बड़ी खबर

देश-विदेश

18-Jun-2024 3:46:24 pm

प्रियंका गांधी : लोकसभा चुनाव लड़ने वाली परिवार की 10वीं सदस्‍य

प्रियंका गांधी : लोकसभा चुनाव लड़ने वाली परिवार की 10वीं सदस्‍य

नई दिल्‍ली । कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी साल 2019 से राजनीति में सक्रिय हैं, लेकिन वह पहली बार लोकसभा उपचुनाव के जरिए चुनावी मैदान में उतरने जा रही हैं. कांग्रेस ने उन्‍हें वायनाड सीट से चुनाव लड़वाने का ऐलान किया है. प्रियंका गांधी को लेकर समय-समय पर अमेठी तो कभी रायबरेली और यहां तक की वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारने की अटकलें लगाई जाती रही हैं. हालांकि ऐसी सारी अटकलों को दरकिनार कर प्रियंका गांधी वायनाड से लोकसभा का सफर तय करने की कोशिश करेंगी. कांग्रेस ने सोमवार को फैसला किया कि राहुल गांधी वायनाड से इस्‍तीफा देंगे और रायबरेली से सांसद बने रहेंगे.

प्रियंका गांधी ने सोमवार को (वायनाड से) अपनी उम्मीदवारी की घोषणा के बाद कहा, 'मुझे जरा भी घबराहट नहीं है... मैं बहुत खुश हूं कि मुझे वायनाड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा. मैं सिर्फ इतना कहूंगी कि मैं उन्हें (वायनाड की जनता) उनकी (राहुल की) अनुपस्थिति महसूस नहीं होने दूंगी... मेरा रायबरेली से अच्छा नाता है, क्योंकि मैंने वहां 20 साल तक काम किया है और यह रिश्ता कभी नहीं टूटेगा.'
गांधी परिवार की 10वीं सदस्‍य
प्रियंका गांधी अपने परिवार की 10वीं सदस्‍य हैं, जो लोकसभा चुनाव लड़ने जा रही हैं. पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी का चुनावी राजनीति में आना तय माना जा रहा था. बस इंतजार था कि प्रियंका किस सीट से चुनाव मैदान में उतरती हैं.
देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक उनके परिवार का सत्ता और राजनीति से बेहद करीबी रिश्‍ता रहा है. उनके परिवार में लोकसभा चुनाव लड़ने वालों में पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, फिरोज गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी, संजय गांधी, मेनका गांधी, राहुल गांधी और वरुण गांधी शामिल हैं.  
प्रियंका गांधी का सियासी सफर
प्रियंका गांधी ने लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी. एक वक्‍त तक उन्‍हें रायबरेली में सोनिया गांधी और अमेठी में भाई राहुल गांधी के लिए प्रचार करते वक्‍त ही देख जाता रहा. हालांकि प्रियंका गांधी की राजनीति में औपचारिक एंट्री 2019 में उस वक्‍त हुई जब उन्‍हें पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए पार्टी का महासचिव नियुक्‍त किया गया. सितंबर 2020 में उन्‍हें उत्तर प्रदेश का प्रभारी महासचिव बनाया गया. पिछले कुछ सालों के दौरान प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में काफी सक्रिय रही हैं. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 उन्‍हीं के नेतृत्‍व में लड़ा गया. महिलाओं और लड़कियों के वोटों पर पकड़ मजबूत करने के लिए उन्‍होंने 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' अभियान का आगाज किया. इस सक्रियता के बावजूद चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ 2 सीट मिलीं. लेकिन प्रियंका ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के अपने प्रयास जारी रखे.
दिसंबर 2023 में प्रियंका गांधी को ‘‘बिना पोर्टफोलियो'' के महासचिव बनाया गया और वह कांग्रेस की प्रमुख रणनीतिकार और बाद में 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी की स्टार प्रचारक के रूप में उभरीं.
उन्होंने संगठन को मजबूत करने में भी मदद की और हिमाचल प्रदेश में पार्टी के प्रचार अभियान का नेतृत्व किया और राज्य में पार्टी को सत्ता में लाने में मदद की. उनके प्रचार अभियान ने हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 99 सीट जीतने में मदद की. वहीं, 2019 में यह आंकड़ा 52 था.

Leave Comments

satta matka
Top