जशपुर। जशपुर पुलिस ने पशु तस्करी के चार मामलों में फरार चल रहे आरोपी दिलीप कुमार महतो को गिरफ्तार किया है। झारखंड के गुमला जिले के गोविंदपुर निवासी 35 वर्षीय दिलीप को जशपुर बस स्टैंड से पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ मनोरा चौकी, सिटी कोतवाली जशपुर और कुनकुरी थाने में कुल चार प्रकरण दर्ज हैं। इन मामलों में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम की धाराएं लगी हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के अनुसार, 16 नवंबर 2024 को मनोरा पुलिस को सूचना मिली थी। कुछ लोग बोरो कोना, पोड़ी पटकोना मार्ग से सात गौवंशों को झारखंड की ओर ले जा रहे थे। पुलिस ने मवेशियों को मुक्त करा लिया। लेकिन आरोपी अंधेरे और जंगल का
फायदा उठाकर भाग गए। इसी तरह 19 जनवरी 2024 और 26 अप्रैल 2025 को सिटी कोतवाली क्षेत्र में दो अलग घटनाएं हुईं। कुजरी जंगल और फतेहपुर बैगा टोली में 10 गौवंशों की तस्करी की कोशिश की गई। पुलिस ने मवेशियों को बचा लिया। जांच में सभी मामलों में दिलीप महतो का नाम सामने आया। 31 मई 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जशपुर बस स्टैंड के पास है। मनोरा चौकी और सिटी कोतवाली की टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में दिलीप ने बताया कि वह घटना के बाद मुंबई भाग गया था। वह अपने गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आया था। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी 2023 में कुनकुरी थाना क्षेत्र के एक पशु तस्करी मामले में भी शामिल था। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य और आरोपी के स्वीकारोक्ति के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जशपुर पुलिस का "ऑपरेशन शंखनाद" जिले में पशु तस्करी पर बड़ी चोट साबित हो रहा है।
Adv