बड़ी खबर

Bijapur

  • एंटी नक्सल ऑपरेशन की बड़ी सफलता, जनताना सरकार का उपाध्यक्ष गिरफ्तार

    21-Jul-2025

    बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। डल्ला आरपीसी जनताना सरकार के उपाध्यक्ष मोड़ियम सुक्कू को जवानों ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से टिफिन बम, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर समेत कई विस्फोटक सामग्रियां बरामद की गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बासागुड़ा पुलिस और कोबरा 210 बटालियन के जवानों ने कुम्हारपारा और धरमापुर के मध्य जंगल क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान 35 वर्षीय माओवादी नेता मोड़ियम सुक्कू को गिरफ्तार किया। वह डल्ला आरपीसी जनताना सरकार का उपाध्यक्ष था और उसके खिलाफ थाना बासागुड़ा में एक स्थायी वारंट भी लंबित था।  तलाशी के दौरान सुक्कू के पास से 1 टिफिन बम, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, कार्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, पावर सोर्स बैटरी और जमीन खोदने के औजार जैसे प्रतिबंधित विस्फोटक उपकरण बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के अलावा, सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन की ‘ई’ और ‘एफ’ कंपनियों ने लखपाल क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए 10 किलोग्राम वजनी आईईडी को भी बरामद किया। बीडीएस (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) टीम ने तत्परता दिखाते हुए इस बम को नियंत्रित विस्फोट के जरिए निष्क्रिय कर दिया, जिससे जवानों की एक बड़ी क्षति टल गई। यह कार्रवाई नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में सुरक्षाबलों की सतर्कता और रणनीतिक बढ़त का प्रमाण है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी रहेगा।

Leave Comments

Top