भिलाई। स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र के कोहका इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों ने थाने के निगरानी बदमाश प्रेमलाल चौहान उर्फ़ प्रेमा का शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच शुरू कर दी। प्रेमलाल चौहान का शव उसके घर के बाथरूम में पड़ा हुआ मिला। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने इलाके को घेराबंदी कर लिया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तथा फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्यों का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि अभी मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया है। पुलिस विभिन्न कोणों से घटना की पड़ताल कर रही है। साथ ही मृतक के आपराधिक रिकॉर्ड और आपसी रंजिश की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएँ हो रही हैं। प्रेमलाल चौहान का नाम इलाके में निगरानी बदमाशों की सूची में शामिल था और उसके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज थे। ऐसे में उसकी अचानक हुई मौत को लेकर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
Adv