
रायपुर : सीजीपीएससी ने सहायक प्राध्यापक पद के लिए उम्मीदवारों के ऑनलाइन आवेदशन की प्रक्रिया को फिर से शुरू करने का फैसला लिया है। अब 9 सितंबर से 18 सितंबर तक ये आवेदन किए जा सकेंगे। छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल ने राज्य पात्रता परीक्षा 8 सितंबर 2019 को ली थी। 24 जून 2020 को इसके रिजल्ट आए। अब पात्र उम्मीदवारों को सहायक प्राध्यापक पद के लिए आवेदन करना है। कुछ महीने पहले कोरोना और लॉकडाउन की वजह से प्रक्रिया रोक दी गई थी। आवेदन में त्रुटि सुधार के काम 20 सितंबर से 22 सितंबर तक होंगे।
रायपुर : राजधानी में कोरोना का कहर बढ़ते ही जा रहा है। शनिवार की रात व्यावसायिक इलाका सदर बाजार की गलियों को सील कर दिया गया है। दो दर्जन से ज्यादा दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं दी गई है। नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम ने हर्ष ज्वेलर्स, सदर बाजार कार्नर से सुरेश ज्वेलर्स, गोल बाजार काॅर्नर तक, महावीर अशोक ज्वेलर्स से मुक्कड़ कार्नर तक, बसंत ज्वेलर्स से आकांक्षा कलेक्शन तक हलवाई लाईन की गलियों को बंद कर दिया है। बांस से बैरीकेड बनाकर रास्ते बंद किए गए हैं।
भिलाई : पुरानी भिलाई पुलिस ने शनिवार को एक ऐसे युवक को धर दबोचा जो खुद को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भतीजा बताकर ठगी करता था । व्यायाम टीचर की नौकरी लगाने इस आरोपी युवक ने एक महिला से 50 हजार ठगे थे । महिला के पति प्रशांत शुक्ला की रिपोर्ट पर पुलिस ने यह कारवाई की। आरोपी से पूछताछ की जा रही है । पुलिस को शक है कि आरोपी ने और भी लोगों को चूना लगाया होगा। पकड़े गए युवक ने अपना नाम गुलशन बघेल बताया है। बघेल सरनेम की वजह से कुछ लोग इसे सच में सीएम का रिश्तेदार मानते थे। प्रशांत की पत्नी अनीता शुक्ला ने व्यायाम टीचर के लिए जुलाई में बीईओ ऑफिस दुर्ग में फॉर्म जमा किया था। यहां महिला के पति से गुलशन बघेल मिला और खुद का परिचय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भतीजे के तौर पर दिया। बाद में युवक ने 2 लाख रुपए में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसकी बातों में आकर प्रशांत ने इसे 50 हजार रुपए दिए। बाद में जब शक होने पर जानकारी जुटाई तो पता चला कि मुख्यमंत्री का ऐसा कोई भतीजा नहीं है। दुर्ग से पाटन जिले में मुख्यमंत्री क पैतृक घर है, विधानसभा क्षेत्र है। इसी वजह से एक जैसे उपनाम की वजह से युवक लोगों को झांसे में ले रहा था।
बिलासपुर : स्वर्ण जयंती नगर स्थित आरबी अस्पताल प्रबंधन को लाइसेंस निरस्त के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने शनिवार को नोटिस जारी किया है । 100 बिस्तरों का सर्वसुविधाक्त अस्पताल होने के बावजूद वैश्विक महामारी एवं आपदा काल में कोविड मरीजों को सेवाएं दिए जाने से इंकार किए जाने के बाद , छग राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं अनुज्ञापन अधिनियम, 2010 व नियम 2013 में बनाये गये प्रावधान व छग शासन द्वारा घोषित अत्यावश्यक सेवाओं का उल्लघंन किए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने से 30 दिन पहले सूचित करने की जानकारी दी।
रायपुर : कोरोना संक्रमण को लेकर सभी भयभीत है । ऐसे में प्राइवेट अस्पताल प्रबंधन द्वारा कोरोना बीमारी के नाम पर लोगों को गुमराह कर लाखों का बिल थमाया जा रहा है। इस तरह की शिकायतों को संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने गंभीरता से लिया हैं। उन्होंने इस मामले में शनिवार को मुख्यमंत्री से शिकायत की। विकास ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं देना किसी सामान बेचने जैसा नहीं है और ऐसा कर स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले निजी अस्पताल के संचालक मेडिकल क्लीनिक कंज्यूमर प्रोटेक्शन ऐक्ट का खुला उलंघन कर रहे हैं। विकास उपाध्याय ने कहा 90 फीसदी पीड़ितों द्वारा लगातार ये शिकायत मिल रही है कि निजी अस्पतालों में कोरोना का डर दिखा कर उनसे मनमाने तरीके से लाखों रुपए वसूली की जा रही है। कई मरीज तो ऐसे भी हैं जो इन निजी अस्पतालों में महज 3 दिन की फीस 6 लाख रुपये तक दे चुके