रायपुर : इवेंट का लाखों रूपया निजी काम में लगा कर होटल प्रबंधन को लाखों का चूना लगाने वाले सेल्समैन के खिलाफ तेलीबांधा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी सेल्समैन फरार है । उसकी तलाश की जा रही है। तेलीबांधा पुलिस के मुताबिक कोटयार्ट मेरियट के फाइनेंस कंट्रोलर ईवी रमन्ना रेड्डी ने सेल्समेन सौरव हाजरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है । उन्होंने पुलिस को बताया कि सेल्समैन सौरभ साल 2016 से होटल में कार्यरत है। उसे होटल में जो भी इवेंट आते है उनको और उनका पैसा लाना होता है। साल 2020 में होटल में शादी का कार्यक्रम हुआ था। इसका कुछ पैसा सौरव हाजरा से लेकर कम्पनी को दिया गया था, लेकिन कुछ राशि अभी भी बकाया था। लंबे समय तक ग्राहकों से पैसा नहीं मिलने पर फायनेंस कंट्रोलर रेड्डी ने इसकी जानकारी कंपनी को दी थी। इसके बाद कंपनी ने उन्हें इवेंट से जुड़े व्यक्तियों से संपर्क करने के निर्देश दिए । सम्पर्क करने पर पता चला कि इवेंट कराने वालों ने होटल के सेल्समैन सौरव हाजरा को पैसा दे दिया था। इसके बाद सौरव हाजरा से जब इस बारे में जानकारी मांगी गई तब पता चला कि उसने ग्राहकों से राशि ले ली थी और उसे अपने निजी कार्यों में खर्च भी कर दिया। रेड्डी ने बताया कि सौरभ द्वारा कुल 26 लाख रुपयों का अमानत में खयानत किया गया है।
धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मंदरौद मेघा नदी के किनारे हो रहे रेत के अवैध भंडारण का विरोध करने पहुंचे जिलापंचायत सभापति गोविंद साहू और उनके साथियों की रेत माफिया के गुर्गों ने बेदम पिटाई कर दी । हमलावरों ने लात-घूंसों और रॉड से पिटाई की है। सभापति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुरूद पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है।
रायपुर : इंश्योरेंस पाॅलिसी के नाम पर देश भर में लोगों की जमा पूंजी को हड़पने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दा फास किया है । गिरोह के 3 आरोपियों को यहां की पुलिस दिल्ली से पकड़ लाई है। इन ठगों ने अब तक के कई राज्यों के लोगों को 10 करोड़ से ज्यादा का चूना लगाया है।
पुलिस के अनुसार खमतराई थाने में तिलक राम साहू ने खुद के साथ लाखों की ठगी की शिकायत दर्ज करायी थी। शिकायत में बताया था कि उसके नाम से एक्सीस बैंक में मैक्स लाईफ इंश्योरेंस की पाॅलिसी है। नौ माह पहले पूजा शर्मा और केके विश्वकर्मा का उसके पास फोन आया। दोनों ने खुद को मैक्स लाईफ इंश्योरेंस का अधिकारी बताकर पाॅलिसी के संबंध में फायदा बताया और उसे झांसे में लिया। आरोपियों ने शिकायतकर्ता से पाॅलिसी की रकम को दुगना करने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में 9 लाख 28 हजार रूपए चेक के माध्यम से मांगे। इसके बाद आरोपियों ने और ढाई लाख रूपए की मांग की। इसके बाद बैंक से पीड़ित को पता चला कि उसने जो चेक के माध्यम से पैसा जमा किया है वो तो उसकी पाॅलिसी में हुई ही नही है। पीड़ित ने इसकी शिकयत खमतराई थाने में दर्ज करायी। आरोपी ठगी की घटना को अंजाम देने के लिये गाजियाबाद के लेनी नामक स्थान पर एक हाईटेक काॅल सेंटर बनाकर रखा हुआ था। यहीं से वे ठगी की घटना को अंजाम दिया करते थे। पकड़े गये आरोपियों ने पूछताछ में बताया हैं कि इंश्योरेंस पाॅलिसी धारको के बारे में वो डाटा चोरी कर पीड़ितों से संपर्क करते थे। आरोपी संपर्क करने के लिये एक बार में एक ही सीम का उपयोग करते थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने 14 नग मोबाइल, एटीएम कार्ड, कम्प्यूटर प्रिंटर, डेबिड कार्ड, आधार कार्ड, पेन कार्ड, चेक बुक एवं कई इंश्योरेंस पालिसी का डाटा जब्त किया है। पुलिस आरोपियों से इन डाटा के संबंध में अभी पूछताछ कर रही है।
रायपुर : मंदिर हसौद में एक किराना कारोबारी ने सपेरों के झांसे में आकर अपना 60 हजार रुपये गवां बैठा। सपेरों ने 60 हजार रुपये को 6 लाख बनाने का झांसा दिया । ठगों के कहने पर कारोबारी उनके भोजन की व्यवस्था में लग गया और ठग समान लाने का झांसा देकर भाग निकले। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कुटेसर में महेंद्र गिलहरे की किराना दुकान है। वहां 9 सितंबर दो सपेरे आए थे। महेंद्र ने उनके पास सांप को देखकर 10 रुपए चढ़ा दिए। तब एक सपरे ने कहा कि वह इस 10 रुपए को 10 गुना कर सकता है। उसने महेंद्र के हाथ में चावल दिया और नोट को उसमें रख दिया। उसे मुट्ठी बंद करने को कहा और कुछ मंत्र पढ़ा। फिर ठगों ने महेंद्र को भगवान की तस्वीर छूकर मुट्ठी खोलने कहा। महेंद्र ने जब मुट्ठी खोली तो 500 रुपए का नोट निकला। इसके चलते महेंद्र उनके झांसे में आ गया। सपेरों ने महेंद्र से कहा कि वे इस मंत्र का उपयोग खुद के लिए नहीं कर सकते, लेकिन दूसरों का पैसा दस गुना कर सकते हैं। इस पर महेंद्र ने उन्हें दूसरे दिन आने के लिए कहा। दोनों सपेरे 10 तारीख को महेंद्र के दुकान में पहुंचे। महेंद्र ने दुकान से 60 हजार उन्हें दे दिया। इस पर ठगों ने कहा कि वे इसे 6 लाख कर देंगे, लेकिन इसके लिए पूजा का सामान लगेगा। सपेरों ने महेंद्र से कहा कि वह उनके लिए भोजन की व्यवस्था करें। रात उसके घर पर ही ठहरेंगे। दोनों वहां से चले गए और लौटकर नहीं आए।
रायपुर : राजधानी में तेलीबांधा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पश्चिम बंगाल से रायपुर लाया गया ढाई करोड़ रुपए के सोने के बिस्किट के साथ दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तेलीबांधा के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्विफ्ट डिजायर कार सीजी 04 एमएल 3978 में कुछ लोग सोना लेकर बिक्री करने के लिए महासमुंद से रायपुर की ओर आ रहे हैं। तेलीबांधा स्थित मैग्नेटो मॉल के पास वाहन को रोककर चेक किया गया, तो उनके पास से सोने की बिस्किट बरामद हुई। इनके पास से सोने से संबंधित किसी भी प्रकार की दस्तावेज नहीं है। पूछताछ में डीडी नगर निवासी आरोपी अशोक बेरा ने बताया कि सोने को पश्चिम बंगाल के किसी व्यक्ति से खरीदकर जेवर बनाकर बिक्री करने के लिए रायपुर ला रहा था। चोरी छिपे लाना शासकीय टैक्स की चोरी है। पुलिस ने 2 किलो 500 ग्राम सोने के बिस्किट के साथ अशोक बेरा और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने कॉलेजों में दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। इससे पहले कालेजों में दाखिले के लिए अंतिम तिथि 31 अगस्त रखी गई थी, जिसे अब 23 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। इस संबंध में सभी कुलसचिव और सभी कॉलेजों के प्राचार्यों को लेटर भी जारी कर दिया गया है। गौरतलब है कि शैक्षणिक संस्थाओं के लिए सत्र 2020-21 में प्रवेश की तारीख 1 अगस्त से 31 अगस्त तक प्राचार्य स्वयं और 15 सितंबर तक कुलपति की अनुमति से तय की गई थी। अब नये आदेश के मुताबिक 23 सितंबर तक प्राचार्य स्वयं और 30 सितंबर कुलपति की अनुमति से प्राचार्य एडमिशन कर सकेंगे। करोना संकट के दरम्या राजधानी रायपुर के कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है।
बिलासपुर : सर्दी, खांसी और बुखार से परेशान बिलासपुर के एक कारोबारी ने सोमवार देर रात अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि उसने कई प्राइवेट अस्पताल में दिखाया, लेकिन कोरोना संक्रमण की आशंका के चलते डॉक्टरों ने इलाज करने से मना कर दिया। रतनपुर निवासी अनिल गुप्ता (47) पिता माखनलाल गुप्ता यहां श्रीराम प्लाजा में पहली मंजिल पर स्थित फ्लैट में रहते थे। उनका सिटी कोतवाली के बगल में ही प्रॉपर्टी का कारोबार है। सोमवार देर रात वह अपार्टमेंट के चौथे फ्लोर पर गए और वहां से नीचे छलांग लगा दी। आवाज सुनकर लोग बाहर दौड़े तो देखा अनिल का शव पड़ा हुआ था।
रायपुर : इस कोरोना महामारी में जहां पाई - पाई के लिए लोग जूझ रहे हैं, वहीं सड़क पर ढाई लाख रुपये से भरा बैग मिलने के बाद भी युवती सरस्वती गभेल का ईमान नहीं डोला और कुछ ही der के प्रयास से उस व्यक्ति को खोज निकाला जिसका यह रूपया था। रास्ते में गुम हो चुके रुपये को पाकर बुजुर्ग जगदीश साहू साहू का खुशी का ठिकाना नहीं है। युवती का आभार व्यक्त करते और आशीर्वाद देते वह थक नहीं रहा है । मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (एसईसीएल) के रिटायर कर्मचारी जगदीश साहू का ढाइ लाख रुपए रास्ते में कहीं गिर गया। पैसों को लेकर वे काफी हताश-परेशान थे । ओमपुर इलाके में यह बैग गिरा था। यहीं रहने वाली सरस्वती गभेल जब टहलने निकलीं तो उनकी नजर बैग पर पड़ी, उठाकर देखा तो उसमें ढ़ाई लाख रुपए भरे हुए थे। सरस्वती का इमान नहीं डोला, उसने ये रुपए बैग के मालिक तक पहुंचाने की ठान ली। जहां बैग पड़ा मिला वही नजदीक मनोज दीवाकर नाम के व्यक्ति का च्वाइस सेंटर है।
संवेदनशील क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों के स्थानीय युवाओं की होगी भर्ती
रायपुर : रविवार को करणी सेना और शिव सेना के लोगों में हाथापाई की नौबत आ गई। यह वाक्या उस समय की है जब जिला करणी सेना के नेताओं ने कंगना के समर्थन में बिरगांव में रैली निकाली । करणी सेना के नेता संजय राउत, महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे के खिलाफ नारे बाजी कर रहे थे। तभी इनका सामना कुछ ही दूरी पर पहले से ही मौजूद शिव सैनिकों से हो गया। दोनों दलों के नेताओं ने एक दूसरे के खिलाफ नारे बाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते हाथापाई की नौबत आ गई । इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया। करणी सेना के नेताओं का कहना है कि शिवसैनिक जबरदस्ती हमारे सामने आकर विवाद कर रहे थे। रैली के रास्ते में सामने से जीप खड़ी कर दी, पोस्टर फाड़ने की कोशिश की गई। स्थानीय पुलिस से हमने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। दूसरी तरफ शिवसैनिकों ने करणी सेना के इस प्रदर्शन को गलत और राष्ट्र विरोधी लोगों का साथ देने वाला बताया। शिव सैनिकों ने भी इस मामले में एक शिकायती आवेदन उरला थाने में देकर करणी सेना के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुरुषोत्तम मास में कोराना महामारी से मुक्ति मिलने की आशा
धमतरी। जिले में अर्जुनी थाना क्षेत्र के रावां गांव स्थित देशी शराब की दुकान में 14 लाख की लूट हो गई। यह घटना बीती रात 2 बजे के बाद की है। बाइक में आये 4 लुटेरों ने शराब दुकान के चौकी दार की पिटाई कर उसे बंधक बना दिया और लूट पाट कर भाग निकले। सूचना पर एसपी बी .पी .राजभानु, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर, टीआई उमेंद्र टंडन, आबकारी उपनिरीक्षक वैभव मित्तल स्टाफ के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। लुटेरों का फिल हाल कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
बताया जाता है कि शनिवार-रविवार को बैंक बंद होने की स्थिति में बिक्री के राशि को भट्टी में ही रखा गया था। जिसकी खबर बदमाशों को मिल गई और इस वारदात को अंजाम दिया । पुलिस को इस वारदात में 4 लोगों के शामिल होने की आशंका है। लूटेरे रात लगभग 2 बजे बाइक से पहुंचे थे। सुरक्षा में मौजूद गार्ड के साथ मारपीट कर ताला तोड़कर अंदर चेस्ट को ले गए, जिसमें 14लाख रुपए थे। जाते समय वहां के गार्ड को बंधक बना दिया। जैसे-तैसे बाहर निकलकर अर्जुनी थाना को खबर की। सूचना मिलते ही सभी पहुंचे। सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया गया है आरोपियों की तलाश जारी है।
रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल के कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबियत ठीक नहीं चल रही थी।बताया जा रहा है कि नंदकुमार बघेल को सांस लेने में तकलीफ़ थी, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक डॉक्टर देवेंद्र नायक ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उनमें कोरोना की पुष्टि होने के बाद उन्हें हॉस्पिटल लाया गया है। उनको साँस लेने में तकलीफ़ आ रही है। फ़िलहाल चिंता जैसी कोई परिस्थिति नहीं है।