रायपुर : राजधानी के मोवा इलाके के एक दुकान में चोरी हो गई। चोर ने दुकान के गलले में रखे नगदी रकम को छोड़ खाने - पीने और रोजमर्रा का सामान ले उड़ा । मामले में पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। आसपास के संदिग्धों से इस बारे में पूछताछ की जा रही है। पंडरी थाना पुलिस के मुताबिक इस चोरी को अंजाम देने वाले आरोपी जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे। इस केस में हैरत इस बात की है कि दुकान के मालिक ने पुलिस को कैश नहीं, बल्कि सिर्फ रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल में लाई जाने वाली चीजों के चोरी होने की जानकारी दी है। प्रेमनगर मोवा में रहने वाले रमेश अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि सुबह दूध बेचने के लिए 6 बजे के आस-पास दुकान खोलने आए तो देखा शटर का ताला टूटा हुआ है। दुकान से महंगी चाकलेट जिसमें केडबरी बबल्स, सिल्क ओरियो, पेपसी, 7 अप, रेडबुल की कई बोतलें, क्लासिक, माइल्ड, रेग्युलर, आइसबस्ट, मालबोरो एडवांस सिगरेट के पैकेट, लक्स, लाइफबॉय, पियर्स, और डव साबुन, 8 किलो काजू, किशमिश, बादाम कुल मिलाकर 40 हजार रुपए की कीमत का सामान चोरी हो चुका था।
अम्बागढ़ चौकी : शिव सेना ने अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाते मोहला ब्लॉक के ग्राम पीडिंगपार में युवा सेना का गठन किया। इस मौके पर शिवसेना ग्रामीण जिला अध्यक्ष दिनेश ताम्रकार ने युवाओं की बैठक लेकर शिव सेना के कार्य करने के तरीके और उद्देश्यों की जानकारी दी। साथ ही जनहित के मुद्दों और ग्रामीण विकास के मामले को लेकर संघर्ष करने की अपील की । इस मौके पर दर्जनों की संख्या में युवाओं ने युवा सेना में प्रवेश किया। श्री ताम्रकार ने युवाओं को शिव सेना का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।
रायपुर : छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के प्रबंध संचालक राजेश सिंह राणा ने खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने तथा प्रचार-प्रसार हेतु सोशल मीडिया फेसबुक के माध्यम से प्रोफाइल फ्रेम लॉन्च किया ।
राजनांदगांव : छुरिया न्यूज के एक वाट्सएप ग्रुप में छुरिया ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के द्वारा डाली गई दो अश्लील फोटो के बाद ग्रुप में खलबली मच गई।जैसे ही फोटो वायरल हुई ग्रुप के सदस्यों ने छुरिया ब्लाक अध्यक्ष को खरीखोटी सुनाना शुरू कर दिया। आनन -फानन में अश्लील फोटो को ग्रुप से डिलीट किया गया, लेकिन उससे पहले कुछ लोगों ने स्क्रीन सार्ट खींच लिया और अन्य ग्रुपों में वायरल भी कर दिया। जानकारी के मुताबिक छुरिया ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष चुम्मन साहू के मोबाइल नं. से छुरिया न्यूज के वाट्सअप ग्रुप में एक के बाद एक दो अश्लील फोटो वायरल हुई। पहले किए गए वायरल फोटो को तो डिलीट कर दिया गया, लेकिन दूसरी फोटो डिलीट होने से पहले उसका ग्रुप के सदस्यों द्वारा स्क्रीनसार्ट ले लिया गया। फिर क्या था, स्क्रीनसार्ट कई सोशल मीडिया में वायरल होते रहा। इसी बीच छुरिया ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष चुम्मन साहू को ग्रुप के कुछ सदस्यों ने ग्रुप में मैसेज के जरिए यह भी लिखा कि क्या है ये सब, शर्म आनी चाहिए। डिलीट करो इसको जैसे मैसेज ग्रुप में भेजे गए। तभी आनन- फानन में अश्लील फोटो को डिलीट किया गया । बता दे कि इस ग्रुप में खुज्जी विधानसभा क्षेत्र की विधायक छन्नी साहू के अलावा कांग्रेस, भाजपा सहित कई पत्रकार जुड़े हुए है।
रायपुर : नवा रायपुर के एक कोविड सेंटर में पानी की मांग कर रहे मरीजों पर पुलिस के एक जवान ने जमकर लाठी भांजी। यह घटना उस वक्त हुई जब शनिवार की दोपहर मरीजों ने पानी ना मिलने की बात पर हंगामा कर दिया। संक्रमित तभी एक पुलिस जवान कोविड सेंटर के अंदर घुस आया और डंडे से लोगों को पीटने लगा। इस सेंटर से कुछ संक्रमित मरीजों ने वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया और आरक्षक पर कार्रवाई की मांग की। मीडिया रिपोट के मुताबिक एक संक्रमित ने इसी सेंटर से वीडियो बनाकर जानकारी दी है कि पुलिसकर्मी शराब के नशे में था। सेंटर में घुसने के बाद उसने जिसे चाहा पीट दिया। सेंटर में मुजगहन थाने में पदस्थ एक पुलिसकर्मी भी है, उसे भी डंडे से मारा। मारपीट से पहले राखी थाना के कुछ पुलिसकर्मियों ने पानी के कुछ पैकेट भी दिए थे। यहां बीती रात से ही पीने के पानी का इंतेजाम नहीं है। सुबह सभी को पानी की जरूरत थी मगर पानी नहीं मिला। इसलिए करीब 300 मरीजों ने हंगामा कर दिया।
अम्बागढ़ चौकी : किसान युवा मंडल टोलागांव एवं दीनबन्धु फाउंडेशन गुंडरदेही के युवाओं ने श्रमदान से किलारगोदी से बांधा बाजार मार्ग पर जगह - जगह हो गये गड्ढे को पाटने का कार्य किया । इस मार्ग से हजारों की संख्याओ में लोग बांधाबाजार बाजार करने जाते है । सड़क पर गड्डा होने के कारण कई घटनाएं हो चुकी है ,प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंर्तगत सड़क बनी है ।शासन प्रशासन को कई बार सूचना देने के बाद भी आज तक सड़क को ठीक नही किया गया, जबकि उस जगह पुल की स्वीकृति है उसके बाद भी पुल नही बनाया गया है। किसान युवा मंडल एवं दीनबन्धु फाउंडेशन के युवाओं ने श्रमदान कर उस जगह को कुछ दिनों के लिये ठीक कर दिया हैइस कार्य मे सहयोग एवं मार्गदर्शन मनहरण पिथौरा, नीलकंठ कोमरे,रोहित मानिकपुरी का रहा है। इस जगह के गड्ढे को भरने में इन युवाओं का विशेष योगदान रहा है राजू निर्मल,नीलकंठ कोमरे दुर्योधन पन्द्रे, ओमप्रकाश कोमरे, संजय सेवता,प्रदीप निर्मलकर, चमन कोमरे, गिरजाशंकर कोमरे,देवसिंग सोनवानी, गिरधर सोनवानी,रोहित दास मानिकपुरी, राजू राय, रवि नेताम, असवन गौर, अरुण साहू, शेखर सुमन, होरी लाल, कोमेश, नरेंद्र, अजब, भीष्मदेव, चितलेश, रोहित पडोती, नेतराम, चुम्मन, सुभाष, खुमान, तीरथ, राधेश्याम, खोमन, तिलक, विजय, कल्याण, थानेश्वर,लक्ष्मीनारायण, सुदामा आदि।
रायपुर : पंडरी बस स्टैंड स्थित रेलवे के रिजर्वेशन काउंटर को पुनः चालू करवाने क्षेत्र के व्यापारी और नागरिक लामबंद हो गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि लोगों की मांग पर रेलवे ने रिजर्वेशन काउंटर तो खोल दिया लेकिन 23 मार्च से आगामी आदेश तक बंद भी कर रखा है, चूंकि अब ट्रेनें भी शुरू हो चूकी है तो काउंटर को चालू कर देना चाहिए। काउंटर बंद होने से क्षेत्र के व्यापारियों सहित करीब 2 लाख लोग प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को रिजर्वेशन के लिए रेलवे स्टेशन जाना पड़ रहा है। पंडरी बस संघ, कपड़ा मार्केट व्यापारी संघ, महालक्ष्मी मार्केट व्यापारी संघ, इंदिरा गांधी व्यावसायिक परिसर संघ तथा पगारिया मार्केट व्यापारी संघ और आम जनता ने संयुक्त रूप से एसईसी रेलवे के डीआरएम से रिजर्वेशन काउंटर पुनः प्रारंभ करने की मांग की है, ताकि लोग इस परेशानी से छुटकारा पा सके।
महासमुंद : चेकिंग के दौरान महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिंघोला के अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट रेहटीखोल में कार को रोककर तलाशी ली तो करीब 5 किलो सोने की ज्वेलरी (कीमती 2 करोड़, 22 लाख, 50 हजार) और 32 लाख 84 हजार रुपए नगदी के साथ 3 अतंर्राज्यीय तस्कर हाथ लग गए। यह पूरा ज्वेलरी रायपुर के व्यापारी का है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने पत्रकारों को बताया कि जिलें के समस्त थाना प्रभारी/चैकी प्रभारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे व कार्यवाही हेतु निर्देशित किया था। जिसके तहत जिलें के सीमावर्ति थाना क्षेत्रों पर थाना प्रभारियों द्वारा संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान गुरुवार को सिंघोडा क्षेत्र के अन्तर्राजीय चेक पोस्ट रेहटीखोल में संदिग्ध वाहनो पर नजर रखे कर चेकिंग की जा रही थी। तभी एक सफेद रंग की स्वीफ्ट डिजायर कार तेज रफ्तार से ओड़िशा की ओर से आ रही थी जो संदिग्ध लग रहा था। वाहन को चेक पोस्ट के पास रोककर पूछताछ करने पर इस तस्करी का खुलाशा हुआ।
बीजापुर : जिले के जांगला थाना क्षेत्र के कोन्ड्रोजी के स्कूल पारा में नक्सलियों ने एक रेंजर की निर्मम हत्या कर दी। इन्द्रावती टाईगर रिजर्व के भैरमगढ़ परिक्षेत्र में पदस्थ रेंजर रतराम पटेल का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है ।
महासमुंद : जिले के जोबा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो परिवारों में खूनी लड़ाई हो गई। इस खून खराबे में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत की खबर आ रही है, जबकि 4 अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना शुक्रवार की सुबह की है खबर मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी दल बल के साथ पहुंच गए। मौके पर ही दो गुटों के कुछ लोगों को पकड़ लिया गया । इस पूरी घटना के पीछे संपत्ति विवाद को वजह बताया जा रहा है। दो आरोपियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
बिलासपुर : जियो कंपनी के मालिक मुकेश अंबानी के नाम का सहारा लेकर ठगों ने एक नगर सैनिक को 65 लाख का चूना लगा दिया। बिलासपुर पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम हरदाडीह निवासी जनकराम पटेल के मोबाइल पर 24 जनवरी को एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को जियो कंपनी का मालिक मुकेश अंबानी बताया और कहा कि छत्तीसगढ़ से जियो के लकी कस्टमर होने की वजह से उन्हें 25 लाख रुपए का विजेता घोषित किया गया है। इस रकम को पाने के लिए नगर सैनिक ने 12 हजार रुपए ठग के बताए बैंक खाते में जमा कर दिए। ठगों ने किसी विराट सिंह नाम के व्यक्ति का खाता नम्बर दिया था। नगर सैनिक ने 1 फरवरी को नेहरू चौक के पास की एक दुकान से विराट सिंह के खाते में नेट बैंकिंग के माध्यम से पैसे ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद अलग अलग नंबरों से वाट्सअप कॉल और सामान्य कॉल आते रहे और नगर सैनिक से लक्की ड्रा की रकम पाने के एवज में रकम जमा करने के लिए कहा जाता रहा। कुछ दिन बाद ठगों ने नगर सैनिक को अपनी बातों में फंसाकर 2 करोड़ रुपये दिलाने का वादा कर दिया। बातों में आकर नगर सौनिक ने किश्तों में कुल 65 लाख रुपए ठगों को सौप दिए। अब जब नगर सैनिक को इनाम की रकम नहीं मिली तो उन्हें संदेह हुआ और अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन ठग गोलमोल जवाब देते रहे। यह भी कहते रहे कि किसी से कहा या ज्यादा सवाल किए तो उसे पैसे नही मिलेंगे, अब पुलिस सभी फोन नम्बर और खातों की जांच कर रही है।
बेमेतरा : बेमेतरा में एक अखबार के पत्रकार मोहम्मद अकबर की कोरोना संक्रमण के चलते इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक पिछले कई दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी, लेकिन उन्होंने अपना कोरोना टेस्ट नहीं कराया था। इसी दौरान उनकी तबीयत खराब होती चली गयी। कल उन्हें सांस लेने में काफी दिक्कत होने लगी, जिसके बाद उन्हें दुर्ग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान मोहम्मद अकबर की मौत हो गयी। मोहम्मद अकबर पत्रकारिता के साथ-साथ राजनीतिक गतिविधियों में काफी सक्रिय थे और ब्लाक कांग्रेस के कोषाध्यक्ष भी थे। गौरतलब है कि प्रदेश में कई पत्रकार भी कोरोना की चपेट में हैं। बेमेतरा जिले के भी कई पत्रकार पिछले कई दिनों से संक्रमित हैं। इससे पहले राजनांदगांव जिले में भी पत्रकार पूरन साहू की कोरोना से मौत हुई थी।
रायपुर : कोरोना का संक्रमण जैसे - जैसे फैल रहा है, संक्रमितो की मौत का आंकड़ा भी बढ़ते जा रहा है। छत्तीसगढ़ इनकम टैक्स के प्रिंसिपल डायरेक्टर आलोक जौहरी की गुरुवार को संक्रमण के चलते मौत हो गई। वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी 58 वर्षीय जौहरी की तबीयत बिगड़ने के बाद 25 अगस्त को रामकृष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
रायपुर : राजधानी में राह चलते मोबाइल लूटने वाले दो शातिर युवकों को पुलिस ने धर दबोचा है। दोनों बदमाश वारदात करने के बाद भाग रहे थे। बताया जाता है कि ये बदमाश सड़क चलते राहगीरों से मोबाइल लूटकर भाग जाते थे। पुलिस ने बदमाशों के पास से चोरी के मोबाइल और बाइक बरामद की है। शहर में बढ़ती मोबाइल लूट की वारदातों को देखते हुए वीआईपी रोड, मैग्नेटो मॉल समेत अन्य क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी दौरान पुलिस को बाइक पर दो युवक जाते हुए दिखाई दिए। संदेह होने पर पुलिस ने उन्हें रोक कर पूछताछ की तो दोनों युवक मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे थे। पकड़े गए आरोपी कचना, खम्हारडीह के रियासुद्दीन उर्फ राजा खान और लाभांडी, तेलीबांधा का सोमनाथ साहू है । पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने 6 सितंबर को बलबीर ढाबा सर्विस रोड लाभांडी के पास और 1 अगस्त को कृषि विवि के पास मोबाइल लूट की वारदात की थी। राजा खान के खिलाफ अन्य थानों में भी केस दर्ज हैं।
रायपुर : लोगों की जमा पूंजी हड़पने ठग नए नए रास्ते अख्तियार कर रहे हैं। मीडिया कर्मियों और कारोबारियों के बादअब पुलिस अफसरों के नाम पर धोखाधड़ी किये जाने का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ में पदस्थ एसपी और डीएसपी के नाम पर फेसबुक के जरिए रुपए मांगे जा रहे हैं। इसके लिए फर्जी आईडी से उनके अधीनस्थों को मैसेज भी किया गया। हालांकि मामला खुल गया और साइबर सेल में इसकी शिकायत भी आ गई है। खबर है कि कोरबा के एसपी और आईपीएस अफसर अभिषेक मीणा, रायपुर पुलिस लाइन में पदस्थ डीएसपी मणिशंकर चंद्रा और प्रखर पांडेय के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाए गए। इसके बाद फेसबुक मैसेंजर से अधीनस्थों को मैसेज किया गया। इसमें रुपए की जरूरत बताई गई और मदद मांगी। मैसेज में ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर करने की बात कही गई। हालांकि कुछ मैसेज में अधीनस्थों ने ऑनलाइन पेमेंट नहीं आता करने की बात कही और किसी को भेजकर रुपए लेने के लिए कहा। अफसरों के इस तरह रुपए मांगने पर कुछ अधीनस्थों और परिचितों को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने कॉल कर संबंधित अफसर से पूछ लिया। फिलहाल, तीनों अफसरों ने मामले को साइबर सेल को सौंप दिया है। इसके बाद अफसरों की ओर से दी गई फर्जी आईडी को ब्लॉक कर दिया गया है। पुलिस अब इस आईडी को बनाने वाले शातिर ठगों के बारे में पता लगा रही है।
रायपुर : केंद्रीय कानून मंत्रालय ने वरिष्ठ अधिवक्ता रमाकांत मिश्रा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के लिए भारत सरकार का असिस्टेंट साॅलिसिटर जनरल नियुक्त किया है। श्री मिश्रा भारत सरकार के मामले देखेंगे । साथ ही ईडी, सीबीआई, आईटी, सेंट्रल एक्साइज जैसी एजेंसीज के राज्य स्तर के कानूनी मामलों में पैरवी करेंगे। श्री मिश्रा छत्तीसगढ़ बीजेपी लीगल सेल के संयोजक के रूप में भी बेहद सक्रिय रहे हैं। पार्टी के लीगल मसलों के साथ-साथ चुनावी कैम्पेनिंग में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करते रहे हैं। कानून मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक उन्हें तीन वर्षों के लिए यह नियुक्ति दी गई है।
रायपुर : प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के नाम पर लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफ़ास किया है। ठगों ने सोशल मीडिया पर फर्जी आईकार्ड और आधार, पैन कार्ड दिखाकर पहले तो युवक को भरोसे में लिया और फिर कई किश्तों में डेढ़ लाख रुपए वसूल लिए । युवक को जब अपने साथ हो रही ठगी का आभाष हुआ तो उसने उरला थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस टीम ने ठगों की पतासाजी की और उन्हें उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से धर दबोचा। पुलिस की माने तो यह संगठित गिरोह इसी तरह से पूरे देश में अपना नेटवर्क फैला कर कई लोगों काे ठगी का शिकार बना चुका है। यहां ठगी का शिकार पीयूष कुमार देवांगन मठपारा कैलाशनगर बीरगांव में रहता है। उसके माेबाईल फोन पर सोनू कुमार का कॉल आया। उसने खुद को चंडीगढ़ के सेक्टर 52 का निवासी बताया और उसने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत युवक को पांच लाख रुपये का लोन दिलाने की बात कही। इसके बाद उसने युवक को पूरे विश्वास में लेते हुए उससे ढ़ाई हजार रुपये आवेदन शुल्क के रूप में चंद्रवीर नामके अपने साथी के बैंक खाते में डलवा लिए। उक्त रकम को खाते में डालने के बाद के माेबाईल पर एक ऑनलाइन एग्रीमेंट भेजा। साथ ही 5 लाख रुपये का नाेयडा ब्रांच द्वारा युवक के नाम पर जारी एक डिमांड ड्राफ्ट की फोटो भेजी। इसके बाद आरोपितों ने युवक से दोबारा 5500 रुपये मांगे। युवक ने दिए गए खाते में यह रकम भी जमा कर दी। इसके बाद जीवन बीमा से संबंधित एक कार्ड की फोटो युवक के मोबाईल पर उन्होंने भेजी और कहा कि इस लोन के साथ इंश्योरेंस कवर है और इसके लिए उसे साढ़े आठ हजार रुपये और देने होंगे। साथ ही आरोपितों ने युवक से यह भी कहा कि प्रोसेस के तहत जो शुल्क लिया जा रहा है वह राशि लोन की रकम में जोड़कर उसे दी जाएगी। इसके बाद युवक से तीन किस्तों में और 15 हजार रुपये मांगे गए। बाद में यह रकम खाते में डिपोजिट न हो पाने की बात कहते हुए उससे 15 हजार रुपये और ले लिए । इन सब के बाद आईटी रिर्टन फाईलिंग के नाम पर युवक से 25 हजार रुपये और मांगे गए। यह रकम सोनपाल सिंह नामके व्यक्ति के खाते में मांगे गए। इतनी रकम ठगने के बाद भी आरोपित रुके नहीं। अब उन्होंने युवक को किसी कानूनी मामले का डर दिखाना शुरू किया और दो किश्तों में उससे 64 हजार रुपये सोनू सागरव चंद्रवीर के खाते में डलवा लिए। इस तरह कुल एक लाख पैतालीस हजार सात सौ रुपये की धाेखाधड़ी की गई। जब युवक को अपने साथ हुए धोके का आभाष हुआ तो उसने उरला थाना पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपितों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने ठगी का शिकार हुए युवक से मिली जानकारी के आधार पर तकनीकी विश्लेषण कर आराेपितों के ठिकानों का पता लगाया। टीम काे आराेपियों के दिल्ली में हाेने की जानकारी मिली। टीम ने दिल्ली, गाजियाबाद, बुलंदशहर, नाेएडा में घूम-घूम कर आराेपितों के ठिकानाें की तस्दीक की। इस दौरान वे लगातार अपना लोकेशन बदलते रहे और फिर सभी आरोपितों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में आरोपितों के सभी दस्तावेज भी फर्जी पाए गए। पुलिस ने बताया कि आरोपित गैंग बनाकर कई हिंदी भाषी राज्यों में अलग- अलग बैंक और फाइनेंस कंपनी तथा सरकार की योजनाओं के नाम पर इसी तरह लोन दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से ठगी कर चुके हैं। सभी आरोपित सिर्फ हाईस्कूल तक ही पढ़े हैं। पुलिस को इन आरोपितों को पकड़ने में काफी मशक्कत भी करनी पड़ी। पकड़े गए आरोपितों के नाम नीरज कुमार, आनंदस्वरूप और चंद्रवीर बताए गए हैं। यह सभी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले हैं।