हैं। छत्तीसगढ़ में कोरोना मरीज बढ़े है, लिहाजा सरकारी अस्पतालों में अब जगह नहीं है। मजबूरन प्रदेश भर के संक्रमित लोग अच्छे इलाज की आशा में राजधानी रायपुर के निजी अस्पतालों का रुख कर रहे हैं। विकास उपाध्याय ने कहा कि इसका फायदा ये निजी अस्पतालों के संचालक भरपुर उठा रहे हैं। कई बार देखा गया है कि अगर अस्पताल का पूरा बिल न अदा किया गया हो तो मरीज़ को अस्पताल छोड़ने नहीं दिया जाता है। जिनकी मौत हुई उनकी लाश नहीं दी जाती। बाम्बे हाई कोर्ट ने इसे ग़ैर कानूनी बताया है। विकास उपाध्याय ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से इन सभी बातों की शिकायत की है। मुख्यमंत्री से मांग करते हुए गहा है कि वर्चुअल मीटिंग लेकर सभी निजी अस्पतालों के संचालकों को इस बारे में स्पष्ट हिदायत दें कि छत्तीसगढ़ की आम जनता के साथ किसी तरह की लूट बर्दाश्त नहीं कि जाएगी और इस बात का ध्यान नहीं दिया गया या मनमानी जारी रही तो ऐसे अस्पतालों के लाइसेंस रद्द किया जाए।
भिलाई : मुक्ति धाम में कोरोना पीड़ित एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार के पहले जमकर हंगामा हुआ । हुआ यह कि जिस दशरथ मारकंडे का शव बताकर परिजानों को दिया गया था असल में वह शव किसी और का निकला । इसका खुलाशा भी उस वक्त हुआ जब बेटी ने पिता के अंतिम दर्शन की इच्छा जताई। पिता की जगह दूसरे का शव देखकर बेटी चीख पड़ी तब कोविड अस्पताल की लापरवाही सामने आई । तितुरडीह कर्मचारी नगर निवासी 52 वर्षीय दशरथ मारकंडे को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद भिलाई जुनवानी स्थित शंकराचार्य कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे तीन दिन से भर्ती थे, जहां उसकी मौत हो गई। शंकराचार्य कोविड अस्पताल के कर्मचारियों ने मृतक दशरथ मारकंडे के परिजनों को इसकी जानकारी दी और शव को परिजनों को सौंप दिया। अस्पताल से शव मिलने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के दौरान बेटी ने अपने पिता के अंतिम दर्शन करने की इच्छा जताई। बेटी की इच्छा पर पीपीई किट के भीतर से ही चेहरा दिखाया गया। चेहरा देखते ही बेटी चीख पड़ी। मुक्तिधाम में बेटी चिल्लाकर बोली ये मेरे पिता नहीं हैं। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे लोगों ने पास जाकर देखा तो जो शव अस्पताल ने दिया था वह दशरथ मारकंडे का नहीं दूसरे पुरुष का था। इसके बाद मृतक दशरथ मारकंडे के परिजनों ने मुक्तिधाम में हंगामा कर दिया।
बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों का आतंक लगातार बढ़ते ही जा रहा है। शनिवार को जन अदालत लगाकर फिर 4 ग्रामीणों की हत्या कर दी गई। इन ग्रामीणों की पहचान नहीं हो पाई है। नक्सलियों के कब्जे में अभी भी 16 ग्रामीणों के होने की आशंका है। मामला गंगालूर थाना क्षेत्र का है। मौके पर पुलिसबल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों के मारे जाने की खबर आई है। उनके नाम और पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने ग्रामीणों के अगवा होने की पुष्टि नहीं की। बताया जाता है कि मामला नदी पार का मामला है। गांव वालों की मानें तो 2 दिन पहले नक्सलियों ने मेटापाल और पूसनार गांव से 25 ग्रामीणों को अगवा किया था। इनमें से 4 की हत्या कर दी गई।
कांकेर : पखान्जुर के छोटेबेठिया इलाके में नाविक को पुलिसिया रौब दिखाना थाना प्रभारी व जवानों को भारी पड़ा । नाविक की बेवजह पिटाई से बौखलाए गांव वालों ने थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया। गांव वालों के आक्रोश व बढ़ते विवाद के बाद आखिरकार थाना प्रभारी एमआर बरिहा ग्रामीणों के पैरों में गिर पड़े। मामले को शांत करने के लिए छोटे बेठिया थाना प्रभारी को थाना परिसर में ही सामूहिक रूप से ग्रामीणों के सामने हाथ-पैर जोड़ माफी मांगनी पड़ी। तब जाकर मामला शांत हुआ। बताया जाता है कि 3 सितंबर को ग्राम छोटेबेठिया का साप्ताहिक बाजार था। कोटरी नदी उसपार के करीब 20 गांव के ग्रामीण नाव के सहारे साप्ताहिक बाजार पहुंचे थे। यहां नाविक के साथ बहस होने पर थाना प्रभारी ने जवानों के साथ पुलिसिया रौब दिखाते मारपीट कर दी। 4 सितंबर की सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण व जनप्रतिनिधी छोटेबेठिया थाना पहुंचे और थाना प्रभारी व जवानों को घेरकर जमकर खरीखोटी सुनाई। मामले का पटाक्षेप करने थान प्रभारी ने हाथ-पैर जोड़े और ग्रामीणों के कहने पर जमीन में झुककर कसम खाते माफी मांगी। साथ ही भविष्य में दोबारा ऐसा नहीं करने का वादा किया।
रायपुर : कपड़े उतार कर सरेआम पिटाई कर दहशत फैलाने वाले एक और युवक को पुलिस ने पकड़ा है । दो दिन पहले पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को पकड़ा था। पुलिस ने दोनों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, लेकिन इससे पहले शहर में आरोपियों का जुलूस निकाला गया। कबीर नगर थाना पुलिस को अभी इनके एक और साथी की तलाश है।
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके कोरोना संक्रमण के चलते अपने गृह जिले छिंदवाड़ा स्थित निवास पर 15 सितंबर तक क्वारंटीन पर हैं। राज्यपाल ने कहा है कि गत दिनों संपर्क में आए कुछ लोगों के कोविड-19 से संक्रमित होने के मद्देनजर सावधानी बरतते हुए उन्होंने अपने आप को कुछ दिनों के लिए क्वारंटीन किया है। इस दौरान मिलने-जुलने पर रोक लगी रहेगी। किसी को आवश्यक कार्य होने पर राजभवन के ई-मेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। राज्यपाल ने आमजनों से अपील करते हुए कहा है कि इस समय राजधानी सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में कोरोना संक्रमण की दर तेजी से बढ़ रही है। अतः नागरिकगण घरों पर ही रहें और आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकले, सामाजिक दूरी का अवश्य पालन करें, भीड़ वाले जगहों पर न जाएं, मास्क का उपयोग करें और हमेशा साबुन से हाथ धोएं। बच्चें और बुजुर्गों को घर पर ही रखें, रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले तत्वों का सेवन करें और नियमित रूप से व्यायाम-प्राणायाम करें।
बिलासपुर : रतनपुर इलाके में शुक्रवार को सुबह एक महिला ने ब्लेड से अपनी जीभ काटकर बहिया महादेव को अर्पित कर दी । यह मामला ग्राम नेवसा का है। महिला की इस हरकत को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जानकारी के अनुसार नेवसा में स्थित शिव मंदिर में लोग प्रति दिन पूजा अर्चना करने पहुंचते हैं। शुक्रवार को रामकली सूर्यवंशी पति भगवान दिन सूर्यवंशी (55) भी शिव मंदिर पहुंची थी। पूजा पाठ के दौरान उसने जीभ काटकर चढ़ा शिव जी में चढ़ा दी। इसके बाद महिला बेसुध होकर वहीं गिर गई। कुछ घंटे बाद जब अन्य लोग पूजा अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने यह देखा, इसके बाद देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई।
दंतेवाड़ा : गोपनीय सैनिक मानकर नक्सलियों ने दो ग्रामीणों की हत्या कर दी, इतना ही नहीं उनके परिजन को भी बेरहमी से पीटा। नक्सलियों ने सड़क पर फेंके गए शवों के पास बैनर लगाकर उन्हें गोपनीय सैनिक बताया है। उधर पुलिस ने मारे गए ग्रामीणों के सैनिक होने से इनकार किया है। घटना शुक्रवार सुबह की है। परिजन मारे गए युवकों में से एक की शादी तय कर लौट रहे थे।
रायपुर : राजेंद्र नगर थाना इलाके में गुरुवार की शाम सहायक उप निरीक्षण ने पत्रकार की डंडे से पिटाई कर दी। यह घटना मास्क चेकिंग की प्रक्रिया के दौरान हुई। एएसआई ने गुस्से में डंडा को पत्रकार के पेट में घुसाने की कोशिश की और फिर इसी डंडे से पीटा। बताया जाता है कि मास्क की जांच कर रही महिलाओं से जांच की कार्रवाई को लेकर पत्रकार ने जानकारी एकट्ठी करना चाही तभी एएसआई ने हमला कर दिया। पत्रकार ने अपना परिचय भी दिया मगर एएसआई ने नहीं सुनी। अब इस मामले में एएसआई जेपीएस ठाकुर के खिलाफ थाने में शिकायत की गई है। बताया जाता है कि कुछ देर बाद इस मामले में महिलाओं को थाने लाकर एएसआई जेपीएस ठाकुर ने पत्रकार के खिलाफ शिकायत करने का दबाव बनाया। थाने में ही पुलिसकर्मी ने तेवर दिखाते हुए देख लेने की धमकी दी...। इस पूरी घटना से आक्रोषित पत्रकार राजेंद्र नगर थाने पहुंच गए। मामले की जानकारी एसएसपी अजय यादव को दी गई। उन्होंने इस मामले में विभागीय कार्रवाई का आश्वासन पत्रकारों को दिया। थाने में इस प्रकरण पर कार्रवाई की मांग के साथ पत्र दिया गया है